सोमवार, 03 जनवरी, 2005 को 18:24 GMT तक के समाचार
इराक़ में सोमवार को चरमपंथी कार्रवाईयों में 16 इराक़ी मारे गए हैं जिनमें अधिकतर सैनिक और पुलिसकर्मी हैं.
रविवार को चरमपंथियों ने कार बम विस्फोट किया था जिसमें 23 जानें गई थी.
इराक़ के अंतरिम प्रधानमंत्री ईयाद अलावी की पार्टी के राजधानी बग़दाद स्थित मुख्यालय के निकट सोमवार को एक बम विस्फोट हुआ जिसमें कम से कम दो पुलिसकर्मियों के मारे जाने की ख़बर है.
राजधानी बग़दाद से मिली ख़बरों में बताया गया कि सोमवार को एक धमाका ईयाद अलावी की राजनीतिक पार्टी इराक़ी नेशननल एकॉर्ड के मुख्यालय के निकट उस वक़्त हुआ जब वहाँ एक बैठक होने वाली थी.
इराक़ी नेशनल पार्टी के पदाधिकारी पार्टी मुख्यालय में एक पत्रकार सम्मेलन करके 30 जनवरी को प्रस्तावित चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करने वाले थे.
तिकरित शहर में एक पुलिस चौकी के पास चरमपंथियों ने छह इराकी सैनिकों को मार डाला है.
इराक़ की खुफिया एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद अब्दुल्ला शहवानी ने एएफपी को बताया कि इराक़ में दो लाख से अधिक लोग चरमपंथी गतिविधियों में लगे हुए हैं.
चुनाव की मुश्किलें
समाचार एजेंसी एएफपी के अनुसार इराक़ के रक्षा मंत्री हाज़ेम अल शालान ने कहा है कि अगर सुन्नी बहुल राजनीतिक दल चुनावों में हिस्सा लेने को राज़ी होता है तो 30 जनवरी को निर्धारित चुनाव आगे बढ़ाए जा सकते हैं.
इराक़ की मुख्य शिया पार्टी इस्लामी पार्टी ने चुनावों का बहिष्कार किया है सुन्नी चरमपंथी गुटों ने मतदाताओं पर हमले करने की भी घोषणा कर दी है.
अमरीकी विदेश मंत्री कोलिन पावेल ने रविवार को चेतावनी दी थी कि इराक़ में और हिंसा भी हो सकती है.
पिछले सप्ताह शिया नेता अब्दुल अज़ीज़ अल हकीम के पार्टी दफ़्तर पर भी हमला हुआ था जिसमें हकीम तो बाल-बाल बच गए थे लेकिन 13 अन्य लोग मारे गए थे.
सोमवार को हमला एक पुलिस नाके पर हुआ जहाँ से इराक़ी नेशनल एकॉर्ड के दफ़्तर को रास्ता जाता है. हालाँकि वहाँ से यह रास्ता बंद है.
यही मार्ग विशिष्ठ ग्रीन ज़ोन को भी जाता है जहाँ अंतरिम सरकार और विदेशी सरकारों के दफ़्तर हैं. इस इलाक़े में भारी सुरक्षा रहती है.
जैसे-जैसे चुनावों की तारीख़ नज़दीक आ रही है, विद्रोहियों ने संविधान सभा के लिए होने वाले इन चुनावों में बाधा पहुँचाने के इरादे से हमले तेज़ कर दिए हैं.