बुधवार, 23 जून, 2004 को 09:56 GMT तक के समाचार
एक इस्लामी वेबसाइट के मुताबिक़ इराक़ में सक्रिय अल क़ायदा चरमपंथी अबू मुसाब अल ज़रक़ावी ने अंतरिम प्रधानमंत्री ईयाद अलावी की हत्या की धमकी दी है.
जमात अल तौहीद जेहाद नाम की इस वेबसाइट पर लगाई गई एक ऑडियो फ़ाइल में यह धमकी दी गई है.
कहा जाता है कि जमात अल तौहीद जेहाद गुट के मुखिया ज़रक़ावी ही हैं, अमरीका ने अबू मुसाब अल ज़रक़ावी को 'दुनिया में सबसे ज़्यादा ख़तरनाक़ लोगों' की सूची में रखा है.
माना जा रहा है कि इस ऑडियो टेप में आवाज़ ज़रक़ावी की है इसमें इराक़ के अंतरिम प्रधानमंत्री ईयाद अलावी की हत्या की धमकी दी गई है.
ऑडियो टेप की आवाज़ कहती है कि ईयाद अलावी कई बार बच चुके हैं लेकिन अब उनका भी यही हाल होगा जैसा कि इज़ेदीन सलीम का हुआ था.
सलीम पूर्ववर्ती इराक़ी अंतरिम शासकीय परिषद के मुखिया थे जो पिछले महीने एक कार के ज़रिए किए गए आत्मघाती हमले में मारे गए थे.
इराक़ में हाल के महीनों में हुए हमलों के पीछे ज़रक़ावी का हाथ होने का संदेह व्यक्त किया जाता है.
ज़रक़ावी ने पिछले महीने दो ठेकेदारों की हत्या की ज़िम्मेदारी ली थी.
ज़रक़ावी के संगठन पर आरोप है कि उन्होंने दक्षिण कोरिया के जिस नागरिक को बंधक बना लिया था, उसकी मंगलवार को हत्या कर दी.
प्रधानमंत्री ईयाद अलावी ने देश में सुरक्षा स्थिति मज़बूत करने के लिए नए क़दम उठाने का इरादा ज़ाहिर किया था.