You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सीएए पर अमेरिका ने जताई चिंता तो भारत ने दिया ये जवाब

अमेरिका ने गुरुवार को कहा था कि वो नागरिकता संशोधन कानून यानी सीएए को लेकर चिंतित है. अब इस पर भारत का भी जवाब आया है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and स्नेहा

  1. नागरिकता संशोधन क़ानून पर अमेरिका ने जताई चिंता तो भारत ने दिया ये जवाब

    अमेरिका ने गुरुवार को कहा था कि वो नागरिकता संशोधन कानून यानी सीएए को लेकर चिंतित है. अब इस पर भारत का भी जवाब आया है.

    विदेश मंत्रालय ने साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "ये देश का आंतरिक मामला है और ये भारत की समावेशी संस्कृति और मानवाधिकार के प्रति भारत की प्रतिबद्धता के तहत है.''

    भारत ने ये भी कहा है कि जो लोग भारत की बहुलतावाद की संस्कृति को नहीं समझते हैं, उन्हें इस बारे में लेक्चर देने की ज़रूरत नहीं है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "ये कानून 31 दिसंबर, 2014 या उससे पहले भारत आने वाले अफ़गानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश के हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदाय के प्रताड़ित लोगों को सुरक्षा प्रदान करता है. सीएए नागरिकता देने के बारे में है न कि नागरिकता लेने के बारे में. इसे ज़रूर रेखांकित कर लेना चाहिए. ये कानून मानवीय सम्मान और मानवाधिकार के लिए है."

    उन्होंने कहा, "वैसे लोग जो भारत की बहुलता और आज़ादी के बाद के भारत के इतिहास के बारे में जिनकी समझ नहीं है, अच्छा है कि वो इन सब के बारे में बयान न दें. भारत ने जिस इरादे से इस कदम को उठाया है, उसके लिए भारत के सहयोगियों और शुभचिंतकों को इस देश का स्वागत करना चाहिए."

    उन्होंने अमेरिका के बयान को गैर-ज़रूरी और गलत बताया है.

    अमेरिका ने क्या कहा था?

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने दैनिक संवाददाता सम्मेलन के दौरान ये बात कही. उनसे एक रिपोर्टर ने भारत के इस कानून पर सवाल किया था.

    इस पर उन्होंने कहा, " हम नागरिकता संशोधन कानून यानी सीएए को लेकर चिंतित हैं. हम इस पर क़रीबी नज़र बनाए हुए हैं और ये देखेंगे कि इस कानून को कैसे लागू किया जाएगा. धार्मिक स्वतंत्रता के प्रति सम्मान और सभी समुदायों के लिए बराबरी लोकतंत्र के बुनियादी सिद्धांतों में शामिल है."

    केंद्र सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून के लिए 11 मार्च को अधिसूचना जारी की थी. इस क़ानून के तहत 31 दिसंबर 2014 से पहले पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफ़ग़ानिस्तान से भारत आए हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदाय के लोगों को भारत की नागरिकता दी जाएगी.

    संसद के दोनों सदनों से पास होने के बाद 12 दिसंबर 2019 को ही नागरिकता संशोधन विधेयक पर राष्ट्रपति की मुहर लग गई थी और यह क़ानून बन गया था. लेकिन उसके बाद भी यह क़ानून लागू नहीं किया गया था, क्योंकि इसके लागू करने के लिए नियमों को अधिसूचित करना बाक़ी था.

  2. राहुल गांधी शनिवार को ख़त्म करेंगे 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा'

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शनिवार को ख़त्म कर रहे हैं.

    ये जानकारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने दी है.

    जयराम रमेश ने मीडिया से कहा, "साढ़े पांच बजे राहुल गांधी डॉ आंबेडकर स्मारक चैत्य भूमि में होंगे. वहां भारत जोड़ो न्याय यात्रा की समाप्ति होगी."

    चुनाव आयोग शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीख़ों का दोपहर तीन बजे के बाद एलान करेगा. इस एलान के होते ही देश में आचार संहिता लग जाएगी.

    चुनावों के बारे में जयराम रमेश ने कहा, "चुनाव तो होने ही हैं पर कैसे होंगे, हमारे कई सवाल थे. हम बीते 10 महीनों से कोशिश कर रहे थे कि चुनाव आयोग से मुलाक़ात कर पाएं, मगर हमें मौक़ा ही नहीं मिला."

    "इंडिया गठबंधन की पार्टियां चाहती हैं कि ईवीएम का इस्तेमाल हो पर उसके साथ-साथ वीवीपीएटी का भी इस्तेमाल हो ताकि लोगों में विश्वास हो कि वो जो वोट दे रहे हैं, वो ईवीएम में सही आ रहा है. ये संवैधानिक, निष्पक्ष संस्था है इसलिए कई सवाल उठ रहे हैं."

    राहुल गांधी ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी 2024 को मणिपुर से शुरू की थी. इस यात्रा को 66 दिन का होना था मगर अब इसे 62 दिन में ही ख़त्म किया जा रहा है.

    इससे पहले राहुल गांधी ने सितंबर 2022 से लेकर जनवरी 2023 तक कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक 'भारत जोड़ो यात्रा' की थी.

  3. भारतीय सैनिकों का पहला दल मालदीव से भारत लौटा, विदेश मंत्रालय ने ये बताया

    भारत ने शुक्रवार को बताया कि मालदीव में हेलीकॉप्टर का संचालन करने वाले सैन्यकर्मियों का पहला दल मालदीव से लौट आया है.

    इन सैनिकों की जगह टेक्निकल विशेषज्ञों ने ली है.

    मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने अपने देश से भारतीय सैनिकों के पहले दल की वापसी के लिए 10 मार्च की समय सीमा तय की थी.

    साप्ताहिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया, "एएलएच हेलीकॉप्टर का संचालन करने वाले कर्मियों की पहली टीम की वापसी पूरी हो गई है."

    मालदीव के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि भारत अपने सभी सैनिकों को दो चरण में 10 मई तक इस देश से निकाल लेगा.

    मुइज्जू के सत्ता में आने के बाद से ही भारत और मालदीव के संबंधों में कटुता आई है.

  4. यूपी: सपा ने उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी की, भदोही सीट टीएमसी को

    लोकसभा चुनाव 2024 के लिए समाजवादी पार्टी ने अपनी तीसरी लिस्ट जारी कर दी है.

    इस लिस्ट में यूपी की भदोही सीट ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस को दी गई है.

    इस लिस्ट में छह उम्मीदवारों के नाम हैं.

    पढ़िए किसको किस सीट पर मिली सपा की टिकट.

    बिजनौर- यशवीर सिंह

    नगीना- मनोज कुमार

    मेरठ- भानु प्रताप सिंह

    अलीगढ़- बिजेंद्र सिंह

    हाथरस- जसवीर वाल्मीकि

    लालगंज- दरोगा सरोज

    भदोही- तृणमूल कांग्रेस

  5. चिदंबरम बीबीसी से बोले- इलेक्टोरल बॉन्ड ने बीजेपी को लोकसभा चुनावों में अनुचित फ़ायदा पहुंचाने की ज़मीन तैयार की

      • Author, जुगल पुरोहित
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    देश के पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि इलेक्टोरल बॉन्ड ने आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी को अनुचित फ़ायदा पहुंचाने की जमीन तैयार की.

    बीबीसी से पी चिदंबरम ने कहा, "मुझे इलेक्टोरल बॉन्ड के आंकड़ों से अचंभा नहीं हुआ. ये सभी जिन्होंने इलेक्टोरल बॉन्ड के रूप में चंदा दिया है, उनके सरकार से करीबी संबंध हैं. खनन कंपनियां, फ़ार्मा कंपनियां, निर्माण कंपनियां और हाइड्रोइलेक्ट्रिक कंन्स्ट्रक्शन कंपनियां, इन सभी के केंद्र और कुछ मामलों में राज्य सरकार से भी अच्छे रिश्ते हैं.''

    "यहां सवाल उठता है कि सरकार क्यों इस तरह की स्कीम लेकर आई जिसमें चंदा देने वाले गोपनीय हैं. चेक या ड्राफ़्ट या फिर कंपनियों के पे-ऑर्डर के ज़रिए अनुमति दी जा सकती थी जिसकी जानकारी राजनीतिक पार्टियां और चंदा देने वाले दोनों ही अपनी बैलेंस शीट में देते."

    बॉन्ड से पहले के सिस्टम का हवाला देते हुए चिदंबरम ने कहा, "पहले कॉरपोरेट्स पार्टियों को खुले और पारदर्शी तरीके से चंदा देते थे लेकिन वो भी अपने मुनाफे का कुछ हिस्सा ही. नुकसान में जा रही कंपनियां पार्टियों को चंदा नहीं दे सकती थीं. हमें वापस वहीं जाना होगा. चंदे में पारदर्शिता ज़रूरी है.''

    क्या बॉन्ड की वजह से बीजेपी को आगामी चुनाव में अनुचित लाभ मिला है?

    उन्होंने कहा, "सवाल तो उठेगा ही कि उन्हें क्यों कुल बॉन्ड का 40 फ़ीसदी से अधिक मिला और बाकी सारी पार्टियों को जोड़ भी दें तो उन्हें कम मिला. दूसरा सवाल ये है कि 'क्या कुछ मिलने के बदले कुछ दिया गया.' अगर आप कुछ चंदे की तारीख़ को सरकार के फ़ैसलों से जोड़कर देखें तो कोई ये सोच सकता है कि कुछ लेने के बदले कुछ दिया गया. बीजेपी को इससे बड़ा लाभ मिला. ये अनुचित फ़ायदा है. बीजेपी अपने उम्मीदवारों पर पैसे लगाने के मामले में दूसरी पार्टियों से ज़्यादा मजबूत है."

    जब उनसे पूछा गया कि इसके लिए क्या किया जा सकता है तो उनका जवाब था, "आप इसे जब्त नहीं कर सकते हैं. ये काला धन नहीं है."

  6. राहुल गांधी ने इलेक्टोरल बॉन्ड को बताया 'स्कैम', पीएम मोदी पर लगाया ये आरोप

    भारत जोड़ो न्याय यात्रा के आख़िरी पड़ाव के दौरान राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के ठाणे में पीएम मोदी पर इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "कुछ साल पहले पीएम मोदी एक प्लान लेकर आए जिसके बारे में कहा गया था इससे राजनीतिक फंडिंग में पारदर्शिता आएगी. इसके केंद्र में इलेक्टोरल बॉन्ड था. इसका मतलब था कि कॉर्पोरेट गुमनाम तरीके से पार्टियों को चंदा दे सकते हैं."

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया, "अब ये निकलकर सामने आया है कि ये भारत के बड़े कॉर्पोरेट्स से धन उगाही का एक तरीका था. एक ऐसा तरीका जिसमें कंपनियों से धन लिया जाए, उन्हें धमकी दी जाए और बीजेपी को चंदा देने के लिए मजबूर किया जाए. ये दुनिया का सबसे बड़ा उगाही रैकेट है और इसे भारत के पीएम चलाते हैं."

    राहुल गांधी ने कहा, "इलेक्टोरल बॉन्ड स्कैम से जुड़े लोगों को सोचना चाहिए कि कभी न कभी बीजेपी की सरकार बदलेगी. इसके बाद ऐसी कार्रवाई होगी कि ये फिर कभी नहीं होगा. ये मेरी गारंटी है."

    राहुल गांधी ने कहा, "इलेक्टोरल बॉन्ड से बड़ा कोई भ्रष्टाचार नहीं हो सकता. ये पीएम मोदी जी ने कराया है. ये इस लेवल का भ्रष्टाचार है कि देश के पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर को करप्शन में लगा दो. सीबीआई को, ईडी को, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को. "

  7. दिनभर: इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़े वो सवाल जिनके जवाब हैं बाकी?

  8. बिहार में नीतीश कुमार के कैबिनेट का विस्तार, 21 नए मंत्री शामिल

    बिहार में गुरुवार को नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट का विस्तार हुआ है.

    नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में 21 नए मंत्री शामिल किए गए हैं. राज्य में बीजेपी और जदयू की सरकार बनने के 40 दिन बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हो रहा है.

    राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मंत्रियों को शपथ दिलाई. भाजपा के कोटे से रेणु देवी, मंगल पांडे और नीरज कुमार सिंह ने मंत्री पद की की शपथ ली. जदयू के कोटे से लेशी सिंह, मदन साहनी, अशोक चौधरी ने शपथ ली.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, बीआरएस नेता के कविता को ईडी ने गिरफ़्तार किया

    बीआरएस नेता के कविता को ईडी की टीम ने शुक्रवार को गिरफ़्तार किया है.

    ईडी ने के कविता के घर पर छापेमारी भी की. बीआरएस कार्यकर्ताओं ने के कविता के घर के बाहर छापेमारी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया.

    ये गिरफ़्तारी दिल्ली के कथित शराब घोटाले मामले में हुई है.

    इस मामले में सीबीआई ने दिसंबर 2022 में के कविता से पूछताछ की थी. सीबीआई की चार्जशीट में के कविता का नाम भी था.

    मार्च 2023 में के कविता से ईडी ने क़रीब नौ घंटे तक पूछताछ की थी. 2023 में ईडी ने के कविता से तीन बार पूछताछ की थी.

    के कविता तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर राव की बेटी भी हैं.

  10. बिहार: पशुपति पारस ने एनडीए और इंडिया गठबंधन के बारे में कही ये बातें

    केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने कहा है कि वो हाजीपुर से ही चुनाव लड़ेंगे.

    पशुपति कुमार पारस के भतीजे चिराग पासवान भी हाजीपुर से ही चुनाव लड़ना चाहते हैं.

    ऐसी ख़बरें आई हैं कि चिराग पासवान और बीजेपी के बीच सीट शेयरिंग पर डील हुई है.

    जून 2021 में चिराग और उनके चाचा पशुपति पारस अलग हो गए थे. पारस अपने साथ पांच सांसदों को लेकर अलग हुए थे. पशुपति पारस इसके बाद मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हो गए थे.

    एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पशुपति पारस ने कहा, "मैं हाजीपुर से ही चुनाव लड़ूंगा. हमारे सभी सांसद भी अपनी सीटों से ही चुनाव लड़ेंगे. यही हमारी पार्टी का फ़ैसला है."

    उन्होंने कहा कि वो बिहार में उम्मीदवारों की सूची जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं.

    पारस ने कहा, "हम पीएम मोदी और गृह मंत्री से अपील करते हैं कि हमारे सभी पांच सांसदों के नाम पर विचार किया जाए. हम लिस्ट जारी होने की प्रतीक्षा करेंगे. अगर घोषणा के बाद हमें हमारा हक नहीं मिला तो हमारी पार्टी स्वतंत्र है और हमारे दरवाजे खुले हैं. हम फिर कहीं भी जाने के लिए तैयार हैं."

    इस पर जब उनसे आरजेडी और कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर सवाल किया गया तो उनका जवाब था, "अगर आप इंडिया गठबंधन के बारे में सवाल कर रहे हैं तो मैं आपको बता दूं कि मेरी अब तक किसी से बात नहीं हुई है. हमारी पार्टी में पांच सांसद हैं. एनडीए गठबंधन को सीटिंग एमपी को टिकट देना चाहिए. लेकिन हमारी पार्टी के साथ न्याय नहीं हुआ. जब तक एनडीए की बिहार में उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं हो जाती, हम प्रतीक्षा करेंगे."

  11. अर्जुन सिंह और दिब्येंदु अधिकारी बीजेपी में शामिल हुए

    टीएमसी से नाराज़ चल रहे नेता अर्जुन सिंह फिर से बीजेपी में लौट गए हैं.

    अर्जुन सिंह बैरकपुर से सांसद हैं. इन चुनावों में अर्जुन सिंह को टीएमसी ने टिकट नहीं दिया है.

    2019 लोकसभा चुनाव में बीजेपी की टिकट पर चुनाव जीतने के बाद वो टीएमसी में आ गए थे. मगर उन्होंने सांसदी से इस्तीफ़ा नहीं दिया था.

    अर्जुन सिंह ने कहा, ''जब मैं 2022 में टीएमसी में लौटा था तो मुझसे वादा किया गया था कि मुझे बैरकपुर सीट से उम्मीदवार बनाया जाएगा. मगर पार्टी ने अपना वादा नहीं निभाया और मुझे धोखा दिया. तो मैंने फ़ैसला किया है कि मैं बीजेपी में लौटूंगा.''

    अर्जुन सिंह के अलावा शुभेंदु अधिकारी के भाई और टीएमसी सांसद दिब्येंदु अधिकारी भी बीजेपी में शामिल हुए हैं.

    दिब्येंदु अधिकारी बंगाल की तमलुक सीट पर टीएमसी की टिकट पर सांसद का चुनाव 2019 में जीते थे.

  12. अखिलेश यादव का आरोप- इलेक्टोरल बॉन्ड कालेधन को सफेद करने की भाजपाई गारंटी

    इलेक्टोरल बॉन्ड पर चुनाव आयोग की वेबसाइट पर दिए आंकड़ों के बाद राजनीतिक दलों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए जा रहे हैं.

    इस जानकारी के अनुसार, बीजेपी ने इस अवधि में कुल 60 अरब रुपये से अधिक के इलेक्टोरल बॉन्ड को भुनाया है.

    इस मामले में दूसरे नंबर पर तृणमूल कांग्रेस है, जिसने 16 अरब रुपये से अधिक के इलेक्टोरल बॉन्ड को भुनाया है.

    अब इस मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी टिप्पणी की है.

    अखिलेश ने सोशल मीडिया पर लिखा, ''इलेक्टोरल बॉन्ड कालेधन को सफेद करने की भाजपाई गारंटी है. इलेक्टोरल बॉन्ड ब्लैक मनी टूरिज्म यानी पैसा बाहर ले जाकर वापस लाने के शुद्धीकरण की भाजपाई गारंटी है.''

    अखिलेश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''बेरोज़गारी का समाधान तभी निकलेगा, जब खाऊ पार्टी भाजपा हटेगी. जिस तरह के आंकड़े आ रहे हैं, उससे लगता है भाजपा खाऊ पार्टी है. हम लोग बहुत पहले कहा करते थे कि भाजपा हटाओ, नौकरी पाओ. अब तो ये नारा हर युवक, हर युवती की ज़ुबान पर पहुंच गया है.''

  13. तमिलनाडु में पीएम मोदी को रोड शो की अनुमति नहीं, बीजेपी पहुंची हाईकोर्ट

    पीएम नरेंद्र मोदी इन दिनों कई राज्यों का दौरा कर रहे हैं. इन दौरों में पीएम मोदी चुनावी रैलियां भी कर रहे हैं.

    इसी के तहत पीएम मोदी को 18 मार्च को तमिलनाडु के कोयंबटूर में एक रोड शो करना है. ये रोड शो क़रीब साढ़े तीन किलोमीटर का होना है.

    इस पर अब तमिलनाडु पुलिस ने पीएम मोदी के रोड शो को अनुमति नहीं दी है. पुलिस ने सुरक्षा का हवाला देते हुए रोड शो की अनुमति देने से इनकार किया है.

    बीजेपी इस मामले को लेकर हाईकोर्ट पहुंची है और इस मामले में आज यानी शुक्रवार को ही सुनवाई होनी है.

  14. केरल में पीएम मोदी बोले- कितने ही कॉलेज कम्युनिस्टों के गुंडों के अड्डे बन गए

    पीएम मोदी शुक्रवार को केरल के दौरे पर रहे. इस दौरान पीएम मोदी ने केरल की राज्य सरकार को घेरा है.

    पीएम मोदी ने कहा, ''केरल में क़ानून व्यवस्था का हाल भी बहुत बुरा है. यहां तक कि चर्च के पादरी भी हिंसा के शिकार हो रहे हैं.''

    वो बोले, ''कितने ही कॉलेज कैंपस कम्युनिस्टों के गुंडों के अड्डे बन गए हैं. महिला, युवा और हर वर्ग डर में जी रहे हैं. राज्य सरकार में बैठे लोग चैन की नींद सो रहे हैं. केरल को इन समस्याओं से छुटकारा तभी मिलेगा, जब एक बार कांग्रेस, एलडीएफ की मिलीभगत का चक्र टूटेगा, तब न्याय मिलेगा.''

    पीएम मोदी बोले, ''साथियों केरल में भ्रष्ट और नाकाबिल सरकार होने का बहुत बड़ा नुकसान केरल के भाई बहनों को उठाना पड़ रहा है. एलडीएफ और यूडीएफ ने अपनी आंखें बंद कर रखी हैं.''

  15. इलेक्टोरल बॉन्ड पर मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- बीजेपी के अकाउंट को भी फ़्रीज़ कर लेना चाहिए

    भारतीय निर्वाचन आयोग के इलेक्टोरल बॉन्ड से जुड़े आंकड़ों को अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक किए जाने के बाद से ही इस पर बयानबाज़ी हो रही है.

    कांग्रेस ने शुक्रवार को बीजेपी से पूछा है कि उन्हें इतना धन कैसे मिला?

    कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "आज सुप्रीम कोर्ट ने ये साफ कर दिया कि कैसे बीजेपी ने इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए पैसे जमा किए. एसबीआई के आंकड़े ये दिखाते हैं कि 50 फ़ीसदी बीजेपी बॉन्ड है जबकि 11 फ़ीसदी कांग्रेस बॉन्ड है.''

    उन्होंने पूछा, "उन्हें इतना धन कैसे मिला? ये कंपनिया इतना डोनेशन कैसे दे सकती हैं?''

    कांग्रेस ने ये भी कहा है कि इस सूची में कई संदिग्ध डोनर भी हैं.

    खड़गे ने कहा, "चंदा देने वालों में ऐसे हैं जिन पर ईडी के मामले चल रहे हैं, ये इनकम टैक्स मामलों में शामिल हैं. पीएम मोदी और उनकी पार्टी ने इन लोगों पर ज़्यादा चंदे देने का दबाव डाला. अगर ऐसा नहीं होता तो चंदे में इतना अंतर नहीं होता."

    उन्होंने बीजेपी का अकाउंट फ़्रीज़ करने की मांग की.

    खड़गे ने कहा, "हमारे पास पैसे थे लेकिन हमारे फ़ंड को फ़्रीज कर दिया गया. अगर आप विपक्षी पार्टी का अकाउंट फ़्रीज़ कर देंगे तो वो चुनाव कैसे लड़ेंगे? मैं जांच की मांग करता हूं और स्पेशल जांच होनी चाहिए. जब तक सच्चाई सामने नहीं आ जाती, बीजेपी के अकाउंट को भी फ़्रीज़ कर लिया जाना चाहिए."

  16. अपने ख़िलाफ़ पॉक्सो का मामला दर्ज होने के बाद क्या बोले बीएस येदियुरप्पा

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने अपने ख़िलाफ़ पॉक्सो का मामला दर्ज होने के बाद कहा है कि क़ानून अपना काम करेगा.

    हालांकि उन्होंने इस मामले को राजनीतिक साज़िश कहने से इनकार किया है.

    उन्होंने कहा, "हां, वह यहां खड़ी थी और रो रही थी. मैंने उन्हें पहले भी देखा था लेकिन मुलाक़ात नहीं की थी. मैंने उन्हें बुलाया और बात की. उसने मेरे ख़िलाफ़ आरोप लगाने शुरू कर दिए. मैंने दयानंद (बेंगलुरू के पुलिस कमिश्नर) को फोन किया. उसने मेरे ख़िलाफ़ भी आरोप लगाना शुरू कर दिया. वो मानसिक तौर पर स्वस्थ नहीं दिख रही थी."

    येदियुरप्पा हँसते हुए कहने लगे, "मुझे उम्मीद नहीं थी कि किसी की मदद करने पर मेरे ख़िलाफ़ ही आरोप लगाए जाएंगे. मैंने तो उन्हें कुछ रुपए भी दिए थे."

  17. केजरीवाल बोले, 'इन पाकिस्तानियों की इतनी हिम्मत कि ये देश में प्रदर्शन कर रहे हैं'

    पाकिस्तान, अफ़ग़ानिस्तान और बांग्लादेश से आए शरणार्थियों के दिल्ली में बीते दो दिन से प्रदर्शन करने की ख़बरें हैं.

    ये प्रदर्शन नागरिकता संशोधन क़ानून यानी सीएए से जुड़े नियमों का कुछ नेताओं की ओर से विरोध किए जाने के बाद शुरू हुए हैं.

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने सीएए की आलोचना की है और इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इसके बाद कुछ शरणार्थी दिल्ली में शुक्रवार को प्रदर्शन करते दिखे.

    समाचार एजेंसी एएनआई से ख़ुद को शरणार्थी बताने वाली नानकी नाम की महिला ने कहा, ''हमने सुना है कि राहुल गांधी, केजरीवाल, सोनिया गांधी कह रहे हैं कि बिल पास मत करो. इसके लिए हम विरोध कर रहे हैं. हमारे हक़ क्यों छीन रहे हैं. जब मोदी प्रधानमंत्री हैं और हमें हक़ दे रहे हैं. हमें 13-14 साल हो गए, हमें नागरिकता मिल रही है तो वो रोक रहे हैं.''

    इन प्रदर्शनों पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, ''इन पाकिस्तानियों की हिम्मत? पहले हमारे देश में ग़ैर-क़ानूनी तरीक़े से घुसपैठ की, हमारे देश का क़ानून तोड़ा. इन्हें जेल में होना चाहिए था. इनकी इतनी हिम्मत हो गई कि हमारे देश में प्रदर्शन कर रहे हैं, हुड़दंग कर रहे हैं?''

    केजरीवाल ने कहा, ''सीएए आने के बाद पूरे देश में पाकिस्तानी और बांग्लादेशी फैल जाएँगे और लोगों को परेशान करेंगे. बीजेपी इन्हें अपना वोट बैंक बनाने के स्वार्थ में पूरे देश को परेशानी में धकेल रही है.''

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, लोकसभा चुनाव 2024 की तारीख़ों का एलान शनिवार को होगा

    चुनाव आयोग ने जानकारी दी है कि 2024 लोकसभा चुनाव की तारीख़ों का एलान शनिवार दोपहर तीन बजे किया जाएगा.

    चुनाव आयोग में शुक्रवार दोपहर दोनों नव नियुक्त आयुक्तों की मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के साथ हुई बैठक में यह फ़ैसला लिया गया.

    इस साल लोकसभा चुनावों के साथ चार राज्यों (अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, ओडिशा और आंध्र प्रदेश) में भी विधानसभा चुनाव होने हैं.

    इस साल बाद में हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में भी चुनाव होने हैं.

    शनिवार को विधानसभा चुनाव की तारीख़ों का भी एलान होगा.

    गुरुवार को ही दो नए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू को नियुक्त किया गया था. उसके बाद शुक्रवार को इन दोनों ने अपना कार्यभार संभाला.

  19. सीएए पर रोक की मांग करने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई

    नागरिकता संशोधन क़ानून यानी सीएए के नियमों पर रोक की मांग करने वाली याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करने को तैयार हो गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने बताया है कि अब इस मामले पर मंगलवार यानी 19 मार्च को सुनवाई की जाएगी.

    शुक्रवार को इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग की ओर से सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की पीठ के सामने उपस्थित हुए.

    सिब्बल ने कोर्ट से इस मामले की तत्काल सुनवाई करने की अपील की.

    उन्होंने कहा, "सीएए को 2019 में पारित किया गया था. उस समय कोई नियम नहीं थे. इसलिए इस अदालत ने इस पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था. लेकिन अब उन्होंने नियम नोटिफाई कर दिए हैं. अगर एक बार नागरिकता दे दी गई, तो उसे पलटना असंभव होगा."

    इससे पहले सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नागरिकता संशोधन क़ानून के नियम नोटिफाई कर दिए थे.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, इलेक्टोरल बॉन्ड के यूनिक नंबर बताने का सुप्रीम कोर्ट ने दिया आदेश, एसबीआई को भेजा नोटिस

    इलेक्टोरल बॉन्ड पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को केंद्रीय चुनाव आयोग से इलेक्टोरल बॉन्ड के यूनिक (अल्फान्यूमेरिक) नंबर की जानकारी देने को कहा है.

    सुप्रीम कोर्ट ने इसके लिए 17 मार्च यानी रविवार तक का वक़्त दिया है.

    वहीं शीर्ष अदालत ने बॉन्ड के यूनिक नंबर ना बताने को गंभीरता से लेते हुए एसबीआई को नोटिस जारी किया है.

    एसबीआई की ओर से पेश हुए वकील संजय कपूर से अदालत ने कहा कि एसबीआई को सोमवार तक इस नोटिस का जवाब देना है.

    मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा कि एसबीआई ने बॉन्ड नंबर जारी नहीं किए हैं, जबकि एसबीआई को इससे जुड़ी सभी सूचनाएं देनी थीं.

    इससे पहले दूसरे पक्ष के वकील कपिल सिब्बल और प्रशांत भूषण ने अदालत से कहा कि एसबीआई की ओर से दिए गए डेटा, जिसे 14 मार्च को प्रकाशित किया गया, उसमें इलेक्टोरल बॉन्ड के अल्फान्यूमेरिक नंबर नहीं हैं.

    इन दोनों ने कहा कि अदालत के आदेश के अनुसार, एसबीआई को ये नंबर बताने थे.