You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बकिंघम पैलेस के बाहर से एक शख़्स गिरफ़्तार

पुलिस का कहना है कि पैलेस के हिस्से में एक शॉटगन के कारतूस फेंके गए जिसके बाद एक संदिग्ध को गिरफ़्तार किया गया है.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल and स्नेहा

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, बकिंघम पैलेस के बाहर से एक शख़्स गिरफ़्तार

    पुलिस ने बताया है कि लंदन में बकिंघम पैलेस के बाहर संदिग्ध शॉटगन के कारतूस फेंके जाने के बाद एक नियंत्रित विस्फोट हुआ है जिसके बाद वहां से एक शख़्स को गिरफ़्तार किया गया है.

    पुलिस का कहना है कि पैलेस के हिस्से में एक शॉटगन के कारतूस फेंके गए थे.

    मंगलवार को स्थानीय समयानुसार शाम को तक़रीबन 7 बजे पुलिस ने शख़्स को हिरासत में लिया और उस जगह की घेराबंदी कर दी गई.

    स्कॉटलैंड यार्ड ने बताया है कि एक शख़्स को आक्रामक हथियार रखने पर गिरफ़्तार किया गया है.

    ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है कि गोलियां चली हैं या किसी अफ़सर या आम लोगों में से कोई घायल हुआ है.

    मेट्रोपोलिटन पुलिस का कहना है कि व्यक्ति के पास से एक संदिग्ध बैग भी बरामद हुआ है.

    विशेषज्ञों के आकलन के बाद एहतियात के तौर पर एक नियंत्रित विस्फोट किया गया है.

    जिस समय व्यक्ति को गिरफ़्तार किया गया उस समय किंग और क्वीन कॉन्सर्ट बकिंघम पैलेस में नहीं थे.

  2. बजरंग बली की तुलना बजरंग दल से करने पर मोदी माफ़ी मांगेंः कांग्रेस

    कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने भगवान बजरंग बली की तुलना बजरंगदल से करके धार्मिक भावनाएं आहत की हैं और उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए.

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज मेनिफ़ेस्टो जारी किया था. चुनावी घोषणापत्र में कांग्रेस ने कहा है कि अगर पार्टी सत्ता में आती है तो बजरंग दल और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफ़आई) जैसे संगठनों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेगी और इसमें प्रतिबंध लगाना तक शामिल है.

    इसके बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में होसपेट की एक रैली में कांग्रेस पर तंज़ कसते हुए कहा था, '' यह देश का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी को प्रभु श्रीराम से भी तकलीफ़ होती थी और अब जय बजरंगबली बोलने वालों से भी तकलीफ़ हो रही है.''

    पीएम मोदी ने रैली में कहा कि 'कांग्रेस पार्टी ने अपने मेनिफ़ेस्टो में बजरंग बली को ताले में बंद करने का निर्णय लिया है.'

    कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, ''शर्म आनी चाहिए, मेरे अराध्य देव की तुलना बजरंग दल से करेंगे. जिनके बारे में आपके अपने नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्या कहा था 2017 में याद है आपको- कि ये आईएसआई से संबंधित लोग हैं. फ़ोन उठाइए प्रधानमंत्री जी और पूछिए जरा उनसे कि क्या विचार हैं उनके बजरंग दल के विषय में.

    उन्होंने कहा, "बजरंग बली की तुलना बजरंग दल से करेंगे. ये हम बर्दाश्त कर लेंगे? कैसे अपमान कर सकते हैं वो हमारे बजरंग बली की?''

    उन्होंने कहा, ''माफी मांगें प्रधानमंत्री. इस देश से और करोड़ों ऐसे भक्तों से जो बजरंग बली को अपने दिल के क़रीब रखते हैं.''

  3. गो फ़र्स्ट ने फ़ंड की दिक़्क़तों के बीच तीन-चार मई को सेवाएं रद्द की

    गो फ़र्स्ट ने फ़ंड की दिक़्क़तों का हवाला देते हुए तीन और चार मई को अपनी सेवाएं रोकने का फ़ैसला किया है. एयरलाइन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कौशिक खोना ने यह जानकारी दी है. इस पर एविएशन (उड्डयन) रेगुलेटर डीजीसीए ने एयरलाइन को नोटिस जारी किया है.

    कौशिक खोना ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि पीएंडडब्ल्यू कंपनी की इंजन आपूर्ति नहीं होने से परिचालन में आई बाधाओं के कारण एयरलाइन वित्तीय दिक्कतों का सामना कर रही है.

    कंपनी के ख़ुद को दिवालिया घोषित करने की प्रक्रिया से संबंधित पूछे गए सवाल पर नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, ''यही बेहतर होगा कि न्यायिक प्रक्रिया का इंतज़ार किया जाए.''

    कंपनी ने ख़ुद को दिवालिया घोषित किए जाने के लिए नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल में आवेदन दिया है.

    सिंधिया ने एक बयान में कहा, '' गो फ़र्स्ट को सप्लाई चेन की दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है. भारत सरकार एयरलाइन की हर संभव मदद कर रही है. इस मुद्दे को स्टेकहोल्डर्स के साथ भी उठाया गया है.''

  4. शरद पवार अपने फ़ैसले पर विचार करने पर सहमत हो गए हैं: अजित पवार

    एनसीपी नेता अजित पवार ने कहा है कि शरद पवार अध्यक्ष पद छोड़ने के फ़ैसले पर विचार करने के लिए सहमत हो गए हैं.

    एनसीपी चीफ़ शरद पवार ने मंगलवार दोपहर में घोषणा की थी कि वह जल्द ही पार्टी अध्यक्ष का पद छोड़ने जा रहे हैं. उन्होंने कहा था, '' मैंने पार्टी अध्यक्ष के तौर पर काम नहीं करने का फ़ैसला किया है. लेकिन मैं राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक सक्रियता जारी रखूंगा.''

    अब एनसीपी नेता अजित पवार ने कहा है, '' हमने उन्हें (शरद पवार) बताया कि पार्टी कार्यकर्ता दुखी हो गए हैं. हमने उन्हें यह भी बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग है कि वे अध्यक्ष बने रहें. उन्होंने कहा है कि वो इस पर विचार करेंगे लेकिन उन्हें इसके लिए 2-3 दिन का समय चाहिए. और कार्यकर्ता प्रदर्शन न करें.''

    अजित पवार ने कहा कि उन्होंने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बातचीत की है.

    इसके पहले, एनसीपी प्रमुख शरद पवार के अध्यक्ष पद छोड़ने के एलान के बाद एनसीपी नेता अजित पवार ने कहा था कि उन्होंने ये फ़ैसला अपनी उम्र को देखते हुए लिया है.

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने (अजित पवार) कहा था कि वो (शरद पवार) अपना इस्तीफ़ा वापस नहीं लेंगे. उन्होंने कहा कि नये अधयक्ष शरद पवार के मार्गदर्शन में काम करेंगे.

    अजित पवार ने कहा था, '' समय के हिसाब से सब को निर्णय लेना पड़ता है. उन्होंने निर्णय लिया है और अब वो इसे वापस नहीं लेंगे.'' उन्होंने कहा, "जो भी नया अध्यक्ष होगा, वो उसके साथ खड़े होंगे."

  5. बिलकिस बानो मामला: केंद्र और गुजरात सरकार सुप्रीम कोर्ट के साथ दस्तावेज़ साझा करने को राज़ी

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    केंद्र सरकार और गुजरात सरकार ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि वे बिलकिस बानो मामले में 11 दोषियों की रिहाई पर कोर्ट के पहले के निर्देश का पालन करेंगे.

    सुप्रीम कोर्ट ने पहले के आदेश में गुजरात और केंद्र सरकार को कहा था कि वे रिहाई का आदेश देने से संबंधित ऑरिजिनल रिकॉर्ड साझा करें.

    जस्टिस के एम जोसेफ़ और जस्टिस बीवी नागरत्न की बेंच ने उन दोषियों से भी इस मामले में दो सप्ताह के भीतर एफ़िडेविट दाख़िल करने को कहा है, जिन्होंने अब तक ऐसा नहीं किया है.

    सुप्रीम कोर्ट ने पिछली सुनवाई के दौरान कहा था कि गुजरात सरकार को अपराध की गंभीरता को ध्यान में रखना चाहिए था.

    बेंच ने कहा कि इस तरह के नृशंस अपराधों में जब राहत देने पर विचार किया जाता है तो इससे पूरा समाज प्रभावित होता है और इस तरह के मामलों में शक्तियों का इस्तेमाल करते समय जनहित का ध्यान रखना चाहिए.

    सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात सरकार से यह भी पूछा था कि ये फ़ैसला लेने के पीछे की क्या वजहें थीं.

    गुजरात सरकार ने 11 सज़ायाफ़्ता मुजरिमों को रिहा करने के अपने फ़ैसले का बचाव किया था. सरकार ने पहले बताया था कि सभी दोषियों ने 14 साल या इससे अधिक समय जेल में बिताया और उनके अच्छे व्यवहार को देखते हुए रिहाई दी गई है. साथ ही ये फ़ैसला केंद्र सरकार की सहमति के बाद लिया गया था.

    पिछली सुनवाई में सरकार ने रिहा करने से संबंधित फ़ाइल मुहैया कराने को लेकर विशेषाधिकार का दावा किया था और कहा था कि वो 27 मार्च के आदेश पर समीक्षा की अपील कर सकते हैं.

    अदालत ने तब रिहाई से संबंधित दस्तावेज़ मांगे थे.

    2002 के गुजरात दंगों के दौरान अहमदाबाद के पास रणधी कपूर गांव में एक भीड़ ने बिलक़ीस बानो के परिवार पर हमला किया था.

    इस दौरान पांच महीने की गर्भवती बिलक़ीस बानो के साथ गैंगरेप किया गया. उनकी तीन साल की बेटी सालेहा की भी बेरहमी से हत्या कर दी गई.

  6. सूडान के लिए आपात रेडियो सेवा शुरू करेगी बीबीसी

    बीबीसी वर्ल्ड सर्विस गृहयुद्ध में घिरे सूडान के लिए आपात रेडियो सेवा शुरू करने जा रही है.

    बीबीसी अरबी ये रेडियो सेवा शुरू करेगा. ये रेडियो सेवा तीन महीनों तक दिन में दो बार प्रसारण करेगी. इस रेडियो सेवा में युद्ध ग्रस्त सूडान के लोगों के लिए जानकारियां और ख़बरें दी जाएंगी.

    प्रसारण में कूटनीतिक प्रयासों के बारे में ख़बरें होंगी. इसका मक़सद ग़लत सूचनाओं के ख़िलाफ़ सही जानकारियां देना भी होगा.

    ये रेडियो कार्यक्रम लंदन से प्रसारित होंगे और इसमें जॉर्डन के अम्मान और मिस्र की राजधानी क़ाहिरा से टीमें सहयोग करेंगी. ये सूडान में शॉर्टवेभ रेडियो के अलावा डिजीटल माध्यमों पर भी उपलब्ध होगी.

    बीबीसी का कहना है कि इस रेडियो सेवा में श्रोताओं को आवश्यक वस्तुएं कहां उपलब्ध हैं इस बारे में भी जानकारी मुहैया कराई जाएंगी.

    सूडान में प्रतिद्वंद्वी सैन्य संगठनों के बीच लड़ाई छिड़ी हुई है. राजधानी ख़ारतूम समेत देश के कई इलाक़ों में बड़े पैमाने पर हिंसा हो रही है.

  7. दिनभर: शरद पवार का इस्तीफ़ा: सोची समझी रणनीति या कुछ और?

    दिनभर: शरद पवार का इस्तीफ़ा: सोची समझी रणनीति या कुछ और?

  8. 'द केरला स्टोरी': रिलीज़ रोकने से जुड़ी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने ये कहा

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    सुप्रीम कोर्ट ने फ़िल्म 'द केरला स्टोरी' की रिलीज़ पर रोक लगाने की अपील वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया.

    जस्टिस के एम जोसफ़ की अध्यक्षता वाली एक बेंच ने याचिकाकर्ताओं से कहा कि वो उपयुक्त मंच पर पर इसे ले जाएं क्योंकि फ़िल्म सेंसर बोर्ड के सर्टिफ़िकेशन की प्रक्रिया से गुजरी है.

    यह फ़िल्म पांच मई को रिलीज हो रही है.

    वकील निज़ाम पाशा ने द केरला स्टोरी पर तत्काल सुनवाई की अपील की थी.

    पाशा ने सुप्रीम कोर्ट से कहा, ''यह फ़िल्म हेट स्पीच को बढ़ावा देती है. यह हेट स्पीच का सबसे निचला स्तर है. यह ऑडियो-विजुअल प्रोपेगैंडा है. इसे आपके सामने लाने के अलावा कोई दूसरा उपाय नहीं है.''

    जस्टिस जोसेफ़ ने इस विषय पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया और याचिकाकर्ता से पहले हाईकोर्ट जाने को कहा. सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता से कहा, '' आप पहले हाई कोर्ट क्यों नहीं जाते.''

    सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि बोर्ड ने फ़िल्म को एक प्रक्रिया के तहत पास किया है. इस पर वकील पाशा ने कहा कि वो कल तक एक विस्तृत याचिका दायर करेंगे.

    इस मामले में केरल हाईकोर्ट में भी एक अलग याचिका दायर हुई है. कोर्ट ने इस पर केंद्र और निर्माताओं से जवाब मांगा है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, IPL: दिल्ली ने गुजरात के ख़िलाफ़ टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी का किया फ़ैसला

    आईपीएल 2023 का आज 44वां मैच अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है.

    दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    आईपीएल में आज का मैच पॉइंट्स टेबल की टॉप और सबसे निचली टीमों के बीच है. पॉइंट्स टेबल में गुजरात टाइटंस शीर्ष पर जबकि दिल्ली कैपिटल्स निचले स्तर पर बनी हुई है.

    गुजरात ने अब तक 8 मैच खेले हैं जिसमें उसे 6 में जीत और 2 में हार का सामना करना पड़ा है जबकि दिल्ली ने भी अब तक 8 मैच खेले हैं जिसमें से उसे 2 में जीत और 6 में हार का सामना करना पड़ा है.

  10. राहुल गांधी को गुजरात हाईकोर्ट से नहीं मिली अंतरिम राहत, कोर्ट ने फ़ैसला सुरक्षित रखा

    गुजरात हाई कोर्ट ने मानहानि मामले में दोषी ठहराए जाने पर रोक लगाने की राहुल गांधी की याचिका पर फ़ैसला सुरक्षित रख लिया.

    बीबीसी गुजराती के संवाददाता रॉक्सी गागडेकर छारा ने बताया कि सुनवाई के दौरान गांधी को कोर्ट ने अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया.

    जस्टिस हेमंत एम प्रच्छक ने कहा कि गर्मी की छुट्टियों के बाद कोर्ट खुलने पर वो फ़ैसला सुनाएंगे. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 2019 के मानहानि मामले में मिली सज़ा पर रोक लगाने के लिए गुजरात हाईकोर्ट में अपील की है. सूरत कोर्ट में अपील ख़ारिज होने के बाद मंगलवार को उन्होंने हाई कोर्ट का रुख़ किया.

    बीते 20 अप्रैल को सूरत की सेशन कोर्ट ने सज़ा पर रोक लगाने की उनकी अपील ख़ारिज़ कर दी थी. बीते 23 मार्च को चीफ़ ज्यूडीशियल मजिस्ट्रेट की अदालत ने 2019 में कर्नाटक की एक चुनावी रैली के दौरान 'मोदी सरनेम' को लेकर दिए गए बयान के मामले में दोषी ठहराया और दो साल की सज़ा का फ़ैसला दिया था.

    इसके तुरंत बाद उनकी संसद की सदस्यता रद्द कर दी गई.

    इससे पहले की सुनवाई में राहुल गांधी के वकील ने हाईकोर्ट में कहा था कि जिस बात के लिए राहुल गांधी को दो साल की अधिकतम सजा हुई है वो मामला न तो 'गंभीर' है और न ही 'समुदाय की भावना या स्वीकृत मानक का गंभीर उल्लंघन' है.

    राहुल गांधी के वकील अभिषेक सिंघवी ने कहा, ''अगर वायनाड में उप चुनाव के बाद राहुल गांधी यह केस जीत भी जाएं तो चुनाव के नतीजे तो नहीं बदलेंगे.''

  11. फ़लस्तीन के कैदी की इसराइली जेल में मौत, 86 दिनों से भूख हड़ताल पर थे

    फ़लस्तीनी चरमपंथी समूह 'इस्लामिक जिहाद' के एक वरिष्ठ सदस्य क़ादिर अदनान की 86 दिनों की भूख हड़ताल के बाद इसराइली जेल में मौत हो गई है.

    इसराइल जेल सेवा ने कहा कि अदनान मंगलवार तड़के बेहोशी की हालत में पाए गए थे. उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

    इसराइल जेल सेवा ने कहा कि उन्होंने जांच और इलाज कराने से इनकार कर दिया था. मौत की पुष्टि के बाद, चरमपंथियों ने गाजा पट्टी से कम से कम तीन रॉकेट दागे, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ.

    इस्लामिक जिहाद, जो ग़ज़ा पट्टी का समूह है, उन्होंने पहले इसराइल को चेतावनी दी थी कि अगर अदनान की जेल में मौत हुई तो उन्हें इसकी भारी क़ीमत चुकानी पड़ेगी.

    44 वर्षीय क़ादर अदनान पर एक चरमपंथी समूह से संबंध रखने और लोगों को भड़काने का आरोप था और इस महीने मुकदमा चलने वाला था.

    अदनान इसराइल के कब्जे वाले वेस्ट बैंक के जेनिन से आते थे और कई बार इसराइल की हिरासत में रह चुके थे. वे पांच बार भूख हड़ताल कर चुके थे.

    उनकी मौत से पहले, उनकी पत्नी रांडा मौसा ने कहा कि वह "किसी भी समर्थन से इनकार कर रहे थे, चिकित्सा जांच से इनकार कर रहे थे, वह बहुत कठिन स्थिति में जेल में थे. "

  12. सेक्स क्राइम रिफ़ॉर्म: जापान में नए क़ानून के तहत कड़ी सज़ा का होगा प्रावधान

    जापान में एक नया सेक्स क्राइम रिफ़ॉर्म लाया जा रहा है. इसके तहत बिना किसी की मर्जी के आपत्तिजनक तस्वीरें लेने या वीडियो बनाने पर प्रतिबंध लग जाएगा.

    अब तक इस तरह के अपराधों में प्रांतीय कानून लागू होते थे, जो देश में अलग-अलग जगहों पर अलग थे. जापान में सेक्स अपराधों को लेकर एक बड़ी बहस छिड़ी हुई है.

    अब इस क़ानून से रेप (दुष्कर्म) की परिभाषा को भी व्यापक बनाया जा रहा है.

    इसके तहत, बिना किसी की मर्जी के उसके शरीर के प्राइवेट पार्ट्स की तस्वीरें लेना, उसे शेयर करना तो अपराध होगा ही. इस तरह की तस्वीरें रखने को भी प्रतिबंधित किया जा रहा है.

    इस बिल में ख़ास तौर पर बच्चों का ज़िक्र है. इसमें बच्चों को 'सेक्सुअल पॉजिशन में सेट करके वीडियो बनाने' पर प्रतिबंध है.

    जापान में चाइल्ड मॉड्ल्स (ज़्यादातर लड़कियों) को इस तरह के पोज़ में दिखाने का चलन है. ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जब बच्चों को लॉन्ज़री पहनकर पोज़ देने को कहा गया. इस कानून के तहत दोषियों को तीन साल की सजा मिलेगी या 22,000 अमेरिकी डॉलर का जुर्माना लगेगा.

  13. मीडिया में आई ख़बरों पर बोले राघव चड्ढा: ईडी के आरोप में मेरा नाम नहीं, ये सारी ख़बरें ग़लत

    आम आदमी पार्टी के नेता और राज्य सभा सांसद राघव चड्ढा ने मंगलवार को मीडिया में आई उन ख़बरों को ख़ारिज किया है जिनमें कहा गया था कि ईडी ने कथित शराब घोटाले की चार्जशीट में उनका नाम भी शामिल किया है.

    उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने कथित शराब घोटाले में कहीं भी उनका नाम नहीं लिया है.

    राघव चड्ढा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ''ईडी के आरोप में मेरा नाम नहीं है, ये सारी ख़बरें ग़लत हैं.''

    उन्होंने कहा, '' सुबह से जो भी ख़बरें आ रही हैं, वो ग़लत हैं. ये ख़बरें किसी तय सोच से चलाई जा रही हैं. इसके तथ्य गलत हैं. मेरा नाम ईडी के किसी भी शिकायत में एक अभियुक्त के तौर पर या एक संदिग्ध के तौर पर नहीं है. यहां तक कि मेरा नाम गवाह के तौर पर भी नहीं है. लेकिन सुबह से प्रचार किया जा रहा है कि मेरा नाम चार्जशीट में है. ये सरासर ग़लत और बेबुनियाद है.''

    उन्होंने कहा कि वो मीडिया से अपील करते हैं कि वो स्पष्टीकरण चलाएं नहीं तो वो क़ानूनी कार्रवाई करेंगे.

  14. अतीक की हत्या के बाद प्रयागराज में योगी आदित्यनाथ की पहली रैली, पढ़िये क्या कहा

    यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अब राज्य के शहर सुरक्षित होते जा रहे हैं.

    योगी ने प्रयागराज में एक कार्यक्रम के दौरान कहा,'' आज युवाओं के हाथों में पिस्तौल नहीं होती. क्योंकि उन्हें इसके बुरे नतीजों के बारे में मालूम है. उनके हाथ में टैबलेट हैं, जो उनके टैलेंट को टेक्नोलॉजी से कनेक्ट कराता है.''

    योगी ने कहा कि प्रयागराज को कुछ लोगों ने अपराध की नगरी बना दिया था. लेकिन प्रकृति न किसी पर अत्याचार करती है और न अत्याचार सहती है. वो हिसाब बराबर करके चलती है.

    योगी ने कहा कि उन्होंने कभी जाति, धर्म और मजहब के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया. उन्होंने कहा कि जो तुष्टिकरण को प्रोत्साहित करते थे, वही भेदभाव करते थे.

    उन्होंने कहा, ''हमने तुष्टिकरण पर नहीं सशक्तिकरण पर काम किया है. सबका सम्मान और सबका विकास के साथ इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का काम किया. प्रदेश परिवारवादी, जातिवादी मानसिकता से उबरकर राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है.''

    योगी ने कहा, ''हमने कब जाति, धर्म-मजहब के आदार पर किसी के साथ भेदभाव किया. हमने तो तुष्टिकरण को कभी प्रोत्साहित नहीं किया. जो तुष्टीकरण को प्रोत्साहित करते थे, वही भेदभाव करते थे वही विभाजन भी करते थे. हमने तुष्टिकरण पर नहीं सशक्तीकरण पर काम किया है."

    उन्होंने कहा, ''सबका सम्मान और सबका विकास के साथ इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का काम किया. प्रदेश परिवारवादी, जातिवादी मानसिकता से उबरकर राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ विकास की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है.'

  15. कांग्रेस ने बजरंगबली को ताले में बंद करने का फ़ैसला किया - पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में होसपेट की एक रैली में कांग्रेस पर तंज़ कसते हुए कहा, '' यह देश का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी को प्रभु श्रीराम से भी तकलीफ़ होती थी और अब जय बजरंगबली बोलने वालों से भी तकलीफ़ हो रही है.''

    कर्नाटक चुनाव के लिए कांग्रेस का मेनिफ़ेस्टो मंगलवार को जारी हुआ है. चुनावी घोषणापत्र में कांग्रेस ने कहा है कि अगर पार्टी सत्ता में आती है तो बजरंग दल और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफ़आई) जैसे संगठनों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करेगी और इसमें प्रतिबंध लगाना तक शामिल है.

    पीएम मोदी ने रैली में कहा, ''आज जब मैं यहां हनुमान जी की पवित्र भूमि पर आया हूं, मेरे लिए हनुमान जी की पवित्र भूमि को नमन करना बहुत बड़ा सौभाग्य है. लेकिन दुर्भाग्य देखिए जब मैं हनुमान जी की पवित्र भूमि को प्रणाम करने आया हूं तो उसी समय कांग्रेस पार्टी ने अपने मेनिफ़ेस्टो में बजरंग बली को ताले में बंद करने का निर्णय लिया है."

    "पहले प्रभु श्री राम को ताले में बंद किया और अब जय बजरंगबली बोलने वालों को ताले में बंद करने का संकल्प लिया है. यह देश का दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी को प्रभु श्रीराम से भी तकलीफ़ होती थी और अब जय बजरंगबली बोलने वालों से भी तकलीफ़ हो रही है.''

  16. LIVE: शरद पवार ने एनसीपी अध्यक्ष पद छोड़ने की इच्छा जताई. मुंबई से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता मयूरेश कोण्णूर और शरद बढ़े.

    LIVE: शरद पवार ने एनसीपी अध्यक्ष पद छोड़ने की इच्छा जताई.

  17. शरद पवार के इस्तीफ़े के बारे में अजित पवार ने दी ये जानकारी

    एनसीपी प्रमुख शरद पवार के अध्यक्ष पद छोड़ने के एलान के बाद एनसीपी नेता अजित पवार ने कहा है कि उन्होंने ये फ़ैसला अपनी उम्र को देखते हुए लिया है.

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि वो (शरद पवार) अपना इस्तीफ़ा वापस नहीं लेंगे. उन्होंने कहा कि नये अधयक्ष शरद पवार के मार्गदर्शन में काम करेंगे.

    अजित पवार ने कहा, '' समय के हिसाब से सब को निर्णय लेना पड़ता है. उन्होंने निर्णय लिया है और अब वो इसे वापस नहीं लेंगे.''

    उन्होंने कहा, "जो भी नया अध्यक्ष होगा, वो उसके साथ खड़े होंगे."

    अजित पवार ने कहा कि शरद पवार पहले एक मई को इस्तीफ़ा देने वाले थे लेकिन महाविकास अघाड़ी की रैली के कारण वो एलान नहीं कर पाए थे.

    शरद पवार के अध्यक्ष पद छोड़ने की बात के बाद से ही एनसीपी कार्यकर्ता उनसे इस्तीफ़ा वापस लेने की मांग कर रहे हैं.

    सुप्रीया सुले, जयंत पाटिल और दूसरे नेताओं के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे इस्तीफ़ा वापस लेने की मांग की जा रही है.

    एनसीपी नेता छगन भुजबल ने कहा है कि उनका इस्तीफ़ा किसी को भी स्वीकार नहीं है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयंत पाटिल समेत कई नेता भावुक भी हो गए.

  18. शरद पवार के एलान पर एनसीपी नेता भावुक, पढ़िए किसने क्या कहा

    शरद पवार के अध्यक्ष पद छोड़ने की बात के बाद से ही एनसीपी कार्यकर्ता उनसे इस्तीफ़ा वापस लेने की मांग कर रहे हैं.

    सुप्रीया सुले, जयंत पाटिल और दूसरे नेताओं के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे इस्तीफ़ा वापस लेने की मांग की जा रही है.

    एनसीपी नेता छगन भुजबल ने कहा है कि उनका इस्तीफ़ा किसी को भी स्वीकार नहीं है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयंत पाटिल समेत कई नेता भावुक भी हो गए.

    प्रफ़ुल्ल पटेल ने कहा है कि पवार ने इस फ़ैसले के बारे में पहले किसी को नहीं बताया था. वहीं अजित पवार ने कहा है कि कमेटी जो भी फ़ैसला लेगी, उन्हें मंज़ूर होगा.

    हालांकि शरद पवार ने उनकी मांगों को अभी तक स्वीकार नहीं किया है, उन्होंने कहा कि वो सिर्फ़ अध्यक्ष पद से हटे हैं, पार्टी में वो बने रहेंगे और लगतार काम करते रहेंगे.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, शरद पवार एनसीपी अध्यक्ष का पद छोड़ेंगे

    एनसीपी चीफ शरद पवार ने कहा कि वह जल्द ही पार्टी अध्यक्ष का पद छोड़ने जा रहे हैं.

    उन्होंने पार्टी प्रमुख का पद छोड़ने की योजना का एलान करते हुए कहा,'' मैंने पार्टी अध्यक्ष के तौर पर काम नहीं करने का फैसला किया है. लेकिन मैं राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक सक्रियता जारी रखूंगा.''

    शरद पवार चार बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. वो देश के रक्षा और कृषि मंत्री भी रह चुके हैं

    शरद पवार ने 1999 में एनसीपी की स्थापना की थी. वो इसके पहले अध्यक्ष रहे हैं. कांग्रेस से अलग होने के बाद उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी यानी एनसीपी बनाई थी.

    वह इस समय महाविकास अघाड़ी के भी अध्यक्ष हैं. यह महाराष्ट्र में कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी का गठबंधन है. राजनीति से बाहर शरद पवार क्रिकेट में भी दिलचस्पी रखते रहे हैं.

    वो 2005 से 2008 के बीच बीसीसीआई के अध्यक्ष रहे हैं. 2010 से 2012 के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष भी रहे हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक एनसीपी कार्यकर्ता पवार से इस्तीफ़ा वापस लेने की मांग कर रहे हैं.

    शरद पवार के साथ जयंत पाटिल और दूसरे नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं, जिसमें उनके इस्तीफ़ा वापस लेने की मांग की जा रही है.

  20. हॉलीवुड में हड़ताल: 15 साल में पहली बार राइटर्स का वॉक आउट, पढ़िये क्या हैं उनकी मांगें

    हॉलीवुड के टीवी और सिनेमा राइटर्स मंगलवार को हड़ताल पर चले गए. कई बड़े स्टूडियो से वेतन से जुड़े मुद्दे पर बात नहीं बनने के कारण उन्होंने ये फ़ैसला लिया है.

    पिछले 15 सालों में पहली बार राइटर्स गिल्ड ऑफ़ अमेरिका के नौ हज़ार राइटर्स, यानी उनके 98 प्रतिशत वोटिंग मेंबर हड़ताल पर हैं. गिल्ड ने ट्विटर पर कहा है कि स्थानीय समय के मुताबिक़ 12:01 से वो हड़ताल पर हैं.

    हड़ताल के कारण कई लेट नाइट शो पर असर पड़ेगा, इसके अलावा कुछ फिल्मों में भी देरी हो सकती है.

    मंगलवार दोपहर से धरना शुरू होगा. साल 2007 में लेखक 100 दिनों के हड़ताल पर चले गए थे, जिससे दो बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था.

    इस बार लेखकों का झगड़ा एलायंस मोशन पिक्चर एंड टेलीविज़न से है जो कि डिज़नी और नेटफ़्लिक्स जैसे बड़े स्टूडियो का प्रतिनिधित्व करते हैं. लेखक स्ट्रीमिंग प्लेटफ़ॉर्म से अधिक सैलरी और ज़्यादा प्रॉफ़िट शेयरिंग की मांग कर रहे हैं.