You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

इसराइल-हमास युद्ध में शनिवार को क्या क्या हुआ?

इसराइल और हमास के बीच युद्ध के शनिवार को 35 दिन हो गए हैं. इसराइल की सेना ने बताया है कि पूरी ग़ज़ा पट्टी में हमास के ख़िलाफ़ लड़ाई जारी है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. बरेली: किसान की मौत, सात पुलिसकर्मियों समेत 10 के ख़िलाफ हत्या का केस दर्ज

      • Author, शहबाज़ अनवर
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, पश्चिमी उत्तर प्रदेश से

    बरेली के भमोरा थाना इलाक़े में शुक्रवार को एक किसान की मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस पर किसान को जुए के झूठे आरोप में पकड़ने और उसकी बेरहमी से पिटाई के बाद मौत होने का आरोप लगाया है.

    इसके बाद शनिवार को सात पुलिसकर्मियों सहित 10 लोगों के ख़िलाफ हत्या सहित कईं अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है, इन सातों पुलिसकर्मियों को शुक्रवार को ही निलंबित कर दिया गया था.

    क्षेत्रीय पुलिस उपाधीक्षक राजकुमार शर्मा ने बीबीसी से कहा, "इस मामले में संतोष शर्मा की हत्या के आरोप में सात पुलिसकर्मियों और तीन अज्ञात के ख़िलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है.मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है, विधिक कार्रवाई जारी है."

    क्या है पूरा मामला?

    भमोरा थाना इलाक़े में आलमपुर जाफराबाद गांव के रहने वाले लगभग 48 साल के संतोष शर्मा की शुक्रवार को एक निजी अस्पताल में मौत हो गई. उनके छोटे भाई कृष्ण कुमार शर्मा ने मीडिया से कहा, "मेरे भाई बुधवार रात को खेत से वापस लौट रहे थे, सामने से जुआरी और पुलिस वाले आ रहे थे, उन्हें नहीं मालूम था कि वे किस लिए आ रहे हैं.पुलिसवालों ने मेरे भाई को रोक लिया और उन पर जुआ खेलने का आरोप लगाया."

    उन्होंने बताय, "पुलिसकर्मी मेरे भाई को 20-25 मीटर तक खींचते रहे, उन्हें लातों-घूसों और राइफल की बटों से मारा. हम इंसाफ के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास तक जाएंगे, हमारा भाई जुआरी नहीं था, वह सिर्फ खेत से वापस लौट रहा था."

    सात पुलिसकर्मी पर कार्रवाई

    इस मामले में शनिवार को जिन सात पुलिसकर्मियों के ख़िलाफ हत्या में रिपोर्ट दर्ज हुई है, उन सभी पुलिसकर्मियों को शुक्रवार को सस्पेंड कर दिया गया था.

    उन पर आरोप था कि वे सभी पुलिस के उच्च अधिकारियों को सूचित किए बिना जुआ खेलने वालों के ख़िलाफ छापामार कार्रवाई करने गए थे.

    इस बारे में एएसपी ग्रामीण मुकेश चंद्र मिश्रा ने मीडिया से कहा, "8 नवंबर रात नौ बजे थाना भमोरा इलाके में चौकी सरदार नगर की पुलिस टीम जुआ की सूचना पर जुआ पकड़ने गई थी. इस घटनाक्रम में एक व्यक्ति घायल हुआ जिसे उनके परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कर दिया था.''पुलिस अधिकारी ने बताया, ''इस सूचना को पुलिसकर्मियों द्वारा थाने से और उच्च अधिकारियों से छिपाया गया जिसमें प्रथम दृश्यता दोषी पाए जाने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय ने इन सात पुलिसकर्मियों को निलंबित किया."

    चार भाइयों में सबसे बड़े थे संतोष

    मृतक संतोष कुमार शर्मा चार भाइयों में सबसे बड़े थे. उनके परिवार में दो बेटे, एक बेटी और पत्नी बचे हैं.सभी का रो-रोकर बुरा हाल है.

  2. इसराइल-हमास युद्ध में शनिवार को क्या क्या हुआ?

    इसराइल और हमास के बीच युद्ध के शनिवार को 35 दिन हो गए हैं. इसराइल की सेना ने बताया है कि पूरी ग़ज़ा पट्टी में हमास के ख़िलाफ़ लड़ाई जारी है. इस बीच ग़ज़ा के सबसे बड़े अस्पताल अल शिफ़ा के आईसीयू पर हमले में नुक़सान होने की ख़बर है.

    • ग़जा के सबसे बड़े अस्पताल अल शिफ़ा के एक सर्जन डॉक्टर मरवान अबू सादाने बीबीसी को बताया कि अस्पताल के आईसीयू को निशाना बनाया गया है. इससे आईसीयू को नुक़सान हुआ है.
    • उन्होंने बताया कि वेंटिलेटर पर रखे गए दो मरीज़ों की मौत हो गई. इनमें से एक बच्चा था.
    • अल शिफ़ा के डॉक्टर अबू सादान ने बताया कि अस्पताल में ईंधन, खाने का सामान और पानी खत्म हो चुका है. उन्होंने बताया कि अस्पताल के चारों ओर गोलीबारी और बमबारी जारी है.
    • अस्पताल को कितना नुक़सान हुआ है, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. हमास ने कल (शुक्रवार को) आरोप लगाया था कि इसराइल ने कथित तौर पर अस्पताल पर हमला किया था. लेकिन इसराइल ने कहा कि उसने अस्पताल पर हमला नहीं किया.
    • इसराइल ने कहा था कि ‘आंतकी संगठन की ओर से दागे गए हथियार मिसफायर होकर वहां जा गिरे.’
    • अल शिफ़ा पर हमले को लेकर शनिवार (आज) को किए गए दावे के बारे में बीबीसी के सवाल पर इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने बताया कि वो अभी जारी ‘ख़ास सैन्य अभियान की पुष्टि नहीं’ कर सकते हैं लेकिन उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि जिस ‘इलाके के बारे में बात की जा रही है वहां हमास के ख़िलाफ़ भीषण लड़ाई जारी है.’
    • देर शाम फ़लस्तीनी रेड क्रेसेंट के प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि इसराइल के टैंक अल कुद्स अस्पताल की ओर बढ़ रहे हैं और कुछ मीटर के फ़ासले पर ही हैं.

    दुनिया के बाकी हिस्सों में ग़ज़ा को लेकर क्या हो रहा है?

    • सऊदी अरब के रियाद में अरब और मुसलमान देशों के नेताओं का सम्मेलन हो रहा है. इसे आपतकालीन सम्मेलन कहा जा रहा है.
    • सऊदी अरब के रियाद में आपातकालीन सम्मेलन के लिए जुटे अरब जगत और मुसलमान देशों के नेताओं ने ग़ज़ा में जारी युद्ध के तुरंत और स्थायी संघर्ष विराम की मांग की है.
    • लंदन में एक मार्च बुलाया गया है. इसके जरिए ग़ज़ा में संघर्ष विराम की अपील की जा रही है. इसमें बड़ी संख्या में लोग हिस्सा ले रहे हैं.
  3. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप का अपना अंतिम लीग मैच इंग्लैंड से 93 रनों से हारी

    पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप 2023 का अपना अंतिम मुक़ाबला इंग्लैंड के हाथों 93 रनों से हार गई है.

    पाकिस्तान के सामने इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए 337 रनों का लक्ष्य रखा. पाकिस्तान के सामने इस मैच को जीत कर सेमीफ़ाइनल में पहुंचने का असंभव लक्ष्य था. उसे यह स्कोर केवल 6.4 ओवर में बनाने थे.

    पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके विकेट लगातार अंतराल पर गिरते रहे.

    कप्तान बाबर आज़म ने सबसे अधिक 38 तो हारिस राउफ़ ने दूसरा सबसे बड़ा 35 रन स्कोर बनाया.

    पाकिस्तान की पूरी टीम 43.3 ओवरों में 244 रन बना कर आउट हो गई.

    इस जीत के साथ ही इंग्लैंड की टीम चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 के लिए क्वालिफ़ाई भी कर गई.

    चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2025 में आठ टीमें खेलेंगी. उस टूर्नामेंट में आयोजक पाकिस्तान समेत वर्ल्ड कप के पॉइंट टेबल की टॉप- 8 टीमें शामिल होंगी.

  4. कश्मीर की डल झील में लगी भीषण आग, हाउसबोट तबाह, तीन पर्यटकों की मौत

    कश्मीर की प्रसिद्ध डल झील में शनिवार को एक हाउसबोट में आग लग गई जिसमें तीन पर्यटकों की जल कर मौत हो गई है.

    जम्मू-कश्मीर के पुलिस प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि हाउसबोट के मलबे से तीन पर्यटकों के शव बरामद किए गए हैं.

    उन्होंने बताया, "जिन पर्यटकों की मौत हुई है उनके नाम अनिंदया कौशल, मोहम्मद मोइनुद और कोई दास गुप्ता हैं, ये सभी बांग्लादेश के हैं. ये सभी हाउसबोट शफ़ीना में रह रहे थे जो आग लगने से पूरी तरह ध्वस्त हो गया है."

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों की डीएनए जांच की जाएगी ताकि उनकी शिनाख़्त हो सके. साथ ही उन्होंने बताया कि हाउसबोट संचालक के रिकॉर्ड के मुताबिक मृतकों में एक महिला भी थीं.

    उन्होंने बताया कि आग ने पांच हाउसबोट को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने के कारण तुरंत पता नहीं चल पाया है.

    हालांकि उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि किसी हीटिंग उपकरण में ख़राबी के चलते सुबह क़रीब 5.15 बजे एक हाउसबोट में आग लगी जो बाद में पास के पांच हाउसबोट तक फ़ैल गई.

    पुलिस ने साथ ही जानकारी दी कि इस मामले की रिपोर्ट आरएम बाग पुलिस थाने में दर्ज की गई है और इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है.

    हाउसबोट में आग लगने की सूचना मिलने के साथ ही फ़ायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंचे और श्रीनगर पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, पर्यटक पुलिस, फ़ायर और इमरजेंसी सर्विस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आठ लोगों को इस अग्निकांड से बचा लिया गया है.

    जम्मू कश्मीर के लेफ़्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने इस घटना पर दुख और मृतकों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है.

    उन्होंने कहा, "श्रीनगर के डल झील में लगी दुर्भाग्यपूर्ण आग की घटना के कारण जानमाल के नुकसान से मुझे गहरा दुख हुआ है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है. मैंने प्रभावितों को ज़िला प्रशासन को सभी आवश्यक सहायता देने का निर्देश दिया है."

  5. हिज़्बुल्लाह के नेता नसरल्लाह ने कहा- "अमेरिका ही रोक सकता है ग़ज़ा में युद्ध"

    हिज़्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह ने इसराइल-हमास युद्ध को लेकर दूसरा भाषण दिया है.

    ये भाषण 11 नवंबर को दिया गया है जिस दिन हिज़्बुल्लाह ‘शहीद दिवस’ भी मनाता है.

    इसराइल-हमास युद्ध के बीच हिज़बुल्लाह की तरफ़ से इसराइल पर लगातार हमले हो रहे हैं और लेबनान-इसराइल सीमा पर तनाव बढ़ा हुआ है.

    शुक्रवार को हिज़्बुल्लाह समर्थित मीडिया में दावा किया गया था कि इसराइल के साथ ये ताज़ा संघर्ष शुरू होने के बाद से हिज़बुल्लाह ने कम से कम 120 इसराइली सैनिकों मारा है या घायल किया है. वहीं अब तक कम से कम 60 हिज़्बुल्लाह लड़ाके भी मारे जा चुके हैं.

    अपने ताज़ा भाषण में नसरल्लाह ने कहा है, "अमेरिका और ब्रिटेन’ ग़ज़ा में जारी युद्ध को नियंत्रित कर रहे हैं और यही देश संघर्ष विराम का विरोध कर रहे हैं." नसरल्लाह ने कहा है कि इस समय अमेरिका ही इस युद्ध को रोक सकता है.

    उन्होंने कहा कि, "इसराइल की सरकार में इस समय नेतन्याहू और गैलेंट जैसे लोग हैं जो सिर्फ़ अपना फ़ायदा चाहते हैं. युद्ध रोकने का सभी दबाव अमेरिका पर बनाया जाना चाहिए."

    नसरल्लाह ने कहा है कि अभी सबसे अहम ये है कि इसराइल, जो हज़ारों बच्चों और औरतों को मार रहा है, को लेकर दुनिया के विचार बदल रहे हैं.

    वे बोले, "ये घटनाक्रम इसराइल का विरोध कर रहे रेज़िस्टेंस और ग़ज़ा के लोगों के समर्थन में है."

    उन्होंने कहा कि ग़ज़ा में जारी इसराइल की बर्बरता से फ़लस्तीनियों का संघर्ष और मज़बूत होगा.

    नसरल्लाह कहा कि ये धारणा बदल रही है कि इसराइली शांतिप्रिय लोग हैं. इसराइल के रिश्ते सामान्य करन के प्रयास धराशाई हो रहे हैं.

  6. इसराइल हमास युद्ध: जब भारतीय सैनिक यरूशलम में अल अक़्सा मस्जिद की हिफ़ाज़त करते थे

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, फ़लस्तीनी रेड क्रेसेंट: इसराइली टैंक अल क़ुद्स अस्पताल के पास पहुंचे

    फ़लस्तीनी रेड क्रेसेंट ने कहा है कि इसराइल के टैंक अल क़ुद्स अस्पताल से सिर्फ़ बीस मीटर दूर हैं.

    पीआरसीएस ने एक्स पर किए एक पोस्ट में बताया है कि अस्पताल पर सीधे गोलीबारी हो रही है. पीआरसीएस के मुताबिक़ इस समय कु़द्स अस्पताल में 14,000 विस्थापित लोग हैं.

    पीआरसीएस की प्रवक्ता नेबाल फारसाख ने बीबीसी से कहा है कि हालात बेहद मुश्किल हैं.

    प्रवक्ता ने दावा किया है कि इसराइली स्नाइपर अस्पताल को निशाना बनाकर गोलियां चला रहे हैं.

    उन्होंने दावा किया कि आईसीयू को निशाना बनाकर भी गोलियां चलाई गई हैं.

    नेबाल ने कहा, “अस्पताल में काम कर रहे हमारे सहयोगियों से हमारा संपर्क कट गया है. कितने लोग घायल हैं इसके बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है.

    वहीं ग़ज़ा के सबसे बड़े अल-शिफ़ा अस्पताल में हालात और भी मुश्किल हैं. डॉक्टरों का कहना है कि बिजली ना होने की वजह से मरीज़ों की मौत हो रही है, अगर तुरंत संघर्ष विराम लागू नहीं हुआ तो अस्पताल क़ब्रिस्तान में बदल जाएगा.

    इसराइल का दावा है कि अल-शिफ़ा अस्पताल हमास का मुख्य कमांड अड्डा है. हमास ने इन सभी आरोपों को ख़ारिज किया है.

    अल-क़ुद्स और अल-शिफ़ा अस्पताल उत्तरी ग़ज़ा में हैं जहां इसराइली सेना ज़मीनी अभियान चला रही है.

    इसराइल ने लोगों से दक्षिणी ग़ज़ा की तरफ़ जाने के लिए कहा है. लेकिन यहां काम कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि सभी के पास यहां से जाने का विकल्प नहीं है.

  8. ग़ज़ा में जारी युद्धः तस्वीरों में देखें सूरत-ए-हाल

    इसराइल-हमास युद्ध से मिल रही रिपोर्ट में ग़ज़ा के सबसे बड़े अस्पताल अल शिफ़ा से जुड़ी ख़बरें लगातार आ रही हैं.

    फ़लस्तीनी अधिकारियों के मुताबिक़ अल शिफ़ा अस्पताल में दर्जनों नवजातों की ज़िंदगी ख़तरे में है क्योंकि वहां ईंधन ख़त्म होने के बाद कामकाज लगभग ठप हो गया है.

    इसी अस्पताल से जुड़ी ख़बरों के बीच कुछ ऐसी भी तस्वीरें आई हैं जो ग़ज़ा पट्टी में आज का सूरत-ए-हाल बयां कर रही हैं.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, वर्ल्ड कपः पाकिस्तान सेमीफ़ाइनल की रेस से बाहर, न्यूज़ीलैंड को पीछे छोड़ने की थी चुनौती

    क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल की रेस से पाकिस्तान आधिकारिक रूप से बाहर हो गया है. अब न्यूज़ीलैंड सेमीफ़ाइनल में पहुंच गया है जहां भारत के साथ उसका मुक़ाबला 15 नवंबर को होगा.

    इंग्लैंड के 337 रनों के जवाब में पाकिस्तान को अपना यह अंतिम लीग मैच केवल 6.4 ओवरों में जीतने का नामुमकिन लक्ष्य मिला था.

    पाकिस्तान ने 6.4 ओवर तक दो विकेट पर केवल 30 रन बनाए हैं.

    इस स्कोर तक पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म और विकेटकीपर मोहम्मद रिज़वान पिच पर मौजूद हैं.

    इस मुक़ाबले को जीतने के लिए अब पाकिस्तान को 43.2 ओवरों में 7.10 के नेट रन रेट से 308 रन बनाने हैं.

    वहीं पॉइंट टेबल में पांचवा स्थान पाने के लिए पाकिस्तान को इस मैच में कम से कम 188 रन बनाने होंगे.

  10. ग़ज़ा पर मुसलमान देशों का सम्मेलन: ईरान के राष्ट्रपति बोले- ‘इसराइल अपराधी, अमेरिका उसका कमांडर’

    ग़ज़ा को लेकर सऊदी अरब के रियाद में अरब और मुसलमान देशों का 'आपातकालीन सम्मेलन' हो रहा है. इसमें ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी ने अमेरिका को कठघरे में खड़ा किया.

    रईसी ने आरोप लगाया कि ग़ज़ा में हो रहे अपराधों के लिए ‘अमेरिका ज़िम्मेदार है और वही इसका कमाडंर है’.

    उन्होंने कहा कि अमेरिका ने क्षेत्र में नौसैनिक बेड़े तैनात किए हैं और ऐसा करके वह ग़ज़ा के लोगों के ख़िलाफ़ हो रहे अपराधों में शामिल हो गया है.

    फ़लस्तीनी लोगों के प्रति समर्थन जाहिर करने के लिए रईसी सम्मेलन में काफ़िया पहनकर पहुंचे थे.

    उन्होंने कहा, “ग़ज़ा पर इसराइल का हमला इतिहास का सबसे बड़ा अपराध है.”

    ईरानी राष्ट्रपति इस्लामी देशों से अपील की कि वो इसराइल की तेल आपूर्ति रोक दें

    रईसी ने कहा, “इसराइल का विरोध करने के अलावा कोई रास्ता नहीं है, हम इसराइल के ख़िलाफ़ विरोध के लिए हमास के हाथों को चूमते हैं.”

    संघर्षविराम का आह्वान करते हुए रईसी ने कहा, “ग़ज़ा के ख़िलाफ़ हो रही अंधाधुंध बमबारी रुकनी चाहिए और ग़ज़ा की घेराबंदी तुरंत समाप्त होनी चाहिए.”

    इससे पहले तेहरान में रईसी ने कहा था कि अब इस संघर्ष को लेकर कुछ करने का वक़्त है, बोलने से कुछ नहीं होगा.

  11. ग़ज़ा पर मुसलमान देशों का सम्मेलन: क्या बोले सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और तुर्की के राष्ट्रपति

    सऊदी अरब के रियाद में आपातकालीन सम्मेलन के लिए जुटे अरब जगत और मुसलमान देशों के नेताओं ने ग़ज़ा में जारी युद्ध में तुरंत और स्थायी संघर्ष विराम की मांग की है.

    फ़लस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने अमेरिका से अपील की कि वो ‘ग़ज़ा पर इसराइल के आक्रामक अभियान पर रोक लगवाएं.’

    वहीं, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने इसराइल को आड़े हाथों लिया.

    क्राउन प्रिंस ने कहा, “इसराइल ने फ़लस्तीनी लोगों के ख़िलाफ़ अपराध किया है. इसराइल के ऊपर इसकी (वहां हुई तबाही की) ज़िम्मेदारी बनती है.”

    तुर्की के राष्ट्रपति का सुझाव

    सम्मेलन में हिस्सा ले रहे तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए सुझाव रखा.

    अर्दोआन ने कहा, “इसराइल और फ़लस्तीनियों के बीच स्थाई समाधान हासिल करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन बुलाया जाना चाहिए.”

    हमास ने बीती सात अक्टूबर को इसराइल पर हमला किया था. इसराइल के मुताबिक इस हमले में करीब 1400 लोगों की मौत हो गई और हमास के लड़ाके दो सौ से ज़्यादा लोगों को बंधक बनाकर ले गए.

    उसके बाद इसराइल ने ग़ज़ा में हमास पर हमले शुरु किए. हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इसराइल के हमले में अब तक 11 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. इनमें 4500 से ज़्यादा बच्चे हैं.

  12. वर्ल्ड कपः पाकिस्तान के लिए इंग्लैंड ने ऐसे बंद किया सेमीफ़ाइनल का दरवाज़ा, चूर हुई हर आस

    वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान के पहुंचने की संभावना पूरी तरह ख़त्म हो चुकी है.

    अपने अंतिम लीग मैच में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 337 रन का पहाड़ खड़ा कर दिया है.

    पाकिस्तान के सामने सेमीफ़ाइनल में पहुंचने के लिए इस आख़िरी लीग मैच से पहले ही बहुत मुश्किल लक्ष्य था.

    अब इंग्लैंड के इस स्कोर के बाद पाकिस्तान को लक्ष्य केवल 6.4 ओवर में पूरा करना होगा लेकिन यह असंभव है.

    क्योंकि अगर पाकिस्तान ने इन सभी गेंदों पर छक्के भी जड़े तो उसके केवल 240 रन हो सकते हैं. लिहाजा पाकिस्तान अब सेमीफ़ाइनल में नहीं पहुंचेगा.

    वहीं पॉइंट टेबल में नंबर- 5 पर बने रहने के लिए पाकिस्तान को इस मैच में कम से कम 188 रन बनाने होंगे.

    पाकिस्तान के सेमीफ़ाइनल में नहीं पहुंचने का मतलब ये भी है कि अब 15 नवंबर को वर्ल्ड कप का पहला सेमीफ़ाइनल भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेला जाएगा.

  13. सलमान ख़ान की टाइगर- 3 एडवांस बुकिंग में क्या पठान, जवान, केजीएफ़-2, ग़दर- 2 से मारेगी बाज़ी

    सलमान ख़ान की फ़िल्म टाइगर- 3 दिवाली के दिन यानी रविवार को रिलीज़ हो रही है. इससे पहले इसके एडवांस बुकिंग की ख़बरें चर्चा में है.

    टाइगर 3 की एडवांस बुकिंग रिलीज़ 5 नवंबर को शुरू हो गई थी. पहले दिन कुछ ही घंटों में हज़ारों टिकटें एडवांस बुक की गईं तो इसके बाद से हर रोज़ टाइगर 3 की एडवांस बुकिंग के नए आंकड़े सामने आ रहे हैं.

    यह फ़िल्म कल ही रिलीज़ हो रही है तो फ़िल्म समीक्षक तरण आदर्श ने ट्वीट कर इसके ओपनिंग डे और दूसरे दिन की एडवांस बुकिंग से जुड़े आंकड़े बताए हैं.

    उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, "रिलीज़ के पहले दिन पीवीआर आइनॉक्स में 1.76 लाख तो सिनेपोलिस में 41 हज़ार यानी कुल 2.17 लाख टिकटें बुक की जा चुकी हैं."

    वहीं उन्होंने एक अन्य ट्वीट में बताया, "रिलीज़ के दूसरे दिन पीवीआर आइनॉक्स में 75 हज़ार तो सिनेपोलिस में 16 हज़ार यानी कुल 90 हज़ार टिकटें ख़रीदी जा चुकी हैं."

    एडवांस बुकिंग में पठान, जवान, केजीएफ़-2, ग़दर- 2 कहां?

    टाइगर- 3 इसके साथ ही इस साल रिलीज़ होने वाली उन फ़िल्मों में शुमार हो गई है जिसकी एडवांस बुकिंग की ख़बरें चर्चा में है.

    इसी साल शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्में जवान और पठान भी बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रहीं और सनी देओल की ग़दर 2 ने भी बॉक्स ऑफ़िस पर 500 करोड़ से अधिक के कलेक्शन किए हैं.

    इन फ़िल्मों की एडवांस बुकिंग की ख़बरें भी लगातार ख़बरों में थीं. इन फ़िल्मों ने रिलीज़ से पहले ही अपना जलवा दिखाना शुरू कर दिया था जो बाद में करोड़ों की कमाई की.

    फ़िल्म पठान की 5.56 लाख टिकटें एडवांस बुक की गई थीं तो जवान के 5.57 लाख टिकटें ख़रीदी गई थीं

    वहीं केजीएफ़-2 के 5.15 लाख, ब्रह्मास्त्र की 3.60 लाख, आदिपुरुष के 2.85 लाख और गदर- 2 के दो लाख 74 हज़ार टिकट एडवांस बुक किए गए थे.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, जबालिया कैंप के इलाके में चार घंटे के लिए रुकी लड़ाई: इसराइली सेना

    इसराइल की सेना ने बताया है कि जबालिया रिफ्यूजी कैंप के इलाके में लड़ाई रुकी हुई है.

    सेना ने बताया है कि ये ‘रोक’ स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर दो बजे तक रहेगी ताकि यहां से आम लोग दक्षिण की ओर जा सकें.

    सेना ने बताया है कि यहां से निकलने वालों को सालाह अल दीन रोड का इस्तेमाल करते हुए दक्षिण की ओर जाना होगा.

    इसराइल की सेना ने इस बात की भी पुष्टि की है कि ग़ज़ा को ओर जाने वाली मुख्य सड़क को आज स्थानीय समय के मुताबिक शाम चार बजे तक खोला गया है ताकि लोग बाहर निकल सकें.

  15. ग़ज़ा का अल शिफ़ा अस्पताल: इसराइल की सेना और हमास के डिप्टी मिनिस्टर ने क्या बताया?

    इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) से ग़ज़ा के अल शिफ़ा अस्पताल के करीब की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी है.

    ऐसे दावे किए गए हैं कि अस्पताल के आईसीयू को निशाना बनाया गया है और जो आम नागरिक अस्पताल छोड़कर जा रहे थे, उन्हें गोलीमारी गई है.

    आईडीएफ़ ने कहा कि अभी जो गतिविधि चल रही हैं, उनमें से वो ख़ास घटनाओं की पुष्टि नहीं कर सकते हैं लेकिन जिस जगह के बारे में बात की जा रही है, वहां हमास के ख़िलाफ़ ज़ोरदार लड़ाई जारी है.

    आईडीएफ़ ने बताया, “पूरी ग़ज़ा पट्टी में हमास के ख़िलाफ़ लड़ाई जारी है. फिलहाल हमास के ख़िलाफ़ उत्तरी हिस्से में भीषण संघर्ष हो रहा है.”

    हमास के डिप्टी मिनिस्टर ने क्या बताया?

    इसके पहले हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के डिप्टी मिनिस्टर डॉक्टर यूसफ़ अबू अलरीश ने अल जज़ीरा को बताया कि वो अस्पताल के अंदर हैं. उन्होंने वहां जो कुछ चल रहा था, उसकी जानकारी दी.

    उन्होंने बताया कि बाहर भारी गोलीबारी की आवाज़ सुनाई दे रही है. उन्होंने कहा कि आशंका ये है कि अस्पताल के अंदर जो भी लोग हैं, वो गोलीबारी की चपेट में आ सकते हैं.

    उन्होंने दावा किया, “कुछ परिवारों ने अस्पताल छोड़कर जाने की कोशिश की. उन्हें निशाना बनाया गया. बाहर अब उनके मृत शरीर पड़े हैं”

    उन्होंने कहा,“परिसर में कोई आदमी कहीं आ जा नहीं सकता है. हर तरफ स्नाइपर तैनात हैं. ड्रोन लगाए गए हैं जो किसी भी चहलकदमी की स्थिति में गोली मारकर जान ले सकते हैं”

    उन्होंने कहा, “ये वही स्थिति है जिसके बारे में हम पूरी दुनिया को आगाह कर रहे थे.”

  16. ग़ज़ा का अल शिफ़ा अस्पताल: शुक्रवार को कैसा था हाल- देखें तस्वीरें

    हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने ग़ज़ा स्थित अल शिफ़ा अस्पताल पर हमले की जानकारी दी है.

    ये ग़ज़ा का सबसे बड़ा अस्पताल है और हालिया दिनों में यहां बड़ी संख्या में मरीज़ दाखिल रहे हैं.

    ये तस्वीरें शुक्रवार की हैं. इनके जरिए जानकारी मिलती है कि अस्पताल के अंदर किस तरह की स्थिति रही है.

    शुक्रवार को अस्पताल के सभी बेड भरे हुए थे. अपना घर छोड़ने वाले फ़लस्तीनियों ने अस्पताल परिसर में शरण ली हुई है.

    देखें तस्वीरें

  17. सलमान ख़ान बोले- 'टाइगर-3' दिवाली का तोहफ़ा, फैन्स से की ये गुजारिश

    बॉलीवुड स्टार सलमान ख़ान की फ़िल्म टाइगर- 3 रविवार यानी दिवाली के दिन रिलीज़ हो रही है.

    टाइगर- 3 के रिलीज़ से ठीक पहले सलमान ख़ान, कैटरीना कैफ़ और इमरान हाशमी ने अपने प्रशंसकों से फ़िल्म देखने के बाद ऐसे किसी भी पोस्ट से बचने की सलाह दी है जो सिनेमाघरों में जाकर फ़िल्म देखने के बाद उसके अहम सीन को उजागर कर देते हैं.

    उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि वो फ़िल्म देखने के बाद इसके क्लाइमेक्स या वैसे सीन को सोशल मीडिया पर साझा न करें जिससे अन्य फ़िल्म देखने वालों की दिलचस्पी उसमें ख़त्म हो जाए.

    सलमान ख़ान ने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर लिखा, “हमने बहुत उत्साह के साथ टाइगर- 3 बनाई है और हमें आप पर भरोसा है कि आप फ़िल्म देखने के बाद इसके स्पॉयलर्स को सुरक्षित रखेंगे. स्पॉयलर्स फ़िल्म देखने के अनुभव को ख़राब कर देते हैं. हम आप पर भरोसा करते हैं कि आप जो सही होगा वही करेंगे. हमें उम्मीद है कि टाइगर-3 आपके लिए हमारी तरफ़ से एक अच्छा दिवाली गिफ़्ट होगा.”

    फ़िल्म में अभिनेत्री कैटरीना कैफ़ ने भी सोशल मीडिया हैंडल पर यही अपील दोहराई.

    कैटरीना ने लिखा, “फ़िल्म की कहानी में कुछ हैरान करने वाले मोड़ उसे देखने के अनुभव को और बेहतर बनाते हैं. इससे, हम आपसे यह गुजारिश करते हैं कि इसके अहम सीन को आप प्रकट न करें. आपके हाथों में हमारी मेहनत से किया गया काम है लिहाजा यह लोगों को बढ़िया मनोरंजन दे सकती है. धन्यवाद और दिवाली की शुभकामनाएं.”

    वहीं इमरान हाशमी ने ट्वीट किया, "टाइगर- 3 के जैसी फ़िल्म में अनगिनत रहस्य हैं और हम आप पर भरोसा करते हैं कि आप उन्हें सुरक्षित रखेंगे. कृपया किसी अहम सीन को सार्वजनिक न करें क्योंकि ऐसा करने से सिनेमाघरों में आकर यह फ़िल्म देखने वालों के अनुभव ख़राब हो जाएंगे."

    सलमान ख़ान ने अपने ट्वीट में यह भी जानकारी दी कि टाइगर- 3 दिवाली के दिन हिंदी समेत दो दक्षिण भारतीय भाषा तमिल और तेलुगु में भी रिलीज़ होगी.

  18. रोहित शर्मा पर निसार टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़, बोले- वो वाकई...

    टीम इंडिया के कोच राहुल द्रविड़ ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की है.

    वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा बल्ले से रंग जमा रहे हैं तो कप्तानी में भी कमाल कर रहे हैं. भारतीय टीम वर्ल्ड कप में लगातार आठ मैच जीतकर प्वाइंट टेबल में पहले पायदान पर है.

    टीम इंडिया कल नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ अपना आखिरी लीग मैच खेलेगी.

    टीम के दमदार प्रदर्शन का श्रेय कप्तान रोहित शर्मा को देते हुए कोच राहुल द्रविड़ ने कहा, “रोहित शर्मा यकीनन एक लीडर हैं. उन्होंने मैदान और मैदान के बाहर उदाहरण पेश करते हुए टीम की अगुवाई की है.”

    रोहित शर्मा की बल्लेबाज़ी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा, “कुछ मैच में हमारे लिए स्थिति मुश्किल हो सकती थी लेकिन उन्होंने जिस तरह की शुरुआत दिलाई, उसने मैच को खोलकर रख दिया.”

    उन्होंने कहा कि रोहित ने जिस अंदाज़ में ये किया है, वो देखना शानदार है.

    रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप के आठ मैचों में 443 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक रेट 122 का है.

    राहुल द्रविड़ ने कहा, “मुझे लगता है कि उनकी कप्तानी शानदार रही है. वो ऐसे शख्स हैं जिनका खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ सम्मान करता है.”

  19. ग़ज़ा: अल शिफ़ा अस्पताल के सर्जन ने बताया, हमले में आईसीयू पर साधा गया निशाना

    ग़जा में अल शिफ़ा अस्पताल के एक सर्जन ने वहां के ताज़ा हालात की जानकारी दी है.

    बीबीसी के इंटरनेशनल एडिटर जेरेमी बोवेन को अल शिफ़ा अस्पताल के सर्जन डॉक्टर मरवान अबू सादा ने एक वॉइस मैसेज भेजा है.

    जेरेमी बोवेन अभी इसराइल में हैं.

    सादा ने उन्हें बताया है कि अस्पताल के मुख्य आईसीयू को निशाना बनाया गया है और हर सेकेंड गोलीबारी और बमबारी की आवाज़ सुनाई दे रही है.

    उन्होंने बताया कि कोई भी अस्पताल के बाहर नहीं जा सकता है और न ही कोई बाहर से अंदर आ सकता है.

    उन्होंने बताया है कि वेंटिलेटर पर रखे गए दो मरीज़ों की मौत हो गई है. इनमें से एक बच्चा था.

    इसके पहले समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से बच्चे की मौत होने की जानकारी दी थी.

  20. राजस्थानः रेप के आरोप में सब-इंस्पेक्टर गिरफ़्तार, दौसा की घटना पर राजनीति तेज़

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान पुलिस ने अपने सब-इंस्पेक्टर को एक नाबालिग बच्ची के रेप के आरोप में गिरफ़्तार किया है.

    सब-इंस्टेक्टर भूपेंद्र सिंह को शुक्रवार को गिरफ़्तार किया गया है. वे दौसा ज़िला में पोस्टेड थे.

    दौसा ज़िला पुलिस अधीक्षक (एसपी) वंदिता राणा ने बीबीसी हिंदी को फ़ोन पर बताया, "घटना शुक्रवार सुबह की है. पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर राहुवास थाने में पॉक्सो के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई है."

    उन्होंने बताया, "एफ़आईआर के बाद सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया. मेडिकल बोर्ड से नाबालिग का मेडिकल करवाया गया है."

    घटना से गुस्साए स्थानीय ग्रामीणों ने सब-इंस्पेक्टर की जमकर पिटाई कर दी. पुलिस ने भीड़ से सब-इंस्पेक्टर को निकालते हुए उसे गिरफ़्तार किया.

    चुनावी माहौल में इस घटना पर सियासत तेज़

    राजस्थान में इसी महीने विधानसभा चुनाव हो रहे हैं और राज्य में फिलहाल चुनावी माहौल अपने चरम पर है. ऐसे में इस घटना ने सियासी रंग भी लेना शुरू कर दिया है.

    घटना की खबर मिलने पर बीजेपी नेता किरोड़ी लाल मीणा बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे.

    उन्होंने पीड़ित परिवार को पचास लाख रुपये दिए जाने की मांग की है.

    पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस घटना पर राजस्थान सरकार को घेरे में लिया.

    उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, "बीते पांच वर्षों में कांग्रेस ने राजस्थान को जो कुशासन दिया है, उसी का नतीजा है कि बेटियों से दरिंदगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है. दौसा में चार वर्ष की मासूम के साथ दुष्कर्म की वारदात ने राजस्थान को एक बार फिर शर्मसार किया है. इस बेटी की चीखें तब तक प्रदेशवासियों के कानों में गूंजती रहेगी, जब तक कि अपराधियों को सजा नहीं मिल जाए. जब तक इस निष्क्रिय सरकार की विदाई नहीं हो जाती."

    वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने इस घटना पर राज्य की कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा, "नारी सुरक्षा करने में कांग्रेस सरकार पूर्ण रूप से नाकाम रही. दौसा की घटना ने नारी मर्यादा को तार-तार कर दिया. जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो सुरक्षा की उम्मीद भी किस से की जाए."

    सीपी जोशी ने कहा, पिछले पांच वर्षों में इस तरह की घटनाएं इसलिए बढ़ी हैं क्योंकि जब शासन और प्रशासन के लोग इन घटनाओं की अनदेखी करते हैं और कहते हैं कि यह मर्दों का प्रदेश है."