ओडिशा रेल हादसा: जिस अस्पताल में भर्ती हैं पीड़ित वहां क्या है हाल?

प्रकाशित

ओडिशा के बालासोर ज़िले में शुक्रवार की शाम हुए रेल हादसे में अब तक कम से कम 260 लोगों की मौत हो चुकी है.

हादसे में क़रीब 1000 लोग घायल भी हुए हैं. घायलों में से कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.

हादसे के बाद से घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

बीबीसी संवाददाता अमिताभ भट्टासाली ने बालासोर ज़िला अस्पताल जाकर वहां के हालात का जायज़ा लिया और पीड़ितों से मुलाक़ात की.

ट्रेन हादसे का शिकार हुए ऋतिक पात्र गंभीर रुप से घायल हैं और बालासोर ज़िला अस्पताल में भर्ती हैं. उन्होंने बताया कि वो चेन्नई जा रहे थे.

उन्होंने बताया कि उन्हें ये तो नहीं पता कि हादसा कैसे हुआ उन्होंने एक ज़ोरदार धमाका सुना जिसके बाद पूरी की पूरी ट्रेन पलट गई.

वो बताते हैं, "जब मुझे होश आया तो मैंने खुद को ट्रेन के नीचे पाया. मुझे ट्रेन के नीचे से निकाला गया. मुझे होश तो था लेकिन मैं क़रीब आधे घंटे तक ट्रेन के नीचे ही दबा हुआ था."

ऋतिक पात्र बताते हैं कि उस समय बहुत से लोग ट्रेन के नीचे दबे हुए दिख रहे थे.

एक और पीड़ित संतोष कुमार साहू ने बताया कि इस हादसे में उन्होंने अपने एक रिश्तेदार को खो दिया है.

संतोष कुमार साहू ने बताया कि उन्हें शुक्रवार रात को ही इस हादसे की सूचना मिल गई थी.

रिपोर्ट: अमिताभ भट्टासाली, बीबीसी संवाददाता

वीडियो: नवीन कुमार

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)