झारखंड: तीन महिलाओं की मिट्टी में दबने से मौत, एक की हालत गंभीर
- Author, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी हिंदी के लिए, जमशेदपुर से
जमशेदपुर से लगभग 100 किलोमीटर दूर पूर्वी सिंहभूम ज़िला के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के कुकमारा गांव के निकट एक खेत से मिट्टी निकाल रही सात महिलाएं मिट्टी धंसने के कारण नीचे दब गई हैं.
बहरागोड़ा थाना के प्रभारी विकास कुमार शर्मा ने बताया कि मिट्टी में दबीं कुल सात महिलाओं में से तीन की मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं घायल हुई हैं.
थाना प्रभारी के अनुसार, चार में से एक गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
महिलाएं सरहुल पर्व की तैयारी के लिए निकाल रही थीं मिट्टी
स्थानीय मुखिया बिधान चंद्र मार्डी के अनुसार, सरहुल पर्व के अवसर पर सफेद मिट्टी से आदिवासी महिलाएं घर की दीवारों की रंगाई-पोताई करती हैं. इसी वजह से ये महिलाएं सफेद मिट्टी निकालने अपनी 'भूतिया' पंचायत स्थित 'बनिया कुंदुर' गांव से चार किलोमीटर दूर कुकमारा गांव के एक खेत में मिट्टी निकालने गई थीं.
मुखिया ने बताया कि उबड़-खाबड़ ज़मीन पर मौजूद इस खेत का एक सिरा सात से आठ फुट ऊंचा है. इसके निचले हिस्से में सफेद मिट्टी थी. इसे निकालने के क्रम में महिलाएं अधिक खुदाई करती चली गईं, इस क्रम में 'लैंडस्लाइड' हो गया.
भूमि के इस धंसाव के कारण मंजू किस्कू (33), सुशीला सोरेन (31) और आलो मोनी टुडू (34) की मौत हो गई. जबकि चीता मुर्मू (30), रायमनी हांसदा (15), कमाली मुर्मू (19) और सलमा टुडू (32) घायल हैं.
जमशेदपुर डीसी अनन्य मित्तल ने बीबीसी को बताया कि चूंकि ये प्राकृतिक आपदा नहीं है, ये 'मैन मेड लैंडस्लाइड' है इसलिए प्रोविज़न के एकॉर्डिंग हम लोग मुआवज़ा देने के लिए कंसर्न सचिव के टच में हैं. जो भी हो सकता है प्रोविज़न के अनुसार करेंगे.