हॉकी में भारत के ओलंपिक पदक जीतने का 41 सालों का इंतज़ार ख़त्म
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए 41 साल बाद ओलंपिक में पदक हासिल कर लिया है. भारतीय टीम ने टोक्यो ओलंपिक में जर्मनी को 5-4 से हराते हुए कांस्य पदक अपने नाम कर लिया है. भारत ने ओलंपिक हॉकी में आखिरी स्वर्ण पदक 1980 में मॉस्को में जीता था. तब से भारत को हॉकी में पदक के इंतज़ार था जिसे मौजूदा हॉकी टीम ने ख़त्म कर दिया. मैच की शुरुआत में कुछ पीछे रहने के बाद भारत ने पूरे मैच में अपनी बढ़त बनाए रखी. दोनों टीमों के बीच चले इस रोमांचक मैच में आखिर तक भारत ने बेहतरीन बचाव करते हुए जीत हासिल कर ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई देते हुए ट्वीट किया है. पीएम मोदी ने लिखा, “ऐतिहासिक! एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की याद में अंकित हो जाएगा. कांस्य पद घर लाने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई. इस उपलब्धि ने, पूरे देश, खासकर कि हमारे युवाओं में उत्साह भर दिया है. भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है.”
स्क्रिप्ट और आवाज़: नवीन नेगी
वीडियो एडिटिंग: रुबाइयत बिस्वास
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)