You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
गलवान: संतोष बाबू को महावीर चक्र, नुदूराम को वीर चक्र
भारतीय सेना के कर्नल संतोष बाबू को मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया. यह सम्मान उन्हें ऑपरेशन स्नो लेपर्ड के दौरान गलवान घाटी में बहादुरी के लिए मिला.
कर्नल संतोष बाबू 16 बिहार रेज़िमेंट के कमांडिंग ऑफ़िसर थे. चीनी सेना से मुक़ाबला करने के लिए कर्नल संतोष बाबू को एक निगरानी पोस्ट बनाने का काम दिया गया था.
इस चौकी पर मोर्चा संभालते समय चीनी सेना ने उनकी टुकड़ी पर हमला कर दिया. चीनी सैनिकों के साथ हुई मुठभेड़ में कर्नल संतोष बाबू की जान चली गई.
इसी ऑपरेशन में नायब सूबेदार नुदूराम सोरेन की भी जान गई. उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया.
इस ऑपरेशन में जान गंवाने वाले हवलदार के पलानी और नायक दीपक सिंह को भी वीर चक्र से सम्मानित किया गया. भारत और चीन के बीच मई 2020 में पूर्वी लद्दाख में सीमा विवाद की वजह से तनाव बढ़ा था.
15 जून को दोनों तरफ के सैनिकों के बीच हुई हिंसा में भारत के 20 जवान मारे गए. हालांकि चीन ने शुरुआत में अपने सैनिकों के मारे जाने से इनकार किया था.
कुछ समय बाद चीन ने कहा कि उसके 4 जवान मारे गए थे. रूसी समाचार एजेंसी तास ने ख़बर दी कि संघर्ष में चीन के 45 सैनिक मारे गए थे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)