You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चीन पर मलेशिया में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिया ये बयान

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मलेशिया में चीन के साथ भारत के रिश्तों पर अहम बयान दिया है.

लाइव कवरेज

प्रेरणा and अनंत प्रकाश

  1. चीन पर मलेशिया में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिया ये बयान

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मलेशिया में चीन के साथ भारत के रिश्तों पर अहम बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, "हर देश अपने पड़ोसी के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है. लेकिन हर रिश्ते का एक आधार होता है. चीन के साथ हमारे रिश्ते कई वजहों से ख़राब हैं. इसमें हमारे बीच सीमा से जुड़ा विवाद भी शामिल है. लेकिन इसके बावजूद कई सालों में हमने एक मजबूत रिश्ता कायम किया है."

    "क्योंकि दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि जब तक हम ये सीमा से जुड़े विवाद सुलझाते हैं तब तक हम सीमाओं पर भारी मात्रा में सैनिकों का जमावड़ा नहीं करेंगे. अस्सी के दशक में बनना शुरू हुई ये सहमति कई समझौतों में नज़र आई. इन समझौतों ने आपसी रिश्तों को स्थिरता प्रदान की. इसके आधार पर दूसरे क्षेत्रों में रिश्ते आगे बढ़े. व्यापार, निवेश और पर्यटन से लेकर दोनों तरफ के लोगों का आना जाना हुआ."

    उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से कुछ वजहों से जिनके बारे में अब तक नहीं पता है ये समझौते 2020 में तोड़ दिए गए. और सीमा पर हिंसा और खूनखराबा हुआ. ये सवाल इस बात का नहीं है कि आप चीन सीमा पर जो ख़र्च कर रहे हैं, उसे भारतीयों पर ख़र्च करना बेहतर होगा. भारतीय जनता के प्रति मेरा पहला कर्तव्य सीमाओं को सुरक्षित करना है. मैं उस पर कभी समझौता नहीं कर सकता."

  2. बाल्टीमोर में हुए पुल हादसे में अब तक क्या पता चला

  3. बीजेपी ने जारी की चुनाव पदाधिकारियों की लिस्ट, रमेश बिधूड़ी को मिली ये जिम्मेदारी

    भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनावों के मद्देनज़र कुछ महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियां की हैं.

    इस सिलसिले में बुधवार को पार्टी की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति में 18 लोगों को चुनाव प्रभारी और सह चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी देने की जानकारी दी गई है.

    इस सूची में रमेश बिधूड़ी का नाम शामिल है जिन्हें पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए सह प्रभारी बनाया है.

    जयभान सिंह पवैया को महाराष्ट्र में सह प्रभारी का जिम्मा दिया गया है.

    कैप्टन अभिमन्यु को असम और बिहार से विधायक नितिन नवीन को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है.

  4. पश्चिम बंगाल: संदेशखाली से चर्चा में आईं रेखा पात्रा को बीजेपी ने क्यों बनाया उम्मीदवार?

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, सनराइज़र्स हैदराबाद ने बनाए आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक 277 रन

    सनराइज़र्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने की रिकॉर्ड कायम किया है.

    हैदराबाद में खेले जा रहे मुंबई इंडियन्स के ख़िलाफ़ आईपीएल 2024 के आठवें मैच में सनराइज़र्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ये विशालकाय स्कोर खड़ा किया.

    टीम की ओर से ट्राविस हेड ने 62 (24 गेंद), अभिषेक शर्मा ने 63 (23 गेंद) और क्लासेन ने 80 (34 गेंद) रन बनाए.

    हैदराबाद की टीम इस मैच में कुल 18 छक्के 19 चौके जड़े.

    मुंबई इंडियन्स के गेंदबाज़ क्वेना मफ़ाका ने चार ओवरों में 66 रन दिए. कप्तान हार्दिक पांड्या के चार ओवरों में 46 रन बने.

    मैच में 80 रन बनाने वाले क्लासेन ने अपनी पारी के बारे में बताया, “हमारे टॉप ऑर्डर ने एक लय बना दी थी. ये भी ख़ूब रही कि जब मैं ये रन बना रहा था तो मेरे बेस्ट फ़्रैंड (मारक्रम) नॉन-स्ट्राइकर एंड पर था.”

    इससे पहले आईपीएल का सर्वाधिक स्कोर 263 रन था जो आरसीबी ने 2013 में बनाया था.

    आईपीएल में अब तक पांच सबसे बड़े स्कोर ये रहे हैं -

    2024 सनराइज़र्स हैदराबाद 277

    2013 आरसीबी 263

    2023 लखनऊ सुपरजॉयंट्स 257

    2016 आरसीबी 248

    2010 चेन्नई सुपरकिंग्स 246

  6. कर्नाटक: 'माइनिंग किंग' कहे जाने वाले जनार्दन रेड्डी की घर वापसी से बीजेपी के लिए क्या बदलेगा

  7. केजरीवाल को हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने पर आप नेता आतिशी ने क्या कहा?

    दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता आतिशी ने बुधवार शाम मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "आज जो हाई कोर्ट का फ़ैसला आया है, ये बहुत महत्वपूर्ण है. क्योंकि जबसे केजरीवाल जी की गिरफ़्तारी हुई है तब आप और विपक्ष के नेता तो सवाल उठा ही रहे हैं. ये ग़ैर-क़ानूनी और ग़ैर-लोकतांत्रिक है."

    लेकिन आज हाई कोर्ट ने भी इस बात का संज्ञान लिया है कि ये गिरफ़्तारी ग़ैर-कानूनी, ग़ैर-लोकतांत्रिक और राजनीति से प्रेरित हो सकती है.

    "हाई कोर्ट ने अपने आदेश के पैरा 15 में स्पष्ट तौर पर कहा है कि इस मामले की जांच की ज़रूरत है कि कोर्ट को अब इस मामले को सुनना पड़ेगा. कोर्ट को इस मामले की जांच करनी पड़ेगी कि ये गिरफ़्तारी राजनीति से प्रेरित तो नहीं है."

  8. बीमा भारती ने कहा- पूर्णिया से गठबंधन ने बनाया उन्हें उम्मीदवार, क्या बोले पप्पू यादव?

  9. बीजेपी ने महाराष्ट्र की अमरावती सीट से नवनीत राणा को बनाया उम्मीदवार

    भारतीय जनता पार्टी ने नवनीत राणा को महाराष्ट्र की अमरावती सीट से लोकसभा चुनावों के लिए पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है.

    नवनीत राणा मौजूदा लोकसभा में अमरावती से ही निर्दलीय सांसद हैं.

    नवनीत राणा ने साल 2019 के लोकसभा चुनाव में अमरावती सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंदराव अड़सुल को हराया था.

    कर्नाटक के पूर्व उपमुख्यमंत्री गोंविंद कजरोल को बीजेपी ने चित्रदुर्ग सीट से चुनावी मैदान में उतारा है.

    बुधवार को जारी की गई उम्मीदवारों की लिस्ट में आंध्र प्रदेश विधानसभा के लिए भी पार्टी ने सात उम्मीदवारों की घोषणा की है.

  10. बीबीसी हिंदी के पॉडकास्ट ‘दिनभर पूरा दिन पूरी ख़बर’

    *कार्यक्रम में आज बात अमेरिका के बाल्टीमोर में हुए हादसे की जिसमें एक जहाज़ के पुल से टकराने के कारण पुल का एक हिस्सा गिर गया.

    * राष्ट्रपति जो बाइडन बोले, चालकदल का शुक्रिया जिन्होंने किया था आगाह, हादसे के बाद बाल्टीमोर बंदरगाह को किया गया बंद, जानकारों ने कहा अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है इसका असर ?

    * दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नहीं मिली कोर्ट से राहत, पत्नी ने कहा कथित शराब घोटाले को लेकर जल्द देंगे नई जानकारी.

    * दिनभर की चुनावी हलचल के बारे में भी होगी चर्चा. बताएंगे पश्चिम बंगाल से लेकर पीलीभीत और पंजाब तक कहां क्या हुआ.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, केजरीवाल को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत नहीं, अगली सुनवाई तीन अप्रैल को होगी

    दिल्ली हाई कोर्ट ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोई भी राहत देने से इनकार कर दिया है.

    जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने प्रवर्तन निदेशालय को केजरीवाल की रिहाई की अर्ज़ी का दो अप्रैल तक जवाब फ़ाइल करने को कहा है.

    मामले की अगली सुनवाई तीन अप्रैल को होगी.

    अदालत ने केजरीवाल की मुख्य याचिका को भी तीन अप्रैल के लिए लिस्ट किया है.

    केजरीवाल की गिरफ़्तारी

    दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च की रात हिरासत में ले लिया गया था.

    अगले दिन उन्हें अदालत में पेश किया गया और कोर्ट ने उन्हें 28 मार्च तक के लिए ईडी की हिरासत में भेजा दिया गया है.

    21 मार्च को देर रात सीएम केजरीवाल को नई दिल्ली स्थित उनके आवास से ईडी ने गिरफ्तार किया था.

    उन पर दिल्ली शराब नीति में हुए कथित घोटाले में शामिल होने का आरोप है.

    प्रवर्तन निदेशालय (ई़डी) ने 22 मार्च को कहा था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 'शराब घोटाला मामले में मुख्य 'षड्यंत्रकर्ता' हैं.

  12. हिज़बुल्लाह ने इसराइली शहर पर दर्जनों रॉकेट दागने का किया दावा

    लेबनान के चरमपंथी समूह हिज़बुल्लाह ने कहा है कि उसने उत्तरी इसराइल में स्थित शहर किरयेत शमोना और इसके नज़दीक मौजूद आर्मी बेस पर दर्जनों रॉकेट दागे हैं.

    ऑनलाइन नज़र आ रहे वीडियो और तस्वीरों में कम से कम दो इमारतों को नुकसान होता दिख रहा है. हिज़बुल्लाह का कहना है कि ये हमले उसने इसराइली एयर स्ट्राइक्स के जवाब में किए हैं.

    इससे पहले इसराइल ने दक्षिणी लेबनान के नबातिह पर हवाई हमले किए थे.

    इस हमले में कम से कम सात लोगों के मारे जाने की सूचना है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स का कहना है कि ये हमले दक्षिणी लेबनान के हेब्बारियेह गांव में इस्लामिक समूह के आपातकालीन और राहत केंद्र को निशाना बनाकर किया गया है.

    मंगलवार को उत्तर-पूर्वी लेबनान में हुए इसराइली हवाई हमले में हिज़बुल्लाह के तीन चरमपंथियों की मौत हुई थी.

  13. आप नेता सुशील कुमार रिंकू और शीतल अंगुराल बीजेपी में शामिल हुए

    आम आदमी पार्टी के लोकसभा सांसद सुशील कुमार रिंकू और पंजाब से पार्टी विधायक शीतल अंगुराल बुधवार को बीजेपी में शामिल हुए हैं.

    बता दें कि सुशील कुमार रिंकू आम आदमी पार्टी के इकलौते लोकसभा सांसद थे. उन्होंने साल 2023 में हुए जालंधर लोकसभा के उप-चुनाव में एकतरफा जीत दर्ज की थी.

    उनके साथ ही जालंधर पश्चिम से विधायक शीतल अंगुराल ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है.

    साल 2022 के विधानसभा चुनाव में रिंकू और अंगुरान ने जालंधर पश्चिम सीट पर एक दूसरे का सामना किया था.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा दोनों पूर्व आप नेताओं का स्वागत करते दिख रहे हैं.

  14. सुप्रिया श्रीनेत को कंगना रनौट पर टिप्पणी मामले में चुनाव आयोग ने दिया नोटिस

    केंद्रीय चुनाव आयोग ने बुधवार को कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत को कंगना रनौट पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में नोटिस जारी किया है.

    चुनाव आयोग ने अपने नोटिस में कहा है कि उसे 26 मार्च को इस बारे में बीजेपी की ओर से शिकायत मिली थी.

    चुनाव आयोग ने कहा है कि शुरुआती जांच में इस टिप्पणी को अभद्र पाया गया है. इसके साथ ही ये टिप्पणी प्रथमदृष्टया आचार संहिता का उल्लंघन है.

    चुनाव आयोग ने कहा है कि ‘आप 29 मार्च, 2024 शाम पांच बजे तक बताएं कि आपके ख़िलाफ़ कार्रवाई क्यों न की जाए. अगर आपकी ओर से तय समयसीमा में कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है तो ये माना जाएगा कि आपको इस मामले में कुछ नहीं कहना है. और चुनाव आयोग इस दिशा में उचित कार्रवाई करेगा.’

    सोमवार को सुप्रिया श्रीनेत के अकाउंट से कंगना रनौट पर अभद्र टिप्पणी की गयी थी जिस पर सुप्रिया श्रीनेट की ओर से स्पष्टीकरण दिया गया था.

    सुप्रिया श्रीनेट ने लिखा था - "मेरे फेसबुक और इंस्टा के अकाउंट पर कई लोगों का एक्सेस है. इसमें से किसी व्यक्ति ने आज एक बेहद घृणीत और आपत्तिजनक पोस्ट किया था. मुझे जैसे ही इसकी जानकारी हुई मैंने वह पोस्ट हटा दिया. जो भी मुझे जानते हैं, वह यह अच्छी तरह से जानते हैं कि मैं किसी भी महिला के लिए भोंडी बात नहीं करती हूँ."

    चुनाव आयोग ने कुछ इसी तरह का नोटिस बीजेपी नेता दिलीप घोष को भी जारी किया है.

    दिलीप घोष के ख़िलाफ़ नोटिस की वजह उनकी ओर से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी किया जाना था.

  15. पीएम मोदी के मुख्य आर्थिक सलाहकार विपक्षी पार्टियों के निशाने पर

    भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार अनंत नागेश्वरन विपक्षी पार्टियों के निशाने पर हैं.

    पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने मुख्य आर्थिक सलाहकार पर टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट किया है.

    उन्होंने कहा, "सरकार बेरोज़गारी की समस्या का समाधान नहीं कर सकती. चौंका देने वाली बात है."

    "अगर ये बीजेपी सरकार का आधिकारिक रुख है, तो हमें बीजेपी से कहना चाहिए कि 'अपनी कुर्सी खाली करें.'"

    "बेरोज़गारी की समस्या से निपटने के लिए कांग्रेस के पास ठोस योजना है और इसकी जानकारी पार्टी के घोषणा पत्र में दी जाएगी."

    वहीं, ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने लिखा कि ''मोदी की गारंटी'' की सच्चाई सामने आ गई.

    प्रधानमंत्री मोदी के मुख्य आर्थिक सलाहकार अब कह रहे हैं कि ''सरकार बेरोज़गारी का हल नहीं खोज सकती.''

  16. चरमपंथी संगठन आईएस ख़ुरासान क्या है और उसने रूस पर हमला क्यों किया?

  17. जेल से सरकार चलाए जाने पर दिल्ली के उप-राज्यपाल ने क्या कहा?

    दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने टाइम्स नाउ समिट में कहा है कि जेल से दिल्ली की सरकार नहीं चलने दी जाएगी.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ़्तारी होने के बाद से एक सवाल उठ रहा है कि अब दिल्ली में सरकार कैसे चलेगी.

    टाइम्स नाउ की समिट में भी उप-राज्यपाल से यही सवाल पूछा गया कि सरकार क्या जेल से चलाई जाएगी.

    इस पर उप-राज्यपाल विनय सक्सेना ने कहा, “मैं दिल्ली की जनता को आश्वस्त कर सकता हूं कि सरकार जेल से नहीं चलेगी.”

    दिल्ली के कथित शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में अरविंद केजरीवाल से पहले आप नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह को गिरफ़्तार किया जा चुका है.

  18. लोकसभा चुनाव: संसद में आदिवासी महिलाओं का प्रतिनिधित्व इतना कम क्यों है?

  19. चिराग पासवान नहीं लड़ेंगे जमुई से चुनाव, ये होंगे उम्मीदवार

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिहार के जमुई संसदीय क्षेत्र से अरुण भारती को उम्मीदवार बनाया है.

    इस सीट से पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान सांसद हैं.

    अरुण भारती की उम्मीदवारी घोषित करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जो आशीर्वाद लोगों ने उन्हें दिया था, वही आशीर्वाद अरुण भारती पर भी बनाए रखेंगे.

    चिराग पासवान ने कहा, "मैं ये वादा आप लोगों से करता हूँ कि मुझसे भी ज़्यादा इस क्षेत्र की समस्याएँ अरुण भारती संसद में उठाएँगे. जमुई का नेता नहीं, बेटा बनकर यहाँ के लोगों की सेवा करेंगे और मुझसे भी बेहतर सांसद साबित होंगे."

    "जिस ढंग से आप लोगों ने मुझपर अधिकार जताया, उतना ही अधिकार अब आपका इन पर है. मुझे पूरा यक़ीन है कि ये पूरे समर्पण भाव से जमुई लोकसभा क्षेत्र की जनता की सेवा करेंगे. कहीं भी और कभी भी आपको शिकायत का मौका नहीं देंगे."

    अरुण भारती चिराग पासवान के बहनोई हैं.

    माना जा रहा है कि इस बार चिराग पासवान अपने पिता की पारंपरिक सीट हाजीपुर से चुनाव लड़ेंगे.

    लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शामिल है.

    बीजेपी की अगुआई वाले गठबंधन ने बिहार में चिराग पासवान की पार्टी को पाँच सीटें दी हैं.

    बीजेपी 17, जनता दल (यू) 16, जीतनराम माँझी की 'हम' पार्टी एक और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी एक सीट पर चुनाव लड़ेगी.

    लोक जनशक्ति पार्टी से अलग हुए पशुपति कुमार पारस के गुट को एनडीए ने एक भी सीट नहीं दी है.

    इससे नाराज़ पशुपति कुमार पारस ने पिछले दिनों केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    अब देखना है कि क्या हाजीपुर सीट से पशुपति कुमार पारस अपने भतीजे चिराग पासवान को चुनौती देंगे या नहीं.

  20. बांग्लादेश का स्वतंत्रता संग्राम: शेख़ मुजीब की पार्टी ने कैसे मांगी थी भारत से मदद