उत्तरकाशी: सुरंग में फंसे मजदूरों का दसवां दिन, बचाव अभियान जारी
- Author, आसिफ़ अली
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
उत्तरकाशी की सुरंग में फंसे 41 मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए जारी बचाव अभियान दसवें दिन भी जारी है.
इस सुरंग में जमा मलबे में 900 एमएम के 4 पाइप डाले गए थे. इनमें से हर पाइप की लम्बाई 6 मीटर है जिन्हें टॉर्क वेल्डिंग से जोड़ा गया है.
कुल 24 मीटर पाइप में से 22 मीटर पाइप का हिस्सा मलबे में ड्रिल किया जा चुका है और 2 मीटर हिस्सा बाहर है. अभी तक सुरंग में जो मलबा है उसमें 22 मीटर तक ही ड्रिल किया गया है. पिछले तीन दिनों से यही स्थिति बनी हुई है.
एनएचआईडीसीएल के डायरेक्टर ने सोमवार को जानकारी दी थी कि सुरंग में दो दिनों से सेफ़्टी वर्क चल रहा था.
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान एनएचआईडीसीएल के प्रबंध निदेशक महमूद अहमद ने बताया, "टनल में ऑगर मशीन से हॉरिज़ॉन्टल ड्रिलिंग का काम जल्द शुरू होने जा रहा है. 900 एमएम (35.43 इंच) की पाइप की जगह अब 800 एमएम (31.4961 इंच) की पाइप की ड्रिलिंग का काम शुरू हुआ है. 900 एमएम के पाइप के अंदर 800 एमएम के तीन पाइप डाले जा चुके हैं."
एनएचआईडीसीएल के एमडी ने बताया, "अब टेलीस्कोपी मेथड से 800 एमएम के 3 पाइप डाले गए हैं. चौथा पाइप डाले जाने की तैयारी है जिसके बाद ऑगर मशीन से इन्हें पुश किया जाएगा. अभी तक 18 मीटर की दूरी तक 900 एमएम पाइप के अंदर 800 एमएम के पाइप को डाला जा चुका है."
उन्होंने बताया, "क़रीब 40 घंटे में बड़ी खबर मिल सकती है. बोरिंग के दौरान मलबे के 22 से 45 मीटर हिस्से में पाइप को क्रॉस कराना चुनौतीपूर्ण काम हो सकता है. क्योंकि इसी हिस्से में बोल्डर व मशीनों के दबे होने की आशंका है."
एनएचआईडीसीएल डायरेक्टर अंशु मनीष खलको ने बताया कि, "मजदूरों ने नमक की मांग की है अब उन्हें नमक भेजा जा रहा है."
उन्होंने बताया,"छह इंच की पाइप से उन्हें दाल चावल रोटी सब्जी भेजने की भी प्लानिंग की गई है."