You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ओलंपिक में क्वालीफ़ाई करने से भारत की महिला हॉकी टीम बस एक क़दम दूर

झारखंड की राजधानी रांची में खेले जा रहे एफ़आईएच हॉकी ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स के पूल 'बी' के अंतिम मैच में भारत ने इटली को 5-1 से हरा दिया.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and चंदन शर्मा

  1. ओलंपिक में क्वालीफ़ाई करने से भारत की महिला हॉकी टीम बस एक क़दम दूर

      • Author, रवि प्रकाश
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से

    भारत की महिला हॉकी टीम ने इस साल पेरिस में होने वाले ओलंपिक खेलों में खेलने की अपनी दावेदारी और मज़बूत करते हुए एफ़आईएच हॉकी ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स के सेमीफ़ाइनल में प्रवेश कर लिया.

    झारखंड की राजधानी रांची में खेले जा रहे एफ़आईएच हॉकी ओलंपिक क्वालिफ़ायर्स के पूल 'बी' के अंतिम मैच में भारत ने इटली को 5-1 से हरा दिया.

    इस एकतरफ़ा मैच में भारत की ओर से उदिता ने दो गोल किए, तो दीपिका, सलीमा टेटे और नवनीत कौर ने एक-एक गोल किया.

    आज अपना 100वां अंतराष्ट्रीय मैच खेल रहीं उदिता को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया.

    इस जीत के साथ भारत पूल 'बी' में अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर रहा. भारत ने खेले गए तीन पूल मैचों में से दो में जीत दर्ज की और एक मैच हार गया.

    भारत 2024 के ओलंपिक में खेलने से बस एक क़दम दूर है. अगर भारतीय टीम फ़ाइनल में पहुंचती है, तो पेरिस का टिकट उसे मिल जाएगा.

  2. उद्धव ठाकरे ने सीएम-स्पीकर को दी बहस की चुनौती, तो स्पीकर ने लगाया ये आरोप

    शिवसेना के दोनों धड़ों के विधायकों की अयोग्यता पर बुधवार को आए महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के फ़ैसले को उद्धव ठाकरे ने मानने से इनकार कर दिया है.

    उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को चुनौती दी है कि वे दोनों उनके साथ 'सार्वजनिक बहस' में भाग लें और बताएं कि किसकी शिवसेना असली है.

    विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के फ़ैसले के बाद उद्धव ठाकरे मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे.

    उद्धव ठाकरे के बाद राहुल नार्वेकर ने भी प्रेस कॉन्फ्रेन्स को संबोधित किया और कहा कि उनके फ़ैसले के बाद कुछ लोग लगातार ग़लतफ़हमी फैला रहे हैं.

    क्या कहा उद्धव ठाकरे ने

    ये सिर्फ शिव सेना की लड़ाई नहीं है. ये लड़ाई इस बात की है कि देश में लोकतंत्र बचेगा या नहीं.

    विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के फ़ैसले पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि पिछले हफ़्ते दिए गए फ़ैसले के ख़िलाफ़ हम सुप्रीम कोर्ट गए हैं. इसके साथ ही हम जनता की सर्वोच्च अदालत में भी आए हैं.

    शिंदे के साथ नार्वेकर जनता की अदालत में आएं, मैं भी वहां आकर बताऊंगा कि शिवसेना किसकी है, फिर लोगों को निर्णय लेना चाहिए.

    उद्धव ठाकरे ने कहा कि जिस महाराष्ट्र में राम शास्त्री (मराठा शासन के समय के प्रसिद्ध जज) का जन्म हुआ, जहां बाबा साहब आंबेडकर का जन्म हुआ, उसी मिट्टी में लोकतंत्र की हत्या हो रही है.

    इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ठाकरे के अलावा विधानसभा अध्यक्ष के सामने बहस करने वाले उनके वकील देवदत्त कामत और असीम सरोदे भी मौजूद थे.

    क्या कहा राहुल नार्वेकर ने

    विधानसभा अध्यक्ष नार्वेकर ने कहा, "मैंने 10 जनवरी को अपने फ़ैसले का एलान किया. इसके बाद से पार्टी के कुछ लोग समाज में लगातार ग़लतफ़हमी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "2018 का संविधान संशोधन चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में नहीं है. इसलिए मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकता, उन्होंने अपने फ़ैसले के पीछे की वजह साफ शब्दों में बताई."

    राहुल नार्वेकर ने कहा, "दरअसल नतीजों के बाद समझाने की ज़रूरत नहीं है. लेकिन फिर भी मैं इस बारे में बात कर रहा हूं ताकि इस स्थिति को लेकर कोई ग़लतफ़हमी न रहे."

  3. न्यूज़ीलैंड की सांसद ने चोरी के आरोपों के बीच दिया इस्तीफ़ा

    न्यूज़ीलैंड की एक सांसद ने चोरी के कई आरोप लगने के बाद इस्तीफ़ा दे दिया है. पुलिस इन मामलों की जाँच कर रही है.

    ग्रीन पार्टी की गोलरिज़ घाहरमन ने कथित तौर पर कपड़े की दो दुकानों में तीन बार चोरी की. इनमें से एक चोरी ऑकलैंड में हुई और बाकी वेलिंगटन की दुकान में.

    घाहरमन ने कहा है कि काम के तनाव की वजह से वो अपने चरित्र के एकदम उलट बर्ताव कर रही हैं.

    उन्होंने कहा, "मैंने बहुत से लोगों को शर्मिंदा किया है और मैं माफ़ी चाहती हूं."

    संयुक्त राष्ट्र में मानवाधिकारों की वकील रह चुकीं गोलरिज़ ने साल 2017 में इतिहास रचा था. वो न्यूज़ीलैंड की सरकार में शपथ लेने वाली पहली शरणार्थी थीं.

    वो बचपन में अपने परिवार के साथ ईरान से भागी थीं. इसके बाद उन्हें और उनके परिवार को न्यूज़ीलैंड में राजनीतिक शरण दी गई.

    घाहरमन का इस्तीफ़ा मंगलवार को तब हुआ जब ऑकलैंड के बूटीक़ से उनके एक डिज़ाइनर बैग उठाने का सीसीटीवी फुटेज सामने आया. 42 साल की गोलरिज़ पर कोई अपराध नहीं लगाया गया है.

    उन्होंने अपने बयान में कहा, "उनका व्यवहार उन उच्च मानदंडों पर खरा नहीं उतरा, जो जनता एक चुने हुए प्रतिनिधि से उम्मीद करती है."

    गोलरिज़ ने कहा, "मेरा बर्ताव ऐसा नहीं, जिसके बारे में मैं कुछ कह पाऊं, क्योंकि ये किसी भी तरह से ठीक नहीं है और मेडिकल जाँच के बाद, मैं ये समझ चुकी हूं कि मेरी तबीयत ठीक नहीं है."

  4. मायावती के ​'गिरगिट' वाले बयान पर अखिलेश का आया जवाब, कहा- 'शायद उन पर कोई दबाव है तभी वो...'

    लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने के बसपा प्रमुख मायावती के एलान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने मायावती के 'गिरगिट' वाले बयान का भी जवाब दिया है.

    अखिलेश यादव ने मायावती के बयान पर मंगलवार को कहा, "हम PDA (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) यानी आधी आबादी के सम्मान की बात कर रहे हैं और वे रंग बदलने की बात कह रही हैं. वो इसलिए कह रही होंगी कि शायद उन पर दबाव कहीं से है, उसके कारण ही वे ऐसा कह रही हैं."

    उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रधानमंत्री बनाने का सपना देख रही थी और उस पर हमने काम भी किया.

    अखिलेश यादव ने बीएसपी के बारे में कहा, "समाजवादियों ने हमेशा सम्मान देने का काम किया है. मुझे तो वो समय याद है जब समाजवादियों ने संकल्प लिया था कि देश के प्रधानमंत्री उस वर्ग से हों, जिन्होंने समाज की तमाम बुराइयों का सामना किया है हज़ारों साल."

    इससे पहले मायावती ने अपने जन्मदिन पर सोमवार को लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का एलान किया.

    उन्होंने ये भी कहा कि चुनाव परिणाम के बाद की संभावनाएं देखते हुए गठबंधन में शामिल होने पर फ़ैसला वो बाद में करेंगी.

  5. राजस्थान: कांग्रेस ने पहली बार किसी दलित को बनाया विधानसभा में पार्टी का नेता

    कांग्रेस ने टीका राम जूली को राजस्थान विधानसभा में अपनी पार्टी का नेता नियुक्त किया है. वहीं गोविंद सिंह डोटासरा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बने रहेंगे.

    कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से मंगलवार को पार्टी के एक्स हैंडल से जारी एक प्रेस रिलीज़ में यह जानकारी दी गई है.

    इसमें बताया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जूली की नियुक्ति और डोटासरा के पद पर बने रहने को मंजूरी दी है.

    राजस्थान की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस है.

    इसका मतलब ये हुआ कि विधानसभा में कांग्रेस के नेता बनने के बाद टीका राम जूली राजस्थान के नए नेता प्रतिपक्ष होंगे.

    बीबीसी के सहयोगी मोहर सिंह मीणा के अनुसार, पार्टी ने पहली बार किसी दलित को इस पद पर बिठाया है.

  6. दिनभर: क्यों नहीं थम रहे हूती विद्रोहियों के हमले, सुनिए मोहन लाल शर्मा और सुमिरन से.

  7. भारत के पूर्व सीजेआई रंजन गोगोई को मिलेगा असम का सर्वोच्च सम्मान, हिमंता बिस्वा सरमा ने किया एलान

    असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने राज्य का सर्वोच्च ना​​गरिक सम्मान भारत के पूर्व मुख्य न्यायधीश और राज्यसभा सांसद रंजन गोगोई को देने का एलान किया है.

    सोशल मीडिया साइट एक्स के अपने हैंडल से किए एक ट्वीट में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा, "मुझे यह बताकर बड़ा आनंद हो रहा है कि असम सरकार, माननीय सांसद और भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई को राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'असम बैभव' से सम्मानित करेगी."

    उन्होंने कहा, "सीजेआई के प्रतिष्ठित पद तक पहुंचने वाले पूर्वोत्तर के पहले जज होने के नाते, यह पुरस्कार न्याय देने और हमारे न्याय शास्त्र को समृद्ध बनाने के उनके असाधारण प्रयासों को मान्यता देता है."

    उन्होंने इसके लिए राजधानी दिसपुर स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेन्स को भी संबोधित किया.

    हिमंता बिस्वा सरमा ने मुख्यमंत्री बनने के बाद 2021 में असम दिवस यानी 2 दिसंबर को असम बैभव सम्मान का एलान किया था.

    पहली बार यह सम्मान रतन टाटा को दिया गया था. दूसरी बार यह सम्मान कैंसर के जाने माने डॉक्टर तपन सैकिया को मिला था. जस्टिस रंजन गोगोई यह सम्मान पाने वाले तीसरे शख़्स हैं.

    जस्टिस गोगोई अक्टूबर 2018 से नवंबर 2019 तक सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रहे. इस दौरान उन्होंने राम मंदिर और बाबरी मस्जिद प्रकरण पर मंदिर पक्ष में फ़ैसला सुनाया था.

  8. कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए एक और चीता की मौत

    मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से लाए गए एक और चीता की मौत हो गई है.

    लायन प्रोजेक्ट के निदेशक की ओर से जारी बयान के अनुसार, 16 जनवरी को दोपहर 3 बजकर 17 मिनट पर चीता शौर्य की मौत हुई. मौत की वजह पोस्टमॉर्टम के बाद पता चलेगी.

    मंगलवार सुबह 11 बजे के आसपास चीता की तबीयत बिगड़ी दिखी. जाँच के दौरान चीता में कमज़ोरी के लक्षण पाए गए. हालांकि, इसके बाद चीता शौर्य वापस होश में आया लेकिन कुछ ही देर में दिक़्क़तें शुरू हो गईं और फिर उस पर सीपीआर का भी असर नहीं हुआ.

    नामीबिया से सितंबर 2022 में 8 और दक्षिण अफ्रीका से फरवरी 2023 में 12 चीते भारत लाए गए थे.

    इनमें से 10 चीतों की मौत हो चुकी है. हालांकि कुछ चीते यहां पैदा भी हुए हैं.

  9. राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर राहुल गांधी के बयान को लेकर राजीव चंद्रशेखर बोले, 'वह ला-ला वर्ल्ड में रहते हैं'

    अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को 'नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम' बताने पर बीजेपी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की है.

    केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने राहुल गांधी पर तंज़ किया कि वे अपने 'ला-ला वर्ल्ड' (अपनी अलग दुनिया) में जीते हैं और सोचते हैं कि उनकी बातों की सच्चाई कोई नहीं समझेगा.

    चंद्रशेखर ने राहुल गांधी पर लगातार झूठ फैलाने का आरोप लगाया है.

    राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि सच यही है कि राम मंदिर देश के करोड़ों लोगों के लिए एक अहम और भावनात्मक मुद्दा है. इसलिए राहुल गांधी के बयान का कोई मतलब नहीं है.

    क्या कहा राजीव चंद्रशेखर ने

    राहुल गांधी को जो भी सोचना है वो सोचें. उनके गुरु सैम पित्रोदा ने भी ऐसा ही बयान कुछ दिन पहले दिया था.

    देश के चारों कोनों में बसे हर भारतवासी के लिए राम मंदिर एक आस्था का मामला है. देश के करोड़ों लोगों के लिए यह गंभीर और भावनात्मक मुद्दा है.

    हमारे लिए भी यह बहुत ही अहम और गंभीर आस्था का मामला है. राहुल गांधी की व्याख्या जो भी रहे, हमारे रुख़ में कोई बदलाव नहीं आएगा.

    राहुल गांधी ने क्या कहा था

    राहुल गांधी ने कहा था, "बीजेपी और आरएसएस ने 22 जनवरी के समारोह को पूरी तरह राजनीतिक और नरेंद्र मोदी कार्यक्रम बना दिया है. यह बीजेपी और आरएसएस का कार्यक्रम है. इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वे इस कार्यक्रम में नहीं जाएंगे."

  10. आज का कार्टून

  11. राहुल गांधी ने कांग्रेस और गांधी परिवार को हिंदू-विरोधी बताए जाने पर दिया ये जवाब

    बीजेपी की ओर से कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार को हिंदू-विरोधी बताए जाने से जुड़े सवाल पर राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया दी है.

    भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तीसरे दिन राहुल गांधी ने नगालैंड के कोहिमा में प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. इस दौरान उनसे पूछा गया कि बीजेपी गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी को हिंदू विरोधी कहती है, इस पर वो क्या जवाब देंगे.

    राहुल गांधी ने कहा, "मेरी सोच है, जो सचमुच में धर्म को मानता है, वो धर्म के साथ निजी रिश्ता रखता है. जो धर्म के साथ पब्लिक रिश्ता रखता है, वो धर्म का फ़ायदा उठाने की कोशिश करता है. मैं अपने धर्म का फ़ायदा उठाने की कोशिश नहीं करता. मुझे उसमें कोई रुचि नहीं है."

    राहुल गांधी ने कहा, "मैं, धर्म के सिद्धांतों पर अपनी ज़िंदगी जीने की कोशिश करता हूं. मैं लोगों के साथ ठीक बर्ताव करता हूं, लोगों की इज़्ज़त करता हूं. जब कोई मुझे कुछ कहता है तो मैं अहंकार से नहीं बोलता, लोगों की बात सुनता हूं, नफ़रत नहीं फैलाता हूं. ये मेरे लिए हिंदू धर्म है. इसका मैं अपनी ज़िंदगी में पालन करता हूं. मगर मुझे इसको (धर्म) अपनी शर्ट पर पहनने की ज़रूरत नहीं है. जो इसको मानता नहीं है, उनको इसे शर्ट पर पहनने की ज़रूरत होती है."

  12. जापान के एयरपोर्ट पर फिर टकराए दो विमान, कैसे हुआ ये हादसा

    दो जनवरी को टोक्यो के एक एयरपोर्ट पर दो विमानों के टकराने की घटना के ठीक दो हफ़्ते बाद मंगलवार को जापान में फिर ऐसा ही हादसा हो गया.

    जापान के सरकारी मीडिया संस्थान 'एनएचके' (जापान ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन) के अनुसार, होक्काइडो के न्यू चितोस एयरपोर्ट पर स्थानीय समय के अनुसार साढ़े पांच बजे ये दुर्घटना हुई.

    हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है.

    एनचके के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब होक्काइडो एयरपोर्ट पर दक्षिण कोरिया के कोरियन एयर और हॉन्गकॉन्ग के कैथे पैसिफिक के विमान एक दूसरे से टकरा गए.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कोरियन एयर के अधिकारी के हवाले से बताया कि इस एयरपोर्ट पर उड़ान भरते वक़्त उसका एक विमान कैथे पैसिफिक एयरवेज़ से टकरा गया. कोरियन एयर के विमान में 289 यात्री सवार थे.

    वहीं कैथे पैसिफिक के हवाले से एनएचके ने बताया है कि टक्कर के समय उसके विमान में कोई यात्री सवार नहीं था.

    इस हादसे के बाद न्यू चितोस एयरपोर्ट पर कई विमानों की उड़ान रद्द करनी पड़ी है.

    14 दिन पहले भी हुआ था हादसा

    इससे पहले दो जनवरी को भी जापान के हनेडा एयरपोर्ट के रनवे पर दो विमानों की टक्कर हुई थी. उस हादसे में कोस्ट गार्ड के प्लेन में सवार चालक दल के छह में से पाँच लोगों की मौत हो गई थी.

    जापान एयरलाइंस का विमान लैंड होते समय रनवे पर खड़े कोस्ट गार्ड के विमान से टकराया था, जिससे दोनों विमानों में भीषण आग लग गई.

    हालांकि, जापान एयरलाइंस के विमान में सवार सभी 379 यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था.

    लेकिन कोस्ट गार्ड के विमान में मौजूद छह में से पाँच क्रू सदस्यों की मौत हो गई थी.

  13. वाईएसआर की बेटी शर्मिला को कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश का अध्यक्ष बनाया

    कांग्रेस पार्टी ने पूर्व सीएम वाईएस राजशेखर रेड्डी की बेटी वाईएस शर्मिला को आंध्र प्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाया है.

    वाईएस शर्मिला क़रीब दो सप्ताह पहले ही कांग्रेस में शामिल हुई थीं. वह आंध्र प्रदेश के मौजूदा सीएम जगन मोहन रेड्डी की बहन हैं.

    कांग्रेस पार्टी ने एक ट्वीट में इसकी जानकारी दी है. इसके अनुसार, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तत्काल प्रभाव से वाईएस शर्मिला को आंध्र प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है.

    अब तक आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे रूद्रराजूगिडूगू को कांग्रेस कार्यकारिणी समिति (सीडब्ल्यूसी) में 'विशेष आमंत्रित सदस्य' बनाया गया है.

    पार्टी में शामिल होने के बाद वाईएस शर्मिला ने कहा था कि उनके पिता वाईएस राजशेखर रेड्डी का सपना था कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनें. इसी सपने को साकार करने की दिशा में वो काम करेंगी.

  14. ज्ञानवापी परिसर स्थित वज़ूखाने की सफ़ाई को सुप्रीम कोर्ट की हरी झंडी, कलेक्टर रहेंगे मौजूद

    सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर स्थित कथित वज़ूखाने को साफ़ करने की अनुमति दे दी है.

    मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा ने हिंदू पक्ष की याचिका स्वीकार करते हुए यह आदेश दिया है.

    मुस्लिम पक्ष ने भी इस याचिका का कोई विरोध नहीं किया.

    अदालत ने अपने आदेश में कहा कि साफ सफाई का काम वाराणसी के डीएम की देखरेख में किया जाए.

    हिंदू पक्ष ने अपनी याचिका में अदालत से कहा था कि पिछले कई महीनों से सील होने के कारण इस कथित वज़ूखाने से दुर्गंध आ रही है.

    अदालत को बताया गया कि इस टैंक में रहने वाली मछलियों के मरने और पानी के ख़राब होने के कारण ऐसा हो रहा है. इसलिए इस टैंक की साफ सफाई बहुत ज़रूरी है.

    अदालत में हुआ क्या

    अदालत में हिंदू पक्ष से सीनियर एडवोकेट माधवी दीवान और विष्णु शंकर जैन उपस्थित हुए.

    फ़ैसले के बाद एडवोकेट विष्णु शंकर जैन ने पीटीआई को बताया, "इस टैंक की मछलियां 20 से 25 दिसंबर, 2023 के बीच मर गईं, जिससे वहां पूजा करने वाले हिंदू लोगों को परेशानी हो रही थी. इसलिए हमने अदालत से टैंक को साफ करने की अनुमति देने की मांग की थी."

    उन्होंने कहा, "मुस्लिम पक्ष के वकील सीनियर एडवोकेट हुज़ैफ़ा अहमदी ने भी इस मांग का समर्थन किया. असल में, अंजुमन इंतज़ामिया कमेटी ने भी वाराणसी के ट्रायल कोर्ट में में ऐसी एक याचिका दाख़िल की है. दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने ज़िला प्रशासन को टैंक की सफाई का आदेश जारी किया."

    क्या है मामला

    मई 2022 में सर्वे के दौरान वज़ूखाने में ही एक ढांचा पाया गया. हिंदू पक्ष ने इस ढांचे के शिवलिंग होने का दावा किया, लेकिन मुस्लिम पक्ष ने कहा कि ये एक फव्वारा है.

    हिंदू पक्ष ने कथित शिवलिंग की पूजा करने की इजाज़त मांगी और वहां मुसलमानों के वज़ू करने का विरोध किया.

    दोनों पक्षों के बीच विवाद तेज़ होता देख कुछ दिन बाद सुप्रीम कोर्ट ने वज़ूखाने को सील करने का आदेश दिया था. हालांकि उसने मुसलमानों के परिसर में नमाज़ अदा करने पर रोक नहीं लगाई.

    पिछले साल अगस्त में एक अन्य मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने परिसर में एएसआई के सर्वेक्षण करने की इजाज़त दे दी थी.

    एसआई ने सर्वेक्षण का काम अब पूरा कर लिया है और इसकी रिपोर्ट ज़िला अदालत में जमा कर दी गई है. हालांकि अभी तक इस रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया है.

  15. रनवे पर यात्रियों के खाना खाने के मामले में इंडिगो और मुंबई एयरपोर्ट को कारण बताओ नोटिस जारी

    मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर यात्रियों के खाना खाने का वीडियो वायरल होने के बाद एयरलाइन कंपनी इंडिगो और मुंबई हवाई अड्डे को सरकार ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया है कि वीडियो वायरल होने के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार देर रात मंत्रालय के सभी अधिकारियों के साथ बैठक की.

    वहीं, मंगलवार सुबह नियामक 'ब्यूरो ऑफ़ सिविल एविएशन सिक्योरिटी' (बीसीएएस) ने इंडिगो और मुंबई एयरपोर्ट को नोटिस भेजे हैं.

    दोनों ही पक्षों को जवाब देने के लिए मंगलवार तक का समय दिया गया है. साथ ही ये भी कहा गया है कि अगर तय समय में जवाब नहीं दिया गया, तो कार्रवाई की जाएगी और वित्तीय जुर्माना भी लगाया जाएगा.

    एएनआई ने ये भी बताया है कि इंडिगो ने इस संबंध में प्रेस को बयान जारी किया है.

    एयरलाइन कंपनी ने कहा है कि इंडिगो पहले ही इस मामले की इंटरनल इंक्वॉयरी शुरू कर चुका है और वह प्रोटोकॉल के अनुसार नोटिस का जवाब देगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने भी सूत्रों के हवाले से ये कहा है कि बीसीएएस ने इंडिगो और मुंबई एयरपोर्ट को इस मामले में नोटिस दिया है.

    पीटीआई की एक ख़बर के अनुसार, गोवा-दिल्ली फ़्लाइट में देरी के बाद उसे डाइवर्ट कर के मुंबई एयरपोर्ट ले जाया गया. लेकिन बहुत से यात्री विमान से बाहर निकलकर रनवे पर बैठ गए और कुछ लोगों ने वहीं खाना भी खाया.

    इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इसके बाद मुंबई एयरपोर्ट ने दावा किया कि एयरपोर्ट संचालकों ने क्विक रेस्पॉन्स टीम के साथ मिलकर यात्रियों को सेफ्टी ज़ोन में पहुंचाया.

    पीटीआई के अनुसार इंडिगो के प्रवक्ता ने इस मामले की जाँच की बात कही और यात्रियों से माफ़ी मांगी.

    रविवार को ये फ़्लाइट गोवा से उड़ी थी लेकिन घने कोहरे की वजह से दिल्ली में लैंड नहीं कर सकी. इसलिए विमान को मुंबई डायवर्ट किया गया.

  16. कौशल विकास घोटाले का केस रद्द कराने से जुड़ी चंद्रबाबू नायडू की याचिका पर बंटे सुप्रीम कोर्ट के जज

    लगभग 370 करोड़ रुपए के कथित कौशल विकास घोटाले में अपने ख़िलाफ़ दर्ज मुक़दमे रद्द करने की आंध्र प्रदेश के पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की मांग पर सुप्रीम कोर्ट के दो जजों की पीठ की राय बंटी हुई आई है.

    इस मामले की सुनवाई कर रहे जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस बेला त्रिवेदी की राय एक दूसरे से अलग रहने के कारण इसे सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ के पास भेज दिया है.

    अब इस मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट की बड़ी पीठ करेगी. नायडू ने आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के 22 सितंबर के फ़ैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी.

    हाईकोर्ट ने उनके ख़िलाफ़ दर्ज मुक़दमे को रद्द करने से इनकार कर दिया था.

    चंद्रबाबू नायडू को इसी मामले में पिछले साल नौ सितंबर को ​गिरफ़्तार किया गया था. उन्हें लगभग एक महीने बाद अक्टूबर में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट से ज़मानत मिली थी.

  17. राहुल गांधी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को बताया नरेंद्र मोदी और आरएसएस-बीजेपी का कार्यक्रम

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 22 जनवरी को अयोध्या में हो रही राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम बताया है.

    'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान प्रेस कॉन्फ़्रेंस में राहुल गांधी ने कहा, "आरएसएस और बीजेपी ने 22 जनवरी के कार्यक्रम को पूरी तरह राजनीतिक नरेंद्र मोदी कार्यक्रम बना दिया है. ये आरएसस और बीजेपी का कार्यक्रम बन गया है और मुझे लगता है इसीलिए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह इस कार्यक्रम में नहीं जाएंगे."

    मंगलवार को राहुल गांधी की यात्रा का तीसरा दिन है. मणिपुर से शुरू हुई ये यात्रा नगालैंड में प्रवेश कर चुकी है.

    राहुल गांधी ने कहा, "हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं. यहां तक कि हिंदू धर्म के बड़े-बड़े गुरुओं ने भी ये सार्वजनिक तौर पर कहा है कि उन्हें लगता है कि 22 जनवरी का कार्यक्रम एक राजनीतिक कार्यक्रम है. इस वजह से हमारे लिए भी एक राजनीतिक कार्यक्रम में जाना मुश्किल है जो सिर्फ़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस के लिए आयोजित किया जा रहा है."

    कांग्रेस पार्टी ने राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का न्योता ये कहते हुए ही अस्वीकार किया था कि ये एक राजनीतिक कार्यक्रम है. पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और अधीर रंजन चौधरी को ये न्योता मिला था.

  18. सुमित नागल दुनिया के 27वें नंबर के खिलाड़ी को हराकर पहली बार ऑस्ट्रेलिया ओपेन के दूसरे राउंड में पहुंचे

    भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने दुनिया के 27वें नंबर के कज़ाख़स्तान के खिलाड़ी एलेक्जेंडर बुब्लिक को हराकर पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे राउंड में जगह बना ली है.

    साल 2021 में नागल को ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले राउंड में वाइल्ड कार्ड एंट्री मिली थी, लेकिन तब वह हार गए थे.

    सुमित नागल ने टूर्नामेंट के पहले राउंड में बुब्लिक को 6-4, 6-2, 7-6 से हराया. इसे टेनिस की दुनिया का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है.

    दुनिया के 139वें नंबर के भारतीय खिलाड़ी दूसरी बार किसी ग्रैंड स्लैम इवेंट के दूसरे दौर में खेलेंगे. इससे पहले वो यूएस ओपेन के सेकेंड राउंड में पहुंचे थे.

    साल 2020 में यूएस ओपन मेंनागल डोमिनिक थिएम से 6-3, 6-3, 6-2 से हार गए थे.

  19. ‘इसराइली जासूसी हेडक्वार्टर’ पर ईरान के हमले को लेकर अमेरिका ने दिया ये बयान

    अमेरिका ने इराक़ के इरबिल के पास ईरान के हमले को " ग़ैरज़िम्मेदाराना और अस्पष्ट स्ट्राइक " बताया है.

    सोमवार को ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि उन्होंने इसराइल के इराक़ स्थित ‘जासूसी हेडक्वार्टर’ पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया है.

    कुर्दिश क्षेत्रीय सरकार के सिक्योरिटी काउंसिल ने एक बयान जारी कर कहा है कि इस हमले में चार लोगों की मौत हुई है और छह लोग घायल हुए हैं.

    ये हमला ऐसे वक्त हुआ हैं जब हमास और इसराइल के बीच चल रहे युद्ध के फैलने का ख़तरा इस पूरे क्षेत्र पर मंडरा रहा है.

    इराक़ ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा है कि ये उसकी संप्रभुता का उल्लंघन है.

    व्हाइट हाउस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता एड्रिएन वॉटसन ने इसे लेकर दिए गए बयान में कहा, "हम स्थिति का आकलन करते रहेंगे, लेकिन शुरुआती संकेत के आधार पर ये हमला ग़ैर-ज़िम्मेदाराना और अस्पष्ट था."

    उन्होंने कहा, " अमेरिका इराक़ की संप्रभुता, स्वतंत्रता और अखंडता का समर्थन करता है"

    इससे पहले रिवॉल्यूशनरी गार्ड ने अपने बयान में कहा- “यहूदी शासन के हालिया अत्याचार जिसके तहत उसने हमारे गार्ड्स पर हमला किया और हमारे कमांडरों की हत्या की उसके जवाब में इराक़ के कुर्दिश क्षेत्र में स्थित मोसाद के हेडक्वार्टर को बैलिस्टिक मिसाइल से बर्बाद किया गया है. ”

    पिछले महीने, ईरान ने कहा था कि इसराइल की ओर से दमिश्क में की गई स्ट्राइक में एक टॉप ईरानी जनरल सैयद रज़ी मौसवी की मौत हुई है.

  20. ईरान ने नोबेल पुरस्कार विजेता नर्गिस मोहम्मदी की क़ैद बढ़ाई, लिपिका पेलहम, बीबीसी न्यूज़

    ईरान की रिवॉल्यूशनरी कोर्ट ने नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नर्गिस मोहम्मदी की जेल की क़ैद को 15 महीने बढ़ा दिया है.

    मोहम्मदी पहले ही अलग-अलग मामलों में 12 सालों की जेल की सज़ा काट चुकी हैं.

    उनपर जेल में रहते हुए इस्लामिक गणराज्य ईरान के ख़िलाफ़ प्रोपेगेंडा चलाने का आरोप है.

    मोहम्मदी के परिवार ने ताज़ा फ़ैसले का विरोध किया है. परिवार का कहना है कि मार्च 2021 के बाद से अब तक मोहम्मदी को पाँचवीं बार सज़ा मिली है.

    ताज़ा सुनवाई में वह खुद मौजूद नहीं थीं और उनकी अनुपस्थिति में ही सज़ा सुनाई गई.

    नर्गिस मोहम्मदी दशकों तक ईरान में मानवाधिकारों के लिए आवाज़ उठाती रही हैं. पिछले दो दशकों से वह जेल जाती और बाहर आती रहीं. उन्हें अब तक 13 बार गिरफ़्तार किया गया है और इस दौरान उन्होंने कुल 31 साल जेल में बिताए हैं.

    15 महीने की अतिरिक्त सज़ा के साथ ही उन्हें तेहरान से बाहर ले जाने का भी आदेश दिया गया है. इसका अर्थ ये है कि उन्हें इविन जेल से कहीं और ले जाया जाएगा.

    ताज़ा आदेश में ये भी कहा गया है कि जेल की सज़ा पूरी करने के बाद दो साल तक मोहम्मदी के विदेश जाने पर रोक रहेगी और वह किसी राजनीतिक दल या सोशल ग्रुप का हिस्सा भी नहीं बन सकतीं. इस दौरान वह मोबाइल फ़ोन भी इस्तेमाल नहीं कर सकतीं.

    51 साल की मानवाधिकार कार्यकर्ता मोहम्मदी ने कई धमकियों और गिरफ़्तारियों के बावजूद अपना काम जारी रखा.

    उन्हें ईरान में महिलाओं के दमन के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने के लिए बीते साल यानी 2023 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया था. मोहम्मदी की जगह उनके बच्चों ने ये पुरस्कार स्वीकार किया था.