http://www.bbcchindi.com

बर्ड फ़्लू की आशंका ग़लत निकली

जर्मनी के हैम्बर्ग के अस्पताल में थाईलैंड की एक महिला पर्यटक को बर्ड फ़्लू की आशंका में भर्ती किया गया था. हालांकि डॉक्टरों ने जाँच के बाद कहा है कि उन्हें बर्ड फ़्लू नहीं है.

आपात सेवाओं के अधिकारियों का कहना है कि इस महिला के साथ यात्रा कर रही महिला को भी निगरानी में रखा गया था.

समाचार एजेंसी रॉयटर के अनुसार नॉश इंस्टिट्यूट ऑफ़ ट्रॉपिकल इंस्टिट्यूट ने इस बात की पुष्टि की है कि दो लोगों को बर्ड फ़्लू की आशंका से भर्ती किया गया था.

जाँच के बाद डॉक्टरों ने कहा है कि उन्हें बर्ड फ़्लू नहीं है.

शहर के संक्रामक रोग विभाग की क्लारा स्कैलाइच ने कहा था, ''इस बात की आशंका बहुत कम है कि इन पर्यटकों को बर्ड फ़्लू हो.''

ये दोनों महिलाएँ थाईलैंड से से जर्मनी पहुँची थीं.

एशियाई देशों में बर्ड फ़्लू से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है.

वैज्ञानिकों को आशंका है कि मुर्गियों और दूसरे पक्षियों में होने वाली ये बीमारी कहीं मनुष्यों के वायरस के साथ मिलकर मनुष्यों से मनुष्यों के बीच न फैलने लगे.