http://www.bbcchindi.com

बम विस्फोट मामले में पाँच गिरफ़्तार

स्पेन में पुलिस ने पाँच और लोगों को मैड्रिड में हुए बम धमाकों के सिलसिले में हिरासत में लिया है.

इन धमाकों में 201 लोग मारे गए थे और डेढ़ हज़ार लोग घायल हो गए थे.

इस मामले में अब तक दस लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है.

मैड्रिड में मौजूद अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों में से दो मोरक्को के नागरिक हैं.

इस समय हिरासत में रखे गए पाँच लोगों को मैड्रिड हाइकोर्ट में जज के सामने पेश होना है.

ताज़ा गिरफ़्तारियों के बारे में ज़्यादा जानकारियाँ नहीं दी गई हैं लेकिन माना जा रहा है कि इनमें से एक व्यक्ति इन धमाकों में प्रत्यक्ष रूप से शामिल था और उसने खुद ही ये बम लगाए थे.

स्पेनी गृह मंत्री का कहना है कि "यूरोप के सबसे बड़े आतंकवादी हमलों में से एक, मैड्रिड हमले की जाँच निर्णायक दौर में पहुँच गई है."

गिरफ़्तारियाँ

इस मामले में गिरफ़्तारी किए गए मोरक्को के दो लोगों के अलावा दो भारतीय मूल के लोगों से भी गुरूवार को दोपहर में पूछताछ की जाएगी.

लाशों के ढेर
हमलों ने देश को दहला दिया

इस सुनवाई के बाद ही फ़ैसला होगा कि इन लोगों के ख़िलाफ़ मुकदमा चलाया जाए या नहीं.

इन लोगों के एक मोबाइल फ़ोन से मिले सुराग के आधार पर हिरासत में लिया गया है, इस मोबाइल का इस्तेमाल बम का धमाका करने के लिए किया गया था.

स्पेन के अधिकारियों को शक रहा है कि इस मामले अल क़ायदा से जुड़े इस्लामी चरमपंथी शामिल हैं जिनका ठिकाना मोरक्को में है.

हिरासत में लिए गए जमाल ज़ूगाम नाम के एक संदिग्ध व्यक्ति को रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों ने पहचान भी लिया है.