http://www.bbcchindi.com

बुश ने कहा इराक़ में पीछे नहीं हटेंगे

इराक़ में ताज़ा संघर्ष के बीच अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने कहा है कि अमरीका अपने इरादे से पीछे नहीं हटेगा.

उनका बयान इराक़ी शहर रमादी में 12 अमरीकी सैनिकों की मौत के बाद आया है.

रमादी में मंगलवार को अमरीकी सैनिकों पर हुए इस बड़े हमले में 20 से ज़्यादा मरीन सैनिक घायल भी हुए हैं.

अमरीकी गठजोड़ सेना की इराक़ी शिया और सुन्नी चरमपंथियों से भिड़ंत में पिछले तीन दिनों में 20 सैनिकों के अलावा 100 से ज़्यादा इराक़ियों की मौत हुई है.

व्हाइट हाउस के प्रवक्ता स्कॉट मैकक्लेलन ने कहा, "राष्ट्रपति को सैनिकों की मौत का शोक है."

प्रवक्ता ने कहा कि बुश को उनके टेक्सस स्थित रैंच पर अमरीकियों की मौत के बारे में जानकारी दी गई.

बुश ने कहा, "हमारा इरादा पक्का है...हमें सफलता मिलेगी."

एडवर्ड केनेडी की आलोचना

वाशिंग्टन से बीबीसी संवाददाता के अनुसार व्हाइट हाउस इराक़ को लेकर एक बार फिर से पूरी तरह सक्रिय हो गया है.

अमरीकी राष्ट्रपति बुधवार को वीडियो-लिंक के ज़रिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार कोंडोलीज़ा राइस के साथ इराक़ की स्थिति पर विचार कर रहे हैं.

इस बीच अमरीकी विदेश मंत्री कॉलिन पॉवेल ने देशवासियों से सैनिकों के प्रति एकजुटता जताने की अपील की है.

उन्होंने अमरीका के लि इराक़ की स्थिति की तुलना वियतनाम से करने के लिए डेमोक्रेटिक सीनेटर एडवर्ड केनेडी की आलोचना की.

उन्होंने कहा कि केनेडी को थोड़ी संयत टिप्पणी करनी चाहिए क्योंकि अमरीका युद्ध की स्थिति में है.