http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 22 जनवरी, 2005 को 16:21 GMT तक के समाचार

अप्रवासी इराक़ियों का पंजीकरण खटाई में

इराक़ में चुनावों से हफ्ता भर पहले ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है जबकि विदेशों में रह रहे इराक़ियों के पंजीकरण का काम खटाई में पड़ता नज़र आ रहा है.

इतना ही नहीं अंतरिम प्रधानमंत्री ईयाद अलावी ने कहा है कि माह के अंत में होने वाले संसदीय चुनावों में पूरी तरह सुरक्षा प्रदान करना असंभव है.

दूसरी तरफ इराक़ में संयुक्त राष्ट्र चुनाव सलाहकार कार्लोस वालेनजुएला ने कहा है कि अगर सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त हो सकी तो इराक़ में चुनाव सफल हो सकेंगे.

हैती, मोजाम्बिक और पूर्वी तिमोर में चुनाव का काम देख चुके वालेनजुएला का कहना है कि चुनाव वाले दिन हमलों की प्रबल संभावना है लेकिन हिंसा से चुनाव को अवैध नहीं ठहराया जा सकता.

सुरक्षा व्यवस्था

पिछले सप्ताहों में बढ़ी हिंसा के बाद सुरक्षा और मुस्तैद कर दी गई है.

चुनाव वाले दिन यानी 30 जनवरी की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए गृह मंत्री फलह अल नकीब ने बताया कि बग़दाद हवाई अड्डा दो दिन बंद रखा जाएगा.

रात के समय में पूरे इराक़ में कर्फ्यू लगा रहेगा और कारों एवं पैदल चलने वालों की आवाजाही पर कई प्रतिबंध होंगे.

अधिकारियों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि सभी सीमाएं बंद कर दी जाएंगी.

इराक़ में सुरक्षा की लगातार ख़राब होती स्थिति के बीच बग़दाद के दक्षिण में एक और कार बम विस्फोट की ख़बर आई है.

अंसार उल सुन्ना नामक चरमपंथी समूह ने घोषणा की है कि उन 15 इराक़ी सुरक्षा गार्डों को मार डाला गया है जिनका अपहरण पिछले हफ्ते किय गया था.

इसके अलावा इराक़ में चीनी दूतावास का कहना है कि आठ चीनी बंधकों को चरमपंथियों ने रिहा कर दिया है.

अप्रवासी इराक़ी

उधर विदेशों में रह रहे इराक़ियों के पंजीकरण का काम अत्यंत धीमा हो रहा है जिसके कारण इसकी सीमा दो दिन और बढ़ा दी गई है.

दुनिया भर के 14 देशों में इराक़ियों के पंजीकरण का काम कर रही संस्था इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर माइग्रेशन का कहना है कि शुक्रवार को पंजीकरण के चौथे दिन सिर्फ कुछ इराक़ियों ने पंजीकरण कराया था.

दुनिया भर में पांच लाख से अधिक इराक़ी मतदाता रह रहे हैं. पंजीकरण का काम रविवार को खत्म होना था लेकिन अब इसे मंगलवार तक के लिए बढ़ा दिया गया है.