You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

सूडान में 24 घंटे के संघर्ष विराम का एकतरफ़ा एलान

सूडान की सेना औरअर्धसैनिक बल 'रैपिड सपोर्ट फ़ोर्स' यानी आरएसएफ के बीच 24 घंटे के संघर्ष विराम की घोषणा हो गई है.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and प्रियंका झा

  1. सूडान में 24 घंटे के संघर्ष विराम का एकतरफ़ा एलान

    सूडान की सेना औरअर्धसैनिक बल 'रैपिड सपोर्ट फ़ोर्स' यानी आरएसएफ के बीच 24 घंटे के संघर्ष विराम की घोषणा हो गई है.

    ये संघर्ष विराम भारतीय समयानुसार आज रात 9.30 से शुरू होने जा रहा है.

    आरएसएफ़ ने एक ट्वीट में कहा है, “पूर्ण संघर्ष विराम के प्रति हम पूरी तर प्रतिबद्ध हैं और उम्मीद करते हैं कि दूसरा पक्ष भी घोषित समय के मुताबिक संघर्ष विराम का पालन करेगा.”

    हालांकि अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि सेना इस संघर्ष विराम पर सहमत हुई है या नहीं. मंगलवार को दोनों पक्षों ने कहा था कि वे 24 घंटे के संघर्ष विराम का पालन करेंगे.

    इस संघर्ष विराम को स्थानीय समयानुसार इफ़्तार के तुरंत बाद शुरू होना था लेकिन भीषण लड़ाई जारी रही, ख़ासकर राजधानी ख़ार्तूम के केंद्र में स्थित सैन्य मुख्यालय के आस-पास.

    आरएसएफ़ ने कहा है कि शहर के बाहर सैन्य एयर बेस पर फंसे मिस्र के सैनिकों को वहां से हटाकर ख़ार्तूम शहर ले जाया गया है और वे सुरक्षित हैं. अनुकूल समय आने पर उन्हें मिस्र को सौंप दिया जाएगा.

    ख़ार्तूम में लड़ाई का ये पांचवां दिन है और अबतक 200 लोगों की मौत हो चुकी है. लोग शहर छोड़ कर पलायन कर रहे हैं.

    एक डॉक्टर ने बीबीसी को बताया कि शहर के 59 अस्पतालों में से सिर्फ पांच ही खुले हुए हैं.

    इस बीच रूस की प्राइवेट आर्मी वागनर ग्रुप ने सूडान संकट में शामिल होने की बात से इनकार किया है.

    शहर के अधिकांश इलाकों में लोग अपने घरों में क़ैद हैं. इनमें कई विदेशी नागरिक भी हैं.

    भारतीय दूतावास ने कहा है कि सूडान में 181 भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सूडान के अन्य पड़ोसी मुल्कों से बातचीत जारी है.

    जर्मनी ने अपने क़रीब 150 नागरिकों को निकालने के लिए वायुसेना को आदेश दिया था लेकिन संघर्ष के तेज़ होने के कारण इस योजना को अभी स्थगित कर दिया गया है.

    लुफ़्तवाफ़े एयर फ़ोर्स ने इसके लिए तीन विमान भेज दिये थे लेकिन इस रेस्क्यू मिशन को बीच में ही रद्द करना पड़ा.

    तंजानिया के विदेश मंत्रालय का कहना है कि वो अपने 200 नागरिकों को बाहर निकालने की योजना पर काम कर रहा है, जिसमें 171 छात्र हैं.

    राजधानी के एक चर्च में रूसी महिला ने आश्रय ले रखा है जहां बिजली पानी नहीं है. उन्होंने बीबीसी को बताया कि शनिवार को ईस्टर सर्विस के बाद से ही वो अपनी सात साल की बेटी के साथ यहां फंसी हुई हैं.

    मानवीय सहायता देने वाले समूहों ने कहा है कि सूडान में राहत पहुंचाना असंभव हो गया है. नार्वेजियन रिफ़्यूजी काउंसिल के प्रमुख जान एगलैंड ने कहा कि 1.58 करोड़ आबादी को इस समय मानवीय सहायता की सख़्त ज़रूरत है, लेकिन जब चारो ओर लड़ाई छिड़ी हो और एयरपोर्ट भी बंद हों तो सड़कों पर निकलना ख़तरे से कम नहीं.

    उन्होंने कहा कि उनके अधिकांश भंडार लूट लिए गए हैं और उनके चार सहयोगियों की मौत हो गई है.

    ख़ार्तूम में रेडक्रास को लगातार कॉल्स आ रहे हैं और सुरक्षित निकालने की लोग गुहार लगा रहे हैं. लेकिन रेड क्रॉस ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं.

    सूडान में रेड क्रास के प्रमुख फरीद अब्दुलकदीर ने बीबीसी से कहा कि अभी लोगों को बाहर निकालना बड़ी चुनौती है और जहां हैं वहीं बने रहना अधिक सुरक्षित है.

  2. NCW ने असम पुलिस से यूथ कांग्रेस अध्यक्ष पर उत्पीड़न के आरोपों की जाँच करने को कहा

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने असम पुलिस से इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी पर उनकी सहयोगी की ओर से लगाए उत्पीड़न के आरोपों की जाँच करने के लिए कहा है.

    असम यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष अंकिता दत्ता ने मंगलवार को सिलसिलेवार ट्वीट्स में श्रीनिवास पर आरोप लगाए थे. उन्होंने ये भी कहा था कि अभी तक पार्टी ने जाँच के लिए कोई समिति नहीं बनाई.

    अंकिता ने बताया कि उन्होंने जम्मू में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को इसकी जानकारी दी थी. लेकिन अब तक उनपर कोई कार्रवाई नहीं की गई है.

    राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान लिया और अध्यक्ष रेखा शर्मा ने असम डीजीपी को इसको लेकर चिट्ठी भी लिखी है.

    एनसीडब्ल्यू ने ट्वीट में लिखा है, "चेयरपर्सन रेखा शर्मा जी ने असम डीजीपी को इस मामले की जांच करने के लिए चिट्ठी लिखी है. इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट दें. इस दौरान एनसीडब्लू भी मामले की जांच कर रही है."

    वहीं, श्रीनिवास बीवी ने अंकिता दत्ता को आपराधिक मानहानि का नोटिस भेजा है. इसे ट्विटर पर साझा करते हुए उन्होंने लिखा है कि जब कोई आरोप लगाता है तो उसे ये देख लेना चाहिए कि वो ख़ुद दोषी न हो.

    सारे आरोपों को ग़लत बताते हुए श्रीनिवास की ओर से भेजे गए इस नोटिस में ज़िक्र किया गया है कि अंकिता का नाम शारदा चिटफंड घोटाले में भी है और उन पर ईडी ने भी मामला दर्ज किया है.

    श्रीनिवास पर अंकिता दत्ता के आरोप?

    अंकिता दत्ता ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान ये कहा कि बीते 6 महीने से इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और उनके सेक्रेटरी इनचार्ज वर्धन यादव उनका उत्पीड़न कर रहे हैं.

    उन्होंने कहा कि वर्धन यादव को महिलाओं से सम्मानजनक तरीके से बात करना नहीं आता है.

    उन्होंने कहा, "रायपुर में कांग्रेस के अधिवेशन के दौरान मुझे श्रीनिवास जी ने कहा कि तुम क्या पीकर मेसेज करती हो? वोडका पीती हो क्या तुम? मैंने इस बारे में एआईसीसी महासचिव को इसकी जानकारी दी. मेरी समस्या यही है कि शिकायत के बावजूद इन दोनों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई."

  3. पीएम मोदी से मिले एप्पल के सीईओ टिम कुक

    टेक कंपनी एप्पल के सीईओ टिम कुक ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की.

    टिम कुक मुंबई और दिल्ली में एप्पल स्टोर की शुरुआत के मौके पर भारत आए हैं.

    पीएम मोदी से मिलने के बाद टिम कुक ने एक ट्वीट में गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद कहा. इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि कंपनी भारत में विकास और निवेश के लिए प्रतिबद्ध है.

    एप्पल सीईओ से हुई मुलाक़ात पर ख़ुशी ज़ाहिर करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें अलग-अलग मुद्दों पर टिम कुक के साथ विचार साझा कर के काफ़ी अच्छा लगा.

    टिम कुक ने मंगलवार को मुंबई में भारत का पहले एप्पल स्टोरा शुरू किया था. इसके बाद दिल्ली में भी एप्पल का स्टोर खोला जा रहा है.

  4. फ़िल्मों को सर्टिफ़िकेट देने के मौजूदा प्रावधान में हो सकता है बदलाव, केंद्रीय कैबिनेट ने संशोधन बिल को मंज़ूर किया

    केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को सिनेमेटोग्राफ़ (संशोधन) विधेयक 2023 को मंज़ूरी दे दी है. अगर ये बिल संसद से पास हो जाता है तो फ़िल्मों को सर्टिफ़िकेट देने के मौजूदा तरीके में बदलाव हो सकता है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि ये विधेयक संसद के अगले सत्र में पेश किया जाएगा.

    उन्होंने कहा कि बिल में फ़िल्मों को मौजूदा प्रावधान 'यू', 'ए' और 'यूए' सर्टिफ़िकेट देने के बजाय एज ग्रुप के आधार पर सर्टिफ़िकेट दिए जाएंगे.

    'यू' सर्टिफ़िकेट उन फ़िल्मों को दिया जाता है जिसपर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं है, ए सर्टिफ़िकेट केवल अडल्ट दर्शकों के लिए पास हुई फ़िल्मों को दिया जाता है और यूए सर्टिफ़िकेट उन फ़िल्मों को दिया जाता है, जिन्हें 12 साल से कम उम्र के बच्चे अपने माता-पिता की निगरानी में देख सकते हैं.

    अनुराग ठाकुर ने कहा कि सभी संबंधित पक्षों से इस विधेयक पर व्यापक स्तर पर चर्चा हुई है.

    उन्होंने कहा, "ये विधेयक इंडस्ट्री की उम्मीदों पर खरा उतरेगा...इस बिल से बिना विवाद के सब संतुष्ट होंगे."

  5. उत्तर प्रदेश में स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने मांगी दुआ, तीन शिक्षक निलंबित

      • Author, धर्मेंद्र सिंह
      • पदनाम, बीबीसी के लिए, हाथरस से

    उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक निजी स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों के दुआ पढ़ने को लेकर विवाद हो गया है.

    हिंदूवादी संगठनों के विरोध के बाद ज़िला प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है. इसी बीच स्कूल ने प्रिंसिपल समेत दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है.

    18 अप्रैल को हाथरस के बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम था. इस दौरान बच्चों ने अलग-अलग धर्मों के धार्मिक रीति-रिवाज़ों का मंच से प्रदर्शन किया.

    स्कूल के कुछ छात्राओं ने इस्लामी पोशाक पहनकर दुआ मांगने का मंचन किया.

    शहर के हिंदूवादी संगठनों ने इस घटना को लेकर बुधवार को स्कूल के गेट के बाहर प्रदर्शन और हंगामा किया.

    इस मामले पर ज़िला प्रशासन ने दो सदस्यीय टीम गठित करके जांच की घोषणा की है.

    वहीं स्कूल प्रशासन ने प्रिंसिपल सोनिया, शिक्षक इरफ़ान इलाही और कुंवर रिज़वान को निलंबित कर दिया है.

    स्कूल ने भी घटना की जांच शुरू की है और कहा है कि जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट ज़िला प्रशासन को सौंपी जाएगी.

  6. दिनभर: समलैंगिक विवाह केस पर मोदी सरकार ने क्या की मांग?

  7. भारत के सबसे ज़्यादा आबादी वाले देश बनने पर चीन ने क्या कहा?

    भारत आबादी के मामले में चीन को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश बनने वाला है. इस रिपोर्ट को तवज्जो न देते हुए चीन ने कहा है कि उसके पास अभी भी 90 करोड़ से अधिक आबादी वाली क्वॉलिटी यानी गुणवत्ता वाली वर्कफ़ोर्स है.

    संयुक्त राष्ट्र पॉपुलेशन फंड डेटा की ओर से जारी नई रिपोर्ट के अनुसार इस साल के मध्य तक भारत चीन को पछाड़ कर सबसे अधिक आबादी वाला देश बन जाएगा.

    इस रिपोर्ट पर जब चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वांग वेनबिन से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "मैं आपसे कहना चाहता हूं कि बड़ी आबादी का फ़ायदा गुणवत्ता पर भी निर्भर करता है सिर्फ़ आंकड़ों पर नहीं."

    उन्होंने कहा कि आबादी ज़रूरी है लेकिन साथ ही प्रतिभावान आबादी का होना भी उतना ही ज़रूरी है. अमेरिका के बाद चीन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है.

    वांग ने ये भी कहा कि बूढ़ी होती आबादी को संभालने के लिए चीन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.

    यूएन की रिपोर्ट के अनुसार भारत की आबादी 142.86 करोड़ पहुंचने वाली है, जबकि चीन में जनसंख्या 142.57 करोड़ होने जा रही है.

    संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, भारत की आबादी अपने एशियाई पड़ोसी की तुलना में 29 लाख ज़्यादा होगी. हालांकि चीन की आबादी में उसके दो विशेष क्षेत्रों हांग-कांग और मकाऊ और ताइवान के आंकड़ों को शामिल नहीं किया गया है, जिसे चीन अपना हिस्सा बताता है.

  8. कर्नाटक: कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में सचिन पायलट और सिद्धू का नाम नहीं

    कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है. हालांकि, सूची में सचिन पायलट और नवजोत सिंह सिद्धू का नाम नहीं है.

    स्टार प्रचारकों में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित 40 लोगों का नाम है.

    इसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, मोहम्मद अज़हरुद्दीन, राज बब्बर और कन्हैया कुमार भी शामिल हैं.

    हाल ही में राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायल ने अशोक गहलोत सरकार के ख़िलाफ़ पार्टी की चेतावनी के बावजूद अनशन किया था.

    इसके बाद राजस्थान में कांग्रेस की अंदरूनी कलह की चर्चा फिर ज़ोरों पर थी. वहीं, रोड रेज केस में जेल की सज़ा काटकर नवजोत सिंह सिद्धू इसी महीने रिहा हुए हैं.

    कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है. चुनाव नतीजे 13 मई को घोषित किए जाएंगे.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, आईपीएल 2023: टूर्नामेंट की टॉप टीम राजस्थान ने जीता टॉस, लखनऊ को बल्लेबाज़ी के लिए बुलाया

    आईपीएल 2023 का 26वां मैच राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जा रहा है.

    राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है. जयपुर की पिच के लिए संजू का कहना है कि ये अच्छा विकेट है.

    लखनऊ के कप्तान केएल राहुल का कहना है कि अगर वो टॉस जीतते तो गेंदबाज़ी ही चुनते. राहुल ने कहा कि हालांकि, उन्हें पहले बल्लेबाज़ी करने में कोई दिक्कत नहीं है.

    मौजूदा सीजन में ये दोनों टीमें पहले दो नंबर पर हैं. पांच मैचों में चार जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स के खाते में आठ अंक हैं और ये टीम पहले पायदान पर है.

    लखनऊ ने पांच मैच खेले हैं और तीन में जीत हासिल की है. ये टीम छह अंक के साथ दूसरे नंबर पर है.

    लखनऊ की टीम: केएल राहुल (कप्तान), काइल मायर्स, दीपक हुड्डा, क्रुणाल पांड्या, निकोलस पूरन, मार्कस स्टोइनिस, आयुष बडोनी, युद्धवीर सिंह, रवि बिश्नोई, आवेश खान, नवीन उल हक़

    राजस्थान की टीम: जोस बटलर, यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन (कप्तान), रियान पराग, ध्रुव जुरेल, शिमरॉन हेटमायर, आर अश्विन, जैसन होल्डर, ट्रेंट बोल्ट, संदीप शर्मा, युजवेंद्र चहल

  10. मध्य प्रदेश: मैहर माता मंदिर में काम करने वाले मुसलमान कर्मचारियों को हटाने का आदेश

      • Author, शुरैह नियाज़ी
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए, भोपाल से

    मध्य प्रदेश के धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग ने आदेश दिया है कि सतना ज़िले के प्रसिद्ध मैहर माता मंदिर में काम करने वाले मुस्लिम कर्मचारियों को हटाया जाए.

    मैहर माता मंदिर में तीन मुसलमान कर्मचारी काम करते हैं.

    ये आदेश दूसरी बार दिया गया है. पहली बार 17 जनवरी को एक पत्र सतना कलेक्टर को भेजा गया था और उनसे इस मामले में परीक्षण करके रिपोर्ट देने के लिए कहा गया था.

    इसके साथ ही शहर में मांस और मदिरा की बिक्री भी बंद करने को लेकर पत्र लिखा गया है.

    इस पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर धर्मस्व विभाग की उपसचिव पुष्पा कुलेश ने मंगलवार को एक बार फिर पत्र भेजकर 3 दिन में प्रतिवेदन भेजने को कहा है.

    जानकारी के मुताबिक़, विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के नेताओं ने मैहर से मांस-मदिरा की दुकानें बाहर करने और मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति से मुस्लिम कर्मचारियों को हटाने की मांग की थी.

    इसके लिए उन्होंने प्रदेश की संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री ऊषा सिंह ठाकुर को एक ज्ञापन भी दिया था.

    इसके बाद ऊषा ठाकुर ने अपर मुख्य सचिव धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग को पत्र लिख कर इस पर कारवाई करने के निर्देश दिए थे.

    इस पर अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश कुमार राजौरा का कहना है कि इस तरह का कोई आदेश नही दिया गया है.

    वहीं सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा ने पत्रकारों को बताया है कि पत्र मिला है और उसका परीक्षण करा कर नियमनुसार कार्रवाई की जाएगी.

    मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति के नियमों के अनुसार कर्मचारियों की नियुक्ति में धर्म को आधार बनाए जाने का प्रावधान नहीं है.

  11. पाकिस्तान में कितने महफ़ूज़ हैं ट्रांसजेंडर

    पाकिस्तानी ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट शहज़ादी रॉय को कुछ दिन पहले कराची में जान से मारने की कोशिश की गई. ये उन पर इस तरह की चौथा हमला है.

    शहज़ादी कहती हैं कि ट्रांसजेंडर से जुड़े मुद्दे उठाने की वजह से उन पर हमले किए गए.

    किस डर के साए में जी रही है शहज़ादी. किस हाल में हैं वहां ट्रांसजेंडर्स. पाकिस्तान से देखिए बीबीसी संवाददाता रियाज़ सोहेल की रिपोर्ट में.

  12. सूर्य कुमार यादव आईसीसी टी-20 रैंकिंग में पहले पायदान पर बरकरार

    भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव आईसीसी की टी-20 रैंकिंग में अब भी नंबर एक पर बने हुए हैं.

    बुधवार को जारी आईसीसी की नई रैंकिंग में सूर्यकुमार यादव 906 अंकों के साथ पहले नंबर पर हैं.

    दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के बल्लेबाज़ मोहम्मद रिज़वान हैं.

    सूर्या और रिज़वान में 100 से अधिक अंकों का फ़ासला है.

    आईसीसी की टॉप 10 रैंकिंग में अकेले भारतीय सूर्यकुमार यादव ने 2022 में बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया था.

    उन्होंने इस साल की शुरुआत में न्यूज़ीलैंड और श्रीलंका के साथ खेली गई सिरीज़ में भी अच्छा प्रदर्शन किया था.

    पूर्व कप्तान विराट कोहली 15वें नंबर पर बरकरार हैं.

    गेंदबाज़ों की सूची में भारत के लेफ़्ट आर्म पेसर अर्शदीप सिंह 14वें नंबर पर है.

    वहीं, भुवनेश्वर कुमार की रैंकिंग गिरकर 19वें पर आ गई है.

    पाकिस्तान के हारिस रऊफ़ नंबर एक गेंदबाज़ बन गए हैं.

    ऑलराउंडरों की सूची में हार्दिक पांड्या दूसरे नंबर पर हैं.

    पहले नंबर पर बांग्लादेश के शाक़िब अल हसन हैं.

  13. महिलाओं पर पाबंदी डाल रही अर्थव्यवस्था पर असर: संयुक्त राष्ट्र

    यूनाइेटेड नेशंस डेवलपमेंट प्रोग्राम के मुताबिक़ अफ़ग़ानिस्तान की अर्थव्यवस्था के उबरने के संकेत मिल रहे हैं.

    पर डर ये है कि एनजीओ में काम करने वाली महिलाओं पर तालिबान ने जो हाल में प्रतिबंध लगाए थे उसकी वजह से दुनियाभर से मिल रही मदद में कमी आ सकती है.

    तालिबान की सरकार ने बीबीसी से कहा है कि महिलाओं पर लगाई गई पाबंदियां अफ़ग़ानिस्तान का आंतरिक मसला है और उनकी सरकार आर्थिक हालात सुधारने की कोशिश कर रही है.

  14. सेम सेक्स मैरिज को 'शहरी अभिजात्य वर्ग' की सोच बताने वाले केंद्र के हलफ़नामे पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा

    सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली संविधान पीठ ने समलैंगिक विवाह को क़ानूनी मान्यता देने के लिए दायर की गई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कहा है कि केंद्र सरकार इसे "शहरी अभिजात्य वर्ग" के विचार नहीं कह सकती. ख़ासतौर पर तब, जब सरकार ने इस दावे के पक्ष में कोई डेटा नहीं दिया है.

    इससे पहले समलैंगिक विवाह को विशेष विवाह अधिनियम के तहत मान्यता दिए जाने की याचिकाओं के विरोध में केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में हलफ़नामा दायर कर के इसे शहरी अभिजात्य वर्ग के विचार बताया था.

    सरकार ने कहा था, "ऐसी याचिकाएं जो शहरी अभिजात्य वर्ग के विचारों को दर्शातीं हो उनकी तुलना उपयुक्त विधान से नहीं की जा सकती है क्योंकि इसमें इस विषय पर पूरे देश के विचार शामिल हैं."

    सीजेआई चंद्रचूड़ ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा, "ये शहरी सोच लग सकती है क्योंकि शहरी इलाकों में अब लोग खुलकर सामने आने लगे हैं."

    सुप्रीम कोर्ट की संविधान पीठ समलैंगिक विवाह को मान्यता देने वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई कर रही है.

    इस पीठ में मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस संजय किशन कौल, जस्टिस एस रवींद्र भट्ट, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस हिमा कोहली दोनों पक्षों की दलीलें सुन रहे हैं.

    लाइव लॉ की ख़बर के अनुसार, बुधवार को सुनवाई के दौरान पीठ के सामने ये मुद्दा भी उठा कि समलैंगिक विवाह में दोनों पार्टनरों में से किस की उम्र 18 साल होगी और किसकी 21 साल होगी, जैसा कि विशेष विवाह अधिनियम के तहत प्रावधान है.

  15. अतीक़ अहमद के वक़ील और घटना के चश्मदीद का क्या-क्या कहना है?

    अतीक़ अहमद के वकील विजय मिश्रा ने उनकी सुरक्षा को लेकर क्या कहा है और उस घटना के चश्मदीद शरीफ अहमद ने उस रात क्या-क्या देखा था?

    इस हत्याकांड की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया है. उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी विशेष जांच दल गठित किया है.

  16. ममता बनर्जी ने कहा- इस्तीफ़ा दे दूंगी अगर...

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि अगर ये साबित हो गया कि तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा गंवाने के बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन किया था, तो वो इस्तीफ़ा दे देंगी.

    पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि उनकी पार्टी का नाम 'ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस' बना रहेगा.

    राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ये दावा किया था कि ममता बनर्जी ने तृणमूल के राष्ट्रीय पार्टी के दर्जे के मुद्दे पर अमित शाह को फोन किया था.

    शुभेंदु अधिकारी के इस दावे को खारिज करते हुए ममता बनर्जी कोलकाता में पत्रकारों से कहा, "मैं इस्तीफा दे दूंगी अगर ये साबित हो गया कि मैंने टीएमसी के नेशनल पार्टी स्टेटस को लेकर अमित शाह को फोन किया था."

    भारतीय जनता पार्टी की आलोचना करते हुए ममता बनर्जी ने ये दावा किया साल 2024 के लोकसभा चुनाव में वे 200 से ज़्यादा सीटें नहीं जीत पाएंगे.

    ममता बनर्जी ने कहा, "बीजेपी सत्ता में है. इसलिए वे वही करते हैं जो वे करना चाहते हैं. लेकिन वे ये नहीं समझते हैं कि सत्ता अस्थाई है. कुर्सी आती-जाती रहती है लेकिन लोकतंत्र हमेशा रहेगा."

    "संविधान हमेशा रहेगा, भले ही उसमें कुछ संशोधन हो जाएं. लेकिन इस संविधान को धाराशायी नहीं किया जा सकता है. इसलिए वे (बीजेपी) साल 2024 का लोकसभा चुनाव नहीं जीत पाएंगे."

    "साल 2024 में वे सत्ता में नहीं आएंगे. साल 2021 में बंगाल चुनावों में उन्होंने कहा था- '200 पार' लेकिन वे दिल्ली में 2024 में वे 200 नहीं पार कर सकेंगे."

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का प्रशासन मुकुल रॉय के बेटे शुभ्रांग्शु द्वारा पिता की गुमशुदगी को लेकर दायर की गई शिकायत पर कार्रवाई करेगी.

    मुकुल रॉय के बारे में उनके घरवालों का कहना है कि वो डिमेंशिया और पार्किंसन से पीड़ित हैं.

    हालांकि नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में शुभ्रांग्शु के शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद मुकुल रॉय नाटकीय रूप से दिल्ली में दिखाई दिए, जहां उन्होंने कहा कि वे अभी भी बीजेपी विधायक हैं.

    ममता बनर्जी ने मुकुल रॉय के मामले में कहा, "मुकुल रॉय भारतीय जनता पार्टी के विधायक हैं. अगर वे दिल्ली जाना चाहते हैं ये उनका मामला है."

  17. आज का कार्टून: हमारे यहाँ कितना सस्ता!

    फॉक्स न्यूज़ का अपनी गलत रिपोर्टिंग के लिए किये गए सेटलमेंट पर आज का कार्टून.

  18. मैं टीएमसी में हूं ही नहीं, बीजेपी में कोई काम मिलेगा तो करूंगा: मुकुल रॉय

    पूर्व रेल मंत्री और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय ने एक बार फिर से ये दावा किया है कि वो बीजेपी में हैं.

    मीडिया से बातचीत के दौरान जब रॉय से पूछा गया कि क्या वो टीएमसी से इस्तीफ़ा देंगे तो उन्होंने कहा कि इसकी कोई ज़रूरत नहीं है क्योंकि वो टीएमसी में हैं ही नहीं.

    मुकुल रॉय ने दो साल पहले हुए बंगाल चुनाव के बाद बीजेपी छोड़कर दोबारा टीएमसी जॉइन की थी. हालांकि, मुकुल रॉय ने ये कहकर सबको चौंका दिया है कि वो अभी भी बीजेपी में ही हैं.

    मुकुल रॉय के वापस तृणमूल में जाने के बाद बीजेपी ने इसे धोखा बताया था.

    हालांकि, रॉय ने अब कहा कि उन्होंने कोई धोखा नहीं दिया है. अगर उन्हें बीजेपी कोई काम देगी तो वो करेंगे और अगर उनसे कोई मिलना चाहेगा, तो वो मिलेंगे.

    तृणमूल कांग्रेस के संस्थापक सदस्यों में से एक मुकुल रॉय साल 2017 में भारतीय जनता पार्टी के खेमे में चले गए थे.

    साल 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में वे बीजेपी के टिकट पर सदन में पहुंचे.

    हालांकि बाद में वे विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा दिए बिना तृणमूल कांग्रेस में वापस लौट गए.

    मुकुल रॉय ने कहा, "कुछ समय से मेरी सेहत ठीक नहीं है, इसलिए मैं राजनीति से दूर था. लेकिन अब मैं ठीक हूं और राजनीति में दोबारा से सक्रिय होऊंगा."

  19. एक आदमी आराम से बैठा था, तभी वहां भालू आ गया...

    फर्ज़ कीजिए कि आप घर के बाहर आराम से बैठे हों और तभी कोई ख़ूंखार जानवर सामने आ जाए. अमेरिका के इस शख़्स के साथ कुछ ऐसा ही हुआ.

    डेविड ओपनहाइमर नामक व्यक्ति अपना फोन देख रहे थे, तभी वहां एक बड़ा सा भालू आ धमका. भालू को देखकर डेविड हैरान रह गए और तकिए को सामने करने लगे.

    भालू ने उन्हें कुछ सेकेंड देखा और इसके बाद वहां से भाग निकला. ग़नीमत रही कि भालू ने डेविड पर कोई हमला नहीं किया.

  20. एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा- 'अगले 15 दिनों में दो राजनीतिक धमाके होंगे'

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने ये संकेत दिए हैं कि अगले 15 दिनों के अंदर दो 'राजनीतिक धमाके' होंगे.

    उन्होंने कहा कि इनमें से एक धमाका दिल्ली में और दूसरा महाराष्ट्र में होगा.

    कुछ मीडियाकर्मियों ने वंचित बहुजन अघाड़ी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर के राज्य में "राजनीतिक बम फूटने" वाले बयान पर सुप्रिया से सवाल किया, जिसके जवाब में उन्होंने ये टिप्पणी की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई की ख़बर के अनुसार, एनसीपी चीफ़ शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने कहा, "एक दिल्ली में होगा और दूसरा महाराष्ट्र में."

    हालांकि, उन्होंने इससे आगे कुछ नहीं कहा.

    बीते कुछ समय से एनसीपी नेता और शरद पवार के भतीजे अजित पवार की बीजेपी से करीबी की ख़बरें तेज़ी से फैली हैं.

    हालांकि, अजित पवार ने इन ख़बरों का खंडन किया और कहा कि वो जब तक ज़िंदा हैं, तब तक पार्टी के लिए काम करते रहेंगे.

    अजित पवार के अगले राजनीतिक कदम और उनकी बीजेपी से निकटता की अटकलों पर सुले ने कहा, "किसी भी घटनाक्रम के लिए मेरे भाई को ज़िम्मेदार ठहराया जाता है. हर कोई उस सिक्के की बात करता है, जिसकी बाज़ार में मांग होती है."

    कुछ विधायकों से संपर्क नहीं होने के दावों पर उन्होंने कहा कि रेंज में न होने का मतलब ये नहीं कि किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है.

    करीब 40 विधायकों के असंतुष्ट होने के सवाल पर सुप्रिया सुले ने कहा, "अगर कोई असंतुष्ट है, तो हमें पता चल जाएगा. अगर आपकी ख़बरों में ज़रा सी भी सच्चाई है और मुझे आपसे (मीडिया) ये पता चलता है कि कुछ विधायक असंतुष्ट हैं तो मैं उनसे निश्चित तौर पर बात करूंगी. "