नासा और स्पेसएक्स का क्रू ड्रैगन मिशन पर रवाना हुआ

प्रकाशित

स्पेसएक्स का अंतरिक्षयान द क्रू ड्रैगन नासा के दो अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर मिशन पर रवाना हो गया है.

इस मिशन को अमरीका के फ्लोरिडा स्थित केनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया. अमरीका में नौ साल बाद इस तरह के मिशन को अंजाम दिया गया है.

यही पहली बार हुआ है कि कोई निजी अंतरिक्षयान के ज़रिए अंतरिक्ष यात्रियों को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) के लिए रवाना किया गया है.

अंतरिक्ष यात्री के रूप में नासा के एस्ट्रोनॉट बॉब बेनकेन और डग हर्ली हैं.

इनका चयन 2000 में हुआ था और ये दोनों ही स्पेस शटल के ज़रिए दो-दो बार अंतरिक्ष में जा चुके हैं. ये नासा के एस्ट्रोनॉट कॉर्प्स के सबसे ज़्यादा अनुभवी लोग हैं.

ये एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के द क्रू ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से आईएसएस के लिए रवाना हुए हैं. बेनकेन और हर्ली ऑर्बिट में हैं और वो शून्य गुरुत्वाकर्षण में होंगे.

इस जोड़ी के लिए इंटरनेशनल स्पेस सेंटर का सफ़र 19 घंटे का है.

पहली कोशिश बुधवार को की गई थी लेकिन ख़राब मौसम के कारण उस दिन आख़िरी पलों में इस मिशन को टाल दिया गया था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)