You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हमास का दावा- इसराइल की हवाई बमबारी में अब तक करीब 50 बंधकों की मौत

चरमपंथी संगठन हमास ने कहा है कि इसराइल की बमबारी में अब तक 50 बंधक मारे गए हैं. ग़ज़ा में मरने वालों की संख्या 7,000 के पार.

लाइव कवरेज

  1. हमास का दावा- इसराइल की हवाई बमबारी में अब तक करीब 50 बंधकों की मौत

    चरमपंथी संगठन हमास ने कहा है कि इसराइल की बमबारी में अब तक 50 बंधक मारे गए हैं. हमास के मिलिट्री विंग के एक प्रवक्ता ने ये जानकारी दी है.

    सात अक्टूबर को हमास ने इसराइल पर हमला कर दिया था और सैंकड़ों लोगों की हत्या के बाद कई लोगों को बंधक बनाकर वे ग़ज़ा ले आए थे.

    इसराइल की सेना की ताज़ा जानकारी के अनुसार, हमास ने 224 लोगों को बंधक बनाया हुआ है. हमास के मिलिट्री विंग के प्रवक्ता अबू ओबेदा ने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी है.

    बीबीसी स्वतंत्र रूप से अभी इस संख्या या इस बारे में दी गई जानकारी की पुष्टि नहीं कर सकता है.

    पिछले 24 घंटों का अपडेट

    ग़ज़ा में हताहत बढ़ेः ग़ज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि सात अक्टूबर से अब तक मरने वालों की संख्या 7,000 से अधिक हो चुकी है, जिनमें 2,900 बच्चे शामिल हैं.

    इसराइल पर 7 अक्टूबर को हमास के हमले में 1400 लोग मारे गए थे.

    ग़ज़ा में घुसे इसराइली टैंकः इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ यानी आईडीएफ़ ने बीती रात उत्तरी ग़ज़ा में टैंक का इस्तेमाल करके ‘टारगेटेड छापेमारी’ की है. आईडीएफ़ के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने मीडिया को बताया कि इस मिशन में 'कई घंटे' लगे और आईडीएफ का एक भी सैनिक घायल नहीं हुआ.

    ग़ज़ा में कोई जगह सुरक्षित नहींः फ़लस्तीनियों के लिए संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता की कॉर्डिनेटर लिन हेस्टिंग ने कहा है कि ग़ज़ा में लोग अपनी जगह छोड़ कर सुरक्षित जगहों पर नहीं जा सकते क्योंकि कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है. इसराइल लोगों से ग़ज़ा शहर छोड़कर बाहर निकलने के लिए कह रहा है जिसके जवाब में लिन हेस्टिंग ने ये कहा.

    तुर्की ने की पश्चिम की आलोचनाः तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने पश्चिम की तीखी आलोचना की है. उन्होंने कहा, "क्या हुआ मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा का? वे (पश्चिमी देश) इस पर तब तक बात नहीं करेंगे जब तक उनका मकसद पूरा नहीं होता हो. ऐसा क्यों? क्योंकि जो खून बहाया जा रहा है वो मुसलमानों का है."

    रफ़ाह क्रॉसिंग से पार हुए 12 ट्रकः मिस्र से रफाह क्रॉसिंग के जरिए गुरुवार को ग़जा में 12 ट्रक मानवीय सहायता लेकर दाखिल हुए हैं. इन ट्रकों में ईंधन को छोड़कर पानी, भोजन और मेडिकल का सामान शामिल है.

    ओआईसी की गुरुवार को बैठकः इस्लामिक देशों के संगठन ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटरेस के ख़िलाफ़ दिए गए इसराइल के बयान की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक ब्लैकमेल करार दिया है.

    बाइडन को ग़ज़ा के मरने वालों के आंकड़ों पर भरोसा नहींः बुधवार को उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा- “मुझे नहीं लगता कि फ़लस्तीनी हमले में जितने लोग मारे गए हैं उसे लेकर सच बोल रहे हैं. इसराइलियों को सावधान रहते हुए ये सुनिश्चित करना चाहिए कि जिन लोगों ने ये युद्ध शुरू किया है उन्हें ही निशाना बनाया जाए. अगर ऐसा नहीं होता है तो ये इसराइलियों के हित के खिलाफ़ होगा. लेकिन फ़लस्तीनी जो आंकड़े बता रहे हैं मुझे उन पर कोई भरोस नहीं है.”

    ग़ज़ा में 11 दिनों के अंतर की तस्वीरः इन तस्वीरों को देखकर नुकसान का अंदाज़ा लगाया जा सकता है. ऊपर दी गई तस्वीरें ग़ज़ा के उत्तरी इलाके बेत हनान की हैं. पहली तस्वीर 10 अक्टूबर की है. 11 दिन बाद उसी इलाके की दूसरी तस्वीर ली गई, जो दिखाती है कि कैसे इलाके में इमारतें ध्वस्त पड़ी हैं और तबाही का स्तर कितना बड़ा है.

  2. चीन में पुलिस 1000 बिल्लियों को बचाया, मीट के अवैध कारोबार का भंडाफोड़

    चीन की पुलिस ने 1000 बिल्लियों को काटे जाने से बचाया है. पकड़े जाने के बाद पता चला कि इनका मांस पोर्क या मटन के रूप में बेचा जाता था.

    सिंगापुर में बीबीसी संवाददाता निकोलस योंग के अनुसार, पशु कल्याण कार्यकर्ताओं की ओर से मिली सूचना पर पुलिस ने एक ट्रक को रोका जो पूर्वी शहर झागजियागांग में इन बिल्लियों को ले जा रहा था.

    सरकारी मीडिया में शुक्रवार को छपी ख़बर के मुताबिक, ट्रक से बिल्लियां बरामद होने के बाद बिल्लियों के मांस वाले अवैध कारोबार के बारे में पता चला. इसके बाद फ़ूड सेफ़्टी को लेकर चिंता और बढ़ गई है.

    एक एक्टिविस्ट ने कहा कि प्रति कैटी (600 ग्राम) मांस का दाम 0.61 डॉलर होता है और एक बिल्ली में चार से पांच कैटी मांस होता है.

    ये अभी नहीं पता चल पाया है कि बचाई गईं बिल्लियां पालतू हैं या घुमंतू. एक्टिविस्टों ने बताया कि कैटी को पोर्क या मटन के रूप में परोसा जाता है.

    अगल में कुछ एक्टिविस्टों देखा कि बड़ी संख्या में बिल्लियों को लकड़ के बक्सों में एक कब्रिस्तान में रखा गया था, वहां छह दिन तक निगरानी करने के बाद जब 12 अक्टूबर को एक ट्रक पर उन्हें लादा जा रहा था, उन्होंने पुलिस को सूचना दी.

  3. असम सरकार का आदेश- दूसरी शादी के लिए सरकारी कर्मचारियों को लेनी होगी सरकारी अनुमति

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    असम सरकार का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी राज्य सरकार की पूर्व सहमति के बिना अब दूसरी शादी नहीं कर सकता. असम सरकार ने गुरुवार को इस संदर्भ में एक आदेश जारी किया है.

    एक जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार के प्रधान सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नीरज वर्मा ने यह आदेश जारी किया है.

    इस आदेश के अनुसार, जो भी कर्मचारी सरकार के बनाए गए इन नियमों की अवहेलना करेगा और दूसरी शादी करेगा तो उसे भारी ज़ुर्माना देना होगा. इसके साथ ही अभियुक्त को विभागीय जांच का भी सामना करना पड़ सकता है.

    इतना ही नहीं, ज़रूरत पड़ने पर दोषी कर्मचारी पर सेवानिवृत्ति नियम भी लागू हो सकता है, ऐसा आदेश में कहा गया है. इसके अलावा आदेश में कहा गया है कि कोई भी सरकारी कर्मचारी जिसकी पत्नी जीवित है, वो सरकार की अनुमति प्राप्त किए बिना दूसरी शादी नहीं करेगा.

    दरअसल जब से हिमंत बिस्वा सरमा राज्य के मुख्यमंत्री बने है वो बाल विवाह के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई करने से लेकर बहुविवाह को रोकने के लिए कई तरह के कदम उठा रहे हैं.

    असम विधानसभा में कांग्रेस पार्टी के विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया राज्य सरकार के इस कदम को अनावश्यक और जल्दबाजी में उठाया गया कदम बताते हैं.

    वह कहते हैं, "शादी को लेकर जो कानूनी प्रावधान है वो सबके लिए है. ये नियम केवल सरकारी कर्मचारी के लिए नहीं हो सकते. अगर हिंदुओं में दूसरी शादी की मनाही है तो इसका मतलब वो सभी हिंदुओं के लिए है. वहीं आदिवासी लोगों में शादी के लिए प्रथागत कानून है तो उसका पालन वैसे ही होगा. अगर सरकार जनसंख्या नियंत्रण करने के लिए ऐसा कोई कदम उठा रही है तो उसके लिए एक व्यवस्थित प्रक्रिया के जरिए आगे बढ़ना पड़ेगा."

  4. श्रीलंका ने इंग्लैंड को 8 विकेट से हराया

    बेंगलुरु में बृहस्पतिवार को श्रीलंका ने इंग्लैंड को 8 विकेट के बड़े अंतर से हरा दिया.

    श्रीलंकाई टीम ने 25.4 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 146 गेंद रहते 160 रन बनाए.

    सर्वाधिक 77 रन पथुम निसंका ने बनाया और सदीरा समरविक्रमा ने 65 रन बनाए.

    इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया था. लेकिन इंग्लैंड की टीम 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 33.2 ओवर में 156 रन पर ही ऑल आउट हो गई.

    पॉवर प्ले के छह ओवरों में टीम ने 44 रन बना लिए थे लेकिन इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाज़ हावी हो गए और अगले 26 ओवरों में 111 रनों पर सभी दस विकेट गिर गए.

    टीम के लिए सबसे ज़्यादा 43 रन बेन स्टोक्स ने बनाए.

  5. छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार में दिए बयान के लिए असम के सीएम को चुनाव आयोग का नोटिस

    चुनाव आयोग ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को छत्तीसगढ़ विधानसभा में चुनाव प्रचार के दौरान दिए बयान के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है.

    कांग्रेस ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बारे में चुनाव आयोग से शिकायत की थी.

    कांग्रेस का आरोप है कि 'इन दोनों नेताओं ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किया है.'

    कांग्रेस पार्टी के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की थी और उन्हें छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के चुनाव प्रचार में आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में ज्ञापन सौंपा था.

    प्रतिनिधिमंडल में जयराम रमेश, पार्टी नेता सलमान खुर्शीद समेत कई नेता थे.

  6. तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन ने कहा- जब मुसलमानों का खून बहता है तो पश्चिमी देश ध्यान नहीं देते

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने ग़ज़ा पर इसराइल की बमबारी को लेकर पश्चिमी देशों की सरकारों के बयानों की निंदा की है.

    उन्होंने कहा, "पश्चिम के देश इसलिए कदम नहीं उठा रहे हैं क्योंकि यहां मुसलमानों का खून बह रहा है."

    अर्दोआन ने कहा, "क्या हुआ मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा का? वे (पश्चिमी देश) इस पर तब तक बात नहीं करेंगे जब तक उनका मकसद पूरा नहीं होता हो. ऐसा क्यों? क्योंकि जो खून बहाया जा रहा है वो मुसलमानों का है."

    बुधवार को अर्दोआन ने इसराइल की अपनी यात्रा रद्द कर दी और कहा कि उन्हें दुख है कि पिछले महीने उन्होंने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से हाथ मिलाया था.

    बुधवार को एक टीवी संबोधन में भी अर्दोआन इसराइल पर जमकर बरसे थे. अर्दोआन ने फ़लस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास का भी बचाव किया था और उसे 'लिबरेशन ग्रुप' यानी आज़ादी के लिए लड़ने वाला संगठन कहा था.

    अर्दोआन के इस हालिया रुख़ से उनकी सरकार और नेटो सदस्य देशों के बीच तनाव बढ़ सकता है क्योंकि वो नेटो का सदस्य देश है.

    अर्दोआन बुधवार को तुर्की की संसद में अपनी जस्टिस एंड डिवेलपमेंट पार्टी के सांसदों को संबोधित कर रहे थे.

    तुर्की के राष्ट्रपति ने कहा कि 'इसराइल जानबूझकर ग़ज़ा में आम नागरिकों पर हमला कर रहा है और बड़ी संख्या में बच्चों, महिलाओं के साथ बुज़ुर्गों को मार रहा है.'

    गुरुवार को फ़लस्तीनी स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अबतक ग़ज़ा में इसराइली हवाई हमले में मारे जाने वालों की संख्या 7,000 को पार कर चुकी है जिनमें 2,900 बच्चे हैं.

  7. श्रीनगर के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में दिखाई गई 30 फिल्में

    श्रीनगर में दो दिनों तक चले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में 17 देशों की 30 फिल्में दिखाई गईं.

    इस फिल्म फेस्टिवल का मकसद कश्मीर में सिनेमा को फिर से जिंदा करना है. एक समय था जब कश्मीर फिल्म मेकर्स के लिए पसंदीदा जगह था.

    इस साल सरकार ने 200 से ज्यादा फिल्म निर्मताओं को शूटिंग करने की इजाजत दी है.

    फिल्म फेस्टिवल के पहले दिन यानी 25 अक्टूबर को बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता देव आनंद को विशेष श्रद्धांजलि दी गई.

    निर्देशक बी सुभाष ने भी फिल्म फेस्टिवल में हिस्सा लिया और कहा कि कश्मीर, हमेशा से फिल्म निर्मताओं के लिए पसंदीदा जगह है.

    फेस्टिवल में अनिल कुमार को ड्रग्स के खिलाफ कश्मीर की लड़ाई दिखाने वाली डॉक्यूमेंट्री बनाने के लिए बेस्ट डायरेक्टर के अवार्ड से नवाजा गया.

  8. दिनभर: ग़ज़ा में रात के अंधेरे में घुसे इसराइली टैंक

    ग़ज़ा में दाख़िल हुए इसराइली टैंक. 26 अक्टूबर. मोहन लाल शर्मा, सुमिरन प्रीत कौर - दिनभर

  9. इसराइल ने की थी यूएन के महासचिव की निंदा, अब ओआईसी का आया ये बयान

    इस्लामिक देशों के संगठन ओआईसी ने संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटरेस के ख़िलाफ़ दिए गए इसराइल के बयान की निंदा करते हुए इसे राजनीतिक ब्लैकमेल करार दिया है.

    ओआईसी ने एक बयान में कहा है कि उनका मानना है कि सुरक्षा परिषद में महासचिव का बयान अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत तय किए गए उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारी के अनुसार था.

    बयान में ओआईसी ने कहा कि फ़लस्तीनी लोगों के ख़िलाफ़ इसराइल की कब्जे की नीति की वजह से जो युद्ध अपराध हो रहे हैं, उसे रोकने के लिए संयुक्त राष्ट्रीय की एजेंसियां जिस तरह की भूमिका निभा रही हैं इसके लिए उनके मन में महासचिव के प्रति सम्मान की भावना है.

    संयुक्त राष्ट्र के सुरक्षा परिषद के सत्र में बोलते हुए उन्होंने सात अक्टूबर को इसराइल पर हमास के हमले की निंदा की लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चरमपंथी संगठन हमास ने जो किया वो ‘आचनक उठाया गया क़दम’ नहीं था, उसका भी एक संदर्भ है.

    उन्होंने कहा, “नागरिकों को मारना, बंधक बनाना ग़लत है. लेकिन इसके साथ ही आम लोगों के घरों को और उन्हें निशाना बना कर रॉकेट लॉन्च करने को भी किसी भी तरह उचित नहीं ठहराया जा सकता.” “ये समझना ज़रूरी है कि हमास का हमला अचानक ही नहीं हो गया. फ़लस्तीनी बीते 56 साल से दम घुटा देने वाले कब्ज़े में रह रहे हैं.”

  10. कुपवाड़ा में तीन और चरमपंथियों की मौत, जारी है ऑपरेशन

      • Author, माजिद जहांगीर
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, श्रीनगर से

    जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच जारी ऑपरेशन में तीन और चरमपंथी मारे गए हैं.

    जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी, "कुपवाड़ा में लश्कर के तीन और आतंकवादी मारे गए हैं. (कुल पांच). पहचान की जा रही है. सर्च ऑपरेशन जारी है."

    भारतीय सेना के मुताबिक गुरुवार सुबह कुपवाड़ा के माछिल सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश हुई थी, जिसमें दो चरमपंथी मारे गए.

    जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजीपी दलबीर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "यह ऑपरेशन इस वक्त जारी है. पुलिस और सेना मिलकर काम कर रही है."

    पिछले पांच दिनों में घुसपैठ की यह दूसरी घटना है. इससे पहले 22 अक्टूबर को बारामूला के उरी सेक्टर में दो चरमपंथियों ने नियंत्रण रेखा को पार करने की कोशिश की थी.

  11. ग़जा में 12 ट्रक मानवीय सहायता लेकर रफ़ाह क्रॉसिंग से दाखिल हुए

    मिस्र से रफाह क्रॉसिंग के जरिए गुरुवार को ग़जा में 12 ट्रक मानवीय सहायता लेकर दाखिल हुए हैं.

    यह जानकारी अंतरराष्ट्रीय संस्था रेड क्रिसेंट की फ़िलिस्तीनी ब्रांच ने दी है.

    संस्था का कहना है कि इन ट्रकों में ईंधन को छोड़कर पानी, भोजन और मेडिकल का सामान शामिल है.

    ग़ज़ा के अस्पतालों को बड़ी पैमाने पर ईंधन की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि इसराइल ने मानवीय सहायता से ईंधन को बाहर कर दिया है.

    रेड क्रिसेंट का कहना है कि 21 अक्टूबर से ग़जा पट्टी में कुल 74 ट्रक सहायता लेकर पहुंचे हैं.

    इस हफ्ते की शुरुआत में यूएनआरडब्ल्यूए के निदेशक थॉमस व्हाइट ने बीबीसी को बताया कि संघर्ष शुरू होने से पहले 450 से ज्यादा ट्रक ग़ज़ा में जरूरत का सामान लेकर आते थे.

  12. रात के अंधेरे में ग़ज़ा में दाखिल हुए इसराइली टैंक, सेना ने कहा ऑपरेशन में 'कई घंटे' लगे

    इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ यानी आईडीएफ़ ने बीती रात उत्तरी ग़ज़ा में टैंक का इस्तेमाल करके ‘टारगेटेड छापेमारी’ की है.

    आईडीएफ़ के प्रवक्ता डेनियल हगारी ने मीडिया को बताया कि इस मिशन में 'कई घंटे' लगे और आईडीएफ का एक भी सैनिक घायल नहीं हुआ.

    उन्होंने कहा, "इस छापेमारी के जरिए हमने आतंकवादियों, विस्फ़ोटक पदार्थों का ख़ात्मा किया."

    बीबीसी के सुरक्षा संवाददाता फ्रैंक गार्डनर ने बताया कि कई सप्ताह से इसराइल की सेना ग़ज़ा की सीमा पर प्रतीक्षा कर रही है. हमास के हमले की वजह से इसराइल में प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और सुरक्षा एजेंसियों को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब भी कई ऐसी चीजें हैं जिसकी वजह से इसराइल की सेना जमीनी अभियान शुरू नहीं कर रही है.

    इसराइल के 200 से ज्यादा बंधक हमास के कब्जे में हैं और इनको छुड़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय कोशिशें हो रही हैं.

    वहीं, अमेरिका इसराइल-हमास में संघर्ष के बीच मिडिल ईस्ट में अपने सैन्य अड्डों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है और उसे ईरान से ड्रोन हमले का ख़तरा है. ऐसे में वो एयर डिफेंस सुनिश्चित करने के लिए इसराइल से और समय की मांग कर रहा है.

    अमेरिका ने इसराइल से कहा है कि इस अभियान की वजह से दोनों ही तरफ़ से बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की आशंका है.

  13. क्रिकेट वर्ल्ड कप: श्रीलंका के ख़िलाफ़ इंग्लैंड की टीम 156 रनों पर सिमटी

    बेंगलुरु में बृहस्पतिवार को इंग्लैंड और श्रीलंका की टीम आमने-सामने हैं. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया था.

    बल्लेबाज़ी के लिए उतरी इंग्लैंड की टीम 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 33.2 ओवर में 156 रन ही बना सकी.

    टीम के लिए सबसे ज़्यादा 43 रन बेन स्टोक्स ने बनाए.

  14. ममता ने भाजपा को बताया मोहम्मद बिन तुगलक, कहा-इतिहास बदल रही है केंद्र सरकार

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कथित राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में पूर्व खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के घर ईडी की तलाशी के मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला किया है.

    उन्होंने भाजपा सरकार की तुलना मुहम्मद बिन तुगलक से करते हुए कहा कि वह इतिहास बदलने का प्रयास कर रही है. ममता बृहस्पतिवार को अपने कालीघाट स्थित आवास के पास पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं.

    उन्होंने स्कूली पुस्तकों में इंडिया की जगह भारत लिखने के फैसले की भी आलोचना की. ममता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बदले की भावना से राजनीति करते हुए इतिहास बदलने का प्रयास कर रही है. अचानक हर जगह से इंडिया नाम को क्यों हटाया जा रहा है? इतना डर किस बात से है?

    ध्यान रहे कि एनसीईआरटी किताबों के अगले सेट में इंडिया का नाम बदलकर भारत कर दिया जाएगा. यह प्रस्ताव कुछ महीने पहले दिया गया था और अब इसे स्वीकार कर लिया गया है.

    ईडी के अभियान का जिक्र करते हुए ममता ने कहा कि मंत्री ज्योतिप्रिय का स्वास्थ्य खराब है और उनको मधुमेह की बीमारी है. अगर उनकी मौत हुई तो भाजपा और ईडी के खिलाफ एफआईआर दायर की जाएगी.

    उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव से पहले देशभर में विपक्षी दलों के नेताओं के खिलाफ ईडी की छापेमारी का गंदा खेल खेल रही है. ममता ने सवाल किया कि आखिर भाजपा के नेताओं के घरों की तलाशी क्यों नहीं ली जा रही है?

    मुख्यमंत्री ने ईडी की आलोचना करते हुए कहा कि सांसद अभिषेक बनर्जी से वर्ष 1981-82 के दस्तावेज मांगे जा रहे हैं. उस समय अभिषेक का जन्म भी नहीं हुआ था.

    उन्होंने यूनेस्को की हेरिटेज सूची में शामिल होने के बाद शांतिनिकेतन स्थित विश्व भारती विश्वविद्यालय में लगे शिलालेख से रवींद्रनाथ ठाकुर का नाम हटाने का जिक्र करते हुए इस मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी दी. उन्होंने विवि प्रबंधन को शिलालेख में बदलाव के लिए 24 घंटे का समय दिया है.

  15. एथिक्स कमेटी के सामने पेश हुए निशिकांत दुबे और वकील अनंत देहाद्राई

    महुआ मोइत्रा के ख़िलाफ़ लगे आरोपों के मामले में बृहस्पतिवार को वकील जय अनंत देहाद्राई और बीजेपी नेता निशिकांत दुबे लोकसभा की एथिक्स कमेटी के समक्ष पेश हुए और अपना बयान दर्ज कराया.

    जय अनंत देहाद्राई ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "मेरे से जो भी पूछा गया था, वो सच मैंने कमेटी के सामने पेश कर दिया. उसके अतिरिक्त मैं कुछ और नहीं कहना चाहूंगा. जितने भी सदस्य थे, वो सब मुझसे अच्छे से सवाल पूछ रहे थे, मुझ से जो भी पूछा गया, उसका मैंने जवाब दे दिया."

    बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया है कि महुआ मोइत्रा ने 'संसद में सवाल पूछने के बदले पैसे लिए.'

    उन्होंने आरोप लगाया था कि एक कारोबारी से तोहफे और पैसे लेकर मोइत्रा ने संसद में सवाल पूछे. संसद की एथिक्स कमेटी ने इस प्रकरण की जांच शुरू कर दी है.

    एथिक्स कमेटी के सामने पेश होने के बाद दुबे ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "वे सभी नॉर्मल सवाल थे...मैं वो सवाल शेयर नहीं कर सकता लेकिन मैं ये कह सकता हूं कि सभी सांसद चिंतित हैं. "

    वहीं, महुआ मोइत्रा के भाजपा पर प्रतिशोध की राजनीति करने के आरोप के बारे में उन्होंने कहा, "संसद के सम्मान का सवाल है और मुझ से ज़्यादा एथिक्स कमेटी चिंतित है."

    निशिकांत दुबे ने लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर शिकायत की थी कि मोइत्रा के ख़िलाफ़ ‘मज़बूत सबूत’ हैं. दुबे ने ये आरोप अधिवक्ता जय देहाद्राई के सुप्रीम कोर्ट में शिकायत देने के बाद लगाये हैं.

    जय अनंत देहाद्राई ने सीबीआई को भी शपथपत्र के रूप में शिकायत दी है. देहाद्राई के आरोप पर महुआ ने कहा था, "अनंत देहाद्राई एक जिल्टेड एक्स हैं, आपने देखा होगा कई बार इस तरह के लोग महिलाओं के चेहरे पर तेज़ाब तक फेंक देते हैं, उन्होंने जलन में मुझ पर ये हमला करने का ये नाकाम प्रयास किया है. मैं इससे और मजबूत होकर उभरूंगी."

  16. तस्वीरों में देखिए: ग़ज़ा में इसराइल के हवाई हमलों के बाद हर तरफ शोक

  17. राजस्थान में ईडी की कार्रवाई को सीएम ने बताया, 'गुंडागर्दी'

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान के पूर्व शिक्षा मंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटसरा से जुड़े ठिकानों पर ईडी की छापेमारी को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरकार की गुंडागर्दी बताया है.

    ईडी ने मुख्यमंत्री के बेटे वैभव गहलोत को भी समन भेजा है.

    अशोक गहलोत ने कहा, "जो हालात बनाए हुए हैं. इससे हम घबराने वाले नहीं हैं. इन लोगों को गलतफहमी है. अभी तो हम कल पांच और गारंटियां देने जा रहे हैं. वे तैयारी कर लें पांच नेताओं को चुनने की. कल गारंटियां देंगे, तो परसो किन नेताओं के यहां छापेमारी करेंगे ये वे तय कर लें."

    उन्होंने कहा, "अगर लोकतंत्र में ऐसी सरकार बैठी हुई है दिल्ली में, जो लोगों का दिल जीतने की बजाय अपने कार्यों से, अपने व्यवहार से, अपनी नीतियों से, सिद्धांतों से कानून की जगह गुंडागर्दी कर रही है. ये गुंडागर्दी है. ऊपर के दबाव के बिना ईडी, सीबीआई और न ही इनकम टैक्स वाले आ सकते हैं."

    जानकारी के मुताबिक यह छापेमारी राजस्थान परीक्षा पेपर लीक मामले में की जा रही है.

    मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत ने ईडी का समन मिलने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "समन आया है. 12-13 साल पहले भी यही आरोप लगाए गए थे. तब भी हम लोगों ने जवाब दिया था. 12-13 सालों के बाद फिर से इन बातों को लेकर ईडी वापस आई है. प्रदेश की जनता समझती है कि आचार संहिता लागू होने के बाद यह कार्रवाई क्यों हो रही है."

    ईडी की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने लिखा, "भाजपा इस तरह के हथकंडों से कांग्रेस के नेताओं को डरा नहीं सकती. प्रदेश कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुटता से साथ खड़े हैं. इस प्रकार की कार्यवाई से भाजपा की घबराहट साफ़ दिखाई देती है, क्योंकि जनता आगामी चुनावों में राजस्थान में फिर कांग्रेस की सरकार लाने का मन बना चुकी है."

  18. ग़ज़ा में कोई भी जगह सुरक्षित नहीं, लोग घर छोड़कर कहां जाएं- यूएन

    फ़लस्तीनियों के लिए संयुक्त राष्ट्र की मानवीय सहायता की कॉर्डिनेटर लिन हेस्टिंग ने कहा है कि ग़ज़ा में लोग अपनी जगह छोड़ कर सुरक्षित जगहों पर नहीं जा सकते क्योंकि कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है.

    इसराइल लोगों से ग़ज़ा शहर छोड़कर बाहर निकलने के लिए कह रहा है जिसके जवाब में लिन हेस्टिंग ने ये कहा है.

    उन्होंने कहा, “जो लोग जगह छोड़ कर नहीं निकल रहे, उनके पास जाने के लिए जगह ही नहीं है. वो कहां जाएंगे? इसराइल की नई चेतावनी उनके किसी काम की नहीं है क्योंकि वो कहीं नहीं जा सकते.”

    “जब निकासी के रास्तों पर बमबारी की जा रही है, जब उत्तर और दक्षिण के लोग इस युद्ध में फंसे हुए हैं, जब ज़िंदा रहने के लिए ज़रूरी चीज़ों की कमी है, जब वापसी का कोई आश्वासन नहीं है, तो लोगों के पास कुछ नहीं बचता. ”

    “ग़ज़ा में कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है.”

    उन्होंने कहा कि इस हिंसा की अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत निगरानी की जानी चाहिए.

    “इसका मतलब है कि नागरिकों की सुरक्षा की जानी चाहिए और उनके पास जिंदा रहने के लिए ज़रूरी चीजें होनी चाहिए, चाहे वो कहीं भी रहें और चाहे वे अपनी जगह छोड़ना चाहें या ना चाहें, उन्हें आवश्यक चीज़ें मिलनी चाहिए.”

    हम ये भी कहते हैं कि सभी बंधकों को तुरंत रिहा किया जाए.

    बीती रात इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ यानी आईडीएफ़ ने उत्तरी ग़ज़ा में टैंक का इस्तेमाल कर ‘टारगेटेड छापेमारी’ की है.

    इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ज़मीनी हमले की तैयारी की जा रही है.

  19. तस्वीरों में देखिए: रात के अंधेरे में ग़ज़ा में दाख़िल हुए इसराइली टैंक

  20. ग़ज़ा की सैटेलाइट तस्वीरें, 11 दिनों की तबाही में कैसा दिख रहा शहर

    सात अक्टूबर को हमास ने इसराइल पर हमला किया, इसके बाद इसराइल ग़ज़ा पर हमले कर रहा है.

    पिछले 19 दिनों से दोनों के बीच संघर्ष जारी है. इस बीच ग़ज़ा पट्टी के अलग-अलग इलाकों की सैटेलाइट तस्वीरें सामने आ रही हैं.

    इन तस्वीरों को देखकर नुकसान का अंदाज़ा लगाया जा सकता है. ऊपर दी गई तस्वीरें ग़ज़ा के उत्तरी इलाके बेत हनान की हैं.

    पहली तस्वीर 10 अक्टूबर की है. 11 दिन बाद उसी इलाके की दूसरी तस्वीर ली गई, जो दिखाती है कि कैसे इलाके में इमारतें ध्वस्त पड़ी हैं और तबाही का स्तर कितना बड़ा है.