You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ग़ज़ा युद्धः यूनएन की रिपोर्ट में इसराइल पर मानवाधिकार उल्लंघन के गंभीर आरोप

सेंट्रल ग़ज़ा के मग़ाजी शरणार्थी कैंप पर क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बमबारी को लेकर इसराइली सेना ने ग़लती मानी.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and संदीप राय

  1. ग़ज़ा युद्धः यूनएन की रिपोर्ट में इसराइल पर मानवाधिकार उल्लंघन के गंभीर आरोप

    संयुक्त राष्ट्र ने वेस्ट बैंक में बड़े पैमाने पर छापे की कार्रवाई, गिरफ़्तारियां, हत्याओं और मानवाधिकार उल्लंघन को लेकर एक रिपोर्ट जारी की है.

    साथ ही संयुक्त राष्ट्र ने इसराइल से वेस्ट बैंक में फ़लस्तीनी नागरिकों की 'ग़ैरक़ानूनी हत्याओं' को रोकने का आग्रह किया है.

    यूएन के मानवाधिकार मामलों के प्रमुख वोल्कर टर्क ने कहा कि इसराइल द्वारा सैन्य रणनीति, बेहिसाब ताक़त के इस्तेमाल और लोगों के आवागमन पर पाबंदी लगाए जाने से वो काफ़ी दुखी हैं.

    संयुक्त राष्ट्र द्वारा गुरुवार को जारी की गई रिपोर्ट में इसराइल पर कई आरोप लगाए गए हैं. इसमें कहा गया है कि-

    • बड़ी संख्या में लोगों की मनमाना गिरफ़्तारियां, हिरासत और टॉर्चर और इसराइली सेना द्वारा बुरा बर्ताव, सामूहिक सज़ा की चिंता को बढ़ाता है.
    • इसराइली बस्तियों के हथियारबंद बाशिंदों की ओर से हो रहे हमलों में उछाल के कारण फ़लस्तीन के चरवाहा समुदाय का बड़े पैमाने पर विस्थापन हो रहा है.
    • आवागमन को लेकर जारी भेदभावपूर्ण प्रतिबंध से लोगों की रोज़ाना की ज़िंदगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है.

    रिपोर्ट जारी करते हुए टर्क ने कहा कि इसके नतीजे बहुत विचलित करने वाले हैं और संघर्षों में मानवाधिकार उल्लंघन के मामले नए नहीं हैं लेकिन 'जिस स्तर की हिंसा और दमन का सहारा लिया जा रहा है, वो बीते कुछ सालों में देखने को नहीं मिली है.'

    इसराइली सेना ने मानी ग़लती

    क्रिसमस की पूर्व संध्या पर 24 दिसम्बर को मग़ाज़ी शरणार्थी कैंप को निशाना बनाकर की गई बमबारी को लेकर इसराइली सेना के अधिकारी ने माना है कि ग़लत हथियार के चुनाव के कारण नागरिकों को अत्यधिक नुकसान हुआ.

    संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, बीते रविवार को हुई इस इसराइली बमबारी में कम से कम 86 लोग मारे गए हैं और हताहतों की संख्या और बढ़ सकती है.

    सरकारी प्रसारक कान न्यूज़ से एक इसराइली सैन्य अधिकारी ने कहा कि जो हमला किया गया था उसके लिए ग़लत हथियार का चुनाव किया गया था जिससे नागरिक नुकसान ज़्यादा हुआ, जिससे बचा जा सकता था.

    इस घटना को लेकर बीबीसी से इसराइली सेना ने 'अफ़सोस' जताया.

    संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने कहा कि रविवार को इसराइली सेना ने मग़ाज़ी कैंप समेत सेंट्रल ग़ज़ा में 50 जगहों पर बमबारी की थी.

    मग़ाज़ी कैंप में दो रिहाईशी इमारतों पर बम गिरे थे, जिनमें सर्वाधिक लोग मारे गए.

  2. 1962 युद्ध के हीरो मेजर शैतान सिंह का स्मारक 'हटाए जाने पर' विवाद का पूरा मामला

  3. इस्लामी क़ानून में पति को बहुविवाह का हक़ लेकिन सभी पत्नियों से एक सा बर्ताव ज़रूरी: मद्रास हाई कोर्ट

    मद्रास हाई कोर्ट ने एक मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि इस्लामिक क़ानून एक पति को बहुविवाह का अधिकार तो देता है लेकिन उन्हें अपनी सारी पत्नियों के साथ एक समान व्यवहार करना पड़ता है.

    जस्टिस आरएमटी टीका रमण और जस्टिस पीबी बालाजी की पीठ ने क्रूरता के आधार पर शादी को निरस्त करने के एक फ़ैमिली कोर्ट के आदेश को भी बरक़रार रखा. फ़ैमिली कोर्ट के आदेश के ख़िलाफ़ पति ने हाई कोर्ट का रुख किया था.

    बेंच ने माना कि इस मामले में पति और उसके परिवार ने पहली पत्नी को प्रताड़ित किया. इसके बाद शख्स ने दूसरी शादी कर ली और फिर दूसरी पत्नी के साथ ही रहने लगा.

    कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, " उन्होंने (पति) ने अपनी पहली और दूसरी पत्नी के साथ एक जैसा व्यवहार नहीं किया, जो इस्लामिक क़ानून के तहत ज़रूरी है. इस्लामिल कानून के अंतर्गत पति एक से अधिक शादी कर सकता है लेकिन उसे अपनी सभी पत्नियों के साथ एक समान व्यवहार करना होगा."

    वहीं, मामले में पत्नी ने अपने पति, सास और ननद पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया था. महिला ने कहा कि जब वह गर्भवती थीं, तब उनके पति और ससुरालवालों ने उनकी देखभाल नहीं की और उन्हें ऐसा खाना दिया गया जिससे उन्हें एलर्जी थी. महिला ने कहा कि जब उनका मिसकैरिज हुआ तो उनकी ननद ने उन्हें प्रताड़ित किया.

    पति ने इन सभी आरोपों को खारिज किया. लेकिन कोर्ट ने सभी उपलब्ध सामग्रियों को रिकॉर्ड पर लेने के बाद ये माना कि पत्नी अपने आरोपों को साबित करने में सफल रही.

    कोर्ट ने अपने आदेश में कहा, "हमारी नज़र में पति ने दोनों पत्नियों के साथ एक जैसा व्यवहार नहीं किया और पहली पत्नी ने साफ़ तौर पर ये दिखाया कि उनके पति ने क्रूरता की और उनका भरण-पोषण नहीं कर सके. इसलिए हम फ़ैमिली कोर्ट की ओर से शादी को रद्द करने के फ़ैसले को सहित मानते हैं और इसमें कोई दखल देने की ज़रूरत नहीं है."

  4. जयपुर में गाड़ी से कुचलकर युवती की हत्या का मामला, अभियुक्त गिरफ़्तार

  5. #INDvSA : दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को एक पारी, 32 रनों से हराया

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सिरीज के पहले मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को तीसरे दिन ही एक पारी और 32 रनों से हरा दिया.

    पहली पारी में भारत के 245 रनों के मुकाबले दक्षिण अफ़्रीका ने मैच के तीसरे दिन अपनी पहली पारी में 408 रन बनाकर 163 रनों की बढ़त बना ली थी.

    जब भारतीय टीम अपनी दूसरी पारी खेलने मैदान पर उतरी तो दक्षिणी अफ़्रीकी गेंदबाज़ों की आंधी में भारतीय बल्लेबाज़ टिक नहीं पाए.

    विराट कोहली (76) और शुभमन गिल (26) के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ दहाई अंक तक भी नहीं पहुंचा.

    भारत के चार बल्लेबाज़ शून्य पर आउट हो गए, जबकि पारी की शुरुआत में ही कप्तान रोहित शर्मा के रूप में भारत को तगड़ा झटका लग गया था.

    कुल 34.1 ओवर में भारतीय टीम 131 रनों पर ही सिमट गई.

    दक्षिण अफ़्रीकी गेंदबाज़ नांद्रे बर्गर ने 4 विकेट और मार्को जैंसेन ने 3 विकेट झटके.

  6. अयोध्या में राम मंदिर की मूर्ति बनाने के लिए नेपाल से आई शिलाओं का क्या हुआ

  7. सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के अभियुक्त के घर चला बुलडोज़र

    राजस्थान में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी हत्याकांड के कथित शूटर रोहित राठौड़ के घर पर बुलडोज़र चलाने की कार्रवाई की गई है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार मोहर सिंह मीणा अनुसार, राठौड़ की अवैध संपत्ति पर जयपुर निगम ने बुलडोजर चलाया है.

    जयपुर के खातीपुरा इलाके में सुंदरवन कॉलोनी में किया गया अवैध निर्माण ग्रेटर नगर निगम ने तोड़ दिया. इस दौरान मौक़े पर भारी पुलिस बल मौजूद था.

    राजपूत करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी.

    श्याम नगर इलाक़े में उनके घर मिलने के बहाने आए तीन हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं.

    इस घटनाक्रम में एक हमलावर की भी मौत हो गई थी.

    बीते 12 दिसम्बर को पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर लिया था.

  8. लोगों से चंदा लेकर क्या बदलेगी कांग्रेस पार्टी की दिशा

  9. भारत पांच साल में 50 ख़ुफि़या सैटेलाइट लॉन्च करेगा- इसरो प्रमुख

    इसरो चेयरमैन एस सोमनाथ ने गुरुवार को कहा कि ख़ुफ़िया सूचनाएं इकट्ठा करने के लिए भारत अगले पांच साल में 50 सैटेलाइट लॉन्च करेगा.

    इन सैटेलाइट को अलग अलग कक्षाओं में स्थापित किया जाएगा और हज़ारों किलोमीटर के दायरे में सेना की गतिविधि और तस्वीरों को लेने की इनकी क्षमता होगी.

    आईआईटी बॉम्बे की ओर आयोजित सालाना साइंस एंड टेक्नोलॉजी कार्यक्रम टेकफ़ेस्ट के दौरान उन्होंने कहा कि ऐसे सैटेलाइट का होना महत्वपूर्ण है जो बदलावों को पहचान सकें ताकि आर्टीफ़िशियल इंटेलिजेंस द्वारा डेटा विश्लेषण की क्षमता को बढ़ाया जा सके.

    ये सैटेलाइट देश की सीमाई इलाक़ों और पड़ोसी क्षेत्रों पर नज़र रखने में सक्षम होंगे.

  10. मध्य प्रदेश: क्या अब कांग्रेस में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह की नहीं चलेगी?

  11. पीएम मोदी की डिग्री पर टिप्पणी के मामले में 'आप' नेता संजय सिंह के ख़िलाफ़ वारंट

    आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजय सिंह के ख़िलाफ़ मंगलवार को अहमदाबाद की मेट्रोपॉलिटन कोर्ट ने प्रोडक्शन वारंट जारी किया है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शैक्षिक डिग्री को लेकर उनकी टिप्पणी को लेकर मानहानि के एक मामले में ये आदेश दिया गया है.

    एडीशनल चीफ़ मेट्रोपॉलिटन मैजिस्ट्रेट एसजे पांचाल की अदालत ने यह आदेश जारी किया.

    संजय सिंह के वकील ने कोर्ट को बताया कि दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद रहने के कारण उनके मुवक्किल की ओर से उन्हें कोई निर्दश नहीं मिले हैं.

    संजय सिंह को दिल्ली में कथित शराब घोटाले से संबंधित लॉन्ड्रिंग केस में बीते 5 अक्टूबर को गिरफ़्तार किया गया था. तबसे वो तिहाड़ जेल में बंद हैं.

  12. क़तर: पूर्व भारतीय नौसैनिकों की सज़ा कम होना भारत के लिए कितनी बड़ी कामयाबी

  13. ग़ज़ा में इसराइली बमबारी में 50 लोगों की मौत, 24 घंटे में 210 लोगों की जान गई

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि बीते 24 घंटों में ग़ज़ा में 210 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार सुबह ग़ज़ा के उत्तर में बेत लाहिया, दक्षिण में ख़ान यूनिस और मध्य में मग़ाज़ी शरणार्थी कैंपों में हुई इसराइली बमबारी से कम से कम 50 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है.

    हमास से मान्यता प्राप्त सफ़ा न्यूज़ एजेंसी ने बताया है कि मग़ाज़ी में एक घर बमबारी की चपेट में आया, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई. वहीं बेत लाहिया में चार घर पूरी तरह बर्बाद हो गए.

    ख़ान यूनिस के अल-अमाल अस्पताल के आसपास हो रही बमबारी से भी कई लोगों की जान गई है.

    हमास प्रशासित ग़ज़ा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ग़ज़ा पट्टी में युद्ध शुरू होने के बाद से अबतक 21,320 फ़लस्तीनी मारे जा चुके हैं, जबकि 55,603 लोग घायल हुए हैं.

  14. दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः क़तर में भारत के पूर्व नौसैनिकों को मिली मौत की सज़ा घटी

  15. सेना में भर्ती होने से इनकार करने पर इसराइली युवा को मिली जेल की सज़ा

    सेना में जाने से मना करने वाले 18 साल एक इसराइली युवा पर मुकदमा चलाया गया है और उन्हें मिलिट्री जेल में 30 दिन क़ैद की सज़ा दी गई है.

    इसराइली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, टाल मिटनिक तेल अवीव में रहते हैं. वो एक सैन्य भर्ती केंद्र में गए और उन्होंने सेना में शामिल न होने के अपने फैसले की घोषणा की.

    उन्होंने अपने अंतरात्मा की आवाज़ पर विरोध के लिए इसराइल हमास युद्ध और कब्ज़े का ज़िक्र किया.

    अंतरात्मा की आवाज़ पर विरोध करने का अर्थ ये है कि एक व्यक्ति अपने मान्यताओं के आधार पर किसी चीज़ से इनकार करता है.

    ग़ज़ा युद्ध शुरू होने के बाद वो पहले व्यक्ति हैं जिन्हें ‘अपने अंतरात्मा की आवाज़ के कारण सेना में भर्ती न होने के फैसले’ के कारण सज़ा दी गई है.

    अगर सैन्य सेवा के लिए वो अपने विरोध को जारी रखते हैं तो उनकी हिरासत को बढ़ाया जा सकता है.

  16. ममता बनर्जी ने कहा- पश्चिम बंगाल में बीजेपी के ख़िलाफ़ लड़ाई की अगुवाई तृणमूल कांग्रेस करेगी

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा है कि लोकसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल बीजेपी के ख़िलाफ़ लड़ाई की अगुवाई टीएमसी करेगी.

    उत्तरी 24 परगना ज़िले में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक मीटिंग में उन्होंने कहा, "इंडिया गठबंधन पूरे देश में भगवा कैंप के खिलाफ़ लड़ेगा जबकि पश्चिम बंगाल में बीजेपी के ख़िलाफ़ लड़ाई की अगुवाई टीएमसी करेगी."

    कांग्रेस को लेकर ममता का बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा की घोषणा हुई है. यह यात्रा 14 जनवरी से मणिपुर से शुरू होकर 14 राज्यों में होते हुए मार्च में मुंबई पहुंचेगी.

    ममता बनर्जी ने कहा कि 'बीजेपी विपक्षी नेताओं पर चोर का ठप्पा लगा रही है और उसने देश को सेंट्रल एजेंसियों द्वारा संचालित लोकतंत्र में तब्दील कर दिया है.'

    बांग्लादेश सीमा के जुड़े इलाक़े में लोगों के साथ जुड़ने के अभियान के दौरान ममता बनर्जी ने बीजेपी पर राजनीतिक लाभ के लिए नागरिकता के मुद्दे को तोड़ने मोड़ने का आरोप लगाया.

  17. दक्षिण अफ़्रीका ने पहले टेस्ट मैच में भारत पर बनाई 163 रनों की बढ़त

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच दो मैचों की टेस्ट सिरीज के पहले मुकाबले में दक्षिण अफ़्रीका ने अपनी पहली पारी में 408 रन बनाए.

    इस बीच भारत को अपनी दूसरी पारी की शुरुआत में ही झटका लगा है. रोहित शर्मा पांच रन बनाकर आउट हो गए.

    डीन एल्गर की 185 रनों की शानदार पारी की बदौलत दक्षिण अफ़्रीका ने भारत के ख़िलाफ़ 163 रनों की बढ़त हासिल की है.

    मार्को यानसेन ने नाबाद 84 रन बनाए.

    भारत की ओर से बुमराह ने चार विकेट लिए.

    इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी में 245 रन बनाए थे.

    यह मुकाबला सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट्स पार्क में हो रहा है.

  18. नागपुर में राहुल गांधी का आरएसएस पर निशाना, कहा- देश को आज़ादी से पहले वाले दौर में ले जाना चाहते हैं

    कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवसपर महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित पार्टी की मेगा रैली 'हैं तैयार हम’ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राष्ट्री स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर देश को पीछे ले जाने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा, "आज़ादी से पहले हिंदुस्तान की जनता, महिलाओं के कोई अधिकार नहीं थे. छुआछूत थी, यह आरएसएस की विचारधारा है. ये हमने बदला है और वे फिर इसे वापस लाना चाहते हैं, हिंदुस्तान आज़ादी से पहले जहां था वे वहां उसे लौटाना चाह रहे हैं."

    राहुल गांधी ने कहा, "एक तरफ युवाओं पर आक्रमण किया जा रहा है और दूसरी तरफ हिंदुस्तान के 2-3 अरबपतियों को देश का पूरा धन दिया जा रहा है. डेढ़ लाखयुवाओं को हिंदुस्तान की सेना और वायु सेना के लिए चुन लिया गया था. मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना लागू की और इन युवाओं को आर्मी और वायु सेना में नहीं आने दिया गया."

    उन्होंने कहा, "देश में विचारधारा की लड़ाई चल रही है, लोगों को लगता है कि यह राजनैतिक लड़ाई है, जो सही है लेकिन इस लड़ाई की नींव विचारधारा है. बहुत सारी पार्टियां एनडीए और इंडिया गठबंधन में है लेकिन लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है."

    रैली में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, "केवल कांग्रेस पार्टी ही देश को एकजुट रख सकती है और गांधी परिवार ने हमेशा कांग्रेस को एकजुट रखा है. कांग्रेस पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता किसी भी स्तर तक पहुंच सकता है. यह पार्टी की व्यापकता को दर्शाता है."

    कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि सोनिया गांधी की तबीयत ठीक नहीं है इसलिए वो रैली में शामिल नहीं हो रही हैं और प्रियंका गांधी भी नहीं पहुंच रही हैं.

  19. पूर्व क्रिकेटर को लाखों की ठगी के आरोप में दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ़्तार

    दिल्ली पुलिस ने एक 25 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर को पाँच सितारा होटल के साथ पाँच लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में गिरफ़्तार किया है.

    अभियुक्त का नाम मृणांक सिंह है, जो हरियाणा के फ़रीदाबाद के रहने वाले हैं. वह हरियाणा के लिए अंडर-19 क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुके हैं. पुलिस के अनुसार मृणांक सिंह ने दावा किया है कि वह आईपीएल में भी एक टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार मृणांक सिंह पर कई लग्ज़री होटलों और उसके मैनेजरों के साथ खुद को आईपीएस बताकर ठगी करने का आरोप है. इन ठगे गए लोगों में एक जाने-माने भारतीय क्रिकेटर का नाम भी है.

    पुलिस ने बताया कि अभियुक्त अलग-अलग तरीकों से खुद को आईपीएस अधिकारी बताते हुए पाँच सितारा होटलों और रिज़ॉर्ट्स के साथ ठगी कर रहे थे. उन्होंने खुद को आईपीएल की एक टीम का खिलाड़ी बताया और अपने 'स्टारडम' का इस्तेमाल कर कई महिलाओं को ठगा.

    सिंह ने खुद को अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स ब्रांडों का एंबेसेडर बताकर खेल का सामान बेचने वाले कई शोरूमों में भी ठगी की. पुलिस ने ये भी कहा कि सिंह ने कई भारतीय क्रिकेटरों के साथ करीबी का भी दावा किया.

    पुलिस के अनुसार 22 अगस्त 2022 को दिल्ली के चाणक्यपुरी पुलिस थाने में सेंट्रल दिल्ली के एक पांच सितारा होटल के डायरेक्टर ऑफ़ सिक्योरिटी की ओर से शिकायत की गई. शिकायत में ये कहा गया कि खुद को क्रिकेटर बताकर मृणांक सिंह 22 से 29 जुलाई तक होटल में रहे.

    वह होटल का 5.53 लाख रुपये का बिल चुकाए बिना ही वहां से चले गए. जब उनसे पेमेंट करने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा कि स्पॉन्सर बिल भर देंगे. इसके बाद होटल ने अपने बैंक डिटेल शेयर किए.

    कैसे खुला मामला?

    होटल को ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से दो लाख रुपये भेजे गए लेकिन इसका यूटीआर नंबर संदिग्ध लगा. इसके बाद होटल ने सिंह और उनके मैनेजर गगन सिंह से संपर्क किया.

    मृणांक सिंह ने कहा कि वो अपने ड्राइवर के हाथों कैश भेज देंगे लेकिन कोई नहीं आया.

    उनसे कई बार संपर्क साधने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने होटल को हर बार फर्ज़ी वादा किया और गलत जानकारियां दी.

    इसके बाद चाणक्यपुरी थाने में आईपीसी की धारा 420 के तहत केस दर्ज किया गया.

    जाँच के दौरान ये पता लगा कि उन्हें जिस पते पर नोटिस भेजा गया वहां मृणांक सिंह हैं ही नहीं. उनका मोबाइल फ़ोन स्विच्ड ऑफ़ था.

    पुलिस ने बताया कि मृणांक सिंह के ख़िलाफ़ गैर-ज़मानती वारंट और लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया.

    उन्हें बुधवार को इंदिरा गांधी हवाईअड्डे से उस समय गिरफ़्तार किया गया जब वह हॉन्ग-कॉन्ग जाने की कोशिश कर रहे थे.

    हिरासत में लिए जाने के बाद भी सिंह ने जाँच अधिकारियों को आईपीएस ऑफिसर बनकर प्रभावित करने की कोशिश की. सिंह को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, क़तर की जेल में बंद भारत के पूर्व नौसैनिकों की सज़ा हुई कम, विदेश मंत्रालय ने दी ये जानकारी

    क़तर की जेल में बंद भारतीय नौसेना के आठ पूर्व अधिकारियों की सज़ा-ए-मौत को क़तर की अदालत ने कम कर दिया है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा, “दहरा ग्लोबल केस मामले में आज क़तर की अदालत का आदेश आया है, जिसमें सज़ा को कम कर दिया गया है. हमें पूरे आदेश का इंतज़ार है. क़तर में हमारे राजदूत और अन्य अधिकारी सज़ा पाए लोगों के परिजनों के साथ आज अदालत में मौजूद थे.”

    बयान के अनुसार, “शुरू से ही हम उन लोगों के साथ खड़े हैं और हम उन्हें कांसुलर और क़ानूनी मदद पहुंचाई जाएगी. हम इस मामले को क़तरी प्रशासन के साथ भी उठाएंगे.”

    क्या है मामला

    सितंबर 2022 में क़तर सरकार ने 8 पूर्व भारतीय नौसैनिकों को गिरफ़्तार किया था. मार्च में इन पर जासूसी के आरोप तय किए गए थे.

    गिरफ़्तार किए गए आठ भारतीय नागरिक नौसेना के पूर्व अधिकारी हैं और क़तर की दाहरा ग्लोबल टेक्नोलॉजीज एंड कंसल्टिंग सर्विसेज़ कंपनी में काम करते थे.

    ये कंपनी सबमरीन प्रोग्राम में क़तर की नौसेना के लिए काम कर रही थी. इस प्रोग्राम का मक़सद रडार से बचने वाले हाईटेक इतालवी तकनीक पर आधारित सबमरीन हासिल करना था.

    कंपनी में 75 भारतीय नागरिक कर्मचारी थे. इनमें से अधिकांश भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी थे. मई में कंपनी ने कहा था कि वो 31 मई 2022 से कंपनी बंद करने जा रही है.

    जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार आठ कर्मचारियों को पहले ही बर्ख़ास्त कर दिया गया और उनके वेतन का हिसाब-किताब भी कर दिया गया.

    बीते मई में क़तर ने कंपनी को बंद करने का आदेश दिया और इसके लगभग 70 कर्मचारियों को मई 2023 के अंत तक देश छोड़ने का निर्देश दिया.

    भारतीय मीडिया और अन्य ग्लोबल मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़, इन पूर्व नौसैनिकों पर आरोप है कि उन्होंने कथित तौर पर अति उन्नत इतालवी पनडुब्बी को ख़रीदने से संबंधित क़तर के ख़ुफ़िया कार्यक्रम के बारे में इसराइल को जानकारी दी थी. यानी इन नौसैनिकों पर इसराइल के लिए जासूसी करने के आरोप भी लगाए जा सकते हैं.