You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ऑस्ट्रेलिया की पाकिस्तान पर 62 रन की रोमांचक जीत

ऑस्ट्रेलिया की ओर से दिए गए 368 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम 305 रन ही बना सकी.

लाइव कवरेज

स्नेहा and संदीप राय

  1. ऑस्ट्रेलिया की पाकिस्तान पर 62 रन की रोमांचक जीत

    विश्व कप क्रिकेट में बंगलुरु में खेले गए एक रोमांचक मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 62 रन से हरा दिया.

    ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 368 रन का लक्ष्य रखा था. पाकिस्तान की पूरी टीम 45.3 ओवर में 305 रन बनाकर आउट हो गई.

    ऐडम जैम्पा ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 10 ओवर में 53 रन देकर चार विकेट चटकाए. उनके अलावा पैट कमिंस और मार्कस स्टॉयनिस को दो-दो विकेट मिले.

    पाकिस्तान की ओर से इमाम उल हक़ ने 70 रन का योगदान दिया. उनके अलावा अब्दुल्लाह शफीफ ने 64 रन का योगदान दिया.

    टॉस जीतकर पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था.

    ऑस्ट्रेलिया की ठोस शुरूआत

    ऑस्ट्रेलिया ने शानदार शुरूआत की. डेविड वॉर्नर और मिशेल मार्श ने शतक जमाए. वॉर्नर ने 163 रन की शानदार पारी खेली. इसमें 14 चौके और नौ छक्के शामिल थे. वहीं मार्श ने 121 रन की पारी खेली. उन्होंने 10 चौके और 9 छक्के लगाए.

    इन दोनों के आउट होने के बाद शाहीन शाह अफरीदी ने किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को टिककर खेलने का मौका नहीं दिया. वॉर्नर और मार्श के अलावा केवल दो ही बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा छू सके. ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 367 रन बनाए.

    शाहीन की धारदार गेंदबाज़ी

    पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रउफ सबसे सफल गेंदबाज़ रहे. अफरीदी ने 10 ओवर में 54 रन देकर पांच विकेट चटकाए. वहीं रउफ ने आठ ओवर में 83 रन देकर तीन विकेट हासिल किया. उसामा मीर को एक विकेट मिला.

    वॉर्नर की 163 रन की शानदार पारी को देखते हुए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया.

    इस जीत के साथ ही ऑस्ट्रेलिया अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है. वहीं पाकिस्तान पांचवे स्थान पर है. दोनों ने चार-चार मैच खेले हैं और दो-दो मैचों में जीत हासिल की है. दोनों टीमों के चार-चार अंक हैं.

  2. पाकिस्तान के केयरटेकर प्रधानमंत्री ने चीन के शिनजियांग पहुंचकर क्या कहा

    पाकिस्तान के केयर टेकर प्रधानमंत्री अनवर-उल-हक़ काकर चीन की यात्रा पर हैं.

    चीन के शिनजियांग प्रांत का दौरा करने वाले वो गिने चुने इस्लामिक नेताओं में से एक हैं, जहां मुस्लिम अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ मानवाधिकार उल्लंघन के बीजिंग पर आरोप लगते रहे हैं.

    लेकिन पाकिस्तान के केयर टेकर पीएम ने चीन के ख़िलाफ़ इन आरोपों का कोई ज़िक्र तक नहीं किया.

    इसकी बजाय उन्होंने शिनजियांग और उसके पड़ोस में स्थित पाकिस्तान के बीच बढ़ते आर्थिक संबंधों की तारीफ़ की.

    हाल के सालों के दौरान चीन ने पाकिस्तान के अंदर आधारभूत संरचना खड़ा करने और दोनों देशों के बीच कनेक्टिवी बढ़ाने वाले प्रोजेक्टों में अरबों डॉलर खर्च किए हैं.

    कुछ मुस्लिम नेताओँ ने बीजिंग की आलोचना भी की है.

    संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट

    पिछले साल संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में चीन पर शिनजियांग प्रांत में 'मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन' के आरोप लगाए गए हैं.

    हालांकि चीन ने इस रिपोर्ट को जारी न करने की अपील की थी. उसका कहना था कि ये पश्चिमी ताकतों का 'फर्जीवाड़ा' है.

    मानवाधिकार समूह पिछले कुछ समय से चीन के उत्तर पूर्वी प्रांत शिनजियांग में मानवाधिकारों को कुचले जाने की घटनाओं के बारे में चिंता जताते रहे हैं.

    उनका कहना है कि यहां वीगर समुदाय के दस लाख लोगों को री-एजुकेशन कैंप में ट्रेनिंग देने के नाम पर हिरासत में रखा गया है.

  3. महुआ मोइत्रा पर हीरानंदानी के 'हलफ़नामे' का अदानी कनेक्शन क्या है?

  4. जयाप्रदा की जेल की सज़ा निलंबित करने से हाई कोर्ट का इनकार

    मद्रास हाई कोर्ट ने शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व सांसद जयप्रदा और अन्य दो को छह महीने की जेल की सज़ा पर राहत देने से इनकार कर दिया.

    जयाप्रदा और दो अन्य लोग ‘जयाप्रदा सिनेमा थियेटर’ के मालिक थे और 18 सालों में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) को उनका बकाया नहीं जमा कराया था.

    मुख्य सेशन जज ने उन्हें छह महीने की जेल की सज़ा सुनाई थी.

    इस आदेश के ख़िलाफ़ दायर की गई याचिका को हाईकोर्ट ने ख़ारिज कर दिया. इसमें जया प्रदा और उनके दो हिस्सेदारों को हुई छह महीने की जेल की सज़ा को रोकने की मांग की गई थी.

    जज जस्टिस जी जयचंद्रन ने कहा कि जयाप्रदा और उनके हिस्सेदारों ने ईएसआई के लिए कर्मचारियों से उनका योगदान इकट्ठा तो किया लेकिन जमा नहीं कराया और ऐसा बार बार किया गया. किसी तरह यह केस 18 साल तक लटका रहा.

    अदालत ने कहा कि जबतक 20 लाख रुपये 15 दिन के अंदर जमा नहीं करा दिए जाते, तबतक इस केस में ज़मानत की किसी भी अर्जी को स्वीकार नहीं किया जाएगा.

  5. एशियन गेम्स में भारत को जैवलिन थ्रो में पहली बार गोल्ड जिताने वाली अन्नू रानी की कहानी

  6. महसा अमीनी को यूरोपीय संघ का प्रतिष्ठित मानवाधिकार सम्मान देने की घोषणा

    यूरोपीय संघ ने गुरुवार को अपने शीर्ष मानवाधिकार सम्मान साखारोव प्राइज़ से ईरानी कुर्द महिला महसा अमीनी को सम्मानित करने की घोषणा की है.

    एक साल पहले ईरान की पुलिस की हिरासत में महसा अमीनी की मौत हुई थी और इसके बाद ईरान में ‘वुमन, लाइफ़, फ़्रीडम’ आंदोलन शुरू हो गया था.

    यूरोपीय संसद के स्पीकर रोबेर्टा मेत्सोला ने कहा, "22 साल की महसा अमीनी की बर्बर हत्या एक बड़ी घटना साबित हुई. इसने महिलाओं की अगुवाई वाले एक अंदोलन की शुरुआत की जो इतिहास बना रहा है."

    53,000 डॉलर (41.5 लाख रुपये) वाले साखारोव प्राइज़ को 13 दिसम्बर को यूरोपीय संसद के एक समारोह में दिया जाएगा.

    दो सप्ताह पहले ईरान की जेल में बंद मानवाधिकार कार्यकर्ता नरगिस मोहम्मदी को नोबल शांति पुरस्कार देने की घोषणा हुई थी.

    अमीनी की मौत 16 सितम्बर 2022 को हुई थी. उन्हें ईरान की धार्मिक पुलिस ने कथित रूप से इस्लामिक गणराज्य के ड्रेस कोड का उल्लंघन करने पर गिरफ़्तार किया था.

    उनके परिवार और समर्थकों का दावा है कि उनकी हत्या की गई थी.

  7. इंडोनेशिया में कैसे बना सुपर हाई स्पीड रेल नेटवर्क

    चीन के बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव के दस साल पूरे होने पर कई मुल्कों के नेताओं की इस हफ्ते बीजिंग में मुलाक़ात हुई.

    खरबों डॉलर के इस प्रोजेक्ट के ज़रिए 100 से ज़्यादा देशों में इन्फ़्रास्ट्रक्चर से जुड़े काम किए गए हैं.

    इसी तरह का एक प्रोजेक्ट है इंडोनेशिया का वूश रेल प्रोजेक्ट. ये दक्षिण पूर्व एशिया की पहली हाई स्पीड रेल परियोजना है.

    चीन और जापान के बाद इंडोनेशिया, एशिया का तीसरा देश है, जहां सुपर हाई स्पीड रेल नेटवर्क बनाया गया है. क्या है इसमें ख़ास, देखिए बीबीसी संवाददाता निक मार्श रिपोर्ट.

  8. मानव मिशन से पहले गगनयान की पहली परीक्षण उड़ान शनिवार को

    गगनयानः अंतरिक्ष में इंसान भेजने से पहले भारत शनिवार को एक टेस्ट फ़्लाइट भेजेगा.

    गगनयान अंतरिक्षयान को शनिवार को श्रीहरिकोटा से स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजे अंतरिक्ष में भेजा जाएगा.

    इस टेस्ट से ये पता चलेगा कि अगर रॉकेट में कोई गड़बड़ी के दौरान क्रू के सदस्य कैसे सुरक्षित बचेंगे.

    अगर ये सफल होता है तो यह अन्य मानव रहित मिशनों के लिए रास्ता बनाएगा, जिसमें अगले साल अंतरिक्ष में रोबोट भेजना भी शामिल है.

    पृथ्वी के निचले कक्ष में तीन अंतरिक्ष यात्रियों को ले जाने वाले मानव मिशन को इन परीक्षणों के बाद ही भेजा जाएगा.

    और पिछले हफ़्ते ही भारत सरकार ने ऐलान किया था कि अंतरिक्ष में मानव मिशन को 2025 में भेजा जा सकता है.

    क़रीब 90 अरब रुपए की लागत से विकसित गगनयान प्रोजेक्ट के तहत पृथ्वी की 400 किलोमीटर कक्षा में अंतरिक्ष यात्रियों को भेजना और तीन दिन बाद उन्हें वापस धरती पर उतारने का लक्ष्य है.

    अगर ये सफल होता है तो भारत ऐसा करने वाले सोवियत संघ, अमेरिका और चीन के बाद चौथा देश हो जाएगा.

  9. ड्रोन से आपके घर सामान पहुंचाने की तैयारी

    ई-कॉमर्स कंपनी अमेज़न ने घोषणा की है कि वह अगले साल के अंत से यूके में पार्सल पहुंचाने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल शुरू कर देगी.

    कंपनी फिलहाल अमेरिका में कैलिफ़ोर्निया के कुछ हिस्सों में ड्रोन के ज़रिए डिलिवरी कर रही है.

    ये डिलिवरी कैसे हो रही है, ड्रोन कैसे काम करता है, यही देखने कैलिफोर्निया पहुंची बीबीसी संवाददाता एमा सिम्पसन.

  10. ग़ज़ा में मौजूद बंधकों के बारे में इसराइल ने दी नई जानकारी

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज ने एक नया बयान जारी उन बंधकों के बारे में जानकारी दी है, जिन्हें 7 अक्टूबर को हमास के लड़ाके बंधक बनाकर ग़ज़ा ले गए थे.

    आईडीएफ़ का कहना है कि हमास ने 200 लोगों को बंधक बनाया हुआ है, जिसमें से 20 से ज़्यादा ऐसे हैं, जिनकी उम्र 18 साल से कम है.

    बयान में कहा गया है कि 60 साल से ज्यादा उम्र के 10 से 20 लोग हैं और ज्यादातर बंधक अभी जीवित हैं.

    आईडीएफ़ का कहना है कि हमास ने जब 7 अक्टूबर को हमला किया था, तो वे शवों को भी ग़ज़ा पट्टी ले गए थे.

    हमास का कहना है कि उन्होंने बंधकों को ग़ज़ा में सुरक्षित जगह पर रखा हुआ है.

    • इसराइल के वे बंधक कौन हैं, जिन्हें हमास गज़ा ले गया?
  11. दिनभर पूरा दिन पूरी ख़बरः लेबनान, वेस्ट बैंक और ग़ज़ा में क्या कर रहा है इसाराइल

  12. पूर्व भारतीय कप्तान अज़हरुद्दीन के खिलाफ केस दर्ज, भ्रष्टाचार का आरोप

    हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन में 3.85 करोड़ रुपये के कथित दुरुपयोग को लेकर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन समेत तीन लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    अज़हरुद्दीन एसोसिएशन के अध्यक्ष थे. एफ़आईआर में पूर्व सेक्रेटरी आर विजय आनंदत और पूर्व ट्रेज़रार सुरेंद्र अग्रवाल का नाम भी शामिल है.

    आरोपों के मुताबिक, इस राशि का इस्तेमाल उप्पल में आरजीआईसी स्टेडियम के लिए क्रिकेट बॉल, फ़ायर सेफ़्टी उपकरण, जिम उपकरण और कुर्सियां खरीदने में किया गया था.

    एफ़आईआर में उन कंपनियों का भी नाम भी शामिल है, जिनसे खरीदारी की गई थी.

    पुलिस के मुताबिक सभी अभियुक्तों पर धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा, आपराधिक साज़िश के मामले में धारा 406, 409, 420, 465, 467, 471 और 120-बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

    बुधवार को एचसीए के सीईओ सुनील कांते बोस के द्वारा पूर्व पदाधिकारियों के ख़िलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई थी.

    आरोपों के अनुसार, एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारियों ने 1 फ़रवरी 2020 से 28 फ़रवरी 2023 के बीच फ़ंड का दुरुपयोग किया.

  13. ग़ज़ा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,000 से अधिक हुई

    फ़लस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि सात अक्टूबर को जब से हमास और इसराइल के बीच लड़ाई शुरू हुई है, इसराइली बमबारी में ग़ज़ा में मरने वाले लोगों की संख्या 4,137 पहुंच गई है.

    मंत्रालय के अनुसार, ग़ज़ा में घायलों की संख्या 13,000 तक पहुंच गई है.

    सात अक्टूबर के बाद से इसराइल ग़ज़ा पर भारी बमबारी कर रहा है और उसने ग़ज़ा की बिजली, पानी, दवाएं और ज़रूरी चीजों की आपूर्ति काट दी है.

    इसराइल और अमेरिका के बीच हुए समझौते के मुताबिक राहत सामग्री से भरे 20 ट्रकों को आज शुक्रवार को रफ़ाह बॉर्डर से ग़ज़ा में प्रवेश होना था लेकिन अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस मिस्र की ओर से रफ़ाह क्रॉसिंग पहुंच गए हैं और मिस्र की ओर लंबी क़तार लगाए राहत सामग्री लेकर खड़े ट्रकों को जल्द से जल्द ग़ज़ा में भेजने की अपील की है.

    उन्होंने इन राहत सामग्रियों को ज़िंदगी और मौत के बीच का अंतर बताया है और कहा है कि राहत सामग्रियों में भोजन, पानी, दवाएं हैं और इनका ग़ज़ा में पहुंचना बहुत ज़रूरी है.

    रफ़ाह बॉर्डर ग़ज़ा पट्टी के दक्षिणी हिस्से में है, जहां इसराइल ने उत्तरी ग़ज़ा के 11 लाख लोगों को जाने को कहा था.

    राहत सामग्री लिए इंतज़ार कर रहे वालंटियर्स का कहना है कि रफ़ाह क्रासिंग पर लगातार बमबारी हो रही है और ऐसे में राहत सामग्री से भरे ट्रक कैसे जाएंगे ये समझना मुश्किल है.

    जबकि वर्ल्ड फूड प्रोग्राम, संयुक्त राष्ट्र से जुड़ी संस्था और अन्य मानवाधिकार संगठनों ने 20 ट्रकों की राहत सामग्री को समंदर की एक बूंद जैसा बताया है और कहा है कि जिस पैमाने पर संकट है उसमें हर दिन कम से कम राहत सामग्री के 100 ट्रक जाने की इजाज़त देनी चाहिए.

    ग़ज़ा सिटी में एक पुरातन चर्च पर गुरुवार को इसराइल ने मिसाइल दागा जिससे उसका एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है.

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, पोरफारियस चर्च पर हुए हमले में 18 ईसाई फ़लस्तीनी मारे गए हैं.

  14. ऑस्ट्रेलिया ने बनाए 367 रन, शाहीन अफरीदी ने झटके पांच विकेट

    विश्व कप के 18वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 368 रनों का लक्ष्य रखा है.

    पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया था.

    ऑस्ट्रेलिया के लिए विश्व कप इतिहास में पहली बार एक ही मैच में ओपनर बल्लेबाजों डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने शतकीय पारी खेली है.

    टीम के ओपनर डेविड वॉर्नर ने 124 गेंदों पर 163 रन, मिचेल मार्श ने 108 गेंदों पर 121 रन बनाए हैं. वहीं स्टीव स्मिथ ने 9 गेंदों पर 7 रन, मार्कस स्टोइनिस ने 24 गेंदों पर 21 रन बनाए.

    वहीं पाकिस्तान की तरफ से शाहीन अफरीदी ने 5 विकेट, हारिस रऊफ ने 3 विकेट और उसामा मीर ने 1 विकेट लिए हैं.

    पाकिस्तान: अब्दुल्ला शफीक, इमाम उल हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), सऊद शकील, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, हसन अली, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, मिचेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, जोश इंगलिश (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड.

  15. कनाडा के 41 राजनयिकों के विशेषाधिकार ख़त्म करने पर भारत ने क्या कहा?

    भारत में कनाडा के 41 राजनयिक और उनके साथ रहने वाले 42 लोगों को मिली 'डिप्लोमेटिक छूट' को वापस लिए जाने के कदम को भारत ने सही ठहराया है.

    कनाडा ने इसे 'एकतरफ़ा कार्रवाई' बताया और कहा कि 'ये कूटनीतिक संबंधों पर वियना संधि के अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है.'

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कनाडा के इन आरोपों का खंडन किया और एक बयान जारी कर कहा, “भारत में कनाडा के राजनयिक अधिक हैं और वे हमारे आंतरिक मामलों में लगातार दखल देते हैं.”

    बयान के अनुसार, “राजनयिकों की समान संख्या को लेकर की गई हमारी कार्रवाई वियना संधि के अनुच्छेद 11.1 के अनुरूप है.”

    "कनाडा में भारत के राजनयिकों की संख्या की तुलना में भारत में कनाडाई राजनयिकों की संख्या अधिक है. राजनयिकों की संख्या में समानता लाने की ज़रूरत है और पिछले एक महीने से हम इस बारे में कनाडा से बात कर रहे हैं."

    बयान में कहा गया है, "संख्या में समानता को लागू करने को अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन बताने का हम खंडन करते हैं."

    इससे पहले कनाडा की विदेश मंत्री मेलैनी जोली ने कहा था, “भारत ने 41 राजनयिकों और उन पर निर्भर 42 लोगों की राजनयिक छूट को ख़त्म करने की एकतरफ़ा कार्रवाई की सूचना दी है, इससे उनकी निजी सुरक्षा ख़तरे में पड़ गई है. बेशक भारत के फैसले से दोनों देशों में कांसुलेट की ओर से दी जाने वाली सेवाओं पर असर पड़ेगा.”

    उन्होंने कहा, “दुर्भाग्य से हमें चंडीगढ़, मुंबई और बेंगलुरु में अपनी कांसुलेट सेवाओं को रोकना पड़ेगा.”

    कनाडा में सिख अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है.

    भारत ने दो हफ़्ते पहले कनाडा से कहा था कि दिल्ली में अपने उच्चायोग से दर्जनों कर्मचारियों को वो वापस बुला ले वरना उन्हें मिलने वाली डिप्लोमैटिक इम्युनिटी यानी राजनयिक सुरक्षा वापस ले ली जाएगी.

  16. आप नेता संजय सिंह को दिल्ली हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत

    दिल्ली हाई कोर्ट ने कथित शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की याचिका ख़ारिज कर दी है.

    याचिका में संजय सिंह ने रिमांड और गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए रिहाई की मांग की थी.

    बुधवार, चार अक्टूबर को करीब दस घंटे की लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने संजय सिंह को गिरफ्तार किया था.

    संजय सिंह का नाम कथित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय की चार्जशीट में सामने आया था. ये चार्जशीट पिछले साल दायर की गई थी.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कथित शराब घोटाला मामले में अभियुक्त से गवाह बने दिनेश अरोड़ा के बयान के बाद संजय सिंह की गिरफ्तारी हुई है.

    दिनेश अरोड़ा, दिल्ली के चर्चित रेस्तरां कारोबारी हैं और उनके हौज़ खास में कैफे भी हैं. वे नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सदस्य भी हैं.

    रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि दिनेश अरोड़ा ने ईडी को बताया कि संजय सिंह के कहने पर उन्होंने मनीष सिसोदिया को रुपये दिए, जिसका इस्तेमाल दिल्ली विधानसभा चुनावों में किया गया.

  17. कांग्रेस से नाराज अखिलेश यादव, 'ऐसा बर्ताव करेंगे तो कौन उनके साथ खड़ा होगा'

    मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के सीट शेयरिंग से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नाराजगी जाहिर की है.

    कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को एक भी सीट नहीं दी है.

    अखिलेश यादव ने कहा, "कांग्रेस पार्टी को साफ करना चाहिए था. मेरा मानना यह है कि अगर आपको सीट नहीं देनी थी, तो आपको समाजवादियों से बात नहीं करनी चाहिए थी. आपको पहला कदम ही ये उठा लेना चाहिए था कि आप अपने संगठन और पार्टी के हिसाब से लड़ते. जो सहयोग चाहते, वो बता देते तो शायद समाजवादी पार्टी सहयोग करती और खड़ी रहती.

    उन्होंने कहा, "उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी, न ही समाजवादी पार्टी को इस लायक समझा. समाजवादी पार्टी वहीं लड़ रही है, जहां हमारा संगठन और प्रत्याशी मजबूत है."

    गठबंधन से अलग होने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, "मुझे मध्य प्रदेश के बाद पता चला है कि इंडिया गठबंधन देश के चुनाव के लिए है. जब देश का चुनाव आएगा तो बात की जाएगी. सवाल क्रेडिबिलिटी का है. अगर कांग्रेस इस तरह का बर्ताव करेगी तो कौन उनके साथ खड़ा होगा."

    "देश के सामने बड़ी चुनौती है, बीजेपी बड़ी पार्टी है. बीजेपी ऑर्गनाइज दल है. उसका मुकाबला करने के लिए कोई भी कंफ्यूजन किसी दल के अंदर नहीं होना चाहिए. अगर कंफ्यूजन के साथ चुनाव लड़ेंगे, तो आप कामयाब नहीं हो पाएंगे."

    समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में अब तक कुल 31 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है.

  18. राहुल, प्रियंका के भाषण पर यूट्यूब की चेतावनी, भड़के प्रियांक खड़गे

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भाषण को सुनने से पहले उनके वीडियो पर 'सेल्फ़ हार्म' की चेतावनी लगाने को लेकर कर्नाटक सरकार ने यूट्यूब इंडिया और गूगल इंडिया से सवाल किए हैं.

    कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियांक खड़गे ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के यूट्यूब अकाउंट पर इस नोटिफ़िकेशन पर आपत्ति जताई है.

    इस नोटिफिकेशन में लिखा है, “इस सामग्री में खुदकुशी या खुद को नुकसान पहुंचाने वाले विषय हो सकते है. दर्शकों को स्वविवेक के इस्तेमाल की सलाह दी जाती है.”

    कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भाषण को शेड्यूल किया गया था.

    प्रियांक खड़गे ने कहा कि उन्हें ये बहुत साज़िश वाला लगा कि सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक लाइव रैली को आत्मघाती या खुदकुशी वाली कैटेगरी में डाल देता है और वो भी वक्ताओं के एक शब्द बोलने से पहले.

    प्रियांक खड़गे ने पूछा, “क्या आप लोकतांत्रिक आवाज़ों को सुनने से दर्शकों को जानबूझ कर हतोत्साहित कर रहे हैं, रोक रहे हैं और मना कर रहे हैं?”

    उन्होंने चेतावनी दी, “अगर आप इस तरह के फैसले केंद्र सरकार के दबाव में ले रहे हैं तो ये ध्यान रखें कि राज्य सरकार भी इस तरह की पैंतरेबाज़ी में उतना ही माहिर है.”

    फ़ेक न्यूज़ पर कार्रवाई

    ये पूछे जाने पर कि सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर राज्य सरकार क्या कार्रवाई कर सकती है, प्रियांक खड़गे ने बीबीसी हिंदी को बताया, “हम उनके जवाब का इंतज़ार करेंगे.”

    कर्नाटक में जब से कांग्रेस पार्टी सरकार में आई है, राज्य सरकार सोशल मीडिया से जुड़े मुद्दों से निपटने के लिए सक्रियता बरत रही है.

    पिछले हफ़्ते उसने इनफ़ॉर्मेशन डिसऑर्डर टैक्लिंग यूनिट (आईडीटीयू) बनाने के लिए एक टेंडर निकाला था, जिसमें एक फ़ैक्ट चेक टीम, एक विश्लेषण करने वाली टीम और एक क्षमता निर्माण करने वाली टीम होगी.

    राज्य पुलिस सोशल मीडिया पर डाली जाने वाली फर्जी ख़बरों से निपटने के लिए बेंगलुरु शहर में हर पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग भी दे रही है. ज़िले स्तर पर भी पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग दी जाएगी.

  19. ग़ज़ा में पानी की भारी क़िल्लत, डब्ल्यूएचओ ने कहा लोगों को बस 3 लीटर मिल रहा पानी

    ग़ज़ा की क़रीब 23 लाख लोगों वाली आबादी के पास हर दिन की बुनियादी ज़रूरतों को पूरा करने का सामान दिनों दिन घटता जा रहा है.

    इसराइल ने 7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद से ग़ज़ा में बिजली और पानी समेत सभी सुविधाएं बंद कर दी हैं. साथ ही खाने और दवाइयों की डिलीवरी को भी बंद कर दिया गया है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन पानी तक पहुंच को एक बुनियादी मानव अधिकार मानता है.

    डब्ल्यूएचओ के मुताबिक हर रोज प्रति व्यक्ति को कम से कम 100 लीटर पानी की जरूरत पड़ती है, जो उसे मिलना चाहिए.

    डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, इसराइल-हमास संघर्ष से पहले ग़ज़ा में प्रति व्यक्ति पानी की उपलब्धता 84 लीटर थी, लेकिन सप्लाई काट दिए जाने के बाद अब यह प्रति व्यक्ति करीब तीन लीटर तक पहुंच गई है.

    बड़े-बड़े मानवीय संगठनों ने चेताया है कि राहत सामग्री पर जो समझौता हुआ है वो ग़ज़ा में किसी सागर में बूंद जैसा होगा.

    संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि ग़ज़ा में रह रहे 23 लाख लोगों को मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए कम से कम 100 ट्रकों की ज़रूरत होगी, लेकिन अभी सिर्फ 20 ट्रकों को ही ग़ज़ा में जाने की मंजूरी मिली है.

    इन ट्रकों को रफ़ाह क्रॉसिंग के जरिए ग़ज़ा में दाखिल होना है, लेकिन सड़क खराब होने के चलते ये ट्रक अंदर नहीं जा पा रहे हैं.

    उधर राहत कर्मियों का कहना है कि ग़ज़ा की ओर रफ़ाह क्रासिंग पर हर मिनट बमबारी हो रही है.

  20. रैपिडएक्स ट्रेन 'नमो भारत' को हरी झंडी दिखाने के बाद पीएम मोदी ने ये बातें कहीं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस कॉरिडोर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि पहली नमो भारत ट्रेन में सभी कर्मचारी महिलाएं हैं.

    उन्होंने कहा, "इस नई ट्रेन में ड्राइवर से लेकर तमाम कर्मचारी महिलाएं हैं. ये भारत की नारी शक्ति के बढ़ते कदम का प्रतीक है. मैं दिल्ली एनसीआर और पश्चिमी यूपी के सभी लोगों को नवरात्रि के पावन पर्व पर मिले इस उपहार के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं."

    पीएम मोदी ने कहा कि नमो भारत ट्रेन में आधुनिकता के साथ अद्भुत गति भी है.

    उन्होंने साहिबाबाद को दुहाई डिपो से जोड़ने वाली पहली रैपिडएक्स ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई, जिसका नाम नमो भारत रखा गया है.

    इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्य की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद थे. शनिवार, 21 अक्टूबर से यह आम लोगों के लिए शुरू हो जाएगा.

    अपने भाषण में पीएम ने ये बातें कहीं

    21वीं सदी का हमारा भारत आज हर सेक्टर में हर क्षेत्र में प्रगति की नई गाथा लिख रहा है.

    • आज का भारत चंद्रयान को चंद्रमा पर उतार कर दुनिया में छाया हुआ है. आज का भारत जी20 का इतना शानदार आयोजन करके दुनिया के लिए आकर्षण का, उत्सुकता और दुनिया का भारत के साथ जुड़ने का नया अवसर बन गया है.
    • आज का भारत एशियन गेम्स में 100 से ज़्यादा मेडल जीत कर दिखाता है, उसमें मेरा उत्तर प्रदेश भी होता है. आज का भारत दुनिया में सबसे ज़्यादा डिजिटल लेनदेन करता है.
    • आज भारत लड़ाकू विमान बनाता है, विमान के साथ-साथ समंदर में तिरंगा फहराने वाला विक्रांत जहाज भी बनाता है. और ये जो आज तेज रफ़्तार नमो भारत शुरू हुई है वो भी मेड इन इंडिया है. भारत की अपनी ट्रेन है.
    • दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज गंगा विलास ने भी 3200 किलोमीटर की दूरी तय करके रिकॉर्ड बनाया है. आधुनिक एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाने के लिए भी भारत सरकार चार लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा खर्च कर रही है. नमो भारत जैसी ट्रेनें हों या मेट्रो ट्रेन इन पर भी तीन लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा खर्च किए जा रहे हैं.