उत्तराखंड
के ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच बुधवार को हुई एक मुठभेड़
में चली गोली लगने से बीजेपी नेता गुरताज भुल्लर की पत्नी की मौत हो गई. इस घटना
के बाद राज्य में बड़ा बवाल खड़ा हो गया है.
स्थानीय
मीडिया के अनुसार दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी के बीच एक गोली बीजेपी नेता गुरताज
भुल्लर की पत्नी गुरप्रीत कौर को लग गई, जिसके बाद अस्पताल में उनकी
मौत हो गई.
इस घटना
से गुस्साए लोगों ने बुधवार शाम को जसपुर हाईवे को जाम कर दिया. पुलिस ने इस मामले
में 10-12 अज्ञात लोगों के खि़लाफ़ मामला दर्ज किया है.
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़, बुधवार शाम करीब 6 बजे उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद ज़िले की ठाकुरद्वारा थाने की पुलिस दो वाहनों से भरतपुर गांव पहुंची थी.
सादी वर्दी में आए पुलिसकर्मी जसपुर के सीनियर ब्लाॅक उप-प्रमुख गुरताज भुल्लर के घर पहुंचे.
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश पुलिस को सूचना मिली थी कि डिलारी क्षेत्र के कांकरखेड़ा निवासी इनामी बदमाश जफर, गुरताज भुल्लर के घर में हैं.
उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम ने जैसे ही अभियुक्त की तलाश शुरू की, तो भुल्लर और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी के बाद झड़प हो गई. उसके बाद दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई.
इस गोलीबारी में, गुरताज की पत्नी गुरप्रीत कौर को एक गोली लग गई. इसके बाद, उन्हें मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
यूपी पुलिस पर मुक़दमा दर्ज करने का आदेश
गुरप्रीत की मौत की सूचना मिलने पर लोग आक्रोशित हो गए और कुंडा थाने के सामने जसपुर हाइवे पर जाम लगा दिया. कई नेता भी इनके साथ धरने पर बैठ गए.
यह जाम रात 11 बजे तक चला, जब कुमाऊं डीआईजी नीलेश आनंद भरणे ने उत्तर प्रदेश के पुलिसकर्मियों पर मुक़दमा दर्ज करने का आदेश दिया.
मृतका गुरप्रीत कौर का अंतिम संस्कार गुरुवार की सुबह किया गया.
वहीं उत्तराखंड पुलिस के प्रवक्ता और एडीजी वी मुरुगेशन ने बीबीसी हिंदी को बताया कि मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर 10-12 अज्ञात लोगों के खि़लाफ़ मामला दर्ज कर लिया गया है. इसके आधार पर जांच की जाएगी और दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा.
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस के भी चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है. उन्हें अस्ताल में भर्ती करवाया गया है और वह उत्तराखंड पुलिस की निगरानी में हैं. यह जांच के बाद पता चल पाएगा कि इस मामले में उनकी क्या भूमिका थी.
पुलिस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि कुमाऊं डीआईजी और ऊधम सिंह नगर के एसएसपी, उत्तर प्रदेश पुलिस से लगातार संपर्क में हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
एडीजी मुरुगेशन ने बीबीसी हिंदी को यह भी बताया कि हालात फ़िलहाल नियंत्रण में हैं और शांति बनी हुई है.