भारत के मून मिशन चंद्रयान-3 पर अभिनेता प्रकाश राज के एक सोशल
मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद पैदा हो गया है.
20 अगस्त को 58 साल के अभिनेता प्रकाश राज ने
एक कार्टून शेयर किया जिसमें एक चाय वाला दिख रहा है. तस्वीर के साथ उन्होंने सोशल
मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर लिखा, “ब्रेकिंग
न्यूज़-विक्रमलैंडर के ज़रिए चांद से आई पहली तस्वीर, वाह.”
प्रकाश राज के इस पोस्ट को कई लोगों ने चंद्रयान मिशन के अपमान के रूप में
देखा.
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने
इस पर आपत्ति जताते हुए लिखा- मैं प्रकाश राज के इस शर्मनाक ट्वीट की निंदा करता हूं.
विवाद बढ़ा तो प्रकाश राज ने अपने पोस्ट पर सफ़ाई पेश करते हुए कहा कि ये केरल के लोगों के बीच ‘नील आर्मस्ट्रॉन्ग के समय से चला आ रहा मज़ाक है.’
उन्होंने लिखा, "नफ़रत सिर्फ़ नफ़रत ही देखती है. मैं यहां उस जोक की बात कर रहा था जो आर्मस्ट्रॉन्ग के ज़माने से चला आ रहा है, ये हमारे केरल के चायवाले भाइयों को सेलिब्रेट करता है...ट्रोल ने किस चाय वाले को समझा? अगर आपको मज़ाक समझ में नहीं आता तो आप खुद एक मज़ाक हैं.”
कई यूज़र्स ने प्रकाश राज के पोस्ट की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें देश के वैज्ञानिक और भारत के ऐतिहासिक चांद मिशन के लिए सम्मानजनक होना चाहिए.
लेकिन कई लोग प्रकाश राज के समर्थन में भी सामने आए और कहा कि उन्होंने केरल के लोगों के बीच प्रचलित मज़ाक का ज़िक्र किया है.
यूज़र्स ने बताया कि जब अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री नील आर्मस्ट्रॉन्ग चांद पर पहुंचे थे तो केरल के लोगों के बीच कहा जाता था कि केरल के चाय वाले चांद पर भी आर्मस्ट्रॉन्ग को मिल जाएंगे. हर कोने में केरल के चायवाले होते हैं.