अमरीका और इटली के बाद अब इस देश में कोरोना का क़हर
ब्राज़ील के सबसे बड़े शहर साओ पाउलो के मेयर ने चेतावनी दी है कि कोरोना महामारी के कारण अस्पतालों में इमर्जेंसी बेड की माँग बढ़ गई है और देश की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराने की हालत में पहुँच चुकी है.
साओ पाउलो के मेयर ब्रूनो कोवास ने कहा है कि देश के सभी सरकारी अस्पताल अपनी क्षमता के हिसाब से 90 फ़ीसदी तक भर चुके हैं और महामारी के कारण आने वाले सप्ताह में मरीज़ों के लिए जगह की कमी पड़ सकती है.
ब्राज़ील में कोरोना से साओ पाउलो सबसे बुरी तरह प्रभावित हैं. यहां अब तक कोरोना से 3,000 से अधिक मौतें हो चुकी हैं.
शनिवार को कोरोना संक्रमितों की संख्या के मामले में ब्राज़ील स्पेन से आगे बढ़ कर कोरोना से प्रभावित दुनिया के चौथे बड़े देश के रूप में सामने आ गया है.
जहां स्पेन में अब तक 2.3 लाख संक्रमित हैं वहीं ब्राज़ील में संक्रमितों की संख्या अब 2.4 लाख है.
जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 47.16 लाख हो चुकी है.
इसमें सबसे आगे अमरीका है जहां 14.86 लाख लोग इस वायरस की चपेट में हैं. वहीं दूसरे और तीसरे नंबर पर रूस और ब्रिटेन है जहां 2.81 लाख और 2.44 लाख लोग कोरोना संक्रमित हैं.
वीडियो: सर्वप्रिया सांगवान और मनीष जालुई
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)