सिद्धार्थ शुक्ला का 40 साल की उम्र में निधन
टीवी की दुनिया के जाने माने अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला का निधन हो गया है. वो 40 साल के थे. मुंबई के कूपर अस्पताल के डॉक्टर शैलेश मोहिते ने बीबीसी से सिद्धार्थ की मौत की पुष्टि की है. सिद्धार्थ शुक्ला टीवी की दुनिया के बहुत बड़े नाम थे. उन्होंने सीरियल 'बालिका वधू' से घर-घर में अपनी पहचान बनाई थी. सिद्धार्थ के घर में उनकी माँ और दो बहनें हैं. कूपर हॉस्पिटल के अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल पहुँचने से पहले ही सिद्धार्थ की मौत हो गई थी. सिद्धार्थ शुक्ला ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी. सिद्धार्थ ने टीवी शो 'बाबुल का अंगना छूटे ना' से अभिनय की दुनिया में क़दम रखा था. इसके बाद उन्हें 'जाने-पहचाने से', 'ये अजनबी' और 'लव यू ज़िंदगी' में भी अभिनय के मौक़े मिले, लेकिन वे सबसे ज्यादा लोकप्रिय 'बालिका वधू' से हुए थे. सिद्धार्थ शुक्ला ने 'बिग बॉस' का 13वां सीजन भी जीता था. इस रिएलिटी टीवी शो के दौरान वो ख़ासे पॉपुलर हो गए थे. पूरे शो में उनकी जोड़ी को पंजाबी ऐक्ट्रेस शहनाज़ गिल के साथ काफ़ी पंसद किया गया था. दोनों हाल ही में बिग बॉस ओटीटी में भी नज़र आए थे. इसके अलावा सिद्धार्थ शुक्ला 'फ़ीयर फ़ैक्टर-ख़तरों के खिलाड़ी' के सीज़न- 7 में भी नज़र आए थे. उन्होंने 'सावधान इंडिया' और 'इंडियाज़ गॉट टैलेंट' जैसे शो को होस्ट भी किया था. सिद्धार्थ शुक्ला ने बॉलीवुड में भी एंट्री कर ली थी. उन्होंने 'हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. सिद्धार्थ शुक्ला के निधन की ख़बर मिलने के बाद पूरी इंडस्ट्री सदमे में है. उनके फ़ैंस और चाहने वाले उनके अपना दुख जता रहे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)