You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मणिपुर जाएंगे राहुल गांधी, राहत कैंपों का करेंगे दौरा

मणिपुर में करीब दो महीने से मैतेई समुदाय और कुकी-जोमी जनजातियों के बीच हिंसक संघर्ष जारी है.

लाइव कवरेज

  1. मणिपुर जाएंगे राहुल गांधी, राहत कैंपों का करेंगे दौरा

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी करीब हिंसा प्रभावित मणिपुर का दौरा करेंगे. राहुल का ये दौरा 29-30 जून को प्रस्तावित है.

    कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने राहुल के दौरे की जानकारी देते हुए ट्वीट किया, ''राहुलजी 29-30 जून को मणिपुर के दौरे पर रहेंगे. वहां वो राहत कैंपों में जाएंगे और इंफ़ाल और चूड़ाचांदपुर में सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों से मिलेंगे.''

    वेणुगोपाल ने अपने ट्वीट में आगे लिखा, ''मणिपुर के लोगों को सहानुभूति की ज़रूरत है, जिससे कि समाज संघर्ष से शांति के रास्ते की ओर बढ़ सके.''

    मणिपुर में करीब दो महीने से मैतेई समुदाय और कुकी-जोमी जनजातियों के बीच हिंसक संघर्ष जारी है. राज्य और केंद्र सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद हिंसा थम नहीं रही है. हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक भी बुलाई थी.

    मणिपुर सरकार ने सोमवार को अपने सामान्य प्रशासन विभाग के कर्मचारियों के लिए एक सर्कुलर जारी कर कहा था कि जो कर्मचारी काम पर नहीं आएंगे उन्हें वेतन नहीं दिया जाएगा.

    इस आदेश के बाद कुकी जनजाति की शीर्ष संस्था कुकी इनपी ने एक बयान जारी कर कहा है कि यह आतंकी रणनीति के माध्यम से जबरन शांति हासिल करने की सांप्रदायिक मणिपुर सरकार की निरंतर टुकड़ों में बंटी चाल को उजागर करता है.

    दरअसल 3 मई से राज्य में हुई व्यापक हिंसा के बाद से कुकी जनजाति के सरकारी कर्मचारी अपने पहाड़ी जिलों में चले गए है जबकि पहाड़ी जिलों में तैनात मैतेई समुदाय के सरकारी कर्मचारी इंफाल घाटी में लौट आए है.

    मणिपुर सरकार के इस फैसले का विरोध करते हुए कुकी इनपी ने कहा कि सरकार इस तरह का आदेश जारी कर एक बार फिर से कुकी लोगों के जीवन को खतरे में डालना चाहती है. इस समय कुकी लोगों के लिए वापस इंफाल लौटना किसी भी तरह संभव नहीं है.

  2. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बताया, वागनर ग्रुप को कितने पैसे दिए

    प्राइवेट मिलिट्री कॉन्ट्रेक्टर वागनर समूह के विद्रोह के बाद से व्लादिमीर पुतिन के फै़सलों पर रूस के ही अंदर सवाल उठाए जा रहे हैं.

    अब पुतिन ने स्वीकार किया है कि वागनर ग्रुप की पूरी फंडिंग रूस की सरकार की तरफ़ से हो रही थी.

    न्यूज एजेंसी रायटर्स के अनुसार सीनियर अधिकारियों के साथ हो रही एक बैठक के दौरान पुतिन ने कहा, ''मैं सबको ये बताना चाहता हूं कि वागनर ग्रुप की पूरी फंडिंग रूस की सरकार, रक्षा मंत्रालय और रूस के बजट से हो रही थी.''

    उन्होंने दावा किया कि मई 2022 से लेकर मई 2023 के बीच ही वागनर ग्रुप को 86.262 बिलियन रूबल यानी लगभग 81 अरब रुपये का भुगतान किया गया. उन्होंने कहा कि अब अधिकारी इस बात की जांच करेंगे कि वागनर और उसके प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन को दिए गए इन पैसों का इस्तेमाल कहां किया गया.

    उधर बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्सेंडर लूकाशेंको ने कहा है कि येवगेनी प्रिगोज़िन वागनर ग्रुप के खर्चे पर बेलारूस में रुके हुए हैं. लूकाशेंको ने वागनर लड़ाकों के लिए किसी भी तरह के कैंप तैयार किए जाने से इनकार किया है.

    उन्होंने कहा कि वागनर ग्रुप चाहे तो एक खाली पड़े सैन्य अड्डे में रुक सकता है. रॉयटर्स ने बेलारूस की सरकारी मीडिया के हवाले से ये जानकारी दी है.

    वागनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन ने पिछले शनिवार को रूस के रोस्तोव-ऑन-डोन शहर को अपने नियंत्रण में ले लिया था और अपने लड़ाकों के साथ मॉस्को की तरफ़ कूच करने का ऐलान किया था.

    हालांकि इसके कुछ ही घंटों के बाद उन्होंने रूस की सरकार के साथ एक समझौता कर लिया था, उनके ऊपर से सभी आपराधिक मुक़दमों को वापस ले लिया गया था. इसके बाद प्रिगोज़िन बेलारूस रवाना हो गए थे.

  3. भारतीय सेना के दो लोगों पर पाकिस्तानी होने का आरोप, सीबीआई जांच के निर्देश

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कलकत्ता हाई कोर्ट ने उत्तर 24-परगना जिले के बैरकपुर स्थित सेना की छावनी में दो पाकिस्तानी नागरिकों के काम करने के आरोप की सीबीआई जांच का निर्देश दिया है.

    मंगलवार को इस मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति राजशेखर मंथा ने कहा कि सीआईडी के साथ-साथ सीबीआई भी इस मामले में प्राथमिक जांच शुरू कर दे. देश की सुरक्षा के हित में तमाम एजेंसियों को एक साथ मिलकर काम करना होगा.

    दरअसल, हुगली जिले के रहने वाले विष्णु चौधरी नामक एक व्यक्ति ने बीती छह जून को हाई कोर्ट में इस बारे में एक याचिका दायर की थी.

    इसमें आरोप लगाया गया था कि केंद्र सरकार के स्टाफ सेलेक्शन कमीशन की परीक्षा पास कर पाकिस्तानी नागरिक भारतीय सेना में काम कर रहे हैं. इसमें बैरकपुर के दो कर्मचारी भी शामिल हैं.

    उनके नाम क्रमशः जयंत कुमार और प्रद्युमन कुमार हैं. याचिका में आरोप लगाया गया है कि यह दोनों पाकिस्तान से आकर सेना में शामिल हुए हैं. उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के सहारे परीक्षा पास करने के बाद नौकरी हासिल की है.

    इससे पहले इस मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति मंथा ने पाकिस्तान खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ होने का भी संदेह जताया था.

    मंगलवार की सुनवाई के दौरान जज ने कहा कि राज्य सरकार से मिली जानकारी के मुताबिक सीआईडी की प्राथमिक जांच में बेहद अहम तथ्य मिले हैं.

    इस मामले के तार बिहार, उत्तर प्रदेश और असम समेत कई राज्यों तक फैले हैं. फर्जी डोमिसाइल सर्टिफिकेट छापने वाली प्रिंटिंग प्रेस का भी पता चल गया है.

    न्यायमूर्ति मंथा का कहना था, "इस मामले में सेना, सीबीआई और सीआईडी को टकराव से बचते हुए मिल कर काम करना होगा. सीआईडी को मिली जानकारी सेना को सौंपनी होगी. बाद में सेना जरूरत के हिसाब से रिपोर्ट दे सकती है."

    इस मामले की अगली सुनवाई 26 जुलाई को होगी. अदालत ने सीआईडी और सीबीआई को उस दिन जांच की प्रगति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है.

    याचिका में आरोप लगाया है कि इस मामले में कई प्रभावशाली नेता, सरकारी अधिकारी, पुलिस और स्थानीय नगरपालिका भी शामिल है.

    आरोप है कि एसएससी की परीक्षा के लिए डोमिसाइल सर्टिफिकेट के अलावा जाति प्रमाणपत्र और चरित्र प्रमाणपत्र जैसे कई दस्तावेजों की जरूरत होती है. ऐसे फर्जी दस्तावेजों के जरिए बाहरी लोगों के परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था की जा रही है.

  4. तबरेज अंसारी मॉब लिंचिंग मामले में 10 अभियुक्त दोषी करार

      • Author, रवि प्रकाश
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, रांची से

    तबरेज अंसारी मॉब लिंचिंग मामले में मंगलवार को रांची के सरायकेला जिला कोर्ट ने 10 अभियुक्तों को दोषी करार दिया है.

    दोषियों के लिए सजा का एलान पांच जुलाई को होगा.

    रांची से 130 किलोमीटर दूर सरायकेला-खरसांवा ज़िले के कदमडीहा गाँव के तबरेज़ अंसारी पर 17 जून, 2019 को भीड़ ने चोरी का आरोप लगाया था, जिसके बाद उनकी बेरहमी से पिटाई की गई थी.

    अगले दिन 18 जून को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इस दौरान तबीयत ख़राब होने से 22 जून को उनकी मौत हो गई.

    • झारखंड मॉब लिंचिंग केसः तबरेज़ अंसारी तो गाँव वालों के लिए सोनू थे
    • तबरेज़ अंसारी मॉब लिंचिंग मामले में फिर से लगी दफ़ा 302

    तबरेज अंसारी की पत्नी शाइस्ता परवीन के अधिवक्ता अल्ताफ़ हुसैन ने बीबीसी से इसकी पुष्टि की है.

    उन्होंने बीबीसी से कहा, “कोर्ट ने आइपीसी की धारा 304 के तहत इन्हें दोषी पााया है. इसमें 10 साल से लेकर उम्रक़ैद तक की सजा का प्रावधान है. हमें अदालत से इंसाफ की उम्मीद है. हम दोषियों के लिए उम्रक़ैद की माँग करेंगे. हमें भरोसा है कि अदालत उन्हें उम्रक़ैद की सजा सुनाएगा. “

    उन्होंने कहा, “इस मामले के मुख्य अभियुक्त पप्पू उर्फ प्रकाश मंडल पहले से ही जेल में थे. दोषी करार दिए जाने के बाद बाकी के 9 अभियुक्तों को भी कस्टडी में लेकर जेल भेज दिया गया है. इस मामले के 2 अभियुक्त सुमंतो महतो और सत्यनारायण नायक साक्ष्य के अभाव में रिहा कर दिए हैं, जबकि कुशल महतो नामक एक अभियुक्त की पहले ही मौत हो चुकी है.”

    दोषी करार गए लोगों के नाम- पप्पू मंडल उर्फ़ प्रकाश, कमल महतो, मदन नायक, अतुल महाली, महेश महाली, विक्रम मंडल, चामु नायक, प्रेमचंद महली, भीमसेन मंडल और सुनामो प्रधान.

    क्या था मामला

    साल 2019 के जून महीने की 17 तारीख को जमशेदपुर से वारस अपने गाँव लौट रहे 24 साल के तबरेज अंसारी को सरायकेला इलाक़े के धातकीडीह गाँव के कुछ लोगों ने चोरी के आरोप में पकड़ लिया था. उसके बाद बिजली के पोल में बाँधकर उनकी पिटाई और ‘जय श्री राम’ के नारे लगवाने के आरोप थे. फिर अगली सुबह पुलिस को सौंप दिया गया.

    पुलिस ने उन्हें चोरी के आरोप में जेल भेजा. वहीं उनकी तबीयत बिगड़ गई और 22 जून को अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. इस मामले में उनकी पत्नी शाइस्ता परवीन ने पुलिस रिपोर्ट दर्ज करायी थी.

  5. 27 जून और दिन मंगलवार, बीबीसी हिन्दी का पॉडकास्ट दिनभर पूरा दिन पूरी ख़बर

  6. अरविंद केजरीवाल के बंगले की मरम्मत में हुए खर्च का ऑडिट करेगा कैग

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी बंगले की मरम्मत में हुए खर्च का ऑडिट कैग करेगा.

    राज निवास के एक अधिकारी के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने यह जानकारी दी है.

    उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने 24 मई को गृह मंत्रालय को एक ख़त लिखकर आवास की मरम्मत में वित्तीय अनियमितता और नियमों की अनदेखी की आशंका जताते हुए जांच की सिफ़ारिश की थी.

    गृह मंत्रालय की तरफ़ से स्पेशल ऑडिट के आदेश के बाद आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर हमला बोला है.

    पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों में हार सुनिश्चित देख बीजेपी हताश हो गई है.

    दरअसल, बीजेपी इस बंगले में मरम्मत और साज-सज्जा पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने का आरोप लगाती रही है. जिसके बाद आम आदमी पार्टी ने सफ़ाई दी थी कि मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास 1942 में तैयार किया गया था और उसकी हालत अब जर्जर हो चुकी थी. इसी वजह से मरम्मत कराना ज़रूरी था.

  7. अफगानिस्तान में तालिबान के आने के बाद कितने नागरिक मारे गए?

    अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक 2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद बमबारी और अन्य हिंसा के मामलों में एक हजार से ज्यादा अफगान नागरिकों की मौत हुई है.

    रिपोर्ट के मुताबिक 15 अगस्त 2021 से इस साल मई के बीच 1 हजार 95 नागरिक मारे गए और 2 हजार 679 लोग घायल हुए हैं.

    रिपोर्ट में इन हमलों को लेकर कहा गया है कि इनमें धार्मिक स्थलों और अफगानिस्तान में हजारा समुदाय को निशाना बनाया गया है.

    ज्यादातर मौतें मस्जिदों, शैक्षिक केंद्रों और बाजार जैसे सार्वजनिक स्थानों पर आत्मघाती बम विस्फोटों और आईईडी ब्लास्ट की वजह से हुई हैं.

    हालांकि तालिबान के आने के बाद देश में सशस्त्र लड़ाई कम हो गई है, लेकिन इस्लामिक स्टेट की खुरासान ब्रांच से सुरक्षा की चुनौती बनी हुई है.

    संयुक्त राष्ट्र कार्यालय के मुताबिक देश में ज्यादातर हमलों के पीछे इसी संगठन का हाथ था.

    रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि तालिबान के आने के बाद देश में आत्मघाती हमलों की संख्या में तेजी से बढ़त हुई है.

    वहीं तालिबान का कहना है कि उन्होंने अफगानिस्तान को सुरक्षित रख रहे हैं और हाल के महीनों में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर हमले किए गए हैं.

  8. मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार करने की मांग, दलित युवती से कथित रेप का मामला

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान में बीकानेर के खाजूवाला में दलित युवती से कथित रेप के बाद हत्या मामले में मंगलवार को राष्ट्रीय अनुसूचित जाति (एससी) आयोग के सदस्य पीड़ित परिजनों से मुलाकात करने पहुंचे.

    एससी आयोग सदस्य सुभाष रामनाथ पारधी ने संभाग और ज़िला स्तरीय अधिकारियों से मीटिंग कर मामले की जानकारी ली और पुलिस प्रशासन को निर्देश भी दिए हैं.

    मीडिया से बातचीत में सुभाष रामनाथ आराधी ने कहा, "यह घटना हमारे संज्ञान में आते ही कलेक्टर और एसपी से जानकारी मांगी. हमने अगले ही दिन नोटिस जारी किया. मैं खाजूवाला में पीड़ित के माता-पिता और भाइयों से मिला. उन्होंने तत्काल ही मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है."

    "पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर इस मामले में छह लोगों की अब तक गिरफ्तारी की है. दो आरोपियों को जो पुलिस विभाग से संबंधित हैं उन्हें निलंबित और अंत में निष्कासित किया गया है."

    उन्होंने बताया कि, "एससी-एसटी एक्ट की धारा के तहत 4 लाख 12 हजार 5 सौ रुपए की मुआवजा राशि आज ही कलेक्टर कार्यालय के ज़रिए पीड़िता के परिजनों के खाते में ट्रांसफर करवाई है."

    बीस जून को एक युवती की कथित रेप के बाद हत्या के आरोप, खाजूवाला थाने के दो पुलिस कांस्टेबल समेत अन्य पर लगे थे. मामले में कांस्टेबल समेत पूर्व थाना अध्यक्ष को निलंबित किया गया है. मुख्य अभियुक्त कांस्टेबल अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है.

    बीती रात नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल भी पीड़िता के परिजनों से मुलाकात करने खाजूवाला पहुंचे थे. उन्होंने भी इस मामले में मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी की मांग उठाई थी.

    जबकि, बीजेपी ने पांच सदस्यों की एक कमेटी बनाई थी जो बीते दिनों परिजनों से मुलाकात करने पहुंची थी.

  9. दिल्ली पुलिस ने पकड़ा मास्टरमाइंड, बताया कैसे रची थी प्रगति मैदान टनल में लूट की साजिश

    दिल्ली के प्रगति मैदान टनल में एक कैब से दिनदहाड़े लाखों की लूट के मामले में पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से पांच लाख रुपये और हथियार भी बरामद किए गए हैं.

    पुलिस के अनुसार एक ई-कॉमर्स कंपनी का डिलीवरी ब्वॉय उस्मान पूरी लूट का मास्टरमाइंड था.

    क्राइम ब्रांच के स्पेशल कमिश्नर रवींद्र यादव ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी घटना का खुलासा किया.

    यादव ने बताया कि बुराड़ी के रहने वाले उस्मान ने ही पूरी घटना की प्लानिंग की. उसने ही फिर अपने रिश्तेदार इरफ़ान को लूट में शामिल किया. बाद में इन दोनों ने उत्तर प्रदेश के लोनी, बागपत जैसी जगहों से कुछ अपराधियों से लूट को अंजाम देने के लिए संपर्क किया.

    पुलिस के अनुसार इन लोगों ने लूट से पहले तीन दिन तक रेकी भी की थी. जिसके बाद अंडरपास को घटना को अंजाम देने के लिए चुना गया.

    गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम- उस्मान, इरफ़ान, अनुज मिश्रा, सुमित, अमित, प्रदीप, कुलदीप हैं. दिल्ली पुलिस के अनुसार 2-3 और अभियुक्तों की तलाश जारी है.

    लूट की ये घटना सोमवार को हुई थी, जिसमें दो बाइक पर आए 4 लुटेरों ने दिल्ली के प्रगति मैदान टनल के भीतर कैब सवार एक शख़्स से दिनदहाड़े लूट की थी. इस घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.

  10. हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान घायल हुईं ममता बनर्जी

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    उत्तर बंगाल में मंगलवार दोपहर को हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पैर और कमर में चोट आई है.

    कोलकाता लौटते ही उनको एयरपोर्ट से सीधे सरकारी एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया है. वहां उनके स्वास्थ्य की जांच की जा रही है.

    सरकारी सूत्रों ने बताया कि स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम और विधानसभा अध्यक्ष विमान बोस समेत तृणमूल कांग्रेस के कई मंत्री और नेता अस्पताल पहुंच गए हैं.

    हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलने के बाद राज्यपाल सी.वी.आनंद बोस ने भी ममता को फोन कर उनका कुशलक्षेम पूछा था.

    एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के लिए एयरपोर्ट पर ही एंबुलेंस तैयार रखी गई थी. लेकिन वे कार से ही अस्पताल के लिए रवाना हुई.

    अस्पताल पहुंचने के बाद उनके लिए व्हीलचेयर ले आया गया, लेकिन इस पर बैठने की बजाय ममता कुछ लंगड़ाते हुए अस्पताल के भीतर गई.

    इससे लग रहा है कि उनको चलने में दिक्कत हो रही है. अस्पताल में मुख्यमंत्री के लिए पहले से ही एक विशेष वार्ड तैयार रखा गया था.

    अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि ममता बनर्जी के स्वास्थ्य की जांच की जा रही है. विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम उनकी जांच कर रही है.

    आज दोपहर को जलपाईगुड़ी जिले के मालबाजार में एक चुनावी सभा के बाद हेलीकॉप्टर से लौटते समय ममता बनर्जी को बागडोगरा एयरपोर्ट ले जा रहा हेलीकॉप्टर अचानक खराब मौसम में फंस गया था.

    पायलट ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए कुछ देर बाद सिलीगुड़ी से सटे वायुसेना के सेवक एअरबस पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग की थी.

    अधिकारियों का कहना है कि लैंडिंग के वक्त ही उनके पैर और कमर में चोट लगी है. वहां से बाद में ममता सड़क मार्ग से एयरपोर्ट पहुंची और वहां से शाम चार बजे के बाद कोलकाता लौटी.

  11. यूनिफॉर्म सिविल कोड: पीएम मोदी के बयान पर विपक्ष हमलावर, किसने क्या कहा?

    यूनिफॉर्म सिविल कोड पर पीएम नरेंद्र मोदी के बयान के बाद इसे लेकर बहस शुरू हो गई है.

    कांग्रेस, एआईएमआईएम, जेडीयू, डीएमके जैसी पार्टियों ने प्रधानमंत्री मोदी पर वोटबैंक की राजनीतिक करने का आरोप लगाया है.

    कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीबी, महंगाई, बेरोज़गारी और मणिपुर हिंसा जैसी चीज़ों पर जवाब नहीं देते हैं. उनका बयान इन मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश है.

    वहीं, कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने पीएम के बयान पर कहा, ''प्रधानमंत्री खुद वोटबैंक की राजनीति कर रहे हैं. अगर यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करना था तो 9 साल से उनकी सरकार है, पहले ही कर सकते थे. जैसे ही चुनाव आता है उन्हें ये सब चीज़ें याद आ जाती हैं.''

    यूनिफॉर्म सिविल कोड को लेकर कांग्रेस नेता और ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य आरिफ़ मसूद ने कहा, ''देश बाबा साहब के बनाए संविधान पर भरोसा करता है, देश उसमें कोई बदलाव नहीं होने देगा.''

    जेडीयू ने लगाया वोटबैंक की राजनीति का आरोप

    जेडीयू नेता केसी त्यागी ने बीजेपी पर वोटबैंक की राजनीतिक करने का आरोप लगाया. त्यागी ने कहा, ''यूनिफॉर्म सिविल कोड के मुद्दे पर सभी पार्टियों और स्टेकहोल्डर्स के साथ चर्चा होनी चाहिए.''

    ओवैसी ने ट्वीट कर कहा, ''नरेंद्र मोदी ने तीन तलाक़, यूनिफॉर्म सिविल कोड और पसमांदा मुसलमानों पर कुछ टिप्पणी की है. लगता है मोदी जी ओबामा की नसीहत को ठीक से समझ नहीं पाए.''

    ओवैसी ने क्या कहा?

    एआईएमआईएम के नेता और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, ''मोदी जी ये बताइए कि क्या आप ''हिन्दू अविभाजित परिवार" (HUF) को ख़त्म करेंगे? इसकी वजह से देश को हर साल 3 हजार 64 करोड़ रुपये का नुक़सान हो रहा है.''

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज भोपाल में एक कार्यक्रम में कहा था कि आज कल यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर लोगों को भड़काने का काम हो रहा है.

    पीएम ने कहा, "आप मुझे बताइए कि एक घर में परिवार के एक सदस्य के लिए एक क़ानून हो और दूसरे के लिए दूसरा क़ानून हो, तो क्या वो घर चल पाएगा क्या?"

    क्या है समान नागरिक संहिता

    शादी, तलाक़, उत्तराधिकार और गोद लेने के मामलों में भारत में विभिन्न समुदायों में उनके धर्म, आस्था और विश्वास के आधार पर अलग-अलग क़ानून हैं.

    हालांकि, देश की आज़ादी के बाद से समान नागरिक संहिता या यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड (UCC) की मांग चलती रही है. इसके तहत इकलौता क़ानून होगा जिसमें किसी धर्म, लिंग और लैंगिक झुकाव की परवाह नहीं की जाएगी.

    • UCC: समान नागरिक संहिता लागू करना क्या भारत में संभव है?
  12. वर्ल्ड कप 2023: वीरेंद्र सहवाग की भविष्यवाणी, सेमीफाइनल में पहुंच सकती हैं ये चार टीमें

    वनडे वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल लॉन्चिंग इवेंट के दौरान क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमों को लेकर भविष्यवाणी की है.

    उन्होंने सेमीफाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत और पाकिस्तान नाम लिया.

    इवेंट के दौरान आईसीसी के सीईओ ज्योफ एलार्डिस, बीसीसीआई सचिव जय शाह, श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर मुथैया मुरलीधरन भी मौजूद थे.

    वर्ल्ड कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से अहमदाबाद में होगा, वहीं फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद में ही खेला जाएगा.

    टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें आठ टीमों को सीधे एंट्री मिली है, वहीं दो टीमें जिम्बाब्वे में चल रहे वर्ल्ड कप क्वालिफायर के बाद तय होंगी.

    12 शहरों में मैच खेले जाएंगे, जिसमें अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, तिरुवंतपुरम, मुंबई, अहमदाबाद, पुणे, लखनऊ, दिल्ली, गुवाहाटी, कोलकाता और धर्मशाला शामिल हैं.

    भारत के मैच

    8 अक्टूबर - ऑस्ट्रेलिया (चेन्नई)

    11 अक्टूबर- अफगानिस्तान (दिल्ली)

    15 अक्टूबर- पाकिस्तान (अहमदाबाद)

    19 अक्टूबर- बांग्लादेश (पुणे)

    22 अक्टूबर- न्यूजीलैंड (धर्मशाला)

    29 अक्टूबर- इंग्लैंड (लखनऊ)

    2 नवंबर- क्वालिफायर 2 (मुंबई)

    5 नवंबर- साउथ अफ्रीका (कोलकाता)

    11 नवंबर - क्वालिफायर 1 (बेंगलुरु)

  13. वागनर ग्रुप के भारी हथियारों का क्या होगा, रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा कि वागनर ग्रुप, देश की सेना को भारी सैन्य उपकरण सौंपने की तैयारी कर रहा है.

    शनिवार को वागनर ग्रुप के लड़ाकों ने 'बगावत' करते हुए रूस के रोस्तोव शहर को अपने नियंत्रण में ले लिया था.

    ग्रुप ने दावा किया था वह राजधानी मॉस्को के 200 किलोमीटर के भीतर अपने लड़ाकों को ले आया है और उसकी तरफ कूच कर रहा है, लेकिन देर रात तक बेलारूस ने बीच बचाव किया और लड़ाकों ने कदम वापस खींच लिए.

    सोमवार को राष्ट्रपति पुतिन ने देश को संबोधित करते हुए वागनर ग्रुप के लड़ाकों को सच्चा देशभक्त बताया था.

    पुतिन का कहना था कि लड़ाकों को विद्रोह के लिए गुमराह किया था. उन्होंने कहा था कि वागनर ग्रुप के लड़ाके देश की सेना में शामिल होने, अपने परिवारों के पास वापस लौटने या फिर बेलारूस जाने का विकल्प चुन सकते हैं.

    इसके साथ यह भी घोषणा की गई है कि 'बगावत' में हिस्सा लेने वाले लड़ाकों के खिलाफ सभी आपराधिक आरोप हटाए जा रहे हैं.

    वागनर ग्रुप भाड़े के लड़ाकों की एक प्राइवेट आर्मी है जो यूक्रेन में रूसी सेना के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ती रही है. एक अनुमान के मुताबिक वहां वागनर ग्रुप के दसियों हज़ार लड़ाके मौजूद हैं

  14. यूनिफॉर्म सिविल कोड: पीएम मोदी के बयान पर भड़के असदुद्दीन ओवैसी

    समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड पर पीएम नरेंद्र मोदी के बयान के बाद विपक्षी पार्टियों की तरफ़ से तीख़ी प्रतिक्रिया आनी शुरू हो गई है.

    एआईएमआईएम के नेता और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम के बयान पर पलटवार किया है.

    ओवैसी ने ट्वीट कर कहा, ''नरेंद्र मोदी ने तीन तलाक़, यूनिफॉर्म सिविल कोड और पसमांदा मुसलमानों पर कुछ टिप्पणी की है. लगता है मोदी जी ओबामा की नसीहत को ठीक से समझ नहीं पाए.''

    उन्होंने आगे कहा, ''मोदी जी ये बताइए कि क्या आप ''हिन्दू अविभाजित परिवार" (HUF) को ख़त्म करेंगे? इसकी वजह से देश को हर साल 3 हजार 64 करोड़ रुपये का नुक़सान हो रहा है.''

    'पाकिस्तान के क़ानून से ले रहे प्रेरणा'

    ओवैसी यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा, ''आपके प्यादे मस्जिदों पर हमले कर रहे हैं, उनके रोज़गार छीन रहे हैं, घरों पर बुलडोज़र चला रहे हैं, लिंचिंग हो रही है. गरीब मुसलमानों की स्कॉलरशिप छीनी जा रही है''

    पीएम के भाषण में पसमांदा मुसलमानों और तीन तलाक़ के ज़िक्र पर ओवैसी ने कहा, ''अग़र पसमांदा मुसलमानों का शोषण हो रहा है तो आप क्या कर रहे हैं. पाकिस्तान का हवाला देते हुए मोदी जी ने कहा कि वहां तीन तलाक़ पर रोक है. मोदी जी को पाकिस्तान के क़ानून से इतनी प्रेरणा क्यों मिल रही है.''

    पीएम मोदी ने क्या कहा था?

    प्रधानमंत्री ने मंगलवार को भोपाल में पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.

    उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर लोगों को भड़काने का काम हो रहा है.

    पीएम मोदी ने कहा कि आप मुझे बताइए कि एक घर में परिवार के एक सदस्य के लिए एक क़ानून हो और दूसरे के लिए दूसरा क़ानून हो, तो क्या वो घर चल पाएगा क्या?

  15. ममता बनर्जी को ले जा रहे हेलीकॉप्टर ने की इमरजेंसी लैंडिंग

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जलपाईगुड़ी से बागडोगरा ले जा रहे हेलीकॉप्टर को अचानक मौसम बिगड़ने के कारण सेवक एयरबेस पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.

    उत्तर बंगाल के चुनावी दौरे पर गई ममता बनर्जी जलपाईगुड़ी जिले के मालूबाजार में एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद बागडोगरा एयरपोर्ट जा रही थीं.

    वहां से उनको विमान से कोलकाता लौटना था. सरकारी अधिकारियों ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं.

    सरकारी अधिकारियों ने बताया कि यह उड़ान महज 11 मिनट की थी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही मौसम अचानक काफी बिगड़ गया और तेज बारिश होने लगी. वहां नीचे घना जंगल था. इसे खतरनाक मानते हुए पायलट ने तेजी से हेलीकॉप्टर को दूसरी दिशा में मोड़ दिया.

    अधिकारियों के मुताबिक हेलीकॉप्टर में मुख्यमंत्री के अलावा उनके एक सुरक्षा कर्मी और एक पत्रकार भी सवार थे. पायलट ने हेलीकॉप्टर का रुख उस ओर कर दिया जिधर आसमान साफ नजर आ रहा था. पायलट को वहां सेना का एअरबेस होने की जानकारी नहीं थी.

    उन्होंने बताया कि कुछ देर तक असमंजस और चिंता में रहने के बाद पायलट को जब सिलीगुड़ी से सटे सालूगाड़ा स्थित सेवक एयरबेस नजर आया तो वहां इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी.

    वहां सेना के अधिकारी मुख्यमंत्री और उनके सहयात्रियों को सेना के दफ्तर में ले गए. वहां से कुछ देर बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से बागडोगरा रवाना हो गईं.

  16. अमेरिका: महिला ने उबर ड्राइवर के सिर में गोली क्यों मारी?

    अमेरिका में एक महिला पर टैक्सी रेंटल कंपनी उबर के एक ड्राइवर की हत्या करने का आरोप लगा है.

    पुलिस का कहना है कि कार में बैठी महिला को शक हुआ कि उसको अगवा करने की कोशिश हो रही है, जिसके बाद उसने बैग से पिस्तौल निकाली और ड्राइवर के सिर में गोली मार दी.

    दरअसल फोएबे कुबास नाम की महिला अमेरिकी शहर टेक्सस में अपने एक दोस्त से मिलने जा रही थी. इस शहर की सीमा मैक्सिको देश से लगती है.

    पुलिस के मुताबिक कार में जाते हुए महिला ने सड़क पर एक बोर्ड देखा और उस बोर्ड को देखकर महिला को शक हुआ कि वह मैक्सिको में आ गई है और उसका अपहरण होने वाला है.

    ऐसे में महिला ने अपने बैग से पिस्तौल निकाली और 52 साल के ड्राइवर डेनियल बेड्रा गार्सिया के सिर पर गोली चला दी.

    पुलिस के मुताबिक जांच में महिला के अपहरण की किसी भी कोशिश का पता नहीं चला है और ड्राइवर ने महिला को छोड़ते हुए किसी भी गलत रास्ते का इस्तेमाल नहीं किया है.

  17. यूनिफॉर्म सिविल कोड और तीन तलाक़ पर पूछा सवाल तो पीएम मोदी ने दिया ये जवाब

    मध्यप्रदेश में पांच वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया.

    इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनसे एक-एक कर सवाल पूछे और पीएम मोदी ने उनका जवाब दिया.

    इसी सवाल-जवाब के सिलसिले में यूनिफॉर्म सिविल कोड का भी ज़िक्र आया और ट्रिपल तलाक़ का भी.

    एक महिला कार्यकर्ता ने पीएम मोदी से पूछा, ''वोट बैंक की राजनीति करने वालों ने देश को बहुत नुकसान पहुंचाया है. पहले हमने देखा था कि ये सभी तीन तलाक़ का बहुत विरोध कर रहे थे और अब यूनिफॉर्म सिविल कोड का भी विरोध कर रहे हैं. ऐसे में मुस्लिम भाई-बहनों को काफ़ी भ्रम हो रहा है. उन्हें कैसे समझाए''?

    जवाब में पीएम मोदी ने कहा,'' मुझे लगता है कि जो भी तीन तलाक़ के पक्ष में बातें करते हैं, इसकी वकालत करते हैं, वो मुस्लिम बेटियों के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं.''

    ''अगर तीन तलाक इस्लाम का एक महत्वपूर्ण सिद्धांत है, तो पाकिस्तान, इंडोनेशिया और बांग्लादेश में तीन तलाक क्यों नहीं है''?

    ''दुनिया के सभी मुस्लिम बहुल देशों में तीन तलाक़ को ख़त्म कर दिया गया है. मैं परसो मिस्र में था और यहां आज से अस्सी-नब्बे साल पहले तीन तलाक़ की प्रथा को समाप्त कर दिया.''

    ''मैं जानता हूं कि मेरी सभी मुस्लिम बहनें और बेटियां भाजपा के साथ खड़ी रहती हैं, मोदी के साथ खड़ी रहती हैं.''

    यूनिफॉर्म सिविल कोड पर क्या बोले?

    आज कल यूनिफॉर्म सिविल कोड के नाम पर लोगों को भड़काने का काम हो रहा है.

    आप मुझे बताइए कि एक घर में परिवार के एक सदस्य के लिए एक क़ानून हो और दूसरे के लिए दूसरा क़ानून हो, तो क्या वो घर चल पाएगा क्या? तो ऐसी दोहरी व्यवस्था से देश कैसे चल पाएगा?

    भारत के संविधान में भी सभी नागरिकों को समान अधिकार की बात कही गई है.

  18. वागनर ग्रुप की 'बगावत' के दौरान रूसी पायलटों की मौत पर बोले राष्ट्रपति पुतिन

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार देर रात देश को संबोधित किया.

    उन्होंने माना कि वागनर ग्रुप की बगावत के दौरान रूसी पायलट मारे गए हैं.

    समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक पुतिन ने उस सभी लोगों को धन्यवाद दिया जो वागनर लड़ाकों के रास्ते में आकर खड़े हो गए थे और जो अपने देश के प्रति वफादार रहे.

    उन्होंने एक दिन चली बगावत के दौरान मारे गए सैनिकों को भी धन्यवाद दिया.

    वहीं सोमवार को टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए एक ऑडियो संदेश में वागनर ग्रुप के चीफ प्रिगोज़िन ने दावा किया था उनके लड़ाकों ने विद्रोह के दौरान जमीन पर एक भी सैनिक को नहीं मारा.

    हालांकि उन्होंंने यह बात मानी थी कि उनके लड़ाकों ने रूसी वायुसेना के जहाज को निशाना बनाया.

    प्रिगोज़िन का दावा है कि रूसी वायुसेना हमला कर रही थी जिसके कारण उन्होंने जवाबी हमला किया.

    उनका कहना था, "हम विरोध जताने के लिए मार्च कर रहे थे, सरकार गिराने के लिए नहीं."

    पिछले हफ़्ते प्रिगोज़िन ने घोषणा की थी कि वो रूसी सेना के ख़िलाफ़ विद्रोह का रास्ता लेने जा रहे हैं और उन्होंने रूसी शहर रोस्तोव पर नियंत्रण कर लिया था.

    येवगेनी प्रिगोज़िन की घोषणा से तिलमिलाए राष्ट्रपति पुतिन ने इसे ‘पीठ में छुरा घोंपने’ जैसा बताया था और रूस को ‘धोखा’ देने वालों को सज़ा देने की बात कही थी.

    बेलारूस के बीच बचाव करने के बाद मॉस्को की ओर मार्च करने के लिए निकले प्रिगोज़िन ने वापस लौटने का फ़ैसला किया था.

  19. इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट टीम में बड़े पैमाने पर भेदभाव- रिपोर्ट

    इंडिपेंडेंट कमीशन फॉर इक्विटी इन क्रिकेट (आईसीईसी) ने अपनी एक रिपोर्ट में दावा किया है कि इंग्लैंड और वेल्श की क्रिकेट टीम में नस्लवाद, लिंगवाद, वर्गवाद और अभिजात्यवाद व्यापक रूप से फैला हुआ है.

    आईसीईसी ने ये रिपोर्ट दो सालों की पड़ताल के बाद तैयार की है और कुल 44 सिफ़ारिशें पेश की हैं.

    इन सिफ़ारिशों में इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को अपनी विफलताओं के लिए बिना किसी शर्त सार्वजनिक माफ़ी मांगना भी शामिल है.

    ईसीबी के अध्यक्ष रिचर्ड थॉम्पसन का कहना है कि वो इस रिपोर्ट का उपयोग क्रिकेट में बदलाव लाने के लिए करेंगे.

    'ब्लैक लाइव्स मैटर' और 'मी टू' जैसे वैश्विक आंदोलनों के मद्देनजर मार्च 2021 में ईसीबी यानी इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने आईसीईसी की घोषणा की थी.

    रिपोर्ट में क्या है?

    317 पेज की इस रिपोर्ट को क्रिकेट को आयना दिखाने के रूप में बताया गया है.

    आईसीईसी ने अपनी रिपोर्ट में पाया है:

    - खेल के भीतर "संरचनात्मक और संस्थागत नस्लवाद" मौजूद है.

    - खेल के सभी स्तरों पर महिलाओं को पुरुषों के "अधीनस्थ" माना जाता है.

    - क्रिकेट में "अभिजात्यवाद और वर्ग-आधारित भेदभाव" का प्रचलन है.

    - काले खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व कम है और ईसीबी को इसे लेकर एक योजना विकसित करनी चाहिए.

    - भेदभाव का अनुभव करने वाले कई लोग अधिकारियों पर अविश्वास के कारण इसकी रिपोर्ट नहीं करते हैं.

    - पेशेवर और मनोरंजक खेल दोनों में अंपायर नियमित रूप से दुर्व्यवहार को नजरअंदाज करते हैं और शिकायतों को ख़ारिज कर देते हैं.

  20. आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 शेड्यूल का एलान, 8 अक्टूबर को भारत का पहला मुकाबला

    आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 शेड्यूल का एलान हो गया है.

    वर्ल्ड कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से अहमदाबाद में होगा, जिसका फाइनल मुकाबला 19 नवंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा.

    भारत का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 अक्टूबर को चेन्नई में होगा, वहीं 15 अक्टूबर को भारत पाकिस्तान, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगे.

    टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसमें आठ टीमों को सीधे एंट्री मिली है, वहीं दो टीमें जिम्बाब्वे में चल रहे वर्ल्ड कप क्वालिफायर के बाद तय होंगी.

    12 शहरों में मैच खेले जाएंगे, जिसमें अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, तिरुवंतपुरम, मुंबई, अहमदाबाद, पुणे, लखनऊ, दिल्ली, गुवाहाटी, कोलकाता और धर्मशाला शामिल हैं.

    भारत का मुकाबला

    8 अक्टूबर - भारत और ऑस्ट्रेलिया (चेन्नई)

    11 अक्टूबर- भारत और अफगानिस्तान (दिल्ली)

    15 अक्टूबर- भारत और पाकिस्तान (अहमदाबाद)

    19 अक्टूबर- भारत और बांग्लादेश (पुणे)

    22 अक्टूबर- भारत और न्यूजीलैंड (धर्मशाला)

    29 अक्टूबर- भारत और इंग्लैंड (लखनऊ)

    2 नवंबर- भारत और क्वालिफायर 2 (मुंबई)

    5 नवंबर- भारत और साउथ अफ्रीका (कोलकाता)

    11 नवंबर - भारत और क्वालिफायर 1 (बेंगलुरु)