You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

उत्तराखंड: हलद्वानी में कथित अवैध मदरसा ढहाए जाने के बाद हिंसा, कर्फ़्यू लगाया गया

ज़िलाधिकारी ने इलाक़े में कर्फ़्यू के आदेश दिए हैं, जो गुरुवार रात 9 बजे से लेकर अगले आदेश तक लागू रहेगा.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रियंका झा

  1. मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व पार्षद को फ़ेसबुक लाइव के दौरान गोली मारी

    गुरुवार को मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व पार्षद अभिषेक घोसालकर को एक शख़्स ने गोली मार दी है. उनकी हालत गंभीर है.

    उन्हें बोरीवली के करुणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, गोली मारने वाले शख़्स मौरिस नोरोन्हा ने हमला करने के बाद खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली.

    शुरुआती जानकारी में पता चला है कि अभिषेक घोसालकर को फेसबुक लाइव करते वक्त 5 गोली लगी.

    अभिषेक घोसालकर पूर्व शिवसेना विधायक विनोद घोसालकर के बेटे हैं. अभिषेक मुंबई के दहिसर के वार्ड नंबर एक के पूर्व नगरसेवक हैं. वह मुंबई बैंक के निदेशक भी हैं.

    बताया जा रहा है कि दोनों में आपसी विवाद था.

    वर्तमान में अभिषेक घोसालकर की पत्नी तेजस्विनी पार्षद हैं. बोरीवली विधानसभा क्षेत्र में घोसालकर परिवार का राजनीतिक दबदबा है.

    शिवसेना नेता सुषमा अंधारे ने कहा है कि मौरिस नोरोन्हा दहिसर से चुनाव लड़ने के इच्छुक थे और उनके बीच विवाद था.

    कुछ दिन पहले उल्हासनगर में बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ ने शिवसेना शिंदे गुट के नेता महेश गायकवाड़ पर गोली चलाई थी.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तराखंड: हलद्वानी में कथित अवैध मदरसा ढहाए जाने के बाद हिंसा, कर्फ़्यू लगाया गया

      • Author, राजेश डोबरियाल
      • पदनाम, देहरादून से बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तराखंड के हलद्वानी में प्रशासन की ओर से गुरुवार को कथित रूप से एक अवैध मदरसा गिराए जाने के बाद बवाल की स्थिति हो गई है. स्थिति को सामान्य बनाये रखने के लिये दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिये गये हैं.

    ज़िलाधिकारी ने इलाक़े में कर्फ़्यू के आदेश दिए हैं, जो गुरुवार रात 9 बजे से लेकर अगले आदेश तक लागू रहेगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ये मदरसा अतिक्रमण करके बनाया गया था. मदरसा बनभुलपुरा पुलिस थाने के पास था.

    राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बयान जारी कर रहा है कि प्रशासन की टीम न्यायालय के आदेश पर अवैध अतिक्रमण को हटाने गई थी, जहां कुछ अराजक तत्वों का पुलिस के साथ संघर्ष हुआ है.

    धामी ने कहा, "पुलिस और प्रशासन के लोगों को चोटें आई हैं. वहां पर अभी तत्काल पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों की कंपनियां भेजी जा रही हैं. सभी से शांति बनाने की हमने अपील की है. कर्फ्यू लगा दिया गया है. जो भी दंगाई होंगे, जिन्होंने आगजनी की है, उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी."

    हिंसा और आगज़नी

    मदरसा ढहाने के बाद कई प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाज़ी की और वाहनों में आग लगा दी गई.

    गुस्साई भीड़ ने बनभुलपुरा थाने पर हमला भी बोल दिया और पुलिस की कई गाड़ियों को आग लगा दी. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तीतर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज किया और आंसू गैस की गोले छोड़े.

    हालात को देखते हुए 'शूट एट साइट' का आदेश दिया गया है.

    इस घटना में दर्जन भर से अधिक पत्रकार भी घायल हुए हैं.

    इनमें से एक स्थानीय न्यूज़ पोर्टल हलद्वानी लाइव के संपादक पंकज ने बीबीसी को बताया कि वह और बाकी पत्रकार पुलिस तथा प्रशासन की टीम के साथ अतिक्रमण हटाए जाने की कार्रवाई को कवर करने जा रहे थे.

    उन्होंने कहा कि इसी दौरान कुछ घरों की छतों से उनके ऊपर पथराव शुरू कर दिया गया.

    पंकज ने बताया कि एक दर्जन से ज्यादा पत्रकार घायल हुए हैं. उनका खुद का स्कूटर और बहुत सारे पत्रकारों के वाहन भी उन क्षतिग्रस्त गाड़ियों में शामिल है जो बवाल करने वालों ने फूंक दिए हैं.

    डीजीपी अभिनव कुमार ने बताया कि आसपास के ज़िलों से अतिरिक्त पुलिस बल को हल्द्वानी भेजा गया है.

    राज्य सरकार ने केंद्र से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है और अतिरिक्त केंद्रीय बल की चार कंपनी केंद्र सरकार ने उपलब्ध करवा दी है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया होगा अंडर-19 वर्ल्ड कप फ़ाइनल, ऑस्ट्रेलिया से सेमीफ़ाइनल में हारा पाक

    दक्षिण अफ़्रीका में चल रहे अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का फ़ाइनल मुक़ाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा.

    गुरुवार को हुए दूसरे सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को एक विकेट से हरा दिया है.

    भारत ने पहले सेमीफ़ाइनल में दक्षिण अफ़्रीका को हराया था. अब फ़ाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया और भारत आमने-सामने होंगे.

    टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाज़ी चुनी थी. पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 179 रन बनाए थे.

    जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 9 विकेट खोकर पांच गेंदें शेष रहते ही ये लक्ष्य हासिल कर लिया.

    अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप का फ़ाइनल 11 फ़रवरी यानी रविवार को दोपहर डेढ़ बजे से शुरू होगा.

  4. बिहार: डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बोले- सबकी फाइल खोली जाएगी

    बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल यानी आरजेडी को घेरा है.

    पत्रकारों से बातचीत में सम्राट चौधरी ने कहा, "पिछले एक सप्ताह से आरजेडी की बोली कहां निकल रही है. इन सबने नंगा नृत्य किया है. सबकी फाइल खोली जाएगी. एक-एक की जांच करवाने का काम किया जाएगा. जो इन लोगों ने ग़लत किया है, उनकी जांच की जाएगी."

    सम्राट चौधरी कहते हैं, "एक भी ग़लत करने का प्रयास करेगा तो सबके लिए दरवाज़े खुले हैं."

    12 फरवरी को बिहार विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होना है. आरजेडी से अलग होकर बीजेपी का हाथ थामने वाले नीतीश कुमार को सदन में बहुमत साबित करना है.

    हालांकि आंकड़े नीतीश कुमार के साथ ही हैं.

    कुछ दिन पहले ही नीतीश कुमार ने आरजेडी के साथ अपनी गठबंधन की सरकार को ख़त्म करने का एलान किया था.

    नीतीश कुमार अपने पुराने सहयोगी बीजेपी के साथ फिर जा मिले थे.

  5. राहुल गांधी ने कहा- जन्म से ओबीसी नहीं हैं पीएम मोदी, बीजेपी का पलटवार

  6. इंटरनेट-मोबाइल सेवा पर रोक के बीच पूरा हुआ पाकिस्तान चुनाव के लिए मतदान

    पाकिस्तान में नई सरकार के लिए मतदान खत्म हो गया है. चुनाव में सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने मोबाइल औप इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी थी.

    गृह मंत्रालय ने कहा कि आतंकवाद से जुड़े मामलों को देखते हुए ये कदम उठाना ज़रूरी था.

    पाकिस्तान में ये चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान को अविश्वास मत के ज़रिए अपदस्थ किए जाने के दो साल बाद हुआ है.

    तीन बार के पीएम रहे नवाज़ शरीफ़ इस बार चुनावी मैदान में हैं. बहुत से जानकार इसे पाकिस्तान में अब तक का सबसे कम भरोसेमंद चुनाव बता रहे हैं.

    इमरान ख़ान को पिछले साल भ्रष्टाचार के मामले में जेल हुई थी. जेल में बंद इमरान ख़ान के चुनाव लड़ने पर पाबंदी थी. उनकी पार्टी पीटीआई ने इंटरनेट सेवा बंद किए जाने को 'कायराना' बताया है.

    केयरटेकर गृहमंत्री ने मतदान पूरा होने के बाद सुरक्षा स्थिति स्थिर रहने पर खुशी ज़ाहिर की है. उन्होंने कहा कि इक्का-दुक्का मामलों को छोड़ दें तो चुनाव नियंत्रण में था और शांतिपूर्ण संपन्न हुआ.

    इससे पहले केयरटेकर पीएम अनवारुल हक़ ने इंटरनेट और मोबाइल सेवा बंद किए जाने के फ़ैसले को सुरक्षा के संदर्भ में देखने की अपील की थी.

  7. दिनभर: पाकिस्तान में चुनाव, कैसा रहा मतदान?

  8. मालदीव से भारतीय सैनिकों के हटने के बाद क्या होगा? विदेश मंत्रालय ने बताया

    मालदीव के साथ तनातनी के माहौल के बीच विदेश मंत्रालय ने बताया है कि वहां से भारतीय सैनिकों के हटने के बाद क्या होगा.

    साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि मालदीव में मौजूद भारतीय सैनिकों के वहां से हटने के बाद उनकी जगह भारत की टेक्निकल टीम लेगी.

    मालदीव ने भारत से कहा था कि वे अपने सैनिकों को 15 मार्च तक वापस बुला ले.

    हालांकि, इसी सप्ताह मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने जब संसद को संबोधित किया तो उन्होंने बताया, "हमने भारत से आधिकारिक तौर पर मालदीव से सेना हटाने को कहा है. इस मुद्दे पर बातचीत जारी है. अभी तक हुई बातचीत के मुताबिक़, तीन में से एक एविएशन प्लेटफॉर्म में से सैनिकों को 10 मार्च 2024 तक बुला लिया जाएगा. बाकी के दो एविएशन प्लेटफॉर्म पर मौजूद सैनिकों को 10 मई 2024 तक बुला लिया जाएगा."

    इससे पहले 2 फ़रवरी को दिल्ली में भारत और मालदीव के उच्च स्तरीय कोर ग्रुप की दूसरी बैठक हुई थी.

    वहीं, मालदीव के लिए बजट में कटौती से जुड़े सवाल पर जायसवाल ने कहा कि असल में ये राशि बढ़ी है. फ़ाइनल आंकड़े आने पर ज़्यादा स्पष्टता होगी कि मदद कितनी बढ़ी है.

    बीते साल मोहम्मद मुइज़्ज़ू के राष्ट्रपति बनने के बाद से ही मालदीव और भारत के रिश्तों में उठा-पटक देखी जा रही है.

    मुइज़्ज़ू को चीन के प्रति झुकाव रखने वाला माना जाता है. उन्होंने अपने चुनाव प्रचार में 'इंडिया आउट' का नारा दिया था.

  9. कांग्रेस छोड़ने के बाद बाबा सिद्दीक़ी ने बताई फ़ैसले की वजह

    कांग्रेस पार्टी छोड़ने का एलान करने के बाद बाबा सिद्दीक़ी ने अपने फ़ैसले की वजह बताई है.

    उन्होंने कहा है कि जब आपके बार-बार कहने पर भी कुछ ना हो तो किनारा कर लेना ही सही होता है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई से बाबा सिद्दीक़ी ने कहा, "कभी-कभी क्या होता है कि तुम जहाँ हो और वहां अपनी बात रखते हो. उसके बाद में कोई चीज़ें आपको लगता है कि नहीं हो रही हैं, बार-बार बात रखने के बाद भी कुछ चीज़े नहीं हो रही हैं तो किनारा कर लेना, इज़्ज़तदार आदमी का काम होता है. जब तक मुझे नहीं छेड़ा जाएगा, मैं कुछ नहीं कहूंगा, छेड़ेंगे तो छोड़ूंगा भी नहीं."

    इससे पहले महाराष्ट्र सरकार में मंत्री रह चुके बाबा सिद्दीक़ी ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस छोड़ने का एलान किया था.

    उन्होंने लिखा, "मैं युवास्था में कांग्रेस में शामिल हुआ था. 48 साल का ये सफ़र शानदार रहा. मैंने आज कांग्रेस की सदस्यता से तत्काल प्रभाव से इस्तीफ़ा दे दिया है. मेरे पास कहने को बहुत कुछ है मगर कहा जाता है न कि कुछ बातों को ना कहना ही अच्छा है. इस सफ़र का हिस्सा रहे सभी लोगों का शुक्रिया."

    बाबा सिद्दीक़ी मुंबई के वांद्रे पश्चिम सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं.

    बाबा सिद्दीक़ी की रमज़ान के मौक़े पर दी जाने वाली इफ़्तार पार्टी में फ़िल्म इंडस्ट्री की अहम हस्तियां शामिल होती रही हैं.

  10. पहली बार दुनिया में ग्लोबल वॉर्मिंग 1.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक बढ़ी, क्यों है ये चिंता की वजह

    पहली बार दुनियाभर में एक साल में ग्लोबल वॉर्मिंग 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ी है.

    ये डेटा यूरोपियन यूनियन के क्लाइमेट सर्विस ने बताया है.

    विश्व के नेताओं ने 2015 में वादा किया था कि दीर्घकालिक तापमान वृद्धि को 1.5 सेल्सियस तक सीमित करने की कोशिश रहेगी, ये जलवायु परिवर्तन के नकारात्मक असर को कम करने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण है.

    यह पहला साल है जब तापमान वृद्धि ने ऐतिहासिक "पेरिस समझौते" के तय तापमान (2 डिग्री सेल्सियस) को तो पार नहीं किया लेकिन ये चिंता बड़ी हो चुकी है कि लंबे समय में ये सीमा पार हो सकती है.

    वैज्ञानिक मानते हैं कि कार्बन उत्सर्जन को कम करने की रफ्तार काफ़ी कम है.

    रॉयल मौसम विज्ञान सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी प्रोफ़ेसर लिज़ बेंटले ने कहा, "तापमान का सालाना औसत (1.5 सेल्सियस) से ऊपर जाना महत्वपूर्ण है. ये गलत दिशा में बढ़ रहा एक और कदम है लेकिन हमें पता है कि हमें क्या करना है."

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, केंद्र सरकार ने लोकसभा में पेश किया 'श्वेत पत्र'

    संसद में केंद्र सरकार ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर श्वेत पत्र पेश किया है.

    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ये श्वेत पत्र पेश किया.

    श्वेत पत्र के ज़रिए यूपीए सरकार यानी 2004 से 2014 के दौरान लिए गए फैसलों की समीक्षा होगी.

    मूल रूप से एक उलझे मसले को आसान भाषा में समझाने के लिए श्वेत पत्र जारी किया जाता है.

    संसद में सरकारें आर्थिक स्थितियों के बारे में जानकारी देने के लिए श्वेत पत्र का इस्तेमाल करती हैं.

    कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को श्वेत पत्र जारी होने से पहले ही बीजेपी सरकार की विफलताओं को उजागर करने के मकसद से 'ब्लैक पेपर' जारी किया.

    इसके ज़रिए कांग्रेस ने महंगाई, बेरोज़गारी और किसानों की दुर्दशा जैसे मुद्दों पर बीजेपी सरकार को घेरा.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान की टीम 179 रनों पर सिमटी

    अंडर 19 क्रिकेट के सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम 179 रनों पर सिमट गई है.

    दक्षिण अफ़्रीका के बेनोनी में हो रहे इस मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी.

    मैच में जो भी टीम विजयी होगी, फ़ाइनल में उसका सामना भारतीय टीम से होगा.

    भारतीय टीम मंगलवार को पहले सेमीफ़ाइनल मैच में दक्षिण अफ़्रीका को दो विकेट से हराकर फ़ाइनल में पहुंची थी.

    पाकिस्तान की ओर से सबसे अधिक रन अज़ान अवैस और अराफ़त मिनहास ने बनाए. दोनों खिलाड़ियों ने 52-52 रनों की पारी खेली.

    ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ टॉम स्ट्रेकर ने सबसे अधिक 6 विकेट लिए.

  13. रूस: राष्ट्रपति चुनाव में व्लादिमीर पुतिन के प्रतिद्वंद्वी की उम्मीदवारी निर्वाचन आयोग ने ख़ारिज की

    रूस के चुनाव आयोग ने अगले महीने होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव में व्लादिमीर पुतिन को चुनौती देने वाले बोरिस नादेज़्दिन की उम्मीदवारी खारिज कर दी है.

    बोरिस ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी.

    बोरिस नादेज़्दिन ने यूक्रेन में व्लादिमीर पुतिन के छेड़े युद्ध के धुर विरोधी और आलोचक रहे हैं.

    चुनाव आयोग के अनुसार बोरिस नादेज़्दिन के आवेदन पत्र में 15 फ़ीसदी हस्ताक्षरों में गड़बड़ी है. बोरिस नादेज़्दिन ने चुनाव आयोग के इस दावे को चुनौती देना चाहा लेकिन उनकी उम्मीदवारी खारिज हो गई.

    बोरिस नादेज़्दिन ने सोशल मीडिया पर कहा है कि वह हार नहीं मानेंगे और इस फ़ैसले को रूस के सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देंगे.

    उन्होंने कहा, "मैंने पूरे रूस में 2 लाख से अधिक हस्ताक्षर हासिल किए थे. हमने ये पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ किया था."

    वहीं केंद्रीय चुनाव आयोग ने कहा है कि नादेज़्दिन के इकट्ठे किए हस्ताक्षरों में 9 हज़ार से अधिक अवैध थे.

    यानी उनके पास सिर्फ़ 95,587 हस्ताक्षर बचे और एक प्रत्याशी बनने के लिए उन्हें कम से कम एक लाख हस्ताक्षरों की ज़रूरत है.

    रूस में 15-17 मार्च को राष्ट्रपति चुनाव होने हैं. इस चुनाव में कौन-कौन उम्मीदवार बन सकेगा, इसपर आख़िरी निर्णय शनिवार को होगा.

  14. पाकिस्तान में चुनाव के दिन मोबाइल-इंटरनेट सेवा बंद करने पर विपक्षी दलों ने क्या कहा?

    पाकिस्तान में आम चुनाव के दिन इंटरनेट और मोबाइल सेवा बंद रखने का विपक्षी पार्टियों ने विरोध किया है.

    पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने एक बयान जारी कहा था, “देश में हाल ही में हुई आतंकवादी घटनाओं के कारण कई जानें गई हैं. कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने और संभावित ख़तरों से निपटने के लिए सुरक्षा उपाय आवश्यक हैं. इसलिए देशभर में मोबाइल सेवा को अस्थायी तौर पर बंद करने का फैसला लिया गया है.”

    चुनाव के लिए अयोग्य ठहराए जा चुके जेल में बंद पूर्व पीएम इमरान ख़ान की पार्टी पीटीआई ने इसे नागरिकों के अधिकारों का दमन और लोकतंत्र का मज़ाक बताया है.

    चुनाव के दिन यानी गुरुवार को पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान और ईरान से सटी सीमा को भी बंद रखा है.

    तीन बार पीएम रह चुके नवाज़ शरीफ़ इस बार चुनावी मैदान में हैं. हालांकि, पाँच साल पहले उनके चुनाव लड़ने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था.

    पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में 336 सीटों पर आज मतदान हो रहे हैं. सरकार बनाने के लिए 169 सीटों की ज़रूरत है.

    दो साल पहले देश में अविश्वास प्रस्ताव लाकर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की सरकार गिराई गई थी और अब वो भ्रष्टाचार के मामलों में जेल में हैं. उन्हें 14 साल की सज़ा सुनायी गयी है.

    कई विश्लेषकों का कहना है कि ये पाकिस्तान का अब तक का सबसे कम विश्वसनीय चुनाव है.

    केयरटेकर पीएम काकड़ ने मोबाइल सेवा बंद किए जाने पर क्या कहा?

    पाकिस्तान के केयरटेकर प्रधानमंत्री अनवारुल हक़ काकड़ ने कहा है कि देश में शांतिपूर्ण माहौल के बीच चुनाव हो रहे हैं.

    उन्होंने इस्लामाबाद में मीडिया से कहा कि मोबाइल और इंटरनेट सेवा को बंद किए जाने के कदम को सुरक्षा के संदर्भ में देखा जाना चाहिए.

    मोबाइल सेवाओं पर पाबंदी को लेकर अनवारुल हक काकड़ ने कहा, "अभी तक मुझे ये जानकारी नहीं है कि लोगों को इसकी वजह से क्या परेशानियां हो रही हैं, लेकिन आप जानते हैं कि देश में आतंकवाद की लहर है, इसलिए कई जगहों पर अगर कोई फ़ैसला सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है, तो उसे उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए."

    केयरटेकर पीएम ने कहा कि इस बार अच्छी-खासी तादाद में लोग मतदान करेंगे.

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली: गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म का हिस्सा गिरा, एक की मौत और चार घायल

    दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर पड़ने वाले गोकुलपुरी स्टेशन का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है.

    दिल्ली मेट्रो ने अपने एक्स हैंडल से इसकी जानकारी दी है.

    दिल्ली मेट्रो ने बताया है कि गुरुवार सुबह 11 बजकर 4 मिनट पर गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म का एक हिस्सा सड़क पर गिर गया. इसमें पाँच लोग घायल हुए, जिन्हें फ़ौरन इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया.

    इलाज के दौरान इनमें से एक की मौत हो गई. सड़क से मलबा हटा दिया गया है ताकि यातायात प्रभावित न हो.

    इस हादसे की कार्रवाई में डीएमआरसी के दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.

    इनमें से एक सिविल डिपार्टमेंट के मैनेजर और दूसरे जूनियर इंजीनियर हैं. शीर्ष अधिकारियों ने मौक़े पर पहुँचकर पूरे मामले का जायज़ा लिया.

    दिल्ली मेट्रो ने ये भी बताया है कि मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को पाँच लाख और मृतक के परिवार को 25 लाख रुपए का मुआवज़ा दिया जाएगा.

  16. पीएम मोदी ने कांग्रेस के 'ब्लैक पेपर' को बताया नज़र से बचाने वाला काला टीका

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस पार्टी की ओर से केंद्र की बीजेपी सरकार के ख़िलाफ़ लाए गए 'ब्लैक पेपर' को अपनी सरकार के लिए 'काला टीका' बताया है.

    दरअसल, कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को 10 साल की मोदी सरकार की 'विफलताओं' को रेखांकित करने के लिए 'ब्लैक पेपर' जारी किया.

    पार्टी ने इस ‘ब्लैक पेपर’ में महंगाई, बेरोज़गारी, किसानों की दुर्दशा, महिलाओं की स्थिति और कई अन्य मुद्दों पर सरकार पर विफल रहने का आरोप लगाया है. पार्टी ने इसे ‘10 साल, अन्याय काल’ नाम दिया.

    प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को राज्यसभा में उन सांसदों के लिए विदाई भाषण दे रहे थे, जिनका कार्यकाल खत्म हो गया है.

    इसी दौरान उन्होंने कहा, "हमारे यहां कोई बच्चा कुछ अच्छी चीज़ कर लेता है, कोई बच्चा अच्छे कपड़े पहनकर किसी अवसर के लिए तैयार होता है तो परिवार में एकाध लोग आकर ये कहते हैं कि अरे नज़र लग जाएगी, इसको काला टीका कर देते हैं.''

    वो बोले, ''आज देश पिछले दस साल में समृद्धि के नए-नए शिखर छू रहा है. एक भव्य दिव्य वातावरण बना है, उसको नज़र न लग जाए इसीलिए काला टीका लगाने का आज प्रयास हुआ है. मैं उसके लिए भी खड़गे जी का बहुत धन्यवाद करता हूं ताकि हमारी इस प्रगति की यात्रा को कोई नज़र न लग जाए...मैं उसका (ब्लैक पेपर) भी स्वागत करता हूं क्योंकि जब भी अच्छी बात होती है तो काला टीका, नज़र न ल जाए इसीलिए बहुत ज़रूरी होता है...."

    कांग्रेस ने यह ‘ब्लैक पेपर’ ऐसे समय जारी किया है जब ये चर्चा तेज़ है कि केंद्र सरकार यूपीए के 10 साल के कार्यकाल पर एक ‘श्वेत पत्र’ जारी कर सकती है.

    कांग्रेस अध्यक्ष ने मीडिया से कहा, "प्रधानमंत्री मोदी जब भी संसद में अपनी बात रखते हैं तो अपनी विफलताओं को छिपाते हैं. वहीं, जब हम सरकार की असफलताओं के बारे में बोलते हैं, तब उसे महत्व नहीं दिया जाता है. इसलिए हम ‘ब्लैक पेपर’ निकालकर जनता को सरकार की विफलताओं के बारे में बताना चाहते हैं."

  17. दिल्ली आ रहे प्रदर्शनकारी किसानों को नोएडा में रोका गया

    विरोध प्रदर्शन करने दिल्ली आ रहे किसानों को नोएडा बॉर्डर के पास गुरुवार दोपहर रोका गया है.

    सैकड़ों किसानों को नोएडा महामाया फ्लाईओवर के पास रोका गया है.

    ये किसान दिसंबर 2023 से ज़मीन के बदले मिलने वाले मुआवज़े को बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

    ये किसान बीते कई हफ़्तों से नोएडा अथॉरिटी के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.

    इस विरोध प्रदर्शन के कारण नोएडा से दिल्ली आने वाली सड़कों पर ट्रैफिक जाम लगा हुआ है. लोगों से इन रास्तों पर आने से बचने के लिए कहा गया है.

    दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोनिया विहार, डीएनडी, चिल्ला, गाज़ीपुर, सभापुर, अप्सरा और लोनी बॉर्डर में ट्रैफिक जाम लगने की एडवाइज़री जारी की है.

    नोएडा के डीआईजी शिवहरी मीणा ने कहा, ''गौतम बुद्ध नगर में धारा 144 लागू कर दी गई है. 24 घंटे के लिए सारे बॉर्डर सील किए गए हैं. भारी पुलिसबल को तैनात किया गया है. निश्चित रूप से सुरक्षा पुख्ता की गई है. किसानों से भी बात की गई है. दिल्ली जाने वाली गाड़ियों को चेक किया जा रहा है ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.''

  18. पीएम मोदी की जाति पर बोले राहुल गांधी- आप लोगों को भयंकर बेवकूफ़ बनाया जा रहा है

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी दुनिया से झूठ बोलते हैं, वो ओबीसी वर्ग में पैदा नहीं हुए थे बल्कि सामान्य वर्ग में पैदा हुए थे.

    छ्त्तीसगढ़ में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उन्होंने कहा, “सबसे पहले मैं ये बता देना चाहता हूं कि नरेंद्र मोदी जी ओबीसी पैदा नहीं हुए थे. आप लोगों को भयंकर बेवकूफ़ बनाया जा रहा है, नरेंद्र मोदी जी तेली जाति में पैदा हुए. उनके समुदाय को बीजेपी सरकार ने साल 2000 में ओबीसी का दर्जा दिया. वो समान्य वर्ग में पैदा हुए थे. ये पूरी दुनिया में झूठ बोल रहे हैं कि मैं ओबीसी पैदा हुआ.”

    “मुझे ये जानने के लिए किसी जन्म प्रमाण पत्र की ज़रूरत नहीं, मैं ऐसे जानता हूं कि पीएम किसी ओबीसी से गले नहीं मिलते. वो किसी भी किसान-मज़दूर का हाथ नहीं पकड़ते.”

    “आप करोड़ों का सूट पहनते हैं. दिन में कई बार कपड़े बदलते हैं, फिर झूठ बोलते हैं कि मैं ओबीसी वर्ग का आदमी हूं.”

    बीते लोकसभा चुनाव के दौरान पीएम मोदी ने कहा था कि वो ओबीसी जाति से आते हैं.

  19. पीएम मोदी ने पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह की क्यों की तारीफ़?

    पीएम मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा सांसदों की विदाई के वक़्त पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की तारीफ़ की.

    पीएम मोदी ने कहा, ''माननीय डॉ मनमोहन सिंह जी का स्मरण करना चाहूंगा. छह बार इस सदन में उन्होंने अपने मूल्यवान विचारों और नेता के रूप में, प्रतिपक्ष में भी नेता के रूप में उनका बहुत बड़ा योगदान दिया है.''

    वह बोले, ''वैचारिक मतभेद, कभी बहस में छींटाकशी... वो तो बहुत अल्पकालीन होता है. लेकिन इतने लंबे अरसे में उन्होंने जिस तरह से सदन और देश का मार्गदर्शन किया. जब भी हमारे लोकतंत्र की चर्चा होगी, तब मनमोहन सिंह के योगदान की चर्चा ज़रूर होगी.''

    बीते साल राज्यसभा में जब दिल्ली सर्विस बिल पेश हुआ था, तो वोटिंग के दौरान मनमोहन सिंह व्हीलचेयर पर वोटिंग में शामिल होने सदन पहुंचे थे.

    इस वाकये को याद करते हुए पीएम मोदी बोले, ''मुझे याद है उस (पुरानी संसद) सदन के अंदर एक वोटिंग का अवसर था. पता था कि विजय सत्ता पक्ष की होने वाली है. अंतर भी बहुत था. लेकिन डॉ मनमोहन सिंह जी व्हीलचेयर पर आए. वोट किया. एक सांसद अपने दायित्व के लिए कितना सजग है, इसका वो उदाहरण हैं. प्रेरक उदाहरण हैं. कभी कमेटी के चुनाव हुए तो वो व्हीलयेचर पर वोट देने आए.''

    पीएम मोदी कहते हैं, ''सवाल ये नहीं है कि वो किसको ताकत देने के लिए आए. मैं ये मानता हूं कि वो लोकतंत्र को ताकत देने आए. इसलिए मैं आज विशेष रूप से उनकी दीर्घायु के लिए सबकी ओर से प्रार्थना करता हूं. वो हमें प्रेरणा देते रहें.''

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, राज्यसभा के 68 सदस्य फरवरी से मई के बीच में अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं.

  20. केंद्र सरकार ने भारत और म्यांमार के बीच मुक्त आवाजाही पर लगाई तत्काल रोक

    गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत और म्यांमार के बीच चल रही फ्री मूवमेंट रिजीम यानी मुक्त आवाजाही व्यवस्था को तुरंत ख़त्म किया जा रहा है. ऐसा देश की आंतरिक सुरक्षा और जनसांख्यिकी संरचना को ध्यान में रख कर किया जा रहा है.

    गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

    शाह ने लिखा, “गृह मंत्रालय ने फैसला किया है कि देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और म्यांमार की सीमा से लगे भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों की जनसांख्यिकीय संरचना को बनाए रखने के लिए भारत और म्यांमार के बीच मुक्त आवाजाही व्यवस्था (एफएमआर) को ख़त्म कर दिया जाएगा. विदेश मंत्रालय फिलहाल इसे ख़त्म करने की प्रक्रिया में है, इसलिए गृह मंत्रालय ने एफएमआर को तत्काल निलंबित करने का सुझाव दिया है.”

    भारत सरकार ने बीते दिन म्यांमार से लगने वाली अपनी 1643 किलोमीटर लंबी सीमा पर बाड़ लगाने का फ़ैसला किया है.

    इसमें से 10 किलोमीटर लंबी सीमा पर बाड़ लगाने का काम पूरा भी हो चुका है.