http://www.bbcchindi.com

रविवार, 11 जुलाई, 2004 को 08:13 GMT तक के समाचार

तेल अवीव में विस्फोट, शेरॉन नाराज़

इसराइल के तेल अवीव शहर में एक विस्फोट हुआ है जिसमें एक महिला की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए.

विस्फोट एक बस अड्डे के निकट सुबह ऐसे समय हुआ जब वहाँ काफ़ी भीड़-भाड़ थी.

यासिर अराफ़ात के फ़तह आँदोलन से जुड़े चरमपंथी गुट अल अक़्सा शहीदी ब्रिगेड ने हमला करने का दावा किया है.

नाराज़ इसराइली प्रधानमंत्री अरियल शेरॉन ने हमले की निंदा करते हुए कहा है कि इसका संबंध शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के दिए गए निर्णय से है.

फ़ैसला ठुकराया

इसराइली प्रधानमंत्री ने कहा कि अदालत के निर्णय से एक नकारात्मक संदेश गया जिससे आतंक को बढ़ावा मिलेगा.

अदालत ने कहा था कि पश्चिमी तट में फ़लस्तीनियों के इलाक़े में बन रही सुरक्षा दीवार ग़ैरक़ानूनी है.

शेरॉन ने कहा कि इसराइल इस निर्णय को अस्वीकार करता है क्योंकि ये निर्णय एकपक्षीय है.

विस्फोट

इसराइली सुरक्षा अधिकारियों ने कहा है कि रविवार को तेल अवीव में हुआ विस्फोट आत्मघाती हमला नहीं था.

उनके अनुसार विस्फोटक झाड़ी में छिपाकर रखा था.

पिछले वर्ष इसी इलाक़े में दो बम धमाके हुए थे जिनमें 23 लोग मारे गए थे.

पिछले चार महीनों में इसराइल में हुआ ये इस तरह का पहला हमला है.

हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार करनेवाले अल अक़्सा शहीदी ब्रिगेड ने कहा है कि सुरक्षा दीवार बनाने के बावजूद इसराइल में कोई जगह सुरक्षित नहीं है.