You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान: इमरान ख़ान ने फ़वाद चौधरी के साथ हुए बर्ताव पर क्या कहा?

पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा है कि भारत के साथ पीछे के दरवाज़े से किसी तरह की बातचीत नहीं हो रही है

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे and शुभम किशोर

  1. भारत के न्योते पर पाकिस्तान का क्या है कहना?

    भारत में शंघाई समूह सहयोग संगठन की बैठक में पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ज़रदारी को निमंत्रित किए जाने पर पाकिस्तान ने कहा है कि वो इस पर विचार कर रहा है.

    ग़ौरतलब है कि भारत इस बार इस बैठक का आयोजन कर रहा है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा गया है कि सदस्य देशों को निमंत्रण देने की एक स्टैंडर्ड प्रक्रिया है जिसके तहत भारत ने न्योता भेजा है.

    पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस निमंत्रण पर मानक प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है और इस पर उचित निर्णय लिया जाएगा.

    दोनों देशों के बीच रिश्ते बीते काफ़ी समय से तल्ख़ रहे हैं और हाल ही में अमेरिका के पूर्व विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने दावा किया था कि दोनों देशों के बीच एक समय परमाणु युद्ध छिड़ने की नौबत आ गई थी.

    पॉम्पियो ने अपनी किताब में दावा किया है कि साल 2019 के फरवरी महीने में भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध छिड़ने की नौबत आ गयी थी.

    पॉम्पियो के मसले पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि ये उनका निजी संस्मरण है. लेकिन सारी दुनिया जानती है कि फ़रवरी 2019 में किसने आक्रमण किया था और किसने संयम का परियच दिया.

    भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में साल 2019 में भारतीय सैनिकों के काफ़िले पर हमला किया गया था जिसमें चालीस सैनिकों की मौत हुई थी.

    भारत ने इसके बाद पाकिस्तान पर हवाई हमले किए थे जिसमें भारत ने कई चरमपंथियों को मारने का दावा किया गया था.

  2. पाकिस्तान: इमरान ख़ान ने फ़वाद चौधरी के साथ हुए बर्ताव पर क्या कहा?

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ के चेयरमेन इमरान ख़ान ने कहा कि उनकी पार्टी के गिरफ़्तार किए गए नेता फ़वाद चौधरी के साथ किसी "आतंकवादी" की तरह बर्ताव किया जा रहा है.

    उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा, "फ़वाद चौधरी के साथ किया जा रहा बर्ताव - अपहरण किया जाना, एक आतंकवादी की तरह व्यवहार किया जाना, एक फर्जी एफ़आईआर पर फिजिकल रिमांड दिया जाना - यह सब दिखाता है कि आज पाकिस्तान के साथ क्या ग़लत है."

    "न्याय नहीं, जंगल का कानून है. अगर राज्य और बदमाशों के गिरोह को लगता है कि वे डर का माहौल बना सकते हैं, हमें भयभीत कर झुका सकते हैं, तो वो गलत समझ रहे हैं."

    पाकिस्तान में बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता फ़वाद चौधरी को गिरफ़्तार किया गया था.

    इससे पहले फ़वाद चौधरी ने दावा किया था पाकिस्तान की सरकार पूर्व पीएम इमरान ख़ान को गिरफ़्तार करने की कोशिश कर रही है. फ़वाद पर नफ़रत फैलाने समेत दूसरी धाराएं लगाई गई है.

  3. पाकिस्तान ने कहा, भारत से 'पीछे के दरवाज़े' से बातचीत नहीं हो रही

    पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा है कि भारत के साथ पीछे के दरवाज़े से किसी तरह की बातचीत नहीं हो रही है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, पाकिस्तान की विदेश राज्य मंत्री हिना रब्बानी ख़ार ने पाकिस्तान के सीनेट में कहा, "इस समय, ऐसा कुछ भी नहीं चल रहा है."

    उन्होंने कहा कि "बैक चैनल डिप्लोमेसी" का फ़ायदा तभी होता है, जब उसका कोई नतीजा निकले.

    इसके अलावा विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मुमताज़ ज़हरा बलोच ने एक साप्ताहिक ब्रीफ़िंग में ज़ोर दिया कि भारत से किसी तरह की सीक्रेट बातचीत नहीं हो रही.

    सीनेट में बोलते हुए, हिना रब्बानी ख़ार ने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा क्षेत्र में शांति को बढ़ावा देने के लिए पहल की है, लेकिन "अभी, सीमा पार शत्रुता (भारत से) एक अलग प्रकार की है."

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को कभी-कभी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के साथ अपने संबंधों को सामान्य करने के लिए ऐसा कहा जाता है, लेकिन दुनिया को उन संदेशों को देखना चाहिए जो भारत पाकिस्तान को भेज रहा है.

  4. अदानी को हिंडनबर्ग रिसर्च का जवाब, हम रिपोर्ट पर कायम, क़ानूनी कार्रवाई के लिए तैयार

    हिंडनबर्ग रिसर्च के ख़िलाफ़ अदानी समूह के क़ानूनी कदम उठाने के बयान के बाद हिंडनबर्ग रिसर्च ने कहा है कि वो किसी भी तरह के क़ानूनी कार्रवाई के लिए तैयार हैं और अपनी रिपोर्ट पर कायम हैं.

    उन्होंने एक बयान जारी कर कहा, "हमारी रिपोर्ट आने के बाद पिछले 36 घंटों में अदानी ने एक भी गंभीर मुद्दे पर जवाब नहीं दिया है. हमने रिपोर्ट के निष्कर्ष में 88 सटीक सवाल पूछे थे जो कि हमारे मुताबिक कंपनी को अपने आप को निर्दोष साबित करने का मौका देता है."

    "अभी तक अदानी ने एक भी जवाब नहीं दिया है. साथ ही जैसा कि हमें उम्मीद थी, अदानी ने धमकी का रास्ता चुना. मीडिया को एक बयान में अदानी ने हमारी 106 पन्नों की, 32 हज़ार शब्दों की और 720 से ज़्यादा उदाहरण के साथ दो सालों में तैयार की गई रिपोर्ट को "बिना रिसर्च का" बताया और कहा कि वो हमारे ख़िलाफ़, "दंडात्मक कार्रवाई के लिए अमेरिकी और भारतीय कानूनों के तहत प्रासंगिक प्रावधानों का मूल्यांकन कर रहे हैं."

    "जहां तक कंपनी के द्वारा क़ानूनी कार्रवाई की धमकी की बात है, तो हम साफ़ करते हैं, हम उसका स्वागत करेंगे. हम अपनी रिपोर्ट पर पूरी तरह से कायम हैं, और हमारे ख़िलाफ़ उठाए गए क़ानूनी कदम आधारहीन होंगे."

    "अगर अदानी गंभीर हैं, तो उन्हें अमेरिका में केस दायर करना चाहिए. दस्तावेज़ों की एक लंबी लिस्ट है जिसकी क़ानूूनी प्रक्रिया के दौरान हम डिमांड करेंगे."

    इससे पहले अदानी समूह ने कहा था कि वो हिंडनबर्ग रिसर्च के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई कर सकते हैं.

    अदानी की तरफ़ से गुरुवार को जारी एक बयान में कहा गया, "24 जनवरी 2023 को हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा दुर्भावनापूर्ण और बिना शोध के प्रकाशित रिपोर्ट ने अदानी समूह, हमारे शेयरधारकों और निवेशकों पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है."

    "रिपोर्ट ने कारण भारतीय शेयर बाजारों में अस्थिरता बहुत चिंता का विषय है और इसने भारतीय नागरिकों को बिना वजह परेशान किया है."

    "स्पष्ट रूप से, रिपोर्ट और इसकी निराधार सामग्री को अदानी समूह की कंपनियों के शेयर मूल्यों पर बुरा प्रभाव डालने के लिए डिज़ाइन किया गया था, क्योंकि हिंडनबर्ग रिसर्च ने खुद माना है कि अदानी के शेयरों में गिरावट से उसे फ़ायदा होगा.

    "निवेशक और आम जनता को गुमराह करने, अदानी समूह और उसके अधिकारियों की प्रतिष्ठा को कम करने, और अदानी से एफ़पीओ (फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफरिंग) को नुकसान पहुंचाने के लिए एक विदेशी इकाई द्वारा जानबूझकर और लापरवाही से किए गए प्रयास से हम बहुत परेशान हैं."

    "हम हिंडनबर्ग रिसर्च के ख़िलाफ़ दंडात्मक कार्रवाई के लिए अमेरिकी और भारतीय कानूनों के तहत प्रासंगिक प्रावधानों का मूल्यांकन कर रहे हैं."

    अमेरिका की फ़ाइनैन्शियल फ़ोरेंसिक कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने आरोप लगाया है कि अदानी समूह स्टॉक मार्केट के "बहुत बड़े हेरफेर" और "अकाउन्टिंग फ़्रॉड स्कीम" में शामिल है.

    मंगलवार को छपी एक एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 218 बिलियन डॉलर वाला अदानी समूह "कारोबारी इतिहास की सबसे बड़ी धोखाधड़ी" कर रहा है.

  5. पाकिस्तान में 'जबरन धर्म परिवर्तन' का आरोप, क्या है पूरा मामला?

    पाकिस्तान में सामाजिक कार्यकर्ताओं के मुताबिक जबरन धर्म परिवर्तन के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. हालांकि सरकार इससे इंकार करती है.

    हाल ही में लाली नाम की एक लड़की का मामला सामने आया, जिसमें उस लड़की के परिजनों ने आरोप लगाए कि उनकी लड़की को अगवाकर उसका जबरन धर्म परिवर्तन किया गया.

    बताया जा रहा है कि लाली को बचाने के दौरान उनके भाई की मौत भी हो गई. हालांकि लाली किसी तरह के धर्म परिवर्तन की बात से इंकार करती हैं.

    देखिए मीरपुर ख़ास से बीबीसी संवाददाता शुमाइला ख़ान की यह रिपोर्ट.

  6. गूगल, माइक्रोसॉफ्ट के बाद अब सैप से जाएंगी नौकरियां

    मशहूर टेक कंपनी सैप ने गुरुवार को कहा कि वो तीन हज़ार नौकरियों में कटौती करने वाले हैं. ये उनकी कुल वर्कफ़ोर्स का 2.5 प्रतिशत है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक जर्मनी की इस कंपनी ने कहा है कि वो क्वालट्रिक्ट्स में अपनी हिस्सेदारी के बारे में विचार कर रहा है और कॉस्ट कटिंग पर विचार कर रहा है और अपने क्लाउड बिज़नेस पर ध्यान देंगे.

    मुख्य वित्तीय अधिकारी लुका म्यूसिक ने पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा, "हम 2023 के लिए थोड़ी लागत कम करने की उम्मीद करते हैं, और 2024 में बेहतर रन रेट से 300 मिलियन यूरो से 350 मिलियन तक की बचत की उम्मीद कर रहे हैं."

    जर्मनी में अपने हेडक्वाटर से 200 से अधिक लोगों को नौकरी से निकालेगा.

    इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट और गूगल समेत कई कंपनियों ने छटनी की बात कही है.

  7. दिन भर, पूरा दिन, पूरी ख़बर, इक़बाल अहमद और प्रेरणा के साथ

  8. अदानी समूह ने कहा, हिंडनबर्ग रिसर्च के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं

    अदानी समूह ने कहा है कि वो हिंडनबर्ग रिसर्च के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं.

    अदानी की तरफ़ से गुरुवार को जारी एक बयान में कहा गया, "24 जनवरी 2023 को हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा दुर्भावनापूर्ण और बिना शोध के प्रकाशित रिपोर्ट ने अदानी समूह, हमारे शेयरधारकों और निवेशकों पर प्रतिकूल प्रभाव डाला है."

    "रिपोर्ट ने कारण भारतीय शेयर बाजारों में अस्थिरता बहुत चिंता का विषय है और इसने भारतीय नागरिकों को बिना वजह परेशान किया है."

    "स्पष्ट रूप से, रिपोर्ट और इसकी निराधार सामग्री को अदानी समूह की कंपनियों के शेयर मूल्यों पर बुरा प्रभाव डालने के लिए डिज़ाइन किया गया था, क्योंकि हिंडनबर्ग रिसर्च ने खुद माना है कि अदानी के शेयरों में गिरावट से उसे फ़ायदा होगा.

    "निवेशक और आम जनता को गुमराह करने, अदानी समूह और उसके अधिकारियों की प्रतिष्ठा को कम करने, और अदानी से एफ़पीओ (फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफरिंग) को नुकसान पहुंचाने के लिए एक विदेशी इकाई द्वारा जानबूझकर और लापरवाही से किए गए प्रयास से हम बहुत परेशान हैं."

    "हम हिंडनबर्ग रिसर्च के ख़िलाफ़ दंडात्मक कार्रवाई के लिए अमेरिकी और भारतीय कानूनों के तहत प्रासंगिक प्रावधानों का मूल्यांकन कर रहे हैं."

    अमेरिका की फ़ाइनैन्शियल फ़ोरेंसिक कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने आरोप लगाया है कि अदानी समूह स्टॉक मार्केट के "बहुत बड़े हेरफेर" और "अकाउन्टिंग फ़्रॉड स्कीम" में शामिल है.

    मंगलवार को छपी एक एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 218 बिलियन डॉलर वाला अदानी समूह "कारोबारी इतिहास की सबसे बड़ी धोखाधड़ी" कर रहा है.

    इस मामले में आज अदानी की तरफ़ से दूसरी बार बयान आया है.

    बुधवार को अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब देते हुए अदानी समूह ने एक बयान जारी कर कहा था , "हमें धक्का लगा कि हिंडनबर्ग रिसर्च ने हमसे संपर्क करने या तथ्यों को जांचने की कोशिश के बिना 24 जनवरी 2023 को एक रिपोर्ट छापी है.

    "ये रिपोर्ट चुनिंदा गलत जानकारियों और पुरानी, निराधार और बदनाम करने के लिए लगाए गए आरोपों का एक दुर्भावनापूर्ण संयोजन है जिन्हें भारत के उच्चतम न्यायालयों में जांचा और ख़ारिज किया जा चुका है."

    "रिपोर्ट के प्रकाशन का समय स्पष्ट रूप से भारत में अब तक के सबसे बड़े एफ़पीओ, अडानी एंटरप्राइजेज की आने वाले फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफरिंग, को नुकसान पहुंचाने के मकसद के साथ अदानी समूह की प्रतिष्ठा को कमज़ोर करने के एक खुले, दुर्भावनापूर्ण इरादे को दर्शाता है."

    "वित्तीय विशेषज्ञों और प्रमुख राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रेडिट रेटिंग एजेंसियों द्वारा तैयार किए गए विस्तृत विश्लेषण और रिपोर्ट के आधार पर निवेशक समुदाय ने हमेशा अदानी समूह में विश्वास जताया है. हमारे निवेशक निहित स्वार्थों के साथ एकतरफा, प्रेरित और निराधार रिपोर्टों से प्रभावित नहीं होते हैं."

  9. रूस और ईरान के हैकर्स बना रहे हैं नेताओं-पत्रकारों को निशाना: ब्रितानी अधिकारी

      • Author, गोर्डन कोरेरा, बीबीसी सुरक्षा संवाददाता

    ब्रितानी अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रूसी और ईरानी हैकर्स ब्रितानी राजनेताओं और पत्रकारों को निशाना बना रहे हैं.

    ब्रिटेन के नेशनल साइबर सिक्योरिटी सेन्टर (एनसीएससी) ने ताज़ा अलर्ट जारी किया है जिसमें उसने कुछ ख़ास समूहों और लोगों पर साइबर हमला कर जानकारी चुराने की कोशिशों के बारे में चेतावनी दी है.

    एनसीएससी ने कहा है कि हैकर्स उन लोगों को निशाना बना रहे हैं जो ईरान और रूस से जुड़ी रीसर्च का काम कर रहे हैं.

    एनसीएससी ब्रिटेन के साइबर और ख़ुफ़िया एजेंसी जीसीएचक्यू का हिस्सा है और राजनेताओं, अधिकारियों, पत्रकारों, कार्यकर्ताओं समेत आम लोगों के साथ साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा करती है.

    एजेंसी का कहना है कि ये हैकर्स अक्सर लोगों का भरोसा जीतने के लिए उनके परिचितों की तरह बात करते हैं, उन्हें ज़ूम बैठक का फर्जी न्योता भेजते हैं जिसमें उनके कंप्यूटर सिस्टम को हैक करने के लिए कोड होता है. इस लिंक पर क्लिक करने से व्यक्ति का अकाउंट हैक हो जाता है और कंप्यूटर में रखी संवेदनशील जानकारी हैकर के हाथ लग जाती है.

    एजेंसी निदेशक पॉल सिचेस्टर ने कहा है, "संगठन और लोग इस तरह के ख़तरों से सावधान रहें और खुद की सुरक्षा करें."

    अधिकारियों ने सीधे तौर पर न तो रूस पर और न ही ईरान पर साइबर हमला कर जानकारी चुराने का आरोप लगाया है. हालांकि उन्होंने दो हैकिंग ग्रुप्स को लेकर चेतावनी दी है और कहा है कि माना जाता है कि ये ग्रुप इन दोनों देशों से जुड़े हैं.

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार SEABORGIUM यानी ठंडी नदी नाम से जाने जाने वाले एक हैकर ग्रुप ने एमआई6 के प्रमुख सर रिचर्ड डियरलव और अमेरिकी परमाणु प्रयोगशालाओं को निशाना बनाया था.

    वहीं स्वतंत्र साइबर सुरक्षा जानकारों के अनुसार ईरानी हैकर समूह TA453 या चार्मिंग किट्टन नाम के एक ग्रुप जिसका नाता ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड से है, उस पर अमेरिकी राजनेताओं को निशाना बनाने का आरोप है.

    एनसीएससी का कहना है कि ये दोनों ग्रुप अलग-अलग हमले कर रहे हैं और दोनों के बीच किसी तरह का सहयोग नहीं देखा गया है, लेकिन इनके बारे में साझा चेतावनी इसलिए जारी की गई है क्योंकि दोनों एक तरह की तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं और दोनों एक ही तरह के लोगों और समूहों को अपना निशाना बना रहे हैं.

    (आंद्रेस रोदेन-पॉल के एडिशनल रिपोर्टिंग के साथ)

  10. छत्तीसगढ़ में बेरोज़गारों को मिलेगा बेरोज़गारी भत्ता - सीएम भूपेश बघेल

    छत्तीसगढ़ से सीएम भूपेश बघेल ने गुरुवार को बेरोज़गार युवाओं को भत्ता देने का एलान किया है. उन्होंने कहा कि अगले वित्त वर्ष से हर महीने बेरोज़गार युवाओं को भत्ता दिया जाएगा.

    राज्य में 15 साल बाद सत्ता में लौटी कांग्रेस से साल 2018 में चुनाव से पहले बेरोज़गारी भत्ता देने का वादा किया था.

    जगदलपुर में गणतंत्र दिवस समारोह में भाषण देते हुए बघेल ने कहा, "अगले वित्त वर्ष से हर बेरोज़गार युवा को बेरोज़गारी भत्ता दिया जाएगा."

    हालांकि ये भत्ता कितना होगा, बघेल ने इसकी जानकारी नहीं दी. इसके अलावा उन्होंने कहा कि ग्रामीण इंडस्ट्री पॉलिसी बनाई जाएगी जाति गांव में इंडस्ट्री को बेहतर बनाया जाए. इसके अलावा बघेल ने कई दूसरी घोषणाएं भी किए.

  11. इसराइल की सेना के हमले में नौ फ़लस्तीनियों की मौत

    फ़लस्तीनी अधिकारियों का कहना है कि इसराइली सेना ने वेस्ट बैंक में एक हमला किया है जिसमें एक वृद्ध महिला समेत नौ लोगों की मौत हो गई है.

    फ़लस्तीनी स्वास्थ्य मंत्री ने चेतावनी दी कि जेनिन शहर में हालात "गंभीर" हैं, कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं और एंबुलेस उन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं.

    उन्होंने बताया का इसराइली आंसू गैस एक अस्पताल के बच्चों के वार्ड में गिरा.

    इसराइली सेना ने कुछ जानकारियां साझा की हैं लेकिन इसराइली मीडिया का कहना है कि उन्होंने चरमपंथियों के एक "बड़े हमले" को नाकाम करने के लिए ये कदम उठाए.

    वेस्ट बैंक में हाल के दिनों में तनाव बढ़ा है, इसलाइली सेना इसे "आतंक विरोधी" हमले बता रही है.

    पिछले साल 150 फ़लस्तीनियों की मौत हुई है. इसमें से ज़्यादातर की मौत इसराइली सेना के हमले में हुई है. इसके अलावा फ़लस्तीनी हमलों में 30 आम लोगो, पुलिस और सैनिकों की मौत हुई है.

  12. भारत का दोस्त मिस्र, जिसकी आपत्ति पर पाकिस्तान का प्रस्ताव नहीं हुआ था पास

    मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल-फतह-अल-सीसी ने भारत के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लिया हैं. ये पहला मौक़ा है जब मिस्र के राष्ट्रपति इस समारोह में प्रमुख अतिथि के तौर पर शिरकत की.

    राष्ट्रपति अल-सीसी का ये तीसरा भारत दौरा है. इस मौक़े पर मिस्र सेना की एक टुकड़ी भी गणतंत्र दिवस परेड में शामिल हुई. अल-सीसी की भारत यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट में मिस्र के राष्ट्रपति की भारत यात्रा को 'ऐतिहासिक' बताया.

    भारत के प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर पीएम मोदी और राष्ट्रपति अल-सीसी के बीच हुई मुलाक़ात के बारे में कहा, "बैठक में अपने रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग को और मज़बूत करने और काउंटर-टेररिज़्म संबंधी सूचना एवं इंटेलिजेंस का आदान-प्रदान बढ़ाने का भी निर्णय लिया है."

    लेकिन कभी दोनों भारत और मिस्र एकदूसरे से दूर भी हो गए थे. दो-तीन महीने पहले इस्लामिक देशों के सम्मेलन में भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान का प्रस्ताव मिस्र की कड़ी आपत्ति की वजह से पास नहीं हो पाया.

  13. जापान के समुद्र में मालवाहक जहाज़ डूबा, चीनी नागरिकों समेत 8 की मौत

    जापान के समुद्र में एक मालवाहक जहाज़ के डूबने से आठ लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में कई चीनी नागरिक शामिल हैं. चीनी आधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है.

    जिन तिआन नाम का जहाज़ मंगलवार को डूबा और शाम से ही राहत-बचाव का कार्य चल रहा है. दक्षिण कोरिया के कोस्ट गार्ड और प्राइवेट जहाज़ इस काम में जुटे हैं.

    जिन पांच लोगों को बचाया गया है, उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

    इस जहाज़ पर 22 लोग सवार थे और जापान के डान्गो द्वीप से क़रीब एक किलोमीटर दूर से स्ट्रेस सिग्नल भेजना शुरू किया था.

    चीनी अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में छह चीनी नागरिक शामिल हैं. जापान की ओर से अभी मरने वालों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है.

  14. जामिया से हिरासत में लिए गए छात्र छोड़े गए

    25 जनवरी को बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री दिखाने की कोशिश के आरोप में हिरासत में लिए गए जामिया मिलिया इस्लामिया के छात्रों को पुलिस ने गुरुवार को छोड़ दिया.

    हिरासत में लिए वामपंथी छात्र संगठन ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया’(एसएफआई) के जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी इकाई के सचिव अजीज ने बीबीसी से बात की.

    उन्होंने कहा, "शाम छह बजे बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग रखी गई थी. हम बिना इंस्ट्रूमेंट के कैंपस में दोपहर 12 बजे गए थे. हम लोग कैंपस में बैठे हुए थे, तभी प्रॉक्टर ऑफिस का स्टाफ़ आकर हमें धमकाने लगा. डॉक्यूमेंट्री को दिखाए जाने की परमिशन नहीं मिलने का हम लोग विरोध कर रहे थे."

    उन्होंने बाताया कि पुलिस ने पहले एक बजे पांच छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया. इसके बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हुए और चार बजे प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस ने कार्रवाई की और वहां से एक बार फिर सात छात्रों को हिरासत में लिया गया.

    हिरासत में ली गई एक लड़की को पुलिस ने कल ही छोड़ दिया था.

    डॉक्यूमेंट्री को फिर से दिखाए जाने के बारे में हम दूसरे छात्रों से, छात्र संगठनों से बात करेंगे, तभी फैसला करेंगे.

  15. फ़िल्म पठान ने पहले दिन बॉक्स ऑफ़िस पर कितनी कमाई की?

    क़रीब चार साल बाद शाहरुख़ ख़ान की कोई फ़िल्म आई है. बुधवार को शाहरुख़ ख़ान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम स्टारर पठान फ़िल्म रिलीज़ हुई और पहले दिन फ़िल्म ने बॉक्स ऑफ़िस पर बड़ी कमाई की है.

    फ़िल्म ट्रेड एनालिस्ट कोमल नहाटा के मुताबिक़ पठान ने पहले दिन सभी भाषाओं में कुल 53 करोड़ की कमाई की है. ये कमाई इस लिए भी बड़ी मानी जा रही है क्योंकि यह कलेक्शन वीकेंड या किसी छुट्टी के दिन का नहीं है.

    आम तौर पर फ़िल्में शुक्रवार को रिलीज़ की जाती है ताकि वीकेंड पर छुट्टी के कारण लोग फ़िल्म देखने थिएटर आएं और वीकेंड पर बेहतर कमाई करने का मौका मिले. लेकिन पठान को सप्ताह के बीच में यानी बुधवार को रिलीज़ किया गया.

    कोमल नहाटा ने ट्विटर पर लिखा, “पठान ने पहले दिन (सभी भाषाओं में) 53 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है. वहीं, 'वॉर' फ़िल्म (सभी भाषाएं) की पहले दिन की कमाई 53.35 करोड़ थी. हालांकि ये छुट्टी का दिन था. आमिर ख़ान की 'ठग्स ऑफ हिंदुस्तान' ने पहले दिन (सभी भाषाएं) 52.25 करोड़ की कमाई की थी, ये भी वीकेंड का दिन था.”

    “माना जा रहा है कि पठान का पहले दिन का ओवरसीज़ कलेक्शन 40 लाख डॉलर से अधिक होने रहा है. जो बेहद बड़ा बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन है. सटीक आंकड़ों का इंतज़ार है.”

    हालाकिं इंदौर, ग्वालियर, बेंगलूरु सहित कई जगहों पर हिंदू संगठनों ने सिनेमाघरों पर जा कर फ़िल्म का विरोध किया. इंदौर में हालात इतने बिगड़े की कुछ थिएटर में मॉर्निंग शो कैंसिल करने पड़े.

  16. ट्रंप की होगी इंस्टाग्राम और फ़ेसबुक पर वापसी

    डोनाल्ड ट्रंप की फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर वापसी होने वाली है. सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम की मालिकाना कंपनी मेटा ने उनके बीते दो साल से सस्पेंड पड़े अकाउंट को बहाल करने का एलान किया है.

    सोशल मीडिया कंपनी ने कहा है कि "आने वाले हफ़्तों में" अकाउंट बहाल कर दिए जाएंगे.

    मेटा के ग्लोबल अफ़ेयर प्रेसिडेंट निक क्लेग ने एक बयान में कहा, "जनता को यह सुनना चाहिए कि उनके राजनेता क्या कह रहे हैं."

    साल 2021 में कैपिटल हिल पर हमले के बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम ने ट्रंप के अकाउंट को अनिश्चित काल के लिए सस्पेंड कर दिया था.

    क्लेग ने कहा कि कंपनी ने ये फ़ैसला इसलिए लिया था क्योंकि ‘ट्रंप ने हिंसा करने वाले लोगों की तारीफ़ की थी.’

    उन्होंने कहा, “ ये एक असमान्य परिस्थिति में लिया गया असामान्य फ़ैसला था.”

    उन्होंने ये भी बताया कि एक रिव्यू में पाया गया है कि ट्रंप के अकाउंट से अब किसी तरह के सार्वजनिक सुरक्षा का ख़तरा नज़र नहीं नज़र आता.

  17. पठान फ़िल्म का पहला शो देखकर आए लोग क्या बोले?

    शाहरुख़ ख़ान और दीपिका पादुकोण की फिल्म पठान रिलीज़ हो चुकी है.

    रिलीज़ होने से ही पहले ये फ़िल्म विवादों में रही है.

    इस फिल्म का पहला शो देखने वाले लोग क्या बोले?

    वीडियो: सुप्रिया सोगले, बीबीसी के लिए

  18. बाबर आज़म लगातार दूसरी बार बने 'वनडे क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर'

    बाबर आजम लगातार दूसरी बार 'वनडे क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर' बने हैं.

    पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आज़म को लगातार दूसरी बार आईसीसी का वनडे क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड मिला है.

    इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने साल 2022 के लिए अवॉर्ड्स की घोषणा की है.

    इस सिलसिले में गुरुवार को बाबर आज़म के लिए क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर अवॉर्ड का एलान किया गया है. अब तक आईसीसी वनडे और टी20 फ़ॉर्मेट में बेस्ट महिला और पुरुष टीम का एलान कर चुका है.

    बुधवार को आईसीसी ने गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज को बेस्ट वनडे गेंदबाज़ के सम्मान से सम्मानित किया.

    वहीं सूर्य कुमार यादव को टी 20 फॉर्मेट में क्रिकेटर ऑफ़ द ईयर घोषित किय गया.

    इसके अलावा पुरुषों की बेस्ट टेस्ट टीम का भी एलान हो चुका है.

  19. सीरिया: कूड़े में खाना तलाशने को मजबूर लोग

    चार साल पहले उत्तर-पूर्वी सीरिया में इस्लामिक स्टेट पर फ़तह का दावा किया गया था. लेकिन वहां आज भी लाखों लोग बेहाल हैं.

    हालात इतने ख़राब हैं कि कुछ लोग यहां कूड़े में खाना तलाशने को मजबूर हैं.

  20. गणतंत्र दिवस परेड: महिला अफ़सरों ने किया कई टुकड़ियों का नेतृत्व

    74वें गणतंत्र दिवस के मौक़े पर कर्तव्य पथ पर की जा रही परेड का समापन हो गया है.

    एयरफ़ोर्स के 45 एयरक्राफ़्ट, नौसेना के एक और थल सेना के चार हैलीकॉप्टर के कर्तव्य पथ से उड़ान भरने के बाद, गणतंत्र दिवस परेड का औपचारिक रूप से समापन हो गया है.

    इसके अलावा पहली बार इस साल पहली बार सीमा सुरक्षाबल की ऊंट टुकड़ी के हिस्से के रूप में महिला दस्ते ने परेड में हिस्सा लिया और कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ीं.

    ये महिलाएं सशस्त्र बलों के 16वें मार्च करने वाले दल का हिस्सा बनीं.

    इस साल कई टुकड़ियों में महिलाओं को खास जगह दी गई .इसे महिला सशक्तिकरण के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है.

    नौसेना के मार्चिंग दस्ते का नेतृत्व लेफ़्टिनेंट दिशा अमृत ने किया. मार्चिंग दल में पहली बार तीन महिलाएं और पांच पुरुष अग्निवीर शामिल किए गए.

    इस दस्ते में कुल 144 नौजवान नौसैनिक शामिल किए गए.

    इसके अलावा सलामी मंच के सामने सीआरपीएफ़ महिला दस्ते का नेतृत्व असिस्टेंट कमांडेंट पूनम गुप्ता ने किया.