पुतिन और शी जिनपिंग के बीच हुई बातचीत, ताइवान पर चीन के रुख का रूस ने किया समर्थन

इमेज स्रोत, Getty Images
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा है कि वो उम्मीद कर रहे हैं कि चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले साल की शुरुआत में राजकीय यात्रा पर रूस आ सकते हैं. हालांकि रूस ने इसकी तारीख़ के बारे में कुछ नहीं कहा.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित दोनों नेताओं के बीच एक वीडियो कांफ्रेंस पर टिप्पणी में पुतिन ने यह भी कहा कि उनका उद्देश्य चीन के साथ सैन्य सहयोग को मजबूत करना है.
पुतिन का बयान, जो लगभग आठ मिनट तक चला, उसमें पश्चिमी शक्तियों से रूस के दूर होने की बात कही "जिन्होंने उन्हें यूक्रेन के ख़िलाफ़ कदम उठाने के लिए राजनीतिक और आर्थिक रूप से रूस को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की और यूक्रेन को हथियार दिए."
उन्होंने चीन को आने का न्योता देते हुए कहा कि "रूस-चीन का अहम मुद्दों पर समझौता दुनिया को उसकी ताकत के बारे में बताएगा."
इसके साथ ही रूस ने चीन की ताइवान पर पोज़िशन को सार्वजनिक तौर पर समर्थन दिया और पश्चिमी देशों पर तनाव बढ़ाने के लिए उकसाने का आरोप लगाया.
जिनपिंग रूस के आक्रमण की बात को लेकर सहज दिखे. चीन अभी तक आलोचना से दूर रहा है और शांति पर ज़ोर दिया है.
जिनपिंग ने पुतिन को इस दौरान 'दोस्त' कर संबोधित किया. पुतिन संयमित दिखे. हालांकि पुतिन ने कहा कि एक ऐसे समय में जब दुनिया मुश्किल दौर से गुजर रही है, चीन रूस के साथ रणनीतिक सहयोग बढ़ाने के लिए तैयार है.

















