You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

नूपुर शर्मा की गिरफ़्तारी की मांग करने वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट में ख़ारिज हुई

अबु सोहेल के एक मुताबिक शिकायत के बावजूद नूपुर शर्मा पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है इसलिए इस मामले की तुरंत सुनवाई की जानी चाहिए.

लाइव कवरेज

  1. नूपुर शर्मा की गिरफ़्तारी की मांग करने वाली याचिका सुप्रीम कोर्ट में ख़ारिज

    सुप्रीम कोर्ट ने बीजेपी की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा की पैग़बर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के लिए गिरफ़्तारी की मांग करने वाली याचिका को स्वीकार करने से इनकार कर दिया है.

    भारत के मुख्य न्यायाधीश यूयू ललित की अगुवाई वाले बैंच ने याचिकाकर्ता अबु सोहेल से कहा कि उनकी अर्ज़ी के दूरगामी परिणाम हो सकते हैं. इसके बाद अबु सोहेल ने कहा कि वे अपना केस वापस ले रहे हैं.

    अबु सोहेल के एक मुताबिक शिकायत के बावजूद नूपुर शर्मा पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है इसलिए इस मामले की तुरंत सुनवाई की जानी चाहिए.

  2. पूर्वी लद्दाख में पीछे हटने की चीन की सेना ने भी की पुष्टि, क्या समरकंद में मिलेंगे मोदी और शी?

    शुक्रवार को चीन की फौज ने गोगरा-हॉटस्प्रिंग के पेट्रोलिंग पॉइंट 15 से भारत और चीनी सैन्य टुकड़ियों के पीछे हटने की पुष्टि की है.

    एक साझा बयान जारी कर कहा गया था कि पूर्वी लद्दाख़ में एक सुनियोजित तरीक़े से दोनों सेनाओं के पीछे हटने की प्रक्रिया शुरू करेंगे

    आज चीन के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "आठ सितंबर को भारत और चीन के बीच 16वें दौर की वार्ताओं के बाद ये सहमति बनी है कि दोनों देशों की सेनाएँ जियनान दबान (गोगरा हॉटस्प्रिंग) से पीछे हट रही हैं. "

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने कहा है कि चीन गोगरा-हॉटस्प्रिंग को ही जियानान दबान कहता है.

    चीनी सेना ने कहा कि अब दोनों देशों की सेनाएँ गोगरा-हॉटस्प्रिंग के पेट्रोलिंग प्वाइंट 15 पर पेट्रोलिंग नहीं करेंगी.

    ये दोनों के बीच पूर्वी लद्दाख में बने गतिरोध में एक अहम घटना है. करीब दो साल से भारत और चीन इस इलाक़े में आमने-सामने हैं.

    उधर भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने भी एक बयान जारी कर कहा है कि आठ सितंबर सुबह 08:30 बजे से दोनों देशों की सेनाएं पीछे हटना शुरु हो गई हैं.

    उनके बयान के अनुसार 12 सितंबर यानी सोमवार तक ये सारी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.

    भारत का रुख़

    भारत हमेशा कहता रहा है कि पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति, द्विपक्षीय रिश्तों की बेहतरी के लिए ज़रूरी है.

    दोनों देशों की सेनाओं ने इस समस्या के समाधान के लिए 16 राउंड की वार्ताएं की हैं.

    इस घोषणा को अगले सप्ताह उज़्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन की अहम बैठक से जोड़ कर भी देखा जा रहा है. उस बैठक में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पीएम मोदी भी हिस्सा लेंगे.

    मीडिया में ऐसी अटकलें हैं कि समरकंद की बैठक के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति शी के बीच मुलाक़ात हो सकती है हालांकि इस बारे में फ़िलहाल कोई अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

    बीते साल फ़रवरी में पैंगोंग झील क्षेत्र में भी दोनों देशों की फ़ौज़ पीछे हटी थी. इसके अलावा अगस्त 2021 में गोगरा इलाक़े के पेट्रोलिंग पॉइंट 17 से भी भारत और चीन सैनिक और सैन्य साज़ो-सामान पीछे हटा लिया था.

  3. राहुल गांधी ने कांग्रेस का अध्यक्ष बनने के सवाल पर ये दिया जवाब

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा बीजेपी की विचारधारा के कारण देश को हुए नुक़सान और नफ़रत के ख़िलाफ़ है. तमिलनाडु में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ये यात्रा लोगों से जुड़ने के लिए है.

    उन्होंने कहा- सच पूछिए तो दो अलग-अलग दृष्टिकोण के बीच ये लड़ाई हज़ारों सालों से चल रही है और ये जारी रहेगी.

    भारत में दो दृष्टिकोण हैं, एक दृष्टिकोण सख़्त और नियंत्रित करने वाला है, जबकि दूसरा दृष्टिकोण बहुलवादी और खुली विचारधारा वाला है. लड़ाई जारी रहेगी.

    राहुल गांधी ने कहा- हमारे लिए भारत जोड़ो यात्रा जनता से जुड़ने की यात्रा है. जो नुक़सान भाजपा और आरएसएस की विचारधारा ने इस देश का किया है, जिस तरह उन्होंने देश को बांटा है, नफ़रत फैलाई है, उसके ख़िलाफ़ हमने यह यात्रा निकाली है.

    उन्होंने कहा कि बीजेपी ने देश की सभी संस्थानों का नियंत्रण अपने हाथों में ले लिया है और उनके माध्यम से दबाव डाल रही है.

    राहुल गांधी ने कहा- हम अब किसी एक राजनीतिक पार्टी से संघर्ष नहीं कर रहे हैं, लड़ाई अब भारत के ढाँचे और विपक्ष के बीच है.

    कांग्रेस के अध्यक्ष बनने के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा- मैं कांग्रेस का अध्यक्ष बनूँगा या नहीं, वो उस समय स्पष्ट होगा जब अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होंगे. मैंने स्पष्ट तरीक़े से ये फ़ैसला कर लिया है कि मैं क्या करूँगा. मेरे दिमाग़ में कोई संशय नहीं है.

  4. सिद्दीक़ कप्पन को सुप्रीम कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ दी ज़मानत

    सुप्रीम कोर्ट ने यूएपीए के तहत गिरफ्तार केरल के पत्रकार सिद्दीक़ कप्पन को ज़मानत दे दी है.

    ये ज़मानत कुछ शर्तों के साथ दी गई है.

    कप्पन को उत्तर प्रदेश पुलिस ने उस समय गिरफ़्तार किया था, जब वो हाथरस में एक दलित लड़की के कथित बलात्कार और हत्या को कवर करने के लिए जा रहे थे.

    उत्तर प्रदेश पुलिस का आरोप है कि सिद्दीक़ कप्पन को पाँच अक्तूबर, 2020 को पॉपुलर फ़्रंट ऑफ इंडिया (पीएफ़आई) के तीन सदस्यों के साथ गिरफ़्तार किया गया था, जो उनके साथ यात्रा कर रहे थे.

    हालाँकि कप्पन ने पीएफ़आई से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है.

    ज़मानत की शर्तें

    अदालत ने कहा है कि कप्पन को तीन दिन के भीतर ट्रायल कोर्ट में ले जाया जाएगा और उसके बाद ज़मानत पर रिहा किया जाएगा.

    अदालत ने ज़मानत में ये शर्त लगाई है कि सिद्दीक़ कप्पन दिल्ली के जंगपुरा इलाक़े में ही रहेंगे. और वे बिना ट्रायल कोर्ट की अनुमति के दिल्ली नहीं छोड़ेंगे.

    उन्हें हर हफ्ते सोमवार को स्थानीय थाने में पेश होना होगा. कप्पन को ये सारी शर्तें पहले छह हफ्तों तक माननी होंगी.

    उसके बाद वे केरल में अपने परिवार के पास जा सकते हैं.

    लेकिन वहाँ भी उन्हें पुलिस स्टेशन में हर सोमवार को हाज़िरी लगानी होगी. इसके अलावा उन्हें अपना पासपोर्ट भी जांच एजेसियों के हवाले करना होगा.

    पुलिस ने इन्हें 'प्रिवेंटिव पावर' के तहत हिरासत में लिया था. सीआरपीसी की धारा 151 के तहत पुलिस किसी अपराध की आशंका के कारण किसी को हिरासत में ले सकती है.

    इन चारों को छह अक्तूबर 2020 के दिन मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

    सात अक्तूबर को पुलिस ने इस मामले में पहली एफ़आईआर दर्ज की. इस एफ़आईआर में यूएपीए के सेक्शन 17 और 18, भारतीय दंड संहिता के सेक्शन 124A (राजद्रोह), 153A (दो समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने), 295A (धार्मिक भावनाएं आहत करने) और आईटी एक्ट के सेक्शन 62, 72, 76 लगाए गए थे.

  5. उत्तर कोरिया ने अपने आप को परमाणु हथियार संपन्न देश घोषित किया

    उत्तर कोरिया ने अपने को परमाणु हथियार संपन्न देश घोषित कर दिया है. इसके लिए उत्तर कोरिया ने एक क़ानून पास किया है. सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए ने ये जानकारी दी है. उत्तर कोरिया के राष्ट्रपति किम जोंग उन ने कहा है कि इस फ़ैसले में कोई बदलाव नहीं होगा. उन्होंने इस बारे में किसी भी स्तर की बातचीत की संभावना से भी इनकार कर दिया है.

    उत्तर कोरिया के इस क़ानून के मुताबिक़ देश को अपनी रक्षा के लिए परमाणु हथियारों के इस्तेमाल का अधिकार होगा. कई प्रतिबंधों के बावजूद उत्तर कोरिया ने वर्ष 2006 और 2017 के बीच छह परमाणु परीक्षण किए हैं. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के कई प्रस्तावों के बावजूद उत्तर कोरिया ने अपनी सैन्य क्षमता को आगे बढ़ाया है. अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ किम जोंग की दो बार शिखर वार्ता भी हुई, लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला.

    उसके बाद से ही अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच बातचीत रुकी हुई है. हालाँकि बाइडन सरकार ने ये संकेत दिया था कि वो उत्तर कोरिया से बातचीत करना चाहती है. लेकिन ये स्पष्ट नहीं था कि क्या राष्ट्रपति बाइडन किम जोंग उन से मिलेंगे या नहीं. इस साल उत्तर कोरिया ने रिकॉर्ड संख्या में बैलिस्टिक मिसाइल छोड़े थे. इस कारण कोरिया प्रायद्वीप में तनाव भी बढ़ा है.

  6. सोनाली फोगाट की मौत से चर्चा में आए गोवा के कर्लीज़ रेस्तरां को गिराने पर सुप्रीम कोर्ट की रोक

    चीफ़ जस्टिस की अगुवाई वाले सुप्रीम कोर्ट के एक बेंच ने गोवा के कर्लीज़ रेस्तरां के गिराए जाने पर सुनवाई पूरी होने तक रोक लगा दी है.

    सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि मामले की अगली सुनवाई 16 सितंबर, 2022 को होगी.

    रेस्तरां को गोवा कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी गिरा रही थी. अथॉरिटी इस रेस्तरां को कोस्टल रेगुलेशन ज़ोन के उल्लंघन की वजह से गिरा रही थी.

    सुप्रीम कोर्ट ने ये आदेश कर्लीज रेस्तरां के मालिकों की अर्ज़ी की सुनवाई करते हुए दिया है.

    सोनाली फोगाट की मौत से गोवा के इसी कर्लीज़ रेस्तरां को जोड़ा जा रहा है.

    पहले उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताया गया था पर बाद में गोवा पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था.

    इसके बाद फोगाट की हत्या के केस में दो लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया था. गोवा पुलिस हरियाणा में फोगाट के गांव और फार्म हाउस पर भी तफ़्तीश करने पहुँची थी.

    रेस्तरां के मालिक ने गोवा कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी के निर्णय को ये कहते हुए चुनौती दी थी कि उन्होंने किसी तरह का कोई उल्लंघन नहीं किया है.

    सुप्रीम कोर्ट गोवा कोस्टल ज़ोन मैनेजमेंट अथॉरिटी से अगले बुधवार तक इस मामले मे अपना जवाब दाख़िल करने का निर्देश दिया है.

    अदालत ने अथॉरिटी को तस्वीरें और प्रॉपर्टी से जुड़ी रिपोर्ट्स भी पेश करने को कहा है.

    कर्लीज़ रेस्तरां और नाइट क्लब के मालिक एडविन नूनेज़ और लिनेट नूनेज़ हैं.

    गोवा की अंजुना बीच पर स्थित इस क्लब पर गोवा कोस्टल अथॉरिटी ने किसी भी किस्म की कॉर्मशियम गतिविधि बंद करने के आदेश देते हुए कल ही इसे गिराने को हरी झंडी दे दी थी.

  7. विराट कोहली के टी 20 में ओपन करने के सुझाव पर केएल राहुल ने दिया ये जवाब

    एशिया कप के अपने आख़िरी मैच में भारत ने अफ़ग़ानिस्तान को आसानी से हरा दिया है. इस मैच में क़रीब तीन साल बाद सेंचुरी लगाकर पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली की ख़ूब चर्चा हो रही है.

    इस मैच में रोहित शर्मा नहीं खेल रहे थे इसलिए टीम का कप्तानी केएल राहुल कर रहे थे.

    मैच के बाद राहुल से विराट की फ़ॉर्म की ओर इशारा करते हुए पूछा कि क्या अब विराट को टी 20 मैचों में ओपन करना चाहिए.

    केएल राहुल ने जवाब दिया, "तो क्या मैं ख़ुद बैठ जाऊं?"

    केएल राहुल और रोहित शर्मा टी 20 मैचों में भारत के सलामी बल्लेबाज़ हैं. और अगर विराट ओपन करते हैं तो इनमें से एक को ओपनिंग से हटना होगा. विराट की वापसी?

    विराट कोहली ने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ मैच में 61 गेंदों पर 122 रन बनाकर अपने फ़ैन्स का ख़ुश कर दिया.

    राहुल और कोहली ओपनिंग करने उतरे और टीम को 119 रन का ओपनिंग स्टैंड दिया. भारत ने आसानी से अफ़ग़ानिस्तान को 101 रन से हराया.

    मैच में भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआत में ही पाँच विकेट चटके, जिसके बाद अफ़ग़ान टीम कभी नहीं उभर पाई.

    भारत - 212/2 (विराट कोहली 122, केएल राहुल 62)

    अफ़ग़ानिस्तान - 111/8 (इब्राहिम ज़ादरान - 64, मुजीब - 18)

  8. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 08 सितंबर के अपडेट्स के लिए आप यहांक्लिककर सकते हैं.