ग़ज़ा में घायलों और मरने वालों की भारी संख्या के बीच अस्पताल ने हाथ खड़े किए

इमेज स्रोत, reu
दक्षिणी ग़ज़ा में जारी भीषण युद्ध के बीच ख़ान यूनिस के नासिर अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि मृतकों और घायलों की संख्या इतनी अधिक है कि 'हालात पर नियंत्रण' ख़त्म हो गया है.
उनके मुताबिक, अस्पताल में क्षमता से कहीं अधिक संख्या में हताहत पहुंच रहे हैं.
अस्पताल के निदेशक नाहेद अबु तायमा ने बीबीसी को बताया कि "सैकड़ों की संख्या में घायल और मृतक अस्पताल पहुंच रहे हैं. ख़ान यूनिस में इसराइल की लगातार बमबारी के बीच हम ज़मीन पर और अस्पताल के कॉरिडोर मेंघायलों का इलाज करने को बाध्य हो रहे हैं. हमारे पास मेडिकल सप्लाई भी कम है."
इस बीच यूएन वर्ल्ड फ़ूड प्रोग्राम के डिप्टी डायरेक्टर कार्ल स्काउ ने कहा कि फ़लस्तीनी क्षेत्र के 10 में से नौ लोगों को हर दिन भोजन नहीं मिल पा रहा है और आधी आबादी भुखमरी की शिकार है.
जबालिया कैंप में लोग कई दिनों से भूखे प्यासे हैं और वहां के हालात बेहद ख़राब हो गए हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
इस बीच इसराइली सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि वो ग़ज़ा पट्टी में मानवीय सहायता पहुंचाने की कोशिश कर रहा है.
इसराइली डिफेन्स फोर्सेस के एक प्रवक्ता लेफ्टिनेन्ट कर्नल रिचर्ड हेच ने बीबीसी से कहा कि "हम और बॉर्डर क्रासिंग को भी खोल रहे हैं, ताकि अधिक संख्या में राहत सामग्री लेकर ट्रक ग़ज़ा पट्टी तक पहुंच सकें."
उन्होंने कहा कि सीमा पार करने वाले सभी ट्रकों की पूरी जांच की जा रही है.
इसराइल से जुड़ी केरेम शैलोम क्रासिंग पर सामानों की जांच का सिस्टम लगा दिया गया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
बीते 24 घंटों में क्या हुआ?
ख़ान यूनिस को इसराइली टैंकों ने दो तरफ़ से घेर रखा है. इसराइली सेना का कहना है कि यहां घरों और सुरंगों में लड़ाई हो रही है.
ग़ज़ा में अगवा किए गए एक बंधक की मौत की उनके किबुत्ज़ ने पुष्टि की है. बंधक को छुड़ाने की इसराइली सेना असफल कोशिश की थी. मारे गए बंधक का नाम सहर बारूच है और परिजनों ने उनके शव को वापस लाने की मांग की है.
इसराइली सेना ने कहा है कि उत्तरी ग़ज़ा में हमास के लड़ाकों के साथ भीषण लड़ाई जारी है. साथ ही इसराइली सेना ने पड़ोसी लेबनान पर हिज़्बुल्ला के कई टार्गेट को निशाना बनाया है.
ग़ज़ा पट्टी में तत्काल युद्ध विराम को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में वोटिंग के दौरान अमेरिका के वीटो पर कई देशों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. ब्रिटेन ने वोटिंग से एब्स्टेन किया.

इसराइल का आरोप
इसराइल ने एक बार फिर हमास पर आरोप लगाया है कि वो “आम इमारतों” में छिपकर उसकी सेना पर हमले कर रहा है. उसका कहना है कि हमास के लड़ाकों ने उत्तरी ग़ज़ा में संयुक्त राष्ट्र राहत एजेंसी यूएनआरडब्ल्यूए के स्कूल और बेत हनॉन में एक मस्जिद का इस्तेमाल उस पर हमला करने के लिए किया है.































