बुधवार, 25 अगस्त, 2004 को 16:50 GMT तक के समाचार
रूस की एक एयरलाइन्स ने कहा है कि उसका जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुअ है उसके मलबे से ऐसा संकेत मिला है कि वह एक विस्फोट के बाद टूटकर बिखर गया.
ग़ौरतलब है कि रूस की राजधानी मॉस्को से बुधवार को दो विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद लगभग एक ही समय दुर्घटनाग्रस्त हो गए जिनमें सवार सभी 89 लोगों की मौत हो गई.
इनमें से एक विमान की कंपनी सिबिर एयरलाइन्स ने कहा है कि विमान ने इस दुर्घटना से कुछ ही पहले एक आपात चेतावनी भेजी थी.
कंपनी ने कहा है कि विमान के मलबे से यही पता चला है कि वह विस्फोट होने से हवा में बिखर गया.
जाँच अधिकारियों ने कहा है कि इस घटना में किसी तोड़फोड़ का कोई संकेत नहीं मिला है लेकिन एक वरिष्ठ क़ानूनी अधिकारी ब्लादिमीर उस्तिनौफ़ ने कहा है कि ऐसी आशंका से इनकार भी नहीं किया जा सकता है.
इस तरह की आशंकाएँ जताई गई थीं कि चेचन विद्रोही रविवार को चेचन राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव से पहले कोई हमले कर सकते हैं.
जाँच
रुस के राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने इन दुर्घटनाओं की जाँच सुरक्षा समितियों से करवाने के आदेश दिए हैं.
ये दोनों विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों के अंदर दुर्घटनाग्रस्त हो गए.
रूस में वायुयातायात से जुड़े एक सूत्र ने समाचार एजेंसी इंटरफ़ैक्स को बताया, "दो विमानों का एक ही हवाई अड्डे से उड़ने और उनका एक ही साथ राडार से ग़ायब हो जाने से ऐसा लगता है कि ये कार्रवाई सुनियोजित थी."
इसी वर्ष मई में चेचन्या के राष्ट्रपति अहमद कादिरौफ़ की राजधानी ग्रोज़्नी में एक बम विस्फोट में हत्या कर दी गई थी.
इस बीच देश के सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा बंदोबस्त बढ़ा दिए गए हैं.