कंझावला मामला: 'पीड़िता लगभग 10-12 किलोमीटर तक घिसटती रही'
दिल्ली पुलिस ने बताया है कि रविवार (1 जनवरी) को कार हादसे में मारी गई युवती का जिस्म कार के साथ करीब 10-12 किलोमीटर तक घिसटता रहा.
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी (कानून व्यवस्था) सागर प्रीत हुड्डा ने आज (सोमवार) को मीडिया को बताया, “(पीड़िता) लगभग 10-12 किलोमीटर तक घिसटती रही.”
दिल्ली पुलिस के मुताबिक ये हादसा रविवार को तड़के ढाई से तीन बजे के बीच हुआ.
पहले पुलिस ने जानकारी दी थी कि हादसे के बाद युवती का शरीर गाड़ी में फंस गया था और वो 'कुछ किलोमीटर' तक गाड़ी के साथ घिसटती रही थी. इस वजह से उसके सिर का पिछला हिस्सा और शरीर का पिछला भाग बुरी तरह से छिल गया.
हालांकि, पुलिस अभी घटना को एक्सीडेंट ही मान रही है.
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी हुड्डा ने बताया, “इस मामले में एक मेडिकल बोर्ड बनाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कुछ और सेक्शन जोड़े जा सकते हैं.”
उन्होंने बताया कि इस मामले में पांच अभियुक्त गिरफ़्तार हैं. पुलिस उन्हें क्राइम सीन पर ले जाएगी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टाइमलाइन बनाई जाएगी. अभियुक्तों ने जो बताया है, उसकी पुष्टि की जाएगी.
स्पेशल सीपी हुड्डा ने पुलिस की जांच पर उठ रहे सवालों को ख़ारिज किया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं