You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राहुल गांधी की सजा को लेकर क्या बोले ग़ुलाम नबी आज़ाद?

आज़ाद ने कहा कि ऐसे चलता रहा तो पूरी की पूरी संसद और विधानसभा खाली हो जाएगी.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा

  1. राहुल गांधी की सजा को लेकर क्या बोले ग़ुलाम नबी आज़ाद?

    कांग्रेस के पूर्व नेता ग़ुलाम नबी आज़ाद ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने की निंदा की है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए आज़ाद ने कहा, ''इस चीज़ के मैं ख़िलाफ़ हूं. चाहे ये राहुल गांधी के ख़िलाफ़ हो या लालू प्रसाद यादव या किसी और सांसद या विधायक के ख़िलाफ़. ये कुदरत के इंसाफ़ के ख़िलाफ़ है कि एक तरफ़ से जज ने फैसला सुनाया और दूसरी तरफ़ से उनकी संसद सदस्यता ख़ारिज हुई.''

    गुलाम नबी आज़ाद ने कहा ''ये देश के लोकतांत्रिक हितों के ख़िलाफ़ है. ऐसे चलता रहा तो पूरी की पूरी संसद और विधानसभा खाली हो जाएगी.''

  2. अमृतपाल अब तक पुलिस की गिरफ़्त से दूर, सर्च अभियान में गिरफ़्तार किए गए 197 लोग हुए रिहा

    'वारिस पंजाब दे' के प्रमुख अमृतपाल सिंह की गिरफ़्तारी के लिए पंजाब पुलिस की खोजबीन जारी है.

    इससे पहले सर्च अभियान के दौरान गिरफ़्तार किए गए 353 लोगों में से 197 लोगों को पुलिस ने रिहा कर दिया.

    समाचार एजेंसी एएनआई से हुई बातचीत में पुलिस ने बताया कि चालीस बड़े अपराधियों को गिरफ़्तार किया गया है. जबकि सात को एनएसए के तहत हिरासत में लिया गया है.

    अमृतपाल सिंह और उनके सहयोगियों की खोज 18 मार्च से चल रही है. लेकिन पुलिस अभी तक उन्हें पकड़ नहीं पाई है.

    अमृतपाल सिंह 'वारिस पंजाब दे' संगठन के प्रमुख हैं. वह सिखों के लिए एक स्वायत्त राज्य (खालिस्तान) को अपना लक्ष्य बताते हैं.

  3. ट्यूनीशिया से समुद्र के रास्ते इटली जा रहे 29 प्रवासियों की नाव डूबने से मौत

    ट्यूनिशिया के समुद्री तट के पास दो नावों के डूबने से 29 प्रवासियों की मौत हो गई.

    ये सभी प्रवासी इटली पहुंचने के लिए भू-मध्यसागर पार करने की कोशिश कर रहे थे.

    हाल के दिनों में ट्यूनीशिया के तट पर नाव डूबने की ये सबसे ताज़ा घटना है.

    अब तक बीते चार दिनों में कुल पांच नावों के डूबने की घटना सामने आ चुकी है.

    बिना किसी दस्तावेज के इटली जाने वाले प्रवासी पर ट्यूनीशिया की सख़्ती के बाद ये इस तरह की पहली घटना है.

    इटली के अधिकारियों का कहना है कि पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड 2,500 प्रवासी दक्षिणी इटली के लैम्पेडुसा द्वीप पर पहुंच चुके हैं.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, लवलीना ने विमेंस वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत को दिलाया चौथा गोल्ड, ISOWTY की थीं दावेदार

    विमेंस वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 75 किलो भारवर्ग में लवलीना बोरगोहाईं ने ऑस्ट्रेलिया की केटलिन पारकर को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है.

    भारत के लिए ये चौथा गोल्ड मेडल है. उनके पहले निख़त ज़रीन, नीतू घनघस और स्वीटी बूरा ने गोल्ड जीता है.

    विश्व चैंपियनशिप में लवलीना का ये पहला स्वर्ण पदक है.

    सेमीफाइनल में चीन की ली-क्यिान को 4-1 से हराकर लवलीना ने फाइनल में जगह बनाई थी.

    इससे पहले लवलीना विश्व चैंपियनशिप में भी वे दो बार कांस्य पदक जीत चुकी हैं. उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में भी कांस्य पदक जीता था.

    साल 2022 के बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर की एक नॉमिनी लवलीना रह चुकी हैं.

    असम के गोलाघाट जिले में जन्मी लवलीना अपनी बड़ी बहनों को किक बॉक्सिंग में देखकर बॉक्सिंग के मैदान में आईं.

    उनके पिता टिकेन एक छोटे व्यापारी थे. उनकी इतनी आमदनी नहीं थी कि वह बेटी को मुक्केबाज़ बनाने का खर्चा उठा सकें. लेकिन इरादों की पक्की लवलीना तमाम मुश्किलों के बावजूद इस मुकाम तक पहुंचने में सफल रहीं.

  5. बेलारूस में परमाणु हथियार की तैनाती से जुड़े पुतिन के बयान को नेटो ने बताया ख़तरनाक

    नेटो ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस बयान की निंदा की है जिसमें उन्होंने अपने पड़ोसी देश बेलारूस में परमाणु हथियार तैनात करने की बात कही थी.

    नेटो ने पुतिन के इस बयान को "ख़तरनाक और गैर-ज़िम्मेदाराना" बताया है.

    नेटो ने कहा कि वो इंतज़ार करते रहा लेकिन रूस की परमाणु रणनीति में कोई बदलाव नहीं देखने को मिल रहा है.

    वहीं यूक्रेन पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाई जानी है. यूक्रेनी सुरक्षा अधिकारियों ने रूस पर बेलारूस को परमाणु बंधक बनाने का आरोप लगाया है.

    यूक्रेन के नेशनल डिफेंस काउंसिल के सचिव ओलेक्सी डेनिलोव ने कहा कि यह कदम बेलारूस को अस्थिर कर देगा और उसकी संप्रभुता छीन लेगा.

  6. WPL: फ़ाइनल मुक़ाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    महिला प्रीमियर लीग के फ़ाइनल मुक़ाबले में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला लिया है.

    पहली बार हो रहे इस महिला प्रीमियर लीग टूर्नामेंट में दिल्ली कैपिटल्स का मुक़ाबला ब्रेबोर्न स्टेडियम में मुंबई इंडियंस से है.

    दोनों ही टीमें टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रदर्शन के लिए याद रखी जाएंगी. डब्लूपीएल के फॉर्मेट के हिसाब से टॉप पर रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम सीधे फ़ाइनल में पहुंची है. वहीं एलिमिनेटर मुक़ाबले में यूपी वॉरियर्स को आसानी से मात देकर मुंबई इंडियंस ने फ़ाइनल में जगह बनाई है.

    दोनों ही टीमों की तरफ़ से सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों की बात करें, तो दिल्ली कैपिटल्स की मेग लैनिंग ने टूर्नामेंट में 310 रन बनाए हैं. वहीं मुंबई इंडियंस की नैट सिवर ब्रंट ने 272 रन बनाए हैं.

    गेंदबाजी की आंकड़ों की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से शिखा पांडेय ने सबसे ज़्यादा 10 विकेट चटकाए हैं. मुंबई इंडियंस की तरफ़ से साइका इश़ाक ने 15 विकेट लिए हैं.

    दिल्ली कैपिटल्स वीमन- मेग लैनिंग (कप्तान), शेफ़ाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, मैरिजाने काप, ऐलिस कैप्सी, जेस जोनासेन, अरुंधति रेड्डी, तानिया भाटिया, मीनू मणि, राधा यादव, शिखा पांडेय

    मुंबई इंडियंस वीमन- हरमनप्रीत कौर (कप्तान), यास्तिका भाटिया, हेली मैथ्यूज़, नैट सिवर-ब्रंट, एमिलिया कर, पूजा वस्त्रकार, इसी वॉन्ग, अमनजोत कौर, हुमैरा काज़ी, जिंतिमणी कलिता, साइका इशाक़

  7. टकराने वाला था एयर इंडिया और नेपाल एयरलाइंस का विमान, ऐन मौके पर टला हादसा

    नेपाल की राजधानी काठमांडू में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ काठमांडू में एयर इंडिया और नेपाल एयरलाइंस का एक विमान बीच हवा में बस टकराने ही वाला था कि ऐन मौके पर चेतावनी प्रणाली ने पायलटों को सतर्क कर दिया और ये हादसा टल गया.

    नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएएन) के प्रवक्ता जगन्नाथ निरौला ने पीटीआई को बताया कि "लापरवाही" के लिए हवाई यातायात नियंत्रक विभाग के दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है.

    निरौला ने बताया कि ये शुक्रवार सुबह के दौरान मलेशिया के कुआलालंपुर से काठमांडू आ रहा नेपाल एयरलाइंस का विमान और नई दिल्ली से काठमांडू आ रहा एयर इंडिया का विमान बिल्कुल आमने-सामने आ गया.

    एयर इंडिया का विमान 19,000 फुट से नीचे उतर रहा था जबकि नेपाल एयरलाइंस का विमान उसी स्थान पर 15,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था.

    प्रवक्ता ने कहा कि रडार पर यह दिखने के बाद कि दोनों विमान बिल्कुल आमने-सामने थे, नेपाल एयरलाइंस का विमान 7,000 फीट नीचे उतर गया.

    भारत के नागर विमानन प्राधिकरण ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है. वहीं नेपाल एयरलाइंस ने अपने दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है.

    एयर इंडिया की तरफ़ से फिलहाल इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, निख़त ज़रीन ने विमेंस वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप का जीता ख़िताब, ISWOTY की थीं दावेदार

    विमेंस वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 50 किलो वर्ग में भारत की निख़त ज़रीन ने वियतनाम की थी ताम एनगुन को हरा दिया है.

    निख़त ने ये जीत 5-0 के अंतर से हासिल की है.

    बीते महीने घोषित हुए बीबीसी के इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द ईयर पुरस्कार (ISWOTY) की एक दावेदार निख़त ज़रीन भी थीं.

    भारत की 26 साल की निख़त ज़रीन ने दोबारा वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जीत दर्ज की है जबकि वियतनाम की 28 वर्षीय थी ताम एनगुएन दो बार की एशियन चैंपियन रह चुकी हैं.

    निख़त ज़रीन ने सेमीफाइनल मैच में कोलंबिया की इनग्रिड वैलेंसिया को मात देते हुए फाइनल में अपनी जगह बनाई थी. इनग्रिड वैलेंसिया ने ही टोक्यो ओलंपिक में भारत की जानीमानी मुक्केबाज़ एमसी मैरी कॉम की चुनौती को तोड़कर उनका सपना चकनाचूर कर दिया था.

    निख़त ने 13 साल की उम्र से बॉक्सिंग शुरू किया था और छह महीने के भीतर साल 2010 में करीमनगर में स्टेट चैम्पियनशिप का गोल्ड मेडल जीता था.

    इसके तीन महीने के भीतर, निख़त को इरोड (तमिलनाडु) में सब-जूनियर चैम्पियनशिप में 'सर्वश्रेष्ठ मुक्केबाज़' चुना गया. जल्द ही निख़त भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के कैंप में शामिल हो गईं.

    आठ महीने के प्रशिक्षण के बाद साल 2011 में विश्व जूनियर और युवा चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल जीत कर निख़त ने अपने सपनों को हक़ीक़त में बदलना शुरू कर दिया.

  9. अतीक़ अहमद को साबरमती जेल से प्रयागराज क्यों लाया जा रहा है?

    उमेश पाल हत्या मामले में सज़ा काट रहे बाहुबली नेता अतीक़ अहमद को गुजरात के साबरमती जेल से यूपी के प्रयागराज लाया जा रहा है.

    यूपी पुलिस की टीम साबरमती जेल से लेकर उनको प्रयागराज के लिए निकल चुकी है. अभी तक ये साफ़ नहीं है कि अतीक़ अहमद को किस रास्ते से प्रयागराज लाया जा रहा है.

    प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा ने समाचार एजेंसी को बताया कि एक पुराने अपहरण के मुकदमे में कोर्ट के आदेश के बाद सभी अभियुक्तों को जेल से न्यायालय के सामने प्रस्तुत करना है.

    इसी प्रक्रिया के तहत इस केस से संबंधित सभी अभियुक्तों को 28 मार्च को कोर्ट के सामने पेश करना है. इसके लिए पुलिस की एक टीम को साबरमती जेल भेजा गया है.

    अतीक़ को साबरमती जेल से सीधा प्रयागराज जेल लाया जाएगा और फिर 28 मार्च को कोर्ट के सामने बाकी अभियुक्तों के साथ ही उनकी पेशी होगी.

    प्रयागराज के जेल अधीक्षक आनंद कुमार ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि अतीक़ को इलाहाबाद जेल के एक हाई सिक्योरिटी बैरेक में अकेले रखा जाएगा.

    उनके सेल में सीसीटीवी कैमरा होगा. जेल कर्मचारियों को उनके रिकॉर्ड के आधार पर चुना और तैनात किया जाएगा. उनके पास बॉडी वियर कैमरे होंगे.

    ''प्रयागराज जेल कार्यालय व जेल मुख्यालय वीडियो वॉल के माध्यम से चौबीसों घंटे अतीक़ अहमद की निगरानी करेंगे.''

  10. राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी और पीएम मोदी का किया 'धन्यवाद'

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द होने पर बॉलीवुड अभिनेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सत्ताधारी पार्टी बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है.

    शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि उनकी हरकतों के कारण ही आज इस मुद्दे पर पूरा विपक्ष एकजुट हो गया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ''सत्ता पक्ष के नेताओं और प्रधानमंत्री ने जो किया वो विनाश काले विपरीत बुद्धि का एक नमूना हो सकता है लेकिन अगर राजनीतिक रूप से देखें तो इसका विपक्ष को बहुत लाभ हो रहा है.''

    राहुल गांधी की कही बात का हवाला देते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि बीजेपी ने विपक्ष को बहुत बड़ा हथियार दे दिया है.

    ''और ये हथियार ऐसा मिला है कि इससे लोकतंत्र की केवल रक्षा ही नहीं होगी, बल्कि आने वाले दिनों में सौ से ज़्यादा सीटों का इज़ाफ़ा राहुल गांधी और विपक्ष को होगा. इसके पीछे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा भी एक कारण है लेकिन अब सोने पर सुहागा की स्थिति हो गई है.''

  11. वन विभाग की कार्रवाई पर भड़के अखिलेश यादव, कहा- 'आरिफ़ तो वोट दे सकता है मुझे, सारस तो नहीं देगा?'

    उत्तर प्रदेश में सारस पक्षी को लेकर जारी राजनीति के बीच रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव के साथ सारस पक्षी के दोस्त मोहम्मद आरिफ़ भी मौजूद थे.

    सपा प्रमुख ने मोहम्मद आरिफ़ के ख़िलाफ़ वन विभाग की कार्रवाइयों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जान बचाने वाले शख़्स के ख़िलाफ़ धारा लगाकर उसे डराने की कोशिश हो रही है.

    अखिलेश ने यूपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर आरिफ़ की जगह किसी और ने सारस को बचाया होता तो आज उसे सम्मान दिया जाता.

    उन्होंने कहा, ''आरिफ़ और सारस को केवल इसलिए अलग किया गया क्योंकि मैं उनका सारस देखने चला गया. आरिफ तो वोट दे सकता है मुझे, सारस तो नहीं देगा वोट. मैं सारस से मिलने क्यों चला गया, मैंने सारस के साथ तस्वीर क्यों खिंचवा ली, इस बात की तकलीफ उन्हें क्यों है?"

    अखिलेश यादव ने कहा कि 'यही वन विभाग के अधिकारी तब कहां थे जब 2019 में एक महावत की हाथी ने हत्या की. 2023 में उसी हाथी ने तीन लोगों की जान ले ली लेकिन वो मुख्यमंत्री का पड़ोसी था इसलिए वन विभाग ने उस हाथी के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं की. उत्तर प्रदेश में हर रोज़ सांड के आतंक से लोगों की जान जा रही है, सरकार उसके ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई क्यों नहीं करती?'

    इससे पहले शनिवार को मोहम्मद आरिफ़ पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के उल्लंघन के तहत केस दर्ज किया गया. साथ ही बयान दर्ज कराने को लेकर वन विभाग ने आरिफ़ को नोटिस भी जारी किया है.

  12. ब्रेकिंग न्यूज़, स्विस ओपन के पुरुष डबल्स में सात्विक और चिराग का कमाल, जीता ख़िताब

    बैडमिंटन चैंपियनशिप स्विस ओपन सुपर सीरीज़ बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष डबल्स के फ़ाइनल में भारत ने जीत दर्ज की है.

    भारत के सात्विक साईराज रंकिरेड्डी और चिराग शिट्टी ने चीन की टीम को मात दी है.

    उन्होंने चीनी खिलाड़ी रेन शियांग यू और टेन चियांग को 21-19, 24-22 से हराया है.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे वाराणसी के होटल में मृत पाई गईं

    भोजपुरी फ़िल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री आकांक्षा दुबे वाराणसी के एक होटल में मृत पाई गई हैं.

    आकांक्षा दुबे कथित तौर पर एक फ़िल्म की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी में थीं. शाम में वो सारनाथ में अपने होटल में गई थीं जिसके बाद होटल के कमरे से उनका शव बरामद हुआ है.

    वाराणसी के वरुणा ज़ोन के डीसीपी ने ट्वीट किया है कि इस मामले में पुलिस जांच कर रही है.

    आकांक्षा दुबे की मौत किस वजह से हुई है ये अभी तक साफ़ नहीं हो पाया है.

  14. गोरता शहीद स्मारक क्या है जिसका अमित शाह ने किया उद्घाटन

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कर्नाटक में ‘गोरता शहीद स्मारक’ और सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक को देश को समर्पित किया है.

    हैदराबाद के निजाम के शासनकाल में मारे गए करीब 200 लोगों की याद में कर्नाटक के गोरता में ‘गोरता शहीद स्मारक’ का निर्माण किया गया है.

    इस दौरान अमित शाह ने कहा कि वे खुश हैं कि उस जगह पर आज स्मारक बना है, जहां कभी रजाकारों ने 200 लोगों को मार दिया था.

    उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना सरकार आज भी हैदराबाद मुक्ति दिवस मनाने से हिचकिचाती है.

    उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमने ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’ को बड़े स्तर पर मनाने का फैसला किया है.

    17 सितंबर, 1948 को हैदराबाद के निजाम ने भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद युद्धविराम का एलान किया था. उसकी याद में ही हर साल इस दिन को ‘हैदराबाद मुक्ति दिवस’ मनाया जाता है.

  15. वो विधायक जिन्होंने रद्द सदस्यता को बहाल करवाया, लेकिन कैसे?

      • Author, अभिनव गोयल
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    आपराधिक मानहानि के मामले में राहुल गांधी को कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई जिसके एक दिन बाद लोकसभा सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर उनकी सदस्यता रद्द कर दी है.

    राहुल गांधी की तरह कई ऐसे विधायक और सांसद हैं जिनकी सदस्यता इस वजह से रद्द हुई है क्योंकि उन्हें दो या दो साल से अधिक की सजा मिली.

    लेकिन एक मामला ऐसा भी है जहां पहले सदस्यता रद्द हुई और बाद में उसे बहाल किया गया.

    हरियाणा में कालका से कांग्रेस विधायक प्रदीप चौधरी को कोर्ट ने 28 जनवरी 2021 को तीन साल की सज़ा सुनाई थी. उन्हें सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के मामले में दोषी ठहराया गया था.

    दो दिन बाद ही हरियाणा विधानसभा ने उनकी सदस्यता रद्द करते हुए अधिसूचना जारी कर दी थी. प्रदीप कुमार ने सज़ा के ख़िलाफ़ हिमाचल हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया और कोर्ट ने 19 अप्रैल 2021 को दोषसिद्धि पर रोक लगा दी.

    20 मई 2021 को हरियाणा विधानसभा के स्पीकर ज्ञान गुप्ता ने कांग्रेस के विधायक प्रदीप चौधरी की सदस्यता बहाल करने की घोषणा की.

    बीबीसी से बात करते हुए प्रदीप चौधरी के बेटे अमन चौधरी ने कहा, "अप्रैल महीने में हाई कोर्ट ने मेरे पिता की सज़ा पर रोक लगा दी थी जिसके क़रीब एक महीने बाद हरियाणा के स्पीकर ने उनकी सदस्यता बहाल कर दी."

  16. इसरो ने अपने सबसे बड़े लाॅन्च व्हीकल का दूसरा प्रक्षेपण किया, अंतरिक्ष में भेजे 36 उपग्रह

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो ने रविवार को अब तक के सबसे बड़े लाॅन्च व्हीकल मार्क-III (LVM-3)/वनवेब इंडिया-2, की लाॅन्चिंग करते हुए इसके साथ 36 उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजा है.

    आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से 43.5 मीटर लंबे इस राॅकेट ने सुबह ठीक नौ बजे उड़ान भरी.

    यह राॅकेट अपने साथ कुल 5,805 किलोग्राम के 36 उपग्रह लेकर 450 किलोमीटर दूर स्थित पृथ्वी की निचली कक्षा में लेकर गया.

    LVM-3 की यह दूसरी व्यावसायिक लाॅन्चिंग है. रविवार की लाॅन्चिंग में अंतरिक्ष में भेजे गए उपग्रह ब्रिटेन की संस्था वनवेब ग्रुप कंपनी के हैं.

    इसरो ने इस कंपनी से 72 उपग्रहों को लाॅन्च करने का एक समझौता किया था.

  17. कांग्रेस के ‘संकल्प सत्याग्रह’ पर बीजेपी ने पूछा इसका मक़सद क्या है

    कांग्रेस के ‘संकल्प सत्याग्रह’ प्रदर्शन के ख़िलाफ़ बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा है कि कोर्ट के विरोध में सत्याग्रह हो रहा है.

    बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सत्याग्रह में अहंकार का दुराग्रह है और राहुल गांधी और कांग्रेस क़ानून को नहीं मानते हैं.

    सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि ‘राहुल गांधी के ख़िलाफ़ क़ानून के तहत कार्रवाई हुई है और ये सत्याग्रह किस लिए है. आपने पिछड़ी जाति का अपमान किया उसको जस्टिफ़ाई करने के लिए या न्यायालय के विरुद्ध है? या उस क़ानून के विरुद्ध है जिसके तहत उन्हें सज़ा हुई है?’

    सुधांशु त्रिवेदी ने कहा,“राहुल गांधी पर चोर शब्द भारी पड़ रहा है और 2019 में चोर शब्द कहने के लिए वो सुप्रीम कोर्ट से माफ़ी मांग चुके हैं.”

  18. ‘मन की बात’ के 99वें एपिसोड में पीएम मोदी ने कहा, अंगदान की उम्र सीमा अब ख़त्म

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 99वें एपिसोड में अंगदान, नारी शक्ति के उभार, सौर ऊर्जा जैसे विषयों पर देशवासियों को संबोधित किया.

    अंगदान के बारे में बात करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि अब 65 साल से अधिक उम्र का इंसान भी अंगदान कर सकता है. अभी तक 65 साल से कम उम्र के लोग ही अंगदान कर सकते हैं.

    उन्होंने देशवासियों से अंगदान के लिए आगे आने की अपील की और बताया कि इसे आसान बनाने और प्रोत्साहित करने के लिए पूरे देश में एक जैसी नीति बनाने पर काम हो रहा है.

    उन्होंने बताया कि अंग हासिल करने के लिए अपने राज्य में पंजीकरण कराने की बाध्यता खत्म करते हुए अब देश के किसी भी राज्य में मरीज़ का पंजीकरण करवा पाने का एलान किया है.

    उन्होंने कहा कि समय के साथ देश में अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ रही है. पिछले 10 साल में देश में अंगदान करने वालों की संख्या 3 गुनी बढ़ी है.

    "2013 में हमारे देश में अंगदान के 5,000 से भी कम मामले थे, लेकिन 2022 में यह संख्या बढ़कर 15,000 से ज़्यादा हो गई है."

    पीएम मोदी ने कई क्षेत्रों में महिलाओं की सफलताओं का ज़िक्र करते हुए कहा कि आज भारत का जो सामर्थ्य निखरकर सामने आ रहा है, उसमें नारी शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है.

    ‘मन की बात’ के 99वें एपिसोड के बारे में पीएम मोदी ने कहा कि माना जाता है कि 99वें का फेर बहुत कठिन होता है, लेकिन जहां भारत के जन जन के ‘मन की बात’ हो, वहां की प्रेरणा कुछ और ही होती है.

    उन्होंने 30 अप्रैल को होने वाले ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड के लिए लोगों से सुझाव मांगे हैं.

  19. एक दूसरे से दूर बैठे कपल के लिए आई ये किसिंग डिवाइस

    वीडियो में दिख रहा ये डिवाइस एक रिमोट किसिंग डिवाइस है. एक चीनी स्टार्ट-अप ने इसे तैयार किया है.

    लॉकडाउन के दौरान दूर रह रहे कपल को ध्यान में रखकर इसे बनाया गया. ये सिलिकॉन डिवाइस यूज़र के किस डेटा को मोशन सेंसर्स के ज़रिए रिकार्ड करता है.

    फिर मोबाइल ऐप की मदद से दूसरे यूजर की डिवाइस से डेटा साझा करता है. देखिए वीडियो.

  20. प्रियंका गांधी ‘संकल्प सत्याग्रह’ में बोलीं- 'इस देश का प्रधानमंत्री.. '

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी को संसद की सदस्यता रद्द होने के बाद उनकी पार्टी रविवार को देशभर में ‘संकल्प सत्याग्रह’ का आयोजन कर रही है.

    दिल्ली में महात्मा गांधी की समाधि राजघाट पर भी यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है. इसमें प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

    इस दौरान अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री के बारे में कहा, ‘‘कायर है इस देश का प्रधानमंत्री, लगा दो केस मुझ पर, ले जाओ जेल मुझे भी.’’

    उन्होंने कहा कि इस देश के लोकतंत्र को मेरे परिवार के खून ने सींचा है. इस देश की नींव कांग्रेस के महापुरुषों ने डाली है.

    उन्होंने अपने पिता की हत्या के बाद की घटना याद करते हुए कहा कि उनका शव यहां तिरंगे में लिपटा हुआ आया था. लेकिन आज उनके परिवार को बदनाम किया जा रहा है.

    उन्होंने बीजेपी के नेताओं पर अपने परिवार को लगातार बदनाम करने का आरोप लगाते हुए सवाल पूछा कि ऐसा करने वालों को कोई सज़ा क्यों नहीं मिलती.

    प्रियंका गांधी ने कहा कि राहुल ने ऐसा कौन सा जुर्म किया कि यह सज़ा दी गई. उन्होंने सरकार से दो सवाल क्या पूछ लिए कि अयोग्य करार दे दिया गया.

    प्रियंका गांधी ने सरकार पर आरोप लगाया कि वो इस देश की आम जनता के पैसे और सार्वजनिक कंपनियों को बर्बाद कर रही है.

    उन्होंने पूछा कि ये अदानी हैं कौन, जिस पर सवाल उठाने पर यह सरकार बौखला जाती है.

    उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार को लगातार बदनाम किया जा रहा है. उनके नेता कहते हैं कि राहुल गांधी को पता भी नहीं है कि उनका पिता कौन है.

    कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा

    वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ‘‘हमारे पास वो शक्ति है जिसके ज़रिए हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे, अगर हमें कोई सत्य बोलने से रोकता है. देश को बचाने के लिए, आज़ादी को बचाने के लिए, संविधान बचाने के लिए, जो कुछ भी हो सकता है वो हम करते रहेंगे.’’

    ‘‘राहुल गांधी महिलाओं, युवाओं, बेरोज़गारों के लिए लड़ रहे हैं. कोलार में जो राहुल गांधी ने कहा वो चुनाव के दौरान कही बात थी और वो बात किसी को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं थी. लेकिन कर्नाटक के कोलार का केस सूरत में लेकर गए, अगर कोई घटना होती है तो वो केस कर्नाटक में करके दिखाना था, लेकिन आपकी मंशा साफ़ थी, आप उस केस को सूरत में लेकर आए.’’

    जगदीश टाइटलर की मौजूदगी पर विवाद

    हालांकि कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जगदीश टाइटलर के इस कार्यक्रम में मौजूद रहने से विवाद खड़ा हो गया है.

    बीजेपी के सिख नेता आरपी सिंह ने कांग्रेस पर तंज़ कसते हुए कहा, ‘‘इससे पता चलता है कि वह किस तरह का सत्याग्रह कर रही है. सिखों की हत्या करने वाले भी इस सत्याग्रह में शामिल हुए.’’

    उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस टाइटलर के बिना रह नहीं सकती. उन्हें कांग्रेस के हर कार्यक्रम में बुलाया जाता है. इससे समझ में आता है कि ये सत्याग्रह है या सिखों को मारने वाले को फिर से स्थापित करने की कोशिश.’’