You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
दिल्ली मेट्रो में सफ़र करने के लिए क्या करना होगा, क्या नहीं?
देश भर में 7 सितंबर से मेट्रो सेवाएँ चरणबद्ध तरीक़े से फिर से शुरू हो जाएँगी मगर यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क जैसे एहतियाती उपायों का ध्यान रखना होगा.
केंद्रीय शहरी और आवास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को एक ऑनलाइन ब्रीफ़िंग में बताया कि 12 सितंबर तक सभी मेट्रो लाइनों पर परिचालन बहाल हो जाएगा.
हालाँकि, उन्होंने कहा कि कन्टेनमेंट ज़ोन में पड़ने वाले मेट्रो स्टेशन अभी भी बंद रहेंगे.
मंत्रालय के अनुसार, ऐसे स्टेशनों पर ट्रेन नहीं रुकेगी जहाँ यात्रियों को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की अनदेखी करते पाया जाएगा.
हरदीप पुरी ने कहा कि मेट्रो ट्रेनों में यात्रा के दौरान फ़ेस मास्क लगाना अनिवार्य होगा. उन्होंने साथ ही कहा कि मेट्रो स्टेशनो पर यात्रियों के लिए मास्क ख़रीद सकने का इंतज़ाम किया जाएगा.
मार्च के आख़िरी हफ़्तों में देश भर में लॉकडाउन की घोषणा के बाद से मेट्रो सेवाएँ स्थगित कर दी गई थीं. राजधानी क्षेत्र दिल्ली में मेट्रो सेवाएँ 22 मार्च से ही स्थगित हैं.
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रमुख मंगू सिंह ने कहा कि मेट्रो सेवाएँ आरंभ में दो पालियों में चलेंगी - 7 से 11 बजे तक और 4 से 8 बजे तक.
महाराष्ट्र सरकार ने अभी मेट्रो न चलाने का फ़ैसला किया है. राज्य सरकार अक्तूबर में इस पर कोई फ़ैसला करेगी.
स्टोरी: टीम बीबीसी
आवाज़: विशाल शुक्ला
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)