ट्रंप की अमेरिकी संविधान को ख़त्म करने की अपील, व्हाइट हाउस ने आड़े हाथ लिया

व्हाइट हाउस ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस अपील की निंदा की है, जिसमें उन्होंने अमेरिकी संविधान को 'ख़त्म' करने की बात कही थी.

लाइव कवरेज

प्रेरणा

  1. ट्रंप की अमेरिकी संविधान को ख़त्म करने की अपील, व्हाइट हाउस ने आड़े हाथ लिया

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    व्हाइट हाउस ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस अपील की निंदा की है, जिसमें उन्होंने अमेरिकी संविधान को 'ख़त्म' करने की बात कही थी.

    ट्रुथ सोशल नेटवर्क के एक पोस्ट में ट्रंप ने 2020 में अपनी जीत का झूठा दावा दोहराते हुए संविधान को ख़त्म करने के संबंध में टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा कि बड़ी टेक कंपनियां डेमोक्रेट्स के साथ मिलकर उनके ख़िलाफ़ हो गई हैं.

    ट्रंप की इस टिप्पणी पर व्हाइट हाउस के प्रवक्ता एंड्रयू बेट्स ने कहा कि उनका ये कहना 'हमारे देश की आत्मा के लिए अभिशाप' है.

    बेट्स ने कहा, ''आप अमेरिका से तभी प्यार नहीं करेंगे जब आप जीत रहे होंगे.''

    उन्होंने कहा कि ट्रंप की टिप्पणियों की पूरी दुनिया में निंदा होनी चाहिए. ये सीनियर रिपब्लिकन नेताओं को लक्ष्य कर कहा गया था क्योंकि अभी तक उनमें से किसी ने ट्रंप की इस टिप्पणी की आलोचना नहीं की है.

  2. असम: 'हिंदू संप्रदाय' पर विवादित टिप्पणी के बाद सांसद बदरुद्दीन अजमल पर कई मामले दर्ज

      • Author, दिलीप कुमार शर्मा
      • पदनाम, गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए
    सांसद बदरुद्दीन अजमल

    इमेज स्रोत, DILIP KUMAR SHARMA/BBC

    इमेज कैप्शन, सांसद बदरुद्दीन अजमल

    असम विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया समेत कई लोगों ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के अध्यक्ष मौलाना बदरुद्दीन अजमल के ख़िलाफ़ कथित रूप से हिंदू समुदाय को लेकर उनकी विवादास्पद टिप्पणियों के लिए पुलिस में मामला दर्ज कराया है.

    कांग्रेस नेता सैकिया ने शिवसागर ज़िले के सिमलुगुरी पुलिस स्टेशन में सांसद बदरुद्दीन अजमल के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है.

    इससे पहले क्षेत्रीय पार्टी असम जातीय परिषद ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में सांसद बदरुद्दीन के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करा चुकी है.

    जबकि तृणमूल कांग्रेस की युवा शाखा ने भी शनिवार को इस मामले में पुलिस के समक्ष एक लिखित शिकायत दी है.

    दरअसल असम के धुबरी से सांसद बदरुद्दीन अजमल ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि हिंदुओं को "मुस्लिम फॉर्मूला" अपनाना चाहिए और अपने बच्चों की कम उम्र में शादी करानी चाहिए.

    हिंदुओं को लेकर अजमल द्वारा दिए गए इस विवादित बयान के बाद कुछ संगठन उनकी गिरफ़्तारी की मांग कर रहे हैं.

    असम में बीजेपी सरकार के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ भी बदरुद्दीन के इस बयान को दुर्भाग्यजनक बताते हुए सांसद के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई करने के संकेत दिए है.

    बदरुद्दीन के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाने को लेकर कांग्रेस नेता सैकिया ने कहा, "अजमल की टिप्पणियों ने जानबूझकर हिंदू आबादी, विशेष रूप से भारत की हिंदू महिलाओं के प्रति वैमनस्य या शत्रुता, घृणा या दुर्भावना पैदा की है."

    हालांकि इस टिप्पणी के कारण सामने आई प्रतिक्रियाओं के बाद सांसद ने शनिवार को माफ़ी मांगते हुए कहा था कि वह उस विवाद पर 'शर्मिंदा' हैं.

    उन्होंने यह भी कहा कि उनकी टिप्पणियों को तोड़ा-मरोड़ा गया है और उन्होंने किसी समुदाय को निशाना नहीं बनाया है.

  3. ईरान में मोरैलिटी पुलिस 'गश्त-ए-इरशाद' को भंग करने का बड़ा फ़ैसला

    वीडियो कैप्शन, ईरान में मोरैलिटी पुलिस को भंग करने का बड़ा फ़ैसला

    ईरान के प्रॉसिक्यूटर जनरल ने एक धार्मिक सम्मेलन में बताया कि देश की धार्मिक पुलिस यानी मोरैलिटी पुलिस को भंग कर दिया गया है.

    हालांकि प्रॉसिक्यूटर जनरल मोहम्मद जफ़र मॉन्ताज़ेरी के बयान को ईरान की क़ानून लागू करने वाली संस्था ने पुष्टि नहीं की है.

    हाल ही में 22 वर्षीय महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में हुई मौत के बाद से ईरान में इसके ख़िलाफ़ सरकार-विरोधी प्रदर्शन जारी हैं.

  4. जनरल बाजवा को आर्मी चीफ के तौर पर एक्सटेंशन देना मेरी गलती थी: इमरान खान

    पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान

    इमेज स्रोत, Reuters

    पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने स्वीकार किया है कि पिछले महीने सेवानिवृत्त हुए पूर्व सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा का कार्यकाल 2019 के दौरान तीन साल बढ़ाकर उन्होंने 'भारी गलती' की थी.

    पत्रकार इमरान रियाज खान को दिए एक इंटरव्यू में तहरीक-ए-इंसाफ के चेयरमैन ने कहा कि जनरल बाजवा को एक्सटेंशन देना बहुत बड़ी गलती थी, सेना में किसी को एक्सटेंशन नहीं मिलना चाहिए. मैं तब भी सोचता था, लेकिन हालात ऐसे ही बना दिए गए.

    उनका दावा है कि सेना प्रमुख के रूप में कार्यकाल का विस्तार मिलने के बाद जनरल बाजवा ने अन्य दलों के साथ बातचीत शुरू की और संभवत: जनरल बाजवा द्वारा सहयोगी दलों को कुछ आश्वासन दिया गया था.

    वीडियो कैप्शन, पाकिस्तान: इमरान ख़ान जाते-जाते क्या-क्या कर गए?

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि उन्होंने पीएमएल को भी कुछ आश्वासन दिया होगा. वह सभी को आश्वासन देते रहे. जब जनरल फैज को हटाया गया तो यह साफ हो गया कि उन्होंने मुझे हटाने का फैसला कर लिया है."

    इमरान खान ने कहा, "जनरल बाजवा ने डबल गेम खेले हैं. उन्होंने मेरे साथ क्या किया, मैं एक डायरी लेकर पीएम हाउस से निकल गया."

    इमरान खान ने कहा कि साढ़े तीन साल बाद मुझे पहली बार एहसास हुआ कि मुझमें कितनी कमजोरी है कि मैं उन पर (जनरल बाजवा) भरोसा कर सकता हूं. जनरल बाजवा कहते थे देश को बचाने के लिए हमारे हित समान हैं. मुझे नहीं पता था कि मुझे कैसे धोखा दिया गया, झूठ बोला गया.

    वीडियो कैप्शन, इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ एंटी टेरर एक्ट के तहत मामला दर्ज

    "कुछ दिनों पहले जब हमें पता चला कि साजिश चल रही है तो आईबी की रिपोर्ट आई. वह आकर मुझे व्यक्तिगत रूप से बताते थे, मुझे लिखकर नहीं, ताकि मुझे पता न चले."

    इमरान खान ने आईएसआई प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अंजुम और आईएसपीआर के उस दावे को झूठा बताते हुए खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि सेना पिछले डेढ़ साल से राजनीति में अहस्तक्षेप का रुख बनाए हुए है.

    "मैं साढ़े तीन साल से सरकार में बैठा हूं, मुझे पता है कि इसे कैसे संचालित किया जाता है."

  5. क़तर में हुआ ऊंटों का अनोखा ब्यूटी कॉन्टेस्ट

    वीडियो कैप्शन, क़तर में हुआ ऊंटों का अनोखा ब्यूटी कॉन्टेस्ट

    क़तर में फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप चल रहा है. इस बीच क़तर में एक और विश्व-प्रतियोगिता हुई.

    ये प्रतियोगिता ऊंटो की थी. जिसमें दुनिया के सबसे ख़ूबसूरत ऊंट को विजेता चुना गया.

  6. INDvsBAN: मेहिदी हसन मिराज़ की रोमांचक पारी, बांग्लादेश की भारत पर 1 विकेट से जीत

    मेहिदी हसन मिराज़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मेहिदी हसन मिराज़

    बांग्लादेश ने भारत के ख़िलाफ़ एक बेहद रोमांचक जीत दर्ज की है. भारत की पूरी टीम पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 41.2 ओवर में केवल 186 रन बना कर आउट हो गई. जवाब में बांग्लादेश ने 10वें विकेट के लिए भारत के ख़िलाफ़ सबसे बड़ी साझेदारी निभाते हुए 1 विकेट से मुक़ाबला जीत लिया.

    मेहिदी हसन मिराज़ और मुस्तफ़िज़ुर रहमान ने अंतिम विकेट के लिए 51 रनों की नाबाद साझेदारी निभाई

    यह बांग्लादेश को भारत के ख़िलाफ़ वनडे में 7 साल बाद मिली जीत है. इससे पहले बांग्लादेश की टीम 2015 में भारत से वनडे जीती थी.

    बांग्लादेश ने टॉस जीत कर भारत को पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतारा. भारत की ओर से पहले खेलते हुए केएल राहुल के सबसे अधिक 73 रनों की बदौलत बांग्लादेश के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा.

    बांग्लादेश के शाकीब अल हसन के 36 रन देकर आधी भारतीय टीम को पवेलियन भेजा.

    इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम शुरुआत अच्छी नहीं रही और राहुल चाहर ने अपनी पहली गेंद पर ही नजमुल हसन सैंटो को पवेलियन लौटा दिया.

    इसके बाद बांग्लादेश के बल्लेबाज़ों ने संभल कर खेलना शुरू किया और अगले सात ओवरों तक कोई विकेट नहीं गिरा.

    फिर मोहम्मद सिराज ने 9वें ओवर में बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया.

    INDvsBAN

    इमेज स्रोत, ANI

    लेकिन बांग्लादेश ने तीसरे विकेट के लिए 48 रनों की बहुमूल्य साझेदारी निभाई और टीम का स्कोर 74 पर पहुंच गया. इस स्कोर पर सलामी बल्लेबाज़ और कप्तान लिटन दास 41 रन बना कर आउट हुए.

    इसके बाद विकेटों का गिरना शुरू हो गया. चौथा विकेट 95 पर तो आधी बांग्लादेश टीम 128 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी.

    यहां से अगले आठ रन बनने में बांग्लादेश के चार खिलाड़ी पवेलियन लौट गए.

    हालांकि इसके बाद भारतीय टीम 10वां विकेट लेने के लिए जूझती रही लेकिन मेहिदी हसन मिराज़ और मुस्तफ़िज़ुर रहमान पिच पर डटे रहे. दोनों ने 51 रनों की नाबाद साझेदारी निभा कर अपनी टीम को जीत दिलाई.

    मेहदी हसन मिराज़ ने 38 रनों की नाबाद पारी खेली वहीं मुस्तफ़िज़ुर 10 रन बना कर नाबाद रहे.

    भारत की ओर से मोहम्मद सिराज ने तीन, जबकि कुलदीप सेन और वाशिंगटन सुंदर ने दो-दो विकेट लिए. वहीं दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने एक-एक खिलाड़ियों को पवेलियन लौटाया.

    इस जीत के साथ ही बांग्लादेश वनडे सिरीज़ में 1-0 से आगे हो गया है. अब सिरीज़ का दूसरा मुक़ाबला भी इसी मैदान पर 7 दिसंबर को खेला जाएगा. वहीं सिरीज़ का आखिरी मुक़ाबला 10 दिसंबर को चट्टग्राम में खेला जाएगा.

  7. रावलपिंडी टेस्ट हुआ रोमांचक, अब पाकिस्तान को जीत के लिए बनाने हैं 263 रन

    इमाम-उल-हक़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इमाम-उल-हक़

    रावलपिंडी टेस्ट रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है. टेस्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड ने 264 रन पर अपनी पारी घोषित कर दी और पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 343 रन का लक्ष्य रखा.

    पाकिस्तान की दूसरी पारी की शुरुआत बेहद ख़राब हुई और केलव 25 रन बनने तक पहली पारी के दो शतकवीर कप्तान बाबर आज़म (4 रन) और अब्दुल्लाह शफ़ीक़ (6 रन) आउट हो गए.

    लेकिन इसके बाद पाकिस्तान ने कोई और विकेट नहीं गिरने दिया और दिन का खेल ख़त्म होने तक दो विकेट के नुकसान पर 80 रन बना लिए हैं.

    पहली पारी के शतकवीर इमाम-उल-हक़ 43 रन बना कर पिच पर डटे हुए हैं तो दूसरी छोर से उनका साथ दे रहे हैं साउद शकील जो 24 रन पर नाबाद हैं.

    पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी में 579 रन बनाए थे. वहीं इंग्लैंड ने चार शतकों की बदौलत अपनी पहली पारी में 657 रन बनाए थे. जबकि दूसरी पारी में इंग्लैंड के बल्लेबाज़ काफ़ी तेज़ खेले और केवल 35.5 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 264 रन बनाकर पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 343 रन का लक्ष्य रखा.

    रावलपिंडी टेस्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में पाकिस्तान की स्थिति

    इंग्लैंड की टीम 17 साल बाद पाकिस्तान में टेस्ट मैच खेल रही है और अगले साल होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल से वह पहले ही बाहर हो चुकी है. जबकि पाकिस्तान इस रेस में बरकरार है और फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रैंकिंग में भारत से ठीक नीचे पांचवे स्थान पर चल रहा है.

    टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में पहुंचने के लिहाज से पाकिस्तान के लिए तीन टेस्ट मैचों की यह सिरीज़ बेहद अहम है. इसके बाद पाकिस्तान को न्यूज़ीलैंड के साथ भी अपनी घरेलू सरजमीं पर दो टेस्ट मैचों की सिरीज़ खेलनी है.

  8. परेश रावल के ख़िलाफ़ एफ़आईआर, बंगालियों को लेकर की थी विवादित टिप्पणी

      • Author, प्रभाकर मणि तिवारी
      • पदनाम, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
    Paresh Rawal, परेश रावल

    इमेज स्रोत, ANI

    बंगालियों को लेकर दिए गए विवादित बयान को लेकर फ़िल्म अभिनेता परेश रावल के ख़िलाफ़ कोलकाता पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफ़आईआर दर्ज किया है. हालांकि परेश रावल ने दो दिन पहले ही अपने इस बयान के लिए माफ़ी मांग ली थी.

    परेश रावल के ख़िलाफ़ सीपीएम के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम की शिकायत पर कोलकाता पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज किया है.

    सीपीएम नेता ने कोलकाता के तालतला थाने में दर्ज अपनी शिकायत में कहा था कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रावल ऐसा भाषण दे रहे हैं जो बंगाली समुदाय के ख़िलाफ़ नफ़रत की भावना को भड़का सकता है. इसकी वजह से देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले बंगाल के लोग प्रभावित हो सकते हैं.

    मोहम्मद सलीम ने कहा है कि रावल ने बांग्लादेशियों, रोहिंग्या, बंगाली और मछली से गैस सिलेंडर को जोड़ते हुए बंगालियों का ज़िक्र किया था.

    दरअसल, परेश रावल का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था. वीडियो में वो गुजराती भाषा में वलसाड की एक सभा को संबोधित कर रहे थे.

    रावल ने कहा था, "गैस सिलेंडर महंगे हैं, इनकी कीमत में कमी आएगी. लोगों को रोज़गार भी मिलेगा. लेकिन क्या होगा अगर रोहिंग्या प्रवासी और बांग्लादेशी दिल्ली की तरह आपके आसपास रहने लगें? गैस सिलेंडर का क्या करोगे? बंगालियों के लिए मछली पकाओगे?"

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभिन्न तबके के कई लोगों ने इसकी आलोचना की. उसके बाद रावल ने इसके लिए माफ़ी मांगी. उनकी माफ़ी के बावजूद बंगाल के लोगों में भारी नाराज़गी है.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने अपने एक ट्वीट में लिखा, "असल में केमछो कॉमेडी करने वाले व्यक्ति को माफ़ी मांगने की ज़रूरत नहीं है. बंगालियों की तरह मछली पकाने का दूसरा हिस्सा है, बंगालियों की तरह दिमाग रखना. किसी भी दूसरे भारतीय राज्य के मुक़ाबले कहीं अधिक नोबेल पुरस्कार विजेता हैं यहां."

    छोड़िए X पोस्ट, 3
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 3

    राज्य सरकार में मंत्री डॉ शशी पांजा कहती हैं, "आपकी पार्टी वर्ष 2021 का विधानसभा चुनाव नहीं जीत सकी तो अब आप बंगाल को निशाना बना रहे हैं. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है."

  9. एमसीडी चुनाव में शाम चार बजे तक 45 फ़ीसद मत डाले गए

    एमसीडी चुनाव में शाम चार बजे तक 45 फ़ीसद मत डाले गए

    इमेज स्रोत, ANI

    दिल्ली एमसीडी चुनाव में शाम चार बजे तक 45 फ़ीसद मत डाले गए हैं.

    राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि सभी 250 वार्ड में अब तक मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है.

    इस चुनाव में मत शाम 5.30 बजे तक डाले जाएंगे.

    इस चुनाव में कुल 1,349 प्रत्याशी अपने भाग्य आजमा रहे हैं.

    मतों की गिनती 7 दिसंबर को होगी.

  10. ईरान में मोरैलिटी पुलिस को भंग करने का बड़ा फ़ैसला

    मोरैलिटी पुलिस

    इमेज स्रोत, AFP

    ईरान के प्रॉसिक्यूटर जनरल ने एक धार्मिक सम्मेलन में बताया कि देश की धार्मिक पुलिस यानी मोरैलिटी पुलिस को भंग कर दिया गया है.

    हालांकि प्रॉसिक्यूटर जनरल मोहम्मद जफ़र मॉन्ताज़ेरी के बयान को ईरान की क़ानून लागू करने वाली संस्था ने पुष्टि नहीं की है.

    हाल ही में 22 वर्षीय महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में हुई मौत के बाद से ईरान में इसके ख़िलाफ़ सरकार-विरोधी प्रदर्शन जारी हैं.

    इन विरोध प्रदर्शनों में अब तक 300 से अधिक लोगों की मौत भी हुई है.

    महसा अमीनी को तेहरान की मोरैलिटी पुलिस ने कथित तौर पर 'ठीक से हिजाब' न पहनने के आरोप में हिरासत में लिया और बाद में उनकी मौत हो गई.

    ईरान के सख़्त नियमों के अनुसार, महिलाओं के लिए हिजाब या हेडस्कार्फ़ पहनना अनिवार्य है.

    हालांकि बीबीसी फ़ारसी सेवा के रिपोर्टर सियावाश अर्दलान ने कहा कि मोरैलिटी पुलिस को भंग किए जाने का मतलब ये ज़रूरी नहीं है कि अब हिजाब का क़ानून बदल जाएगा. उन्होंने इसे बहुत देर से उठाया गया छोटा क़दम बताया.

    मोरैलिटी पुलिस

    इमेज स्रोत, AFP

    मोरैलिटी पुलिस क्या है?

    साल 1979 की क्रांति के बाद से ही ईरान में सामाजिक मुद्दों से निपटने के लिए 'मोरैलिटी पुलिस' कई स्वरूपों में मौजूद रही है.

    इनके अधिकार क्षेत्र में महिलाओं के हिजाब से लेकर पुरुषों और औरतों के आपस में घुलने-मिलने का मुद्दा भी शामिल रहा है.

    लेकिन महसा की मौत के लिए ज़िम्मेदार बताई जा रही सरकारी एजेंसी 'गश्त-ए-इरशाद' ही वो मोरैलिटी पुलिस है जिसका काम ईरान में सार्वजनिक तौर पर इस्लामी आचार संहिता को लागू करना है.

    'गश्त-ए-इरशाद' का गठन साल 2006 में हुआ था. ये न्यायपालिका और इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़े पैरामिलिट्री फ़ोर्स 'बासिज' के साथ मिलकर काम करता है.

  11. एमसीडी चुनावः दोपहर 2 बजे तक डाले गए 30 फ़ीसदी मतदान

    MCD POLL, एमसीडी चुनाव

    इमेज स्रोत, ANI

    देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को नगर निगम चुनाव के लिए मत डाले जा रहे हैं.

    राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर दो बजे 30 फ़ीसद मत डाले गए हैं.

    सुबह से ही मतदान बेहद धीमी गति से चल रहा है. सुबह 10.30 बजे तक 9 फ़ीसद तो दोपहर 12 बजे तक 18 प्रतिशत वोट डाले गए थे.

    मतदान सुबह 8 बजे शुरू हो कर शाम 5.30 बजे तक चलेगा.

    दिल्ली के 250 वार्ड के लिए हो रहे चुनाव में तीन बड़ी पार्टियों बीजेपी, आप और कांग्रेस के बीच मुक़ाबला है.

    दिल्ली की वोटर लिस्ट में कुल 1.45 करोड़ मतदाता इस चुनाव में वोट डालने के योग्य हैं. वहीं इस चुनाव में कुल 1,349 प्रत्याशी अपने भाग्य आजमा रहे हैं.

    वहीं कुल 13,638 बूथ पर मतदान किया जा रहा है. मतों की गिनती 7 दिसंबर को होगी.

  12. बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले वनडे में टीम इंडिया 186 रन पर ऑल आउट

    भारत बनाम पाकिस्तान, INDvsBAN

    इमेज स्रोत, ANI

    शाकीब अल हसन के 36 रन पर पांच विकेट की बदौलत बांग्लादेश ने टीम इंडिया को पहले वनडे में 186 रन पर ऑल आउट कर दिया है.

    टॉस जीत कर पहले गेंदबाज़ी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने भारतीय टीम को खुल कर खेलने का मौका नहीं दिया.

    कप्तान रोहित शर्मा ने केवल 27 रन बनाए. वहीं दूसरे ओपनर शिखर धवन ने सात और विराट कोहली ने 9 रन बनाए.

    श्रेयष अय्यर ने 24 रनों का योगदान दिया. वहीं विकेटकीपर केएल राहुल ने सर्वाधिक 73 रन बनाए.

    एक वक़्त 152 पर चार विकेट के साथ खेल रही भारतीय टीम के अंतिम छह विकेट 34 रन पर आउट हो गए.

  13. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया बड़े अंतर से आगे, भारत-पाकिस्तान कहां?

    नैथन लियॉन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ पर्थ टेस्ट 164 रन से जीत लिया है. इसके साथ ही अगले साल होने वाले आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में उसके पहुंचने की संभावना बढ़ गई है.

    ऑस्ट्रेलिया ने वेस्ट इंडीज़ के सामने पर्थ टेस्ट जीतने के लिए 498 रन का लक्ष्य रखा था. मेहमान टीम ने पांचवे दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 192 से की और उसे जीत के लिए 306 रन चाहिए थे.

    लेकिन दिग्गज़ स्पिनर लियॉन ने जल्दी जल्दी कायली मायेर्स और क्रेग ब्रैथवेट का विकेट लेकर उसे बैकफ़ुट पर ढकेल दिया.

    लियॉन के वेस्टइंडीज़ की दूसरी पारी में 128 रनों पर लिए छह विकेटों की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने इस टेस्ट को एक से अधिक सत्र के रहते ही जीत लिया.

    लियॉन ने मैच में कुल आठ विकेट लिए और मैन ऑफ़ द मैच चुने गए.

    पाकिस्तान क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टेस्ट चैंपियनशिप रैंकिंग में भारत-पाकिस्तान कहां?

    इस जीत के साथ ही पैट कमिंस की टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की तालिका में 72.73 जीत प्रतिशत के साथ बड़े अंतर से शीर्ष पर पहुंच गई है और अगले साल होने वाली टेस्ट चैंपियनशिप के फ़ाइनल में खेलने की फिलहाल सबसे मजूबत दावेदार बन गई है.

    बता दें कि एक टेस्ट मैच को जीतने वाली टीम को 12 अंक हासिल होते हैं लेकिन इस रैंकिंग में जीत प्रतिशत को तरजीह दी जाती है.

    इस रैंकिंग में दूसरे स्ठान पर 60 जीत प्रतिशत के साथ दक्षिण अफ़्रीकी टीम है. वहीं तीसरे पर श्रीलंका 53.33 जीत प्रतिशत के साथ तो चौथे पर भारत 52.08 जीत प्रतिशत के साथ बरकरार है.

    वहीं पाकिस्तान जो इस वक़्त अपने घरेलू मैदान पर इंग्लैंड से रावलपिंडी टेस्ट खेल रहा है वो पांचवे स्थान पर 51.85 जीत प्रतिशत के साथ मौजूद है.

  14. एमसीडी चुनाव: मनोज तिवारी के दावे पर 'आप' का जवाब, कहा - चुनाव आयोग पर सवाल ना उठाएं

    अतिशी मारलेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के उन दावों को ख़ारिज किया है, जिसमें उन्होंने दिल्ली के एक ख़ास वार्ड से सैंकड़ो वोटरों का नाम लिस्ट से गायब होने की बात कही है.

    आप नेता ने कहा, "मनोज तिवारी से मेरी केवल यही गुज़ारिश है कि चुनाव आयोग हमारे देश के सबसे निष्पक्ष संस्थानों में से एक है. उस पर सवाल उठाना, वो भी चुनाव के दौरान, ठीक नहीं है."

    बीजेपी सांसद मनोज तिवारी का आरोप

    बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने दावा किया है कि राजधानी दिल्ली के सुभाष मोहल्ला वार्ड के 450 वोटरों का नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया गया है. मनोज तिवारी ने कहा कि इन मतदाताओं का नाम इसलिए लिस्ट से हटाया गया क्योंकि वे बीजेपी के समर्थक थे.

    बीजेपी सांसद ने इस वार्ड में चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग की है और इसे दिल्ली की आप सरकार की साजिश बताया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ इससे पहले दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख अनिल चौधरी ने भी दावा किया है कि जब वे पोलिंग बूथ पहुंचे, तो उनका नाम वोटर लिस्ट से गायब था.

    चौधरी का दावा है कि उनका नाम न तो वोटिंग लिस्ट में है न ही डिलीटेड लिस्ट में शामिल है.

    उन्होंने कहा, “मैं अपनी पत्नी के साथ वोट डालने आया था, उसने तो वोट डाला लेकिन मेरा नाम मतदाता सूची में नहीं है, काफ़ी जद्दोजहद के बाद बताया गया कि मेरा पोलिंग बूथ शिफ्ट हो गया है लेकिन कहां शिफ़्ट हुआ है इसका कोई पता नहीं. मुझे पूरी दिल्ली से फ़ोन आ रहे हैं कि कई लोगों के नाम मतदाता सूची से ग़ायब हैं.”

    “लाखों लोगों का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है. बीजेपी चुनाव जीत नहीं रही है इसलिए अपनी हार को टालने के लिए बीजेपी ये सब कर रही है. हम जनता की अदालत में आए हैं तो ये लोग जनता को भी रोक रहे हैं. ”

  15. एमसीडी चुनाव: दिल्ली कांग्रेस प्रमुख ने नाम वोटर लिस्ट से ग़ायब होने का दावा किया

    अनिल चौधरी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व विधायक अनिल चौधरी ने दावा किया है कि उनका नाम दिल्ली के नगर निगम चुनाव की वोटर लिस्ट से ग़ायब है.

    न्यूज़ चैनल एनडीटीवी से बात करते हुए उन्होंने बीजेपी पर अपना नाम मतदाता सूची से हटवाए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उनका नाम सूची से हटा दिया गया इसलिए जब वो पोलिंग बूथ पर पहुंचे तो वोट नहीं डाल सके.

    उन्होंने कहा, “मैं अपनी पत्नी के साथ वोट डालने आया था, उसने तो वोट डाला लेकिन मेरा नाम मतदाता सूची में नहीं है, काफ़ी जद्दोजहद के बाद बताया गया कि मेरा पोलिंग बूथ शिफ्ट हो गया है लेकिन कहां शिफ़्ट हुआ है इसका कोई पता नहीं. मुझे पूरी दिल्ली से फ़ोन आ रहे हैं कि कई लोगों के नाम मतदाता सूची से ग़ायब हैं.”

    “लाखों लोगों का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है. बीजेपी चुनाव जीत नहीं रही है इसलिए अपनी हार को टालने के लिए बीजेपी ये सब कर रही है. हम जनता की अदालत में आए हैं तो ये लोग जनता को भी रोक रहे हैं. ”

    दिल्ली कांग्रेस प्रमुख ने आप सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि उन्हें अपनी पार्टी की जीत का पूरा भरोसा है.

    उन्होंने कहा, “आप सरकार 8 साल से सत्ता में है और दिल्ली के लोगों के लिए शीला दीक्षित जितना काम नहीं कर पाई है आप ने उसका आधा भी नहीं कर सकी है.”

  16. पूर्व पाक पीएम इमरान ख़ान ने कहा- जनरल बाजवा को एक्सटेंशन देकर बड़ी ग़लती की

    इमरान ख़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने कहा है कि साल 2019 के दौरान पूर्व सेना प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा का कार्यकाल तीन और सालों के लिए आगे बढ़ाकर उन्होंने 'भारी ग़लती' की.

    पाकिस्तान के एक निजी टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में तहरीक़-ए-इंसाफ़ के प्रमुख ने कहा कि जनरल बाजवा को एक्सटेंशन देना बहुत बड़ी गलती थी, सेना में किसी को एक्सटेंशन नहीं मिलना चाहिए.

    उनका दावा है कि सेना प्रमुख के रूप में कार्यकाल का विस्तार मिलने के बाद जनरल बाजवा ने अन्य दलों के साथ बातचीत शुरू कर दी थी और ये भी संभव है कि जनरल बाजवा द्वारा सहयोगी दलों को कुछ आश्वासन दिया गया था.

    उन्होंने कहा, "जिस तरह से पीएमएल-एन और अन्य लोगों ने विस्तार के लिए मतदान किया, उसके बाद मुझे लगा कि उन्होंने पीएमएल-जी के साथ भी बात करना शुरू कर दिया है. मुझे लगता है कि उन्होंने पीएमएल को भी कुछ आश्वासन दिया होगा. वह सभी को आश्वासन देते रहे. जब जनरल फैज़ को हटाया गया तो यह साफ़ हो गया कि उन्होंने मुझे हटाने का फ़ैसला कर लिया है.''

    इमरान ख़ान ने कहा कि साढ़े तीन साल बाद उन्हें पहली बार अहसास हुआ कि जनरल बाजवा पर भरोसा करना उनकी कमज़ोरी थी.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता था देश को बचाने के लिए हमारे हित समान हैं इसलिए वो जो कहते थे, मैं मान लेता था. मुझे नहीं पता था कि मुझे कैसे धोखा दिया गया, मुझसे कैसे झूठ बोला गया."

  17. काबुल में पाक दूतावास पर हमले की ज़िम्मेदारी इस्लामिक स्टेट- ख़ुरासान ने ली

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    शनिवार को इस्लामिक स्टेट- ख़ुरासान ने काबुल में पाकिस्तान के दूतावास पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है.

    वहीं पाकिस्तान ने इसे "हत्या का प्रयास" बताया है.

    अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में शुक्रवार को हुए इस हमले में एक सुरक्षाकर्मी घायल हुआ था.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    अमेरिकी इंटेलीजेंस ग्रुप जिहादी मॉनिटर एसआईटीई की तरफ़ से आए एक बयान में कहा गया कि "उन्होंने इस्लाम में आस्था न रखने वाले पाकिस्तानी राजदूत और उनके सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया."

    पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ ने इस पूरे मामले को "हत्या का प्रयास" बताते हुए जांच की मांग की है.

    काबुल पुलिस के एक प्रवक्ता का कहना कि इस मामले एक संदिग्ध को गिरफ़्तार कर लिया गया है और सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में ख़ोजबीन के बाद दो हल्के हथियार ज़ब्त किए हैं.

  18. भारत-बांग्लादेश वन डे सिरीज़ : टॉस जीतकर बांग्लादेश ने चुनी गेंदबाज़ी

    भारतीय टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत-बांग्लादेश के बीच शुरू हुए वनडे सिरीज़ के पहले मैच में आज बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    भारत बल्लेबाज़ी कर रहा है और उसकी शुरुआत धीमी हुई है.

    ये मैच बांग्लादेश की राजधानी ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है.

    बीसीसीआई की मेडिकल टीम से संपर्क करने के बाद ऋषभ पंत को इस वन-डे सिरीज़ से बाहर रखा गया है. वहीं मोहम्मद शमी भी कंधे में चोट के कारण बाहर हैं.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    कौन-कौन से खिलाड़ी हैं प्लेइंग इलेवन में?

    भारत - रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज़ अहमद, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, मोहम्मद सिराज, कुलदीप सेन.

    बांग्लादेश - लिटन दास (कप्तान), एनामुल हक़, नजमुल हुसैन संतो, शाक़िब अल हसन, मुश्फ़िकुर रहीम (विकेटकीपर), महमुदुल्लाह, अफ़ीफ़ हुसैन, मेहदी हसन मिराज, हसन महमूद, मुस्तफ़ुजुर रहमान, इबादत हुसैन.

  19. राजस्थान: गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या में शामिल पांच अभियुक्त गिरफ्तार

      • Author, मोहर सिंह मीणा
      • पदनाम, जयपुर से, बीबीसी हिंदी के लिए
    राजस्थान

    इमेज स्रोत, MOHAR SINGH MEENA/BBC

    राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है.

    शनिवार सुबह सीकर के पिपराली रोड़ स्थित राजू ठेहट के घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले की जांच करते हुए सीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने हत्या में शामिल पांच अभियुक्तों की पहचान की थी.

    डीजीपी उमेश मिश्र ने बयान जारी कर बताया है कि "राजू ठेहट हत्याकांड के पांचों आरोपी पकड़े गए हैं."

    "सीकर ज़िले के निवासी मनीष जाट और विक्रम गुर्जर, हरियाणा के भिवानी ज़िले के सतीश कुम्हार, जतिन मेघवाल और नवीन मेघवाल को पुलिस ने पकड़ लिया है. इनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद हुए हैं."

    वहीं एडीजी लॉ एंड ऑर्डर डॉ रवि प्रकाश मेहरडा ने बीबीसी से कहा, "अभियुक्तों के नीमकाथाना से हरियाणा जाने की सूचना आप नीमकाथाना से हरियाणा सीमा तक सील कर दिया गया था. रात भर पुलिस टीमों का सर्च ऑपरेशन जारी रहा."

    प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहललोत ने कहा है कि ये सुनिश्चित किया जाएगा कि अपराधियों को कड़ी सज़ा मिले.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    हत्या में शामिल सभी अभियुक्त के पकड़े जाने के बाद जयपुर से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सीकर के लिए रवाना हो गए हैं.

    इधर, राजू ठेहट और एक अन्य व्यक्ति ताराचंद कड़वासरा की गोली से मौत के बाद अभी तक शवों का पंचनामा नहीं हुआ है. दोनों शव सीकर ज़िला अस्पताल की शवगृह में हैं.

    परिजन और समर्थक रात से ही अस्पताल में धरने पर बैठे हैं. दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने तक शव लेने से इनकार किया था. पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही थी.

    शनिवार को घटना के बाद राजू ठेहट समर्थकों ने सीकर बंद किया था. पुलिस ने राज्यभर में नाकाबंदी की और राज्य की सीमाओं पर पुलिस तैनात कर चैकिंग की गई.

  20. मोरैलिटी पुलिस को भंग करने पर हो रहा विचार - ईरानी अटॉर्नी जनरल

    ईरान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ईरान के अटॉर्नी जनरल, मोहम्मद ज़फ़र मोंटाज़ेरी ने कहा है कि अधिकारी देश की धार्मिक पुलिस (मोरैलिटी पुलिस) को भंग करने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं.

    उन्होंने कहा कि ईरान की संसद और न्यायपालिका भी देश में लागू किए गए ड्रेस-कोड क़ानून की समीक्षा कर रहे हैं और इसे बदले जाने की ज़रूरत पर विचार कर रहे हैं.

    हालांकि अटॉर्नी जनरल ने ये नहीं बताया कि इस क़ानून में किसी तरह के बदलाव पर विचार किया जा रहा है या नहीं.

    22 वर्षीय महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में हुई मौत के बाद से ईरान में सरकार-विरोधी प्रदर्शन जारी हैं. इन विरोध प्रदर्शनों में अब तक 300 से अधिक संख्या में लोगों की मौत हुई है.

    महसा अमीनी को कथित तौर पर हिजाब पहनने के नियम के उल्लंघन के लिए हिरासत में लिया गया था.

    मोरैलिटी पुलिस क्या है?

    1979 की क्रांति के बाद से ही ईरान में सामाजिक मुद्दों से निपटने के लिए 'मोरैलिटी पुलिस' कई स्वरूपों में मौजूद रही है. 1983 से यहां क सभी महिलाओं के लिए ड्रेस क़ानून बाध्यकारी कर दिया गया था.

    इनके अधिकार क्षेत्र में महिलाओं के हिजाब से लेकर पुरुषों और औरतों के आपस में घुलने-मिलने का मुद्दा भी शामिल रहा है.

    लेकिन महसा की मौत के लिए ज़िम्मेदार बताई जा रही सरकारी एजेंसी 'गश्त-ए-इरशाद' ही वो मोरैलिटी पुलिस है जिसका काम ईरान में सार्वजनिक तौर पर इस्लामी आचार संहिता को लागू करना है.

    'गश्त-ए-इरशाद' का गठन साल 2006 में हुआ था. ये न्यायपालिका और इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स से जुड़े पैरामिलिट्री फ़ोर्स 'बासिज' के साथ मिलकर काम करता है.