गुरुवार, 08 जुलाई, 2004 को 04:29 GMT तक के समाचार
अमरीकी ऊर्जा कंपनी एनरॉन के पूर्व चेयरमैन केनेथ ले को 2001 में कंपनी का दिवालिया निकलने के मामले में शामिल होने का दोषी पाया गया है.
केनेथ ले ने कंपनी का दिवालिया निकलने के बाद पहली बार पिछले महीने अपना मुँह खोला था.
विशालकाय अमरीकी ऊर्जा कंपनी एनरॉन का दिसंबर 2001 में दिवालिया निकलने से व्यवसाय जगत में हलचल मच गई थी और उस समय केनेथ ले ही एनरॉन के चेयरमैन थे.
केनेथ ले के ख़िलाफ़ लगाए जाने वाले आरोपों में धोखाधड़ी और घपले के आरोप शामिल होंगे.
कंपनी के वित्त विभाग ने एक काल्पनिक संकट दिखाया जिसमें बताया गया कि कंपनी पर अरबों डॉलर का क़र्ज़ है.
केनेथ ले ने उस समय कहा था कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी.
इसके अलावा केनेथ ले ने कंपनी का दिवाला निकलने से बिल्कुल पहले ही क़रीब बीस करोड़ डॉलर के शेयर बेचे थे.
केनेथ ले से यही पूछा जाएगा कि क्या उन्होंने कंपनी में अपनी विशेष हैसियत का लाभ उठाते हुए यह सब किया था जिससे कंपनी के लिए भारी समस्या खड़ी हो गई.
केनेथ ले गुरूवार को एक अदालत में पेश होने वाले हैं और उनके ख़िलाफ़ लगाए गए आरोप अदालत में पेश होने के वक़्त ही ज़ाहिर किए जाएंगे.
टैक्सास राज्य की ह्यूस्टन अदालत की एक जूरी ने फ़ैसला दिया है कि केनेथ ले पर मुक़दमा चलाया जाना चाहिए.
अभियोजन पक्ष के वकील केनेथ ले के ख़िलाफ़ आरोप निर्धारत करने में पिछले दो साल से लगे हुए थे.
केनेथ ले पर मुक़दमा चलाए जाने के कुछ राजनीतिक नतीजे भी होंगे क्योंकि वह राष्ट्रपति बुश के दोस्त रहे हैं और एनरॉन ने राष्ट्रपति बुश को धन तो दिया ही, साथ ही विशेष विमान भी मुहैया कराए.