http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 06 सितंबर, 2004 को 16:58 GMT तक के समाचार

इराक़ में 10 सैनिकों की मौत

इराक़ में फ़लूजा के बाहरी इलाक़ों में एक कार बम के विस्फोट में कम से कम सात अमरीकी मरीन और तीन इराक़ी सैनिक मारे गए हैं.

अमरीकी सेना ने इस विस्फोट की जानकारी देते हुए बताया कि सैनिक काफ़िले पर घात लगाकर हुआ ये हमला मई के बाद से अमरीकी सेना पर हुआ सबसे ज़बरदस्त हमला है.

फ़लूजा में पिछले दिनों अमरीकी सेना को ज़बरदस्त प्रतिरोध का सामना करना पड़ा था.

अप्रैल के बाद से ही अमरीकी सेना फ़लूजा में ग़श्त नहीं लगा रही है. पिछले महीनों में अमरीकी सेना ने शहर में संदिग्ध चरमपंथियों के ठिकाने को निशाना बनाते हुए कई हमले किए थे.

सोमवार को हुआ हमला फ़लूजा के उत्तर में सक़लाविया के निकट हुआ.

अमरीकी सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि जिस विस्फोट में इराक़ी नेशनल गार्ड और अमरीकी मरीन सैनिक मारे गए वो एक गाड़ी के ज़रिए सुबह किया गया.

एक सैनिक अधिकारी ने एपी समाचार एजेंसी को बताया कि विस्फोट ज़बरदस्त था और विस्फोट के बाद गाड़ी का इंजन काफ़ी दूर जाकर गिरा.

इस बीच एक रिपोर्ट का कहना है कि इराक़ में युद्ध समाप्त होने के बाद से सबसे ज़्यादा सैनिक पिछले महीने यानी अगस्त में ही मारे गए हैं.