हैदराबाद में सगाई के दिन युवती को घर से अगवा किए जाने का मामला

प्रकाशित

हैदराबाद के बाहरी इलाक़े आदिबटला में शुक्रवार को 50 से अधिक युवाओं के एक समूह ने 24 साल की एक लड़की का उसके घर से उसकी सगाई के दिन अपहरण कर लिया.

इस सनसनीखेज़ घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पीड़ित युवती डेंटिस्ट हैं.

चार कारों और एक ट्रक में आई युवाओं की भीड़ ने पीड़िता के परिवार पर हमला भी किया. ये घटना रचाकोंडा थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने शुक्रवार देर रात पीड़ित युवती को छुड़ा लिया.

पीड़ित परिवार ने नवीन के रेड्डी नाम के एक युवक के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाई है. परिवार का आरोप है कि यह युवक पीड़िता से छेड़छाड़ करता था और उसका पीछा करता था.

पुलिस ने अभियुक्त और अन्य के ख़िलाफ़ अपहरण, हत्या की कोशिश और ज़बरदस्ती घर में घुसने का मुक़दमा दर्ज किया है. इस मामले में अब तक 8 लोग गिरफ़्तार किए गए हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)