पीएम नरेंद्र मोदी के उनके परिवार से रिश्ते कैसे हैं?
गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव होने में अब अधिक दिन नहीं रह गए हैं. चुनाव चाहे कोई भी हो, परिणाम को लेकर उत्सुकता तो रहती ही है.
लेकिन इस बार गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव कुछ मायनों में बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. गुजरात में दो चरणों में स्थानीय निकाय चुनाव होने हैं.
21 फ़रवरी और 28 फ़रवरी को दो चरणों में स्थानीय निकाय चुनाव होंगे. एक ओर जहाँ कांग्रेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है, वहीं बीजेपी भी चुनावों को लेकर कमर कस चुकी है. गुजरात बीजेपी प्रमुख सीआर पाटिल ने हाल ही में उम्मीदवारों के लिए आवश्यक मानदंडों की घोषणा की है.
उन्होंने अपनी घोषणा में कहा कि 60 साल से अधिक आयु के लोगों, नेताओं के रिश्तेदारों और जो लोग पहले से ही कॉर्पोरेशन में तीन कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, उन्हें इस बार टिकट नहीं दिया जाएगा. सीआर पाटिल की इस घोषणा के बाद से ही प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं-नेताओं के बीच हलचल का माहौल है.
पीएम मोदी के बड़े भाई प्रह्लाद मोदी ने भी इस संबंध में टिप्पणी की है. बीबीसी से बात करते हुए प्रह्लाद मोदी ने कहा कि उनकी बेटी सोनल मोदी अहमदाबाद के बोदकदेव से चुनाव लड़ना चाहती थीं.
लेकिन अब जब इस तरह के मानदंड तय किए गए हैं, तो यह तय हो जाता है कि वो चुनाव नहीं लड़ पाएंगी, क्योंकि वो तो सीधे तौर पर पीएम मोदी के परिवार से आती हैं. बीबीसी ने प्रह्लाद मोदी से निकाय चुनाव समेत अन्य कई मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की. उन्होंने पीएम मोदी के साथ अपने संबंधों पर भी विस्तार से बात की.
वीडियो: तेजस वैद्य और उत्सव गज्जर
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)