जम्मू-कश्मीर : वोटर लिस्ट में जोड़े गए 7.72 लाख नए मतदाता
- Author, मोहित कंधारी
- पदनाम, मोहित कंधारी, जम्मू से बीबीसी हिंदी के लिए

इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में मतदाता सूची के विशेष सारांश पुनरीक्षण के पूरा होने के बाद अंतिम मतदाता सूची में कुल 7.72 लाख मतदाता जोड़े गए हैं.
इसके साथ ही 90 विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाता संख्या 7586899 से बढ़कर 8359771 हो गई है.इन में 18-19 वर्ष की आयु के 301961 मतदाता भी शामिल किए गए हैं.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, जम्मू-कश्मीर के कार्यालय की ओर से जारी प्रेस बयान में कहा गया है, "अंतिम मतदाता सूची में 772872 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है, यानी ड्राफ्ट रोल पर पंजीकृत मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि 10.19% दर्ज की गयी है".
जम्मू-कश्मीर के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि एक विशेष सारांश संशोधन अवधि में 11 लाख से अधिक नाम शामिल किए गए हैं इस अवधि के दौरान मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से रिकॉर्ड 1140768 दावे प्राप्त हुए थे.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल मतदाता 7586899 थे, जिनमें से 3948525 पुरुष मतदाता थे, 3638262 महिला मतदाता थे और 112 तीसरे लिंग के मतदाता थे.
जम्मू-कश्मीर पहले 83 सीटें थीं जो परिसीमन के बाद 90 हो गई हैं. छह सीटें जम्मू व एक कश्मीर में बढ़ाई गईं इनमें 47 कश्मीर व 43 जम्मू में सीटें हैं. पहली बार अनुसूचित जनजाति के लिए नौ सीटें आरक्षित की गई हैं.






















