सोमवार, 07 फ़रवरी, 2005 को 12:05 GMT तक के समाचार
अमरीकी विदेश मंत्री कोंडोलीज़ा राइस फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास के साथ अपनी बातचीत के बाद फ़लस्तीन में चार करोड़ डॉलर के पूँजी निवेश का वादा किया है.
फ़लस्तीनी नेता के साथ अपनी बातचीत को सकारात्मक बताते हुए अमरीकी विदेश मंत्री ने वादा किया कि ये पूँजी निवेश अगले तीन महीने में किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने के लिए अमरीका सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है लेकिन ये भी कहा कि दोनो पक्षों को अपनी ज़िम्मेदारी निभानी होगी.
उन्होंने घोषणा की कि इसराइल के प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन और फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने अगले कुछ हफ़्तों में अमरीका आने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है.
उन्होंने ये भी कहा कि अमरीकी जनरल विलियम वार्ड पूरे क्षेत्र में अमरीका के सुरक्षा संयोजक होंगे.
उधर फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने कहा कि अमरीका ने ये भी वादा किया है कि वह फ़लस्तीनियों और इसराइलियों के बीच संभावित संघर्षविराम पर नज़र रखने के लिए निरीक्षक भेजेगा.
कोंडोलीज़ा राइस का कहना था कि ऐसे निरीक्षक फ़लस्तीनी सुरक्षा संस्थाओं के सुधार में मदद करेंगे.
लेकिन उन्होंने ज़ोर देकर ये भी कहा कि महत्वपूर्ण है कि इसराइली और फ़लस्तीनी ख़ुद भी सुरक्षा के मुद्दे पर सहयोग करें.
उनका कहना था कि फ़लस्तीनियों ने एक ऐसे नेता को चुना है जो लोकतांत्रिक सुधार में विश्वास रखता है और इसराइल के सात बातचीत से किसी सहमति पर पहुँचना चाहता है.
उन्होंने विश्वास दिलाया कि अमरीका साथ-साथ रहने वाले दो राज्यों के मकसद को पूरा करने के लिए जो कुछ भी संभव होगा, करेगा.
कोंडोलीज़ा राइस ने कहा कि फ़लस्तीनियों को अपने सकारात्मक प्रयास जारी रखने चाहिए वहीं उन्होंने कहा कि इसराइल की भी ज़िम्मेदारी बनती है कि वह पूरी तरह से प्रयास करे.