रेलवे परीक्षा को लेकर आक्रोशित छात्रों ने बताई गुस्से की वजह
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पटना के 'भिखना पहाड़ी' इलाक़े में काफ़ी गहमागहमी रही. रेलवे की परीक्षा देने वाले छात्रों और पुलिस के बीच लगातार दूसरे दिन भी झड़पें हुईं. पुलिस ने जहाँ छात्रों पर बेरहमी से डंडे बरसाए, वहीं छात्रों ने भी पलटवार करते हुए पत्थर और रोड़े फेंके. कई पुलिसकर्मी भी छात्रों की ओर से किए गए इस जवाबी हमले में घायल हुए हैं. पुलिस ने क़रीब आधा दर्जन प्रदर्शनकारी छात्रों को गिरफ़्तार भी किया है. बिहार के दूसरे ज़िलों से रेलवे की संपत्ति को नुक़सान पहुँचाए जाने की ख़बरें और तस्वीरें सामने आई हैं. आरा से जहाँ रेल कोच के जलाए जाने की तस्वीरें आ रही हैं, वहीं नवादा से ऐसी तस्वीरें आ रही हैं कि वहाँ प्रदर्शनकारियों ने डायनेमिक टेम्पिंग एक्सप्रेस मशीन को ही आग के हवाले कर दिया. प्रदर्शन की आंच बिहार से निकलकर पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश को भी सुलगाने लगी है. उत्तर प्रदेश में प्रयागराज समेत कई जगहों से छात्रों की ओर से रेल रोकने की कोशिश और पुलिस कार्रवाई की तस्वीरें और वीडियो सामने आने लगे हैं.
वीडियो: विष्णु नारायण, बीबीसी के लिए
एडिटिंग: दीपक जसरोटिया
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)