चीन में क्वारंटीन सेंटर जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 27 मरे और 20 घायल

इमेज स्रोत, Getty Images
चीन के एक कोविड-19 क्वारंटीन सेंटर जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है, जिससे बस में सवार 27 लोगों की मौत हो गई. वहीं 20 अन्य घायल हो गए हैं.
यह हादसा रविवार की सुबह चीन के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत गुइझोऊ में हुआ. अभी तक दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है.
गुइझोऊ प्रांत में कोरोना संक्रमण अभी तेज़ी से फैल रहा है. प्रांत में शनिवार को 712 नए मामले सामने आए, जो पूरे चीन का लगभग 70 प्रतिशत है.
हालांकि दुनिया के दूसरे देशों में इस बीमारी के साथ जीने की कोशिश की जा रही है, लेकिन चीन अकेला बड़ा देश है, जहां अभी भी बाक़ी चीज़ों की तुलना में कोविड-19 से लड़ाई को प्राथमिकता दी जा रही है.
इस हादसे के बाद सरकार की ‘ज़ीरो-कोविड’ नीति के खि़लाफ़ लोगों में काफ़ी ग़ुस्सा देखा जा रहा है. सोशल मीडिया पर लोग इस नीति की आलोचना कर रहे हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
ज़ीरो-कोविड नीति
सरकार की इस नीति के तहत, कोविड-19 से निपटने के लिए बड़े स्तर पर टेस्टिंग और ट्रैकिंग की जा रही है.
वहीं जो लोग टेस्ट में पाॅज़िटिव पाए जाते हैं उन्हें और उनके क़रीबी संपर्कों को उनके घरों में या किसी क्वारंटीन सेंटर में रखा जाता है. यही नहीं कुछ ही मामले सामने आने के बाद पूरे शहर में लाॅकडाउन लगाने की नौबत आ सकती है.














