शनिवार, 28 अगस्त, 2004 को 15:19 GMT तक के समाचार
रुस के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि पिछले हफ़्ते हुई दो विमान दुर्घटनाओं में विस्फोटक का इस्तेमाल किए जाने के सबूत मिल गए हैं.
जाँचकर्ताओं ने कहा है कि दोनों विमानों के मलबे में विस्फोटक सामग्री का पता चला है.
एक दिन पहले अधिकारियों ने कहा था कि दोनों विमानों में से बड़े विमान तुपोलेव में विस्फोटक पदार्थों के अंश मिले थे.
मंगलवार देर रात दो यात्री विमानों तुपोलेव-134 और तुपोलेव-154 ने मॉस्को के दोमोदेदोव हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और कुछ देर बाद दोनों विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे.
इन दुर्घटनाओं में 89 लोगों की मौत हो गई थी.
बीबीसी के मॉस्को संवाददाता का कहना है कि शक की सुई दो महिला यात्रियों पर जा रही है जो संभवतः चेचन थीं.
ग़ौरतलब है कि चेचन्या में राष्ट्रपति पद के लिए रविवार को चुनाव हो रहा है.
इन दोनों महिलाओं ने बिल्कुल अंतिम क्षणों में टिकट ख़रीदे और इनके शवों को भी कोई लेने नहीं आया.
इससे पहले रूसी अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा था कि विमानों के मलबे में विस्फोटकों के निशान मिलने से इन दुर्घटनाओं के पीछे आतंकवादियों का हाथ साबित होता है.
अधिकारियों का कहना है कि ये वही विस्फोटक हैं जिनका इस्तेमाल 1999 में चेचन विद्रोहियों ने एक इमारत पर हमले के दौरान किया था.
रुस की आंतरिक सुरक्षा सेवा के एक प्रवक्ता ने कहा है, "यह एक आतंकवादी घटना थी और ऐसी जानकारियाँ मिली हैं जिससे उन लोगों के बारे में पता चल सकता है जो इस घटना के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं."