You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

यूक्रेन जंग: तीन दिनों में रूस का दूसरा मिसाइल हमला, 34 घायल

यूक्रेनी सेना ने कहा है कि देश पर दागे गए 18 में से 15 मिसाइलों को उन्होंने मार गिराया है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and कीर्ति दुबे

  1. यूक्रेन जंग: तीन दिनों में रूस का दूसरा मिसाइल हमला, 34 घायल

    रूस ने यूक्रेन पर तीन दिनों में दूसरी बार हमले किए हैं. ये हमले सूर्योदय से पहले किए गए. डिनिप्रो शहर के पास पावलोरैड नाम के एक शहर पर रूस ने हमला किया, जिसका यूक्रेन ने जवाब दिया.

    इस हमले में 34 लोग घायल हो गए. दर्जनों घर तबाह हो गए और कई जगहों पर आग लग गई. कुछ ही घंटों के बाद देश के कई इलाकों में एयर 'रेड अलर्ट' सुनाई दिया.

    यूक्रेनी सेना ने कहा है कि उन्होंने देश पर दागे गए 18 में से 15 मिसाइलों को मार गिराया.

    पावलोरैड शहर में सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ है. सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो और तस्वीरों में आग देखी जा सकती है.

    ओहला लित्वेनेन्को नाम की एक स्थानीय ने कहा कि वो बाहर जाने के लिए तैयार हो रही थीं, तभी 'धमाके से दोनों दरवाज़े टूट गए.'

    उन्होंने कहा, "मैं बाहर भागी, देखा कि गैराज़ ध्वस्त हो चुका है. सब कुछ जल रहा था, टूटे हुए कांच बिखरे पड़े थे. अगर हम बाहर होते तो मारे जा चुके होते."

    यूक्रेन की सेना के मुताबिक़, 19 बहुमंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक, 25 निजी घर, छह स्कूल और किंडरगार्टन और पांच दुकानें इस हमले में क्षतिग्रस्त हुई हैं.

    रूस के एक अधिकारी व्लादिमीर रोगोव ने टेलीग्राम ऐप पर बताया कि हमला रेलवे के बुनियादी ढांचे और ईंधन डिपो को निशाना बनाकर किया गया था.

    स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 04:00 बजे हवाई हमले की चेतावनी कीएव में सुनाई दी और लगभग तीन घंटे तक चली.

    सैन्य प्रशासन ने कहा कि राजधानी की ओर आने वाली सभी मिसाइलों और ड्रोन को नष्ट कर दिया गया.

  2. बृज भूषण शरण सिंह ने क्यों किया शाहीन बाग और किसान आंदोलन का ज़िक्र

    भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहे पहलवानों के प्रदर्शन में ‘टुकड़े-टुकड़े’ गैंग के लोग सक्रिय हैं.

    समाचार एजेंसी एएनआई को दिए गए इंटरव्यू में बृजभूषण शरण सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘टुकड़े-टुकड़े गैंग कहें या जो ताक़तें शाहीन बाग़ या किसान आंदोलन में सक्रिय थीं, जो समय-समय पर मोदी जी और पार्टी पर हमले किया करते हैं, आज वे ही सारी ताक़तें दिखाई दे रही हैं.’’

    उन्होंने आरोप लगाया है, ‘‘मैं शुरू से कह रहा हूं कि मेरा इस्तीफ़ा इनका मकसद नहीं है, मैं तो एक बहाना हूं, इनका निशाना पार्टी (बीजेपी) है.’’

    उनके अनुसार, "अब जब इनकी डिमांड पर एफआईआर दर्ज हो गई, उसके बाद भी ये घर नहीं जा रहे हैं और सारे राजनीतिक दलों को आमंत्रित कर रहे हैं. जिस तरीक़े से प्रियंका जी, उनके पति (राॅबर्ट वाड्रा), मलिक साहब (सत्यपाल मलिक), केजरीवाल पहुंचे. जिस तरीके के लोग इकट्ठा हो रहे हैं और गाली-गलौज की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं- मोदी जी को ज़िंदा गाड़ देंगे, निचोड़ देंगे."

    उन्होंने बिहार से सांसद रहे पप्पू यादव का नाम लिए बिना कहा, ‘‘एक जो स्वयं अपराधी, सज़ायाफ़्ता और गुंडा है बिहार का, वो योगी जी के बारे में मज़ाक कर रहा है और हंसी उड़ा रहा है. इससे क्या मतलब निकलता है कि ये खिलाड़ियों का आंदोलन है? ये खिलाड़ियों का आंदोलन नहीं है.’’

    उन्होंने आरोप लगाया है पिछले चार महीने से उनके ख़िलाफ़ षड्यंत्र हो रहा है.

    उन्होंने ये भी कहा है कि यदि उनकी पार्टी उनसे इस्तीफ़ा देने को कहेगी, तो विलंब नहीं लगेगा, वे तुरंत इस्तीफ़ा दे देंगे."

    कुछ उद्योगपतियों पर साज़िश रचने के आरोप

    एएनआई ने जब उनसे पूछा कि यदि इस आंदोलन के पीछे खिलाड़ी नहीं, तो फिर कौन हैं? इस पर उन्होंने कहा कि ये आप पता लगाइए.

    कुछ महीने पहले पतंजलि के उत्पादों ख़ासकर घी पर सवाल उठा चुके बृजभूषण शरण सिंह से बाबा रामदेव की भूमिका पर भी सवाल पूछे गए.

    इसके जवाब में बिना किसी का नाम लिए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘‘इसके पीछे उद्योगपति हैं और ये उद्योगपति मुझे हर तरह से नुकसान पहुंचाना चाहते हैं. वे पानी की तरह पैसा बहा रहे हैं.’’

    पहलवानों पर पैसे लेकर आंदोलन करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा है कि ये खिलाड़ी ‘पेड’ हैं.

  3. बीएसपी सांसद अफ़ज़ाल अंसारी की लोकसभा सदस्यता रद्द, शनिवार को हुई थी चार साल की सज़ा

    बहुजन समाज पार्टी के सांसद अफ़ज़ाल अंसारी की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है.

    शनिवार को गाज़ीपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने अपहरण और हत्या के मामले में अफ़ज़ाल अंसारी के भाई मुख़्तार अंसारी को 10 साल की सज़ा सुनाई है. उन पर पांच लाख रुपये ज़ुर्माना भी लगाया था.

    अफ़ज़ाल अंसारी को इसी मामले में चार साल की सज़ा सुनाई गई थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, सज़ा के एलान के बाद लोकसभा सचिवालय ने ये क़दम उठाया है.

    क़ानून में दो साल से अधिक सज़ा पर संसद या विधानसभा की सदस्यता अपने आप ख़त्म हो जाने का प्रावधान है.

    इसी प्रावधान के तहत, मार्च में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द की गई थी. गांधी को सूरत की एक अदालत ने आपराधिक मानहानि के मामले में दो साल की सज़ा सुनाई थी.

    क्या था मामला?

    उत्तर प्रदेश गैंगेस्टर एंड एंटी सोशल एक्टिविटी (प्रीवेंशन) एक्ट के तहत दर्ज इस मुकदमे की सुनवाई एक अप्रैल को ख़त्म हो गई थी.

    इस मामले में 2007 में अफ़जाल अंसारी, मुख़्तार अंसारी और उनके बहनोई एज़ाजुल हक़ पर यह मुकदमा दर्ज हुआ था.

    दोनों भाइयों पर 1996 में विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और कोयला व्यापारी नंदकिशोर रुंगटा के अपहरण और 2005 में बीजेपी विधायक कृष्णानंद राय की हत्या में शामिल होने का मुकदमा दर्ज किया गया था.

    उस वक़्त जेल में बंद होने के बावजूद मुख़्तार अंसारी को इस हत्या मामले में नामज़द किया गया था.

  4. दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर, सुनिए मोहनलाल शर्मा और प्रेरणा के साथ.

  5. अप्रैल में जीएसटी का रिकाॅर्ड-तोड़ कलेक्शन, क्या बोले पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अप्रैल में जीएसटी के रिकाॅर्ड संग्रह को इस कर व्यवस्था की कामयाबी क़रार दिया है.

    वित्त मंत्रालय के एक ट्वीट को रिट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, ‘‘भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी ख़ुशख़बरी! टैक्स की कम दरों के बावजूद बढ़ता कर संग्रह इस सफलता को दिखाता है कि जीएसटी ने किस तरह एकीकरण और अनुपालन को बढ़ाया है.’’

    अब तक का सबसे अधिक कलेक्शन

    अप्रैल 2023 में जीएसटी का कलेक्शन 1.87 लाख करोड़ रुपए रहा, जो जीएसटी के 69 महीने के इतिहास में सबसे ज़्यादा है.

    पिछले महीने के जीएसटी कलेक्शन ने अप्रैल 2022 के कलेक्शन का रिकाॅर्ड तोड़ा है. उस समय 1,67,540 करोड़ रुपए का कर संग्रह हुआ था.

    इस तरह पिछले अप्रैल की तुलना में इस अप्रैल में 19,495 करोड़ रुपए यानी 12 प्रतिशत ज़्यादा कर इकट्ठा किए गए.

    जीएसटी के अब तक के इतिहास में 20 अप्रैल, 2023 का दिन अहम रहा है. उस दिन 68,228 करोड़ रुपए का कर वसूला गया.

  6. आईपीएल 2023: रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने जीता टॉस, लखनऊ की टीम करेगी गेंदबाज़ी

    आईपीएल 2023 का 43वां मैच लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच लखनऊ में खेला जा रहा है.

    आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है. मेजबान लखनऊ की टीम गेंदबाज़ी कर रही है.

    डुप्लेसी ने कहा कि बाद में पिच से स्पिन को मदद मिल सकती है. इसीलिए वो पहले बल्लेबाज़ी करना चाहते हैं.

    लखनऊ की टीम ने आठ में से पांच मैच जीते हैं और प्वाइंट टेबल में दूसरे नंबर पर है.

    वहीं बैंगलोर ने आठ में से चार मैच जीते हैं और ये टीम प्वाइंट टेबल में छठे नंबर पर है.

  7. खड़गे ने बेटे का किया बचाव, लेकिन नड्डा बोले- मानसिक रूप से दिवालिया हो गई है कांग्रेस

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे के विवादास्पद बयान की बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आलोचना की है.

    उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ऊपर से नीचे तक मानसिक तौर पर दिवालिया और हताश हो गई है.

    जेपी नड्डा के अनुसार, ‘‘यहां तक कि पार्टी के टाॅप लीडर जैसे सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी भी, जैसे शब्द और भाषा का इस्तेमाल करते हैं, उससे पता चला है कि वे बहुत हताश हैं. पूरी पार्टी मानसिक तौर पर दिवालिया हो गई है.’’

    उन्होंने आरोप लगाया है कि पार्टी के अन्य नेता सीनियर नेताओं ख़ासकर हाईकमान को खुश करने के लिए ऐसी ख़राब भाषा का इस्तेमाल करते हैं.

    नड्डा ने दावा किया है कि कांग्रेस पार्टी कर्नाटक का चुनाव पहले ही हार चुकी है, इसलिए वो हताश है और इस हताशा के कारण ऐसी भाषा बोल रही है.

    कांग्रेस नेताओं के ‘ज़हरीले’ बयानों की निंदा करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनके दिमाग़ में ज़हर घुसा है, जो अब बाहर आ रहा है.

    उन्होंने कहा कि भारत या कर्नाटक के मतदाता ऐसे बयान स्वीकार नहीं करते, बल्कि इससे प्रधानमंत्री के प्रति मतदाताओं का प्रेम और स्नेह बढ़ता है.

    इससे पहले पीएम मोदी ने शनिवार को कर्नाटक की एक सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया था कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें 91 बार गालियां दी हैं.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने बेटे का किया बचाव

    हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपने बेटे प्रियांक खड़गे के बचाव में आ गए हैं.

    पार्टी की ओर से आयोजित एक प्रेस काॅन्फ्रेन्स में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘‘उसने कभी ऐसा नहीं कहा, ये बातें उसके मुंह में मत घुसेड़िए. उसने अपशब्द कहने वाले सांसद पर हमला बोला था. इसलिए ये शब्द उसके मुंह में मत घुसेड़िए. हर जगह ये सब सोच समझकर किया जा रहा है."

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे के बारे में दावा किया जा रहा है कि कर्नाटक में उन्होंने पीएम मोदी को एक बार ‘नालायक बेटा’ कह दिया.

  8. अमेरिका का फ़र्स्ट रिपब्लिक बैंक भी डूबा, जेपी मॉर्गन चेस ने ख़रीदा

    आर्थिक संकट में फंसे अमेरिकी बैंक फ़र्स्ट रिपब्लिक को जेपी मॉर्गन चेस अपने नियंत्रण में लेगा. यह सौदा विनियामकों ने करवाया है.

    द फ़ेडरल डिपोज़िट इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (एफ़डीआईसी) ने एक बयान में इसकी पुष्टि की है. फ़र्स्ट रिपब्लिक बैंक सोमवार को दिवालिया हो गया था.

    फ़र्स्ट रिपब्लिक बैंक की सभी जमा राशि और अधिकांश संपत्ति पर अब जेपी माॅर्गन चेस का नियंत्रण होगा.

    अमेरिका में पिछले दो महीने के दौरान दिवालिया होने वाला यह तीसरा बैंक है. इससे बैंकिंग सेक्टर के बड़े संकट में फंसने की आशंका पैदा हो गई है.

    फ़र्स्ट रिपब्लिक बैंक के पहले इस साल मार्च में सिलिकाॅन वैली और सिग्नेचर बैंक भी दिवालिया हो चुके हैं. फ़र्स्ट रिपब्लिक बैंक में उसी समय से समस्याएं शुरू हो गई थीं.

    इस बैंक का मुख्यालय सैन फ्रांसिस्को में है. बैंक ने स्वीकार किया था कि मार्च में उसके ग्राहकों ने 100 अरब डाॅलर से अधिक की राशि निकाली थी.

    उसके बाद पिछले हफ़्ते बैंक के शेयरों में 75 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ गई थी.

  9. केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा, राजद्रोह क़ानून की समीक्षा 'एडवांस स्टेज' में

      • Author, सुचित्र मोहंती, बीबीसी हिंदी के लिए

    केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि वो अंग्रेज़ों के समय बने राजद्रोह क़ानून की समीक्षा कर रही है.

    केंद्र सरकार के अनुसार, भारतीय दंड संहिता की धारा 124ए के तहत आपराधिक कृत्य माने जाने वाला ‘राजद्रोह’ की समीक्षा प्रक्रिया एडवांस स्टेज में है.

    सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार का पक्ष रख रहे अटाॅर्नी जनरल आर वेंकटरमानी ने अदालत से इस मामले की सुनवाई संसद के मानसून सत्र के बाद करने की अपील की है.

    मुख्य न्यायाधीश जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस जेबी पारदीवाला की खंडपीठ ने अटाॅर्नी जनरल की बात मानते हुए अब इस मामले की अगली सुनवाई अगस्त के दूसरे सप्ताह में करने का फ़ैसला लिया है.

    अटाॅर्नी जनरल ने पिछले साल भी सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि सरकार इसमें बदलाव करने पर विचार कर रही है.

    सुप्रीम कोर्ट ने सरकार द्वारा इसमें बदलाव लाने तक आईपीसी की धारा 124ए के इस्तेमाल पर पिछले साल 11 मई को रोक लगा दी थी.

  10. ‘द केरला स्टोरी’ पर बैन लगाने को लेकर क्या बोले शशि थरूर

    ‘द केरला स्टोरी’ फ़िल्म को लेकर तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि वो इस फ़िल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग नहीं कर रहे हैं.

    शशि थरूर ने ट्वीट किया, “मैं इस बात पर ज़ोर देना चाहता हूं कि मैं फ़िल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग नहीं कर रहा हूं. अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सिर्फ इसलिए रोक नहीं लगा दी जानी चाहिए कि इसका दुरुपयोग किया जा सकता है.”

    “लेकिन केरलवासियों को यह ऊंची आवाज़ में और साफ़ कहने का अधिकार है कि यह हमारी हक़ीक़त को तोड़-मरोड़कर पेश करती है.”

    इस फ़िल्म का ट्रेलर रिलीज़ होने के बाद से यह विवादों में है. केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा है कि यह राज्य को बदनाम करने की साज़िश है.

    वहीं इस फ़िल्म में दावा किया गया है कि राज्य से 32 हज़ार लड़कियां ग़ायब हुईं और फिर वो बाद में इस्लामिक स्टेट में शामिल हो गईं.

  11. छत्तीसगढ़: 58 प्रतिशत आरक्षण रद्द करने के हाईकोर्ट के फ़ैसले पर सुप्रीम कोर्ट की रोक

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ में 58 प्रतिशत आरक्षण रद्द करने के हाईकोर्ट के फ़ैसले पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को रोक लगा दी है.

    सुप्रीम कोर्ट के ताज़ा फ़ैसले के बाद छत्तीसगढ़ में 58 फ़ीसदी आरक्षण की व्यवस्था अंतिम फ़ैसला आने तक फिर से लागू हो गई है.

    राज्य सरकार की याचिका पर नोटिस जारी करते हुए शीर्ष अदालत ने कहा कि इस मामले की सुनवाई अब जुलाई में होगी.

    जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस संजय करोल की खंडपीठ के सामने राज्य सरकार का पक्ष सीनियर एडवोकेट अभिषेक मनु सिंघवी ने रखा.

    छत्तीसगढ़ में 2012 में हुए बदलाव के तहत एसटी को 32 प्रतिशत, एससी को 12 प्रतिशत और ओबीसी को 14 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था.

    सुप्रीम कोर्ट के इस फ़ैसले का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वागत किया है.

    अपने ट्विटर हैंडल से उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘58 प्रतिशत आरक्षण पर हाईकोर्ट के फ़ैसले पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा रोक लगाने के निर्णय का हम सब स्वागत करते हैं.’’

    मुख्यमंत्री ने लिखा, ‘‘पर छत्तीसगढ़ के युवाओं के खिलाफ भाजपा के षड्यंत्र के विरुद्ध हमारा संघर्ष जारी रहेगा. राज्यपाल नए विधेयक पर हस्ताक्षर करें तभी सही न्याय मिलेगा.’’

    छत्तीसगढ़ में अक्टूबर से आरक्षण की कोई व्यवस्था नहीं है.

    इस वजह से राज्य के लाखों विद्यार्थी और बेरोज़गार इस फ़ैसले से परेशान हैं, क्योंकि इसके कारण प्रवेश और भर्ती की प्रक्रिया रुकी हुई है.

  12. भारत की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में क्या ऑस्ट्रेलिया को मात दे पाएगी?

    आईपीएल के मौजूदा सीज़न में बीते एक महीने चौके और छक्कों की बरसात देखने को मिल रही है.

    आईपीएल के इसी घमासान के बीच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ होने वाले मुक़ाबले के लिए बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है.

    इस घोषणा के साथ ही लोगों का ध्यान इस ओर भी गया है कि इन खिलाड़ियों को बदले हुए फ़ॉर्मेट के मुताबिक़ भी खेलना होगा.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ये फ़ाइनल मुक़ाबला 7 से 11 जून के बीच लंदन के ओवल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा.

    नीचे लिंक पर क्लिक करके पढ़ें पूरी ख़बर...

  13. राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछा- 91 बार गाली देने का ज़िक्र किया लेकिन कर्नाटक के लिए क्या किया

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक की एक सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कांग्रेस पर 91 बार गाली देने के आरोप का जवाब दिया है.

    राहुल गांधी ने सोमवार को तुरुवेकरे में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आपने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें 91 बार गालियां दीं, लेकिन आपने कर्नाटक के लिए क्या किया, इस पर कोई बात नहीं की.’’

    उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आप कैंपेन के लिए कर्नाटक आए, लेकिन कर्नाटक के बारे में कोई बात ही नहीं की.’’

    गांधी के अनुसार, ‘‘यह चुनाव किसी एक व्यक्ति के बारे में नहीं है, न ही नरेंद्र मोदी के बारे में है, बल्कि यह चुनाव कर्नाटक की जनता के बारे में है.’’

    उन्होंने पीएम मोदी से कहा, ‘‘आपने भ्रष्टाचार और ‘40 प्रतिशत कमीशन’ रोकने के लिए पिछले तीन सालों मे क्या किया. आपने अपने संबोधन में बासवराज बोम्मई और येदियुरप्पा का नाम तक नहीं लिया."

    इससे पहले उनकी बहन प्रियंका गांधी ने भी रविवार को कर्नाटक की एक रैली में पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए इसी तरह की बात कही थी.

    उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी ने केवल अपने बारे में बात की और कर्नाटक के लोगों के बारे में कोई बात नहीं की. कर्नाटक में 10 मई को मतदान होना है और 13 मई को मतों की गिनती की जाएगी.

  14. अमेरिका और चीन के बीच क्यों सैंडविच बन गया है ये ख़ूबसूरत द्वीप?

    अमेरिका और फ़िलीपींस के बीच अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अभ्यास पिछले दिनों हुआ. यह सैन्य अभ्यास चीन की सेना की ओर से ताइवान की नाकेबंदी के पूर्वाभ्यास के कुछ ही दिन बाद शुरू हुआ था.

    अमेरिका ने नाकेबंदी के पूर्वाभ्यास को चीन का बढ़-चढ़ कर किया गया सैन्य प्रदर्शन बताया था.

    दरअसल इस क्षेत्र में तनाव काफ़ी ज़्यादा है और इलाके के कुछ छोटे द्वीपों में रहने वाले लोगों की आबादी ख़ुद को दो महाशक्तियों के बीच सैंडविच की तरह फंसा हुआ पा रही है.

    इतबायत द्वीप में जीवन की डोर बहुत नाजुक़ है.

    नीचे लिंक पर क्लिक करके पढ़ें पूरी ख़बर.

  15. यूक्रेन पर रूस का तीन दिनों में दूसरा हमला

    रूस ने यूक्रेन पर अपना मिसाइल हमला जारी रखा है और यह तीन दिनों के अंदर दूसरा हमला है.

    खेरसोन क्षेत्र में एक शख़्स की मौत हुई है जबकि दिनिप्रोपेत्रोवस्क में तीन बच्चों समेत 25 लोग घायल हुए हैं.

    यूक्रेन के सुरक्षाबल ने बताया है कि देश के हवाई रक्षा बल ने 18 में से 15 मिसाइलों को नाकाम किया है.

    दिनिप्रो के नज़दीक़ पैवलोहरैड शहर को भी निशाना बनाया गया है.

    इस हमले में 19 हाई राइज़ अपार्टमेंट ब्लॉक्स, 25 निजी घर, छह स्कूल और किंडरगार्टंस और पांच दुकानों को नुक़सान पहुंचा है.

    पैवलोहरैड यूक्रेन के नियंत्रण वाला क्षेत्र है और यह युद्ध के मोर्चे से 110 किलोमीटर दूर है.

    हाल ही में रूस ने यूक्रेन पर तेज़ी से हमले किए हैं. इनमें वो इलाक़े शामिल हैं जो युद्ध के मोर्चे से नज़दीक हैं. शुक्रवार को केंद्रीय शहर उस्मान के नज़दीक हमले में 23 लोगों की मौत हुई थी.

  16. अल-अक़्सा मस्जिद को लेकर बोला ओआईसी, इसराइल की निंदा की

    इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) ने यरुशलम की अल-अक़्सा मस्जिद में इसराइल के कथित समर्थन वाले चरमपंथी समूहों के मस्जिद के प्रांगण में बार-बार अतिक्रमण करने की कड़े शब्दों में निंदा की है.

    ओआईसी ने अपने बयान में कहा है, “पवित्र स्थान पर पूजा की स्वतंत्रता का बार-बार उल्लंघन हो रहा है. और इसराइल की ओर से जेनेवा संधि और अंतरराष्ट्रीय कानून का घोर उल्लंघन है.”

    “ओआईसी ने इन व्यवस्थित हमलों के परिणाम के लिए पूरी तरह से क़ब्ज़े वाली सरकार यानी इसराइल को ज़िम्मेदार ठहराया है. ये पूरी दुनिया में मुसलमानों की भावनाओं को उकसाने वाला है.”

    साथ ही ओआईसी ने इन गंभीर उल्लंघनों पर विराम लगाने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपनी ज़िम्मेदारी निभाने की बात की.

  17. आनंद मोहन की रिहाई के ख़िलाफ़ आईएएस की पत्नी की याचिका मंज़ूर, सुप्रीम कोर्ट करेगा सुनवाई

    बिहार के बाहुबली नेता आनंद मोहन सिंह को मर्डर केस में समय से पहले रिहा करने के मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करने पर सहमति दे दी है.

    आनंद मोहन आईएएस अफ़सर जी कृष्णैया की हत्या के दोषी थे और उन्हें आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई गई थी.

    उनको बरी करने के ख़िलाफ़ जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया सुप्रीम कोर्ट गई थीं जिस पर अब सुप्रीम कोर्ट 8 मई को सुनवाई करेगा.

    बिहार सरकार ने आनंद मोहन को समय से पहले रिहा करने का फ़ैसला किया था जिसके बाद उन्हें जेल से बरी कर दिया गया है.

  18. पहलवानों से मिलने जंतर-मंतर पहुंचे सिद्धू, एफ़आईआर सार्वजनिक न होने पर उठाए सवाल

    कांग्रेस नेता और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों से मिलने पहुंचे.

    इन पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगाया है और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

    सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बीते सप्ताह दिल्ली पुलिस ने मामले में एफ़आईआर दर्ज की है.

    कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्वीट कर कहा, “आखिर पहले एफ़आईआर दर्ज क्यों नहीं हुई? अब एफ़आईआर को सार्वजनिक नहीं करना मंशा को दर्शाता है कि एफ़आईआर हल्की है और शिकायतकर्ता की शिकायत की पुष्टि नहीं करती. मंशा साफ़ है और कोशिश है अभियुक्त को बचाने की. क्या चीज़ों को ठंडे बस्ते में डालने की तैयारी है.”

    “जिस पुलिस अधिकारी ने एफ़आईआर में देरी की उस पर 166 के तहत एक्शन क्यों नहीं हुआ. माननीय सर्वोच्च न्यायालय के ललिता कुमारी बनाम यूपी सरकार के फैसले के अनुसार कॉग्निज़ेबल अपराध में एफ़आईआर दर्ज करना ज़रूरी होता है. पॉक्सो के तहत दर्ज मामले ग़ैर-ज़मानती होते हैं तो गिरफ़्तारी अब तक क्यों नहीं.”

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों के प्रदर्शन में शनिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पहुँची थीं.

    वहीं, शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी प्रदर्शनकारी पहलवानों से मिलने पहुंचे थे.

    उन्होंने कहा था कि पहलवानों का आंदोलन देश की खेल व्यवस्था में वैसा ही बदलाव लेकर आएगा, जैसा देश की राजनीति में अन्ना हज़ारे का आंदोलन लेकर आया था.

    रविवार को प्रियंका गांधी के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा भी जंतर-मंतर पहुंचे थे.

  19. छत्तीसगढ़ में आदिवासी नेता नंद कुमार साय कांग्रेस में हुए शामिल, 50 सालों से जनसंघ और बीजेपी में थे

      • Author, आलोक प्रकाश पुतुल
      • पदनाम, रायपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ में आदिवासी नेता नंद कुमार साय, कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं. सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में रायपुर के कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में उनके कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की गई.

    पिछले 50 वर्षों से भी अधिक समय से जनसंघ और भाजपा में रहे नंद कुमार साय ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    उन्होंने अपने इस्तीफ़े में लिखा था कि "पिछले कुछ वर्षों से भारतीय जनता पार्टी में मेरी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से मेरे विरुद्ध अपनी ही पार्टी के राजनीतिक प्रतिद्वंद्वि षड्यंत्र कर रहे हैं. आरोप और अन्य गतिविधियों द्वारा लगातार मेरी गरिमा को ठेस पहुंचाया जा रहा है.”

    दो बार के लोकसभा सांसद और तीन बार के विधायक साय पूर्व में छत्तीसगढ़ और अविभाजित मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं.

    इसके अलावा वे दो बार राज्यसभा के भी सदस्य रह चुके हैं.

  20. कर्नाटक: मुफ़्त गैस सिलेंडर, यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड, जानिए बीजेपी के घोषणा पत्र में क्या है

      • Author, इमरान क़ुरैशी
      • पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ बीजेपी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है.

    इस दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा और राज्य के सीएम बासवराज बोम्मई भी मौजूद रहे.

    पार्टी ने फ्री तीन गैस सिलेंडर, यूनिफॉर्म सिविल कोड और मुफ़्त अनाज देने का वादा किया है.

    इस बार बीजेपी के चुनावी वादे क्या-क्या हैं...

    • उगाड़ी, गणेश चतुर्थी और दीपावली के मौक़े पर सभी बीपीएल परिवारों को सालाना तीन मुफ़्त रसोई गैस सिलेंडर दिए जाएंगे.
    • राज्यभर में सस्ता, गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्यवर्धक भोजन उपलब्ध कराने के लिए हर नगर निगम के हर वार्ड में अटल आहार केंद्र स्थापित किया जाएगा.
    • 'पोषण योजना' शुरू करेंगे, जिसमें हर बीपीएल परिवार को रोज़ आधा लीटर नंदिनी दूध और पांच किलो गेहूं और पांच किलो मोटे अनाज मिलेंगे.
    • कर्नाटक में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा. इसके लिए गठित एक उच्च स्तरीय समिति की ओर से दी गई सिफारिशों के आधार पर इसे लागू किया जाएगा.
    • राज्य में एनआरसी लाया जाएगा ताकि ग़ैर-क़ानूनी रूप से दाख़िल हुए लोगों को बाहर किया जा सके.