आईपीएल 2020: राहुल तेवतिया मैच के हीरो कैसे बने?
18वें ओवर में पंजाब के कप्तान केएल राहुल ने गेंद कॉटरेल को थमाई. फिर तेवतिया ने वो किया, जिसे वो तो ताउम्र याद रखेंगे ही कॉटरेल, पंजाब की टीम और ये मैच देखने वाले भी अर्से तक नहीं भूलेंगे.
पहली गेंद पर छक्का. दूसरी गेंद शॉर्ट थी, इस पर भी छक्का. अगली गेंद को कॉटरेल ने आगे पिच कराया लेकिन तेवतिया का बल्ला घूमा तो ये भी उड़ते हुए बाउंड्री के बाहर गिरी. अब पंजाब की टीम में खलबली शुरू हो गई थी. चौथी गेंद लो फुलटॉस थी, इस पर भी तेवतिया ने छक्का जड़ा. फ़्लैट सिक्स.
राजस्थान के डग आउट में खिलाड़ी चहकने लगे और पंजाब के खिलाड़ी पतलूनें कसकर पकड़ने लगे. ओवर की पांचवीं गेंद ही ऐसी थी जो तेवतिया को समझ नहीं आई. लेकिन छठी गेंद बल्ले से लगते ही उड़ी और मिडविकेट बाउंड्री के बाहर जा गिरी.
पांच गेंदों में ही मैच की स्क्रिप्ट बदल गई थी और तेवतिया हीरो बन चुके थे. अगले ओवर की पांचवीं गेंद पर तेवतिया ने मोहम्मद शमी पर छक्का जड़ा और आईपीएल में अपनी पहली हाफ सेंचुरी पूरी की.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)