You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दुनिया के साथ भारत में भी मना 'अर्थ आवर डे', एक घंटे तक लाइट रही बंद

वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर की तरफ से हर साल मार्च के महीने में आखिरी शनिवार को 'अर्थ आवर डे' का आयोजन किया जाता है.

लाइव कवरेज

चंदन शर्मा and दीपक मंडल

  1. दुनिया के साथ भारत में भी मना 'अर्थ आवर डे', एक घंटे तक लाइट बंद

    हर साल की तरह इस बार भी शनिवार को 'अर्थ आवर डे' मनाया गया. वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर की तरफ से हर साल मार्च के महीने में आखिरी शनिवार को 'अर्थ आवर डे' का आयोजन किया जाता है.

    लिहाज़ा शनिवार को रात साढ़े आठ बजे से रात साढ़े नौ बजे तक भारत के कई शहरों में एक घंटे तक लोगों ने लाइट बंद रखी.

    'अर्थ आवर डे' पर हर साल दुनिया भर के करोड़ों लोग स्वेच्छा से एक घंटे के लिए लाइट बंद कर देते हैं. इसका मकसद ऊर्जा की बचत के लोगों को प्रेरित करना और जलवायु परिवर्तन के संकट की ओर लोगों का ध्यान दिलाना है.

    इसके साथ ही प्रकृति के नुकसान को रोकना और मानव जाति के भविष्य को बेहतर बनाना है. नई दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर में एक घंटे तक लाइट बंद रखी गई है.

    इसी तरह कोलकाता में हावड़ा ब्रिज पर एक घंटे लाइट बंद रखी गई. मुंबई में छ्त्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस में रात साढ़े आठ बजे से साढ़े नौ बजे तक लाइट बंद रखी गई.

    ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में 31 मार्च 2007 को पहली बार 'अर्थ आवर डे' का आयोजन किया गया था. इसके बाद पूरी दुनिया में मार्च के महीने के आखिरी शनिवार को 'अर्थ आवर डे' मनाया जाता है.

  2. नीतू घनघस को गोल्ड: फ़ाइनल की कहानी, तस्वीरों की ज़ुबानी

    विमेंस वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियन के 48 किलोग्राम वर्ग में भारत की नीतू घनघस ने गोल्ड मेडल जीत लिया है.

    उन्होंने मंगोलिया की बॉक्सर लुतसाइखान को 5-0 से हरा कर इस वर्ग में पदक जीता है.

    शनिवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए मुकाबले में उन्होंने मंगोलिया की बॉक्सर को एकतरफा मैच में 5-0 से हरा दिया.

    नीतू के मैच पर पूरे देश के लोगों की निगाहें टिकी हुई थीं. तस्वीरों में मैच और उसके बाद का मंज़र कुछ इस तरह रहा.

  3. अमृतपाल की तलाश में उत्तराखंड एसटीएफ, प्रदेश भर में बॉर्डर पर सर्च ऑपरेशन तेज़

      • Author, आसिफ़ अली
      • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए,देहरादून से

    ‘वारिस पंजाब दे’ प्रमुख अमृतपाल सिंह के उत्तराखंड आने की संभावनाएं जताई जा रही हैं.

    इसके बाद उत्तराखंड राज्य की सीमाओं पर सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है. उत्तराखंड पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर शक है कि अमृतपाल हरियाणा से होते हुए उत्तराखंड आ सकता है.

    उत्तराखंड एडीजी कानून-व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने बताया कि पंजाब पुलिस के अलर्ट के बाद सख्ती बढ़ा दी गई है.

    उधमसिंह नगर, चम्पावत, हरिद्वार, देहरादून जनपदों में बॉर्डर चेक पोस्ट पर सभी पुलिसकर्मियों को अमृतपाल की फोटो के साथ तैनात किया गया है.

    लोकल पुलिस के साथ-साथ उत्तराखंड एसटीएफ की टीमों को भी अमृतपाल की तलाश में लगाया गया है.

    अमृतपाल के नेपाल भागने और उत्तराखंड में रहने की आशंका को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. बनबसा के भारत नेपाल सीमा से गुजरने वालों की गहनता से जांच की जा रही है.

    इस बीच, सोशल मीडिया पर लोगों के इस गतिविधि में शामिल होने की बात कही जा रही है.

    सोशल मीडिया पर हो रही हलचल पर अब पैनी नज़र रखी जा रही है.

    एडीजी कानून व्यवस्था, वी. मुरुगेशन ने बताया कि सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी सामग्री पर एसटीएफ और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार नज़र बनाये हुए हैं

    प्रिंट और इंटरनेट मीडिया में शनिवार को एक खबर आयी कि एनआईए ने देहरादून से एक महिला को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. यह महिला काफी समय से अमृतपाल के अभियान से जुड़ी हुई थी.

    महिला की गिरफ्तारी हुई है या फिर केवल पूछताछ के लिए ले जाया गया है. एडीजी कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने एनआईए की इस कार्रवाई के लिए इंकार किया है.

  4. प्रियंका गांधी बोलीं- पूरी संसद म्यूट कर दी, पीएम ख़ुद म्यूट हो गए

    कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट करके उन्हीं सवालों को दोहराया है जो शनिवार को दिन में पार्टी नेता राहुल गांधी ने पूछे थे.

    राहुल गांधी ने सवाल किया था कि ‘अडानी समूह में शेल कंपनियों द्वारा लगाया गया 20 हज़ार करोड़ का विदेशी पैसा किसका है?’

    प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया है, “भाजपा इस सवाल से बचना चाहती है. पूरी संसद म्यूट कर दी. प्रधानमंत्री जी ख़ुद म्यूट हो गए.”

    “अब राहुल जी पर हर तरह के हमले कर रहे हैं. लेकिन, गौतम अडानी की शेल कंपनियों में किसका पैसा लगा है, उसकी जांच क्यों नहीं हो रही, इसका जवाब नहीं दे रहे.”

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, बॉक्सर स्वीटी बूरा ने किया कमाल, 81 किलो वर्ग में जीता गोल्ड

    विमेंस वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 81 किलो वर्ग में भारत की स्वीटी बूरा ने गोल्ड मेडल जीत लिया है.

    उन्होंने चीन की वांग लीना को हराया सेमीफाइनल में स्वीटी ने ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज एमा सु ग्रीनट्री को 4-3 से हराया था.

    पहले राउंड में स्वीटी बूरा ने एक अंक की बढ़त बनाई थी. दूसरे राउंड में भी वो आगे थीं लेकिन इसमें मुकाबला काफी नजदीकी था.

    इससे पहले 48 किलोग्राम वर्ग में भारत की नीतू घनघस ने गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने मंगोलिया की बॉक्सर लुतसाइखान को 5-0 से हरा कर इस वर्ग में पदक जीता है.

  6. राहुल गांधी घमंडी, ज़ुबान फिसली लेकिन माफी नहीं मांगी : हिमंत बिस्वा सरमा

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर "घमंडी" होने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा,"सूरत की एक अदालत ने राहुल गांधी को जिस बयान के लिए सजा सुनाई उसके लिए उन्होंने माफी नहीं मांगी. न ही उन्होंने बीते पांच साल तक ओबीसी समुदाय के ख़िलाफ़ की गई टिप्पणी को वापस लिया है. इससे यह साबित होता है कि उन्होंने यह बयान जानबूझकर दिया था."

    मुख्यमंत्री सरमा ने मानहानि मामले में राहुल गांधी को दोषी ठहराने से जुड़े मसले पर पत्रकारों से कहा,"भारत सरकार ने राहुल गांधी को अयोग्य नहीं ठहराया है.’’

    ‘’ राहुल गांधी को कोर्ट ने दोषी करार दिया है और उस फैसले के आधार पर उन्हें लोकसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य ठहराया गया है. लिहाजा यह कानूनी कार्रवाई है इसमें कोई राजनीतिक बात नहीं है."

    उन्होंने आगे कहा,"राहुल गांधी ने कर्नाटक में एक चुनावी भाषण में ओबीसी समुदाय का अपमान किया था.’उस बयान के बाद देश के कई हिस्सों में उनके खिलाफ मामले दर्ज हुए.यहां तक कि अरुणाचल प्रदेश में भी उन पर मामले दर्ज हुए. क्योंकि उस समुदाय के लोग अरुणाचल प्रदेश में भी रहते है.''

    ‘’उनके बयान वाली बात को पांच साल हो गए है. कोर्ट का यह फैसला कोई दो दिन या फिर एक महीने के भीतर नहीं आया है.लंबी न्यायिक प्रक्रिया के बाद उन्हें दोषी ठहराया गया है.’’

    उन्होंने कहा, ‘’उस बयान के तुरंत बाद उनको माफी मांग लेनी चाहिए थी. कभी-कभी जुबान फिसल जाती है और हमने भी इसका अनुभव किया है, लेकिन हम माफी मांगते हुए एक बयान जारी करते हैं, यह कहते हुए कि यह अनजाने में हुआ था.

    ‘’इससे वो मामला वहीं खत्म हो जाता. इससे पता चलता है कि राहुल गांधी ने जानबूझकर ओबीसी समुदाय का अपमान किया था."

    साल 2019 का ये मामला 'मोदी सरनेम' को लेकर राहुल गांधी की एक टिप्पणी से जुड़ा हुआ है जिसमें उन्होंने नीरव मोदी, ललित मोदी और अन्य का नाम लेते हुए कहा था, "कैसे सभी चोरों का सरनेम मोदी है?"

  7. अमेरिका : सैन फ्रांसिस्को में खालिस्तान समर्थकों के ख़िलाफ़ तिरंगा मार्च

    अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में शुक्रवार को बड़ी तादाद में भारतीय अमेरीकियों ने भारतीय वाणिज्य दूतावास के सामने तिरंगा लेकर शांति रैली की.

    पिछले रविवार को अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास पर खालिस्तानी समर्थक एक समूह की ओर से हमले और तोड़फोड़ की कार्रवाई के बाद ये रैली निकाली गई थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ रैली में शामिल लोग भारत के प्रति अपना समर्थन जता रहे थे. पिछले सप्ताह खालिस्तान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने सिटी पुलिस की ओर से लगाए गए अस्थायी सिक्योरिटी बैरियर्स तोड़ दिए थे और वाणिज्य दूतावास की इमारतों के अंदर दो कथित खालिस्तानी झंडे गाड़ दिए थे.

    हालांकि वाणिज्य दूतावास के कर्मचारियों ने तुरंत ये झंडे हटा दिए थे. शुक्रवार को बीसियों भारतीय अमेरिकी सैन फ्रांसिस्को और इसके आसपास के इलाकों से तिरंगा लेकर भारतीय वाणिज्य दूतावास के पास पहुंच गए.

    प्रदर्शनकारी भारत के प्रति अपना समर्थन जाहिर कर रहे थे. प्रदर्शन में मौजूद एक टेक्नोलॉजी पेशेवर सतीश वाले ने कहा,'' छुटभैये तत्वों की ओर से भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमले ने न सिर्फ भारतीय अमेरीकियों को परेशान किया बल्कि इससे पूरा विश्व समुदाय प्रभावित हुआ है.''

    प्रदर्शनकारियों ने अलगाववादी सिखों की तोड़फोड़ की कार्रवाई की भी आलोचना की. प्रदर्शन के दौरान कोई हिंसक घटना न हो इसके लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए थे.

    हाल के दिनों में ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में कई जगहों पर खालिस्तानी समर्थक तत्वों ने भारत विरोधी प्रदर्शन किए हैं. ऑस्ट्रेलिया में कुछ हिंदू मंदिरों की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिख दिए गए थे. यहां खालिस्तानी समर्थक तत्वों से भारतीयों का टकराव भी हुआ था.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, ISWOTY इमर्जिंग प्लेयर अवॉर्ड जीतने वाली बॉक्सर नीतू घनघस ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

    वर्ल्ड विमेन बॉक्सिंग चैंपियन के 48 किलोग्राम वर्ग में भारत की नीतू घनघस ने गोल्ड मेडल जीत लिया है.

    उन्होंने मंगोलिया की बॉक्सर लुतसाइखान को 5-0 से हरा कर इस वर्ग में पदक जीता है.

    शनिवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में हुए मुकाबले में उन्होंने मंगोलिया की बॉक्सर को एकतरफा मैच में 5-0 से हरा दिया.

    इस टूर्नामेंट के इतिहास में वो गोल्ड मेडल जीतने वाली छठी भारतीय बॉक्सर बन गई हैं.

    सेमीफाइनल में नीतू ने कजाख़स्तान की बॉक्सर अलुआ बालकिबेकोआ को हराया था.

    नीतू के अलावा कई और भारतीय मुक्केबाजों का भी प्रदर्शन बेहतरीन रहा.

    81 किलो वर्ग में भारत की स्वीटी बूरा को आज रात को फाइनल खेलना है.

    उनका मुकाबला चीन की वांग लीना से होगा.

    सेमीफाइनल में स्वीटी ने ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज एमा सु ग्रीनट्री को 4-3 से हराया था.

  9. टिकटॉक कंपनी के सीईओ से पूछे गए कैसे-कैसे सवाल

    टिकटॉक कंपनी के सीईओ शाउ ज़ी च्यू को कई मुश्किल सवालों का सामना करना पड़ा.

    उनसे ये सवाल जवाब अमेरिकी कांग्रेस में किए गए.

    शाउ से डेटा सिक्योरिटी और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी को लेकर सवाल पूछा गया.

    टिकटॉक के सीईओ से भारत में टिकटॉक पर बैन से जुड़ा सवाल भी पूछा गया.

  10. ब्रितानी खुफिया एजेंसी MI5 के जासूस ने 30 साल बाद तोड़ी चुप्पी

    उत्तरी आयरलैंड में शांति कायम करने के लिए काम कर चुके ब्रिटेन की खुफिया संस्था एमआई5 के एक जासूस ने आदेशों का उल्लंघन करते हुए बीबीसी से बातचीत की है.

    बीबीसी के पीटर टेलर को उस जासूस ने बताया है कि ब्रितानी सरकार से वार्ता रद्द होने के बाद भी उन्होंने आइरिश रिपब्लिकन आर्मी यानी आईआरए के नेताओं से मार्च 1993 में मुलाकात की थी.

    दोनों पक्षों के बीच की ये बातचीत इंग्लैंड में आईआरए के बम धमाकों में दो किशोरों के मारे जाने के बाद टूटी थी.

    उन्होंने दावा किया है कि उस मुलाकात में उन्होंने जो कहा, उसके कारण आईआरए युद्धविराम के लिए तैयार हुआ.

    इस युद्धविराम के कारण ही वो प्रक्रिया शरू हुई, जिसके कारण 1998 का 'गुड फ्राइडे' समझौता हो पाया. टेलर पिछले 30 साल से उस जासूस को खोज रहे थे.

    उन्हें पता चला कि जासूस ने आईआरए के साथ हुई मुलाकात में जो बातें कहीं, उसके लिए उन्हें ब्रितानी सरकार से अनुमति नहीं मिली थी.

    आईआरए की राजनीतिक शाखा सिन फेइन ने 1994 में उस मुलाकात का ब्योरा प्रकाशित किया था.

    उसके अनुसार जासूस ने कहा, "अंतिम हल यूनियन है... यह द्वीप एक हो जाएगा."

    जासूस ने बीबीसी की डाॅक्यमेंट्री 'द एमआई5 एंड द आईआरएः ऑपरेशन शिफाॅन' में ये बातें कही हैं.

  11. COVER STORY: पाकिस्तान में क्यों निशाने पर अहमदिया समुदाय?

    पाकिस्तान में लगभग 40 लाख अहमदिया मुसलमान रहते हैं. जहां उनके उत्पीड़न का एक लंबा इतिहास है.

    पाकिस्तान में अहमदिया मुसलमानों को विधर्मी माना जाता है.

    उनकी जान, संपत्ति और इबादत की जगहों पर हमले होते रहे हैं.

  12. दिल्ली में जंतर-मंतर पर मनरेगा मजदूरों के धरने का 30वां दिन

      • Author, अभिनव गोयल
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    पिछले एक महीने से दिल्ली के जंतर मंतर पर मनरेगा मजदूर रोजगार गारंटी स्कीम में बजट कटौती और मजदूरी के भुगतान में देरी खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं.

    नरेगा संघर्ष मोर्चा ने मजदूरों के विरोध के 30 दिन पूरे होने पर जंतर-मंतर पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन भी किया.

    मोर्चा का कहना है कि पश्चिम बंगाल के जिन श्रमिक मजदूरों की मजदूरी दिसंबर 2021 से लंबित है उन्हें वित्त वर्ष 22-23 में नरेगा का कोई भी काम नहीं दिया गया है. इसकी शिकायत मोर्चा ने मानवाधिकार आयोग को भी की है.

    नरेगा मजदूरों की मांगें-

    • NMMS ऐप को तत्काल हटाना
    • 30 जनवरी, 2023 के आदेश को वापस लेना जिसमें सभी नरेगा भुगतानों को आधार आधारित भुगतान प्रणाली (एबीपीएस) से किए जाने की बात है.
    • नरेगा बजट में वृद्धि
    • मजदूरी का समय पर भुगतान
    • एक साल से अधिक समय से लंबित मजदूरी का तत्काल भुगतान

    पुलिस ने हिरासत में लिया

    नरेगा संघर्ष मोर्चा का कहना है कि जंतर मंतर पर आयोजित 100 दिवसीय धरना को पुलिस प्रशासन बाधित कर रही है.

    मोर्चा का कहना है कि दिल्ली पुलिस ने 24 मार्च को दिल्ली यूनिवर्सिटी के नोर्थ कैंपस में नरेगा पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया.

    दरअसल, कलेक्टिव नामक एक छात्र संगठन ने नरेगा पर चर्चा करने के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया था. इसमें जाने-माने अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज, किसान मजदूर संगठन, उत्तर प्रदेश की ऋचा सिंह और जन संघर्ष मंच, हरियाणा के कॉमरेड सोमनाथ इस कार्यक्रम में बोलने वाले थे.

    कार्यक्रम के शुरू होती ही पुलिस ने कार्यक्रम को रोक दिया और लोगों को पुलिस स्टेशन ले गई.

  13. राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर क्या बोले केरल में वायनाड के लोग

    वो तमाम आरोप जो कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने की वजह बने, उनकी गूंज केरल के वायनाड ज़िले के कलपेट्टा के मुख्य रास्ते पर सुनाई देती रही.

    स्थानीय नगरपालिका दफ़्तर के सामने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जमा थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीरव मोदी और दूसरे लोगों के ख़िलाफ़ कार्यकर्ता वही नारे लगा रहे थे जिन्हें राहुल गांधी अपने चुनावी भाषणों में बार-बार दोहराते रहे थे.

    वायनाड ज़िला कांग्रेस कमेटी के महासचिव केए अब्राहम ने कहा, "हम उन नारों को दोहराते रहेंगे जिनके लिए राहुल गांधी की सदस्यता रद्द की गई है."

    कांग्रेस के कार्यकर्ता केंद्र सरकार के एक दफ़्तर के आगे प्रदर्शन कर रहे थे. अब्राहम भी वहीं मौजूद थे.

  14. अमेरिका: स्कूल में माइकल एंजेलो की बनाई मूर्ति दिखाने पर पोर्नोग्राफी का आरोप, प्रिंसिपल का इस्तीफा

    अमेरिका के फ्लोरिडा के एक स्कूल में छात्रों को माइकल एंजेलो की बनाई गई एक मूर्ति दिखाए जाने पर स्कूल की प्रिंसिपल से जबरदस्ती इस्तीफा ले लिया गया.

    बीबीसी न्यूज़ की ख़बर के मुताबिक़ स्कूल में पुनर्जागरण काल की क्लास से संबंधित एक पाठ के दौरान छात्रों को माइकल एंजेलो की बनाई गई डेविड की मूर्ति दिखाई गई.

    इसके बाद छठी क्लास में पढ़ने वाले एक स्टूडेंट के माता-पिता ने शिकायत की कि उनके बच्चे को पोर्नोग्राफी दिखाई गई.

    एक बच्चे के माता-पिता की शिकायत थी कि बच्चों को जो चीज दिखाई गई वो पोर्नोग्राफी से जुड़ी है.

    वहीं, दो अन्य बच्चों के पैरेंट्स ने जानना चाहा कि किस क्लास के बच्चों को ये पढ़ाया जा रहा था.

    माइकल एजेंलो की बनाई गई डेविड की ये मूर्ति काफी प्रसिद्ध है.

    17 फीट ऊंची ये प्रतिमा नग्न डेविड की है. यह बाइबिल का एक पात्र है जो दैत्याकार गोलिएथ को मार डालता है.

    स्कूल में दस से ग्यारह साल के बच्चों को इसकी जानकारी दी गई थी.

    बच्चों के मां-बाप को शिकायत के बाद टलाहासी क्लासिकल स्कूल की प्रिंसिपल होप कारसक्विला ने बताया कि इस मामले के बाद स्कूल बोर्ड ने कहा कि वो इस्तीफा दे दें नहीं तो उन्हें हटा दिया जाए.

    इसके बाद प्रिंसिपल ने इस्तीफा दिया.

  15. पाकिस्तान की एक ट्रांसजेंडर की आपबीती

    शहज़ादी राय पाकिस्तान में रहती हैं. वो एक ट्रांसजेंडर हैं.

    हाल ही में उन पर एसिड अटैक हुआ लेकिन ऐसा अटैक पहली बार नहीं हुआ है.

    शहज़ादी राय से सुनिए पाकिस्तान में ट्रांसजेंडर्स के लिए कितना मुश्किल है बिना डरे, सम्मान के साथ जी पाना.

  16. सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही है अमृतपाल सिंह की गिरफ़्तारी की अफ़वाह: पंजाब पुलिस

    पंजाब पुलिस ने 'वारिस पंजाब दे' के चीफ अमृतपाल सिंह से जुड़ी बेबुनियाद बातों के सोशल मीडिया पर प्रचार के ख़िलाफ़ चेतावनी दी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ बठिंडा के एसएसपी गुलनीत खुराना ने कहा कि ब्रिटेन,अमेरिका और कनाडा में बैठे कुछ लोग सोशल मीडिया में अफवाह फैला रहे हैं कि अमृतपाल सिंह को यातनाएं दी जा रही हैं. ऐसी अफवाहों से पैदा किसी भी हालात को काबू करने के लिए पूरा इंतजाम किया जा रहा है.

    बठिंडा में बीएसपी की दो कंपनियों, पुलिसकर्मियों और बहादुरगढ़ से लाकर 140 सुरक्षाकर्मियों को शांति बहाल करने के लिए लगाया जा रहा है.

    खुराना ने कहा, "लोगों से पुलिस की अपील है कि वो सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अमृतपाल सिंह की गिरफ़्तारी से जुड़ी झूठी ख़बरों पर विश्वास न करें. अमृतपाल की जब भी गिरफ़्तारी होगी तो पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी देगी."

  17. राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर विदेशी मीडिया में कैसी कवरेज

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद से सदस्यता रद्द होने को लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है. आपराधिक मानहानि के इस मामले में सूरत की एक अदालत ने राहुल गांधी को दो साल जेल की सज़ा सुनाई है जिसके बाद उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द हो गई है.

    राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर शनिवार को अपनी बात रखी और कहा कि मामला कोर्ट का है और इस बारे में 'मैं यहां कोई बात नहीं करूंगा.'

    हालांकि, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अदानी समूह के बीच संबंधों का मुद्दा उठाया और कई सवाल पूछे.

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया, " मेरी सदस्यता रद्द की गई क्योंकि प्रधानमंत्री मेरे अगले (संभावित) भाषण से डरे हुए थे. वो उस अगली स्पीच से डरे हुए थे जो अदानी पर होने वाली थी. मैंने ये उनकी आंखों में देखा. वो ये नहीं चाहते थे कि ये भाषण संसद में हो."

  18. बिहार: स्कूल में पिटाई से बच्चे की मौत का आरोप

      • Author, चंदन कुमार जाजवड़े
      • पदनाम, बीबीसी संवाददाता

    बिहार के सहरसा ज़िले के सिमरी बख्तियारपुर के एक निजी स्कूल पर एक छात्र के घरवालों ने गंभीर आरोप लगाया है.

    यहाँ यूकेजी में पढ़ रहे एक छात्र की मौत के बाद उनके घरवालों का आरोप है कि स्कूल संचालक ने बच्चे की पिटाई की जिससे उसकी मौत हो गयी है.

    छात्र का नाम आदित्य कुमार है और उसकी उम्र क़रीब 7 साल थी.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक़, आदित्य कुमार के घरवालों का आरोप है कि 23 मार्च को स्कूल संचालक ने इनकी पिटाई की जिसकी वजह से बच्चे की मौत हो गई.

    फिलहाल पुलिस का केवल इतना कहना है कि ये घरवालों का आरोप है और पुलिस की तरफ से अभी कोई एक्शन नहीं लिया गया है. सहरसा जिला पुलिस के अधीन पोस्टमॉर्टम हो रहा है.

    सहरसा के सिविल सर्जन किशोर कुमार मधुप ने बीबीसी को बताया है कि अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट उनके पास नहीं आई है. शाम के वक्त पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर वह इस बारे में कुछ बता सकते हैं.

    सिविल सर्जन ने केवल इतना बताया है कि उन्हें जानकारी मिली है कि घरवालों का आरोप है कि पिटाई से बच्चे की मौत हुई है.

    बच्चों को बाहरी चोट लगी है या नहीं लगी है या किस वजह से बच्चे की मौत हुई है इसके बारे में सिविल सर्जन को फिलहाल कोई जानकारी नहीं है.

  19. राजीव गांधी को बर्ख़ास्त करना चाहते थे ज्ञानी ज़ैल सिंह- विवेचना

    हाल ही में ज्ञानी ज़ैल सिंह के उप सचिव रहे के सी सिंह की एक किताब प्रकाशित हुई है.

    द इंडियन प्रेसिडेंट एन इंसाइडर्स अकाउंट ऑफ द ज़ैल सिंह ईयर्स जिसमें उन्होंने बताया है कि किस तरह ज़ैल सिंह और राजीव गांधी के बीच संबंध इतने खराब हो गए थे कि वो उन्हें बर्खास्त करने के बारे में सोच रहे थे.

    क्या था पूरा मामला बता रहे हैं रेहान फ़ज़ल विवेचना में.

  20. बीजेपी राज में यूपी को मिला माफिया और गुंडा राज की छवि से छुटकारा: योगी आदित्यनाथ

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि पिछले छह सालों के दौरान राज्य को 'माफिया और गुंडा राज' वाली छवि से छुटकारा मिल गया है.

    उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब 'महोत्सव' के लिए जाना जाता है 'माफिया' के लिए नहीं.

    योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में अपने दूसरे कार्यकाल के एक साल पूरे होने के मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए ये बातें कही हैं.

    इस दौरान उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चैधरी भी मौजूद थे.

    उन्होंने कहा है कि डबल इंजन की सरकार के शासन के दौरान पिछले छह सालों में राज्य ने हर क्षेत्र में विकास किया है.

    योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उनकी सरकार की उपलब्धियों को उनके नेता जनता तक राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचाएंगे.