You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पाकिस्तान: इमरान ख़ान अब नहीं रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री

पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव सफल रहा. 174 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया.

लाइव कवरेज

मोहम्मद शाहिद and अभय कुमार सिंह

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान: इमरान ख़ान अब नहीं हैं प्रधानमंत्री

    पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव सफल रहा है. 174 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया.

    नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव के सफल होने के बाद सदन को संबोधित करते हुए पीएमएल-एन के अध्यक्ष शाहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि आज पाकिस्तान संविधान और क़ानून को फिर से स्थापित करना चाहता है.

    पीएमएल-एन के अध्यक्ष शाहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि हम किसी से बदला नहीं लेंगे लेकिन क़ानून अपना काम करेगा.

    नेशनल असेंबली में अविश्वास प्रस्ताव की सफलता के बाद सदन को संबोधित करते हुए पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने कहा कि 10 अप्रैल का ऐतिहासिक महत्व है.

    उन्होंने सदन को याद दिलाया कि 10 अप्रैल को ही सदन ने 1973 का संविधान पारित किया था. उन्होंने कहा, "पुराने पाकिस्तान में आपका स्वागत है!"

    वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के अटॉर्नी जनरल ख़ालिद जावेद ख़ान ने इस्तीफ़ा दे दिया है.

  2. पाकिस्तान- पीएम इमरान ख़ान ने छोड़ा पीएम हाउस

    पाकिस्तान के पीएम इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग शुरू हो गयी है.

    इससे पूर्व नेशनल असेंबली के अध्यक्ष असद कैसर ने इस्तीफा दे दिया.असद कैसर के बाद अब पीएमएल-एन नेता अयाज़ सादिक नेशनल असेंबली के सत्र की अध्यक्षता कर रहे हैं.

    असद कैसर ने कहा, "ज़मीनी वास्तविकताओं और घटनाओं को देखते हुए, मैंने तय किया है कि जो दस्तावेज़ मेरे पास पहुंचे हैं, मैं विपक्ष के नेता से अनुरोध करूंगा कि इसे मेरे कार्यालय में रखा जाए, मैं इसे सुप्रीम कोर्ट में भेजूंगा.मुझे इस देश की संप्रभुता के लिए खड़े होने की जरूरत है और मैंने फैसला किया है कि मैं अब अध्यक्ष नहीं बन सकता.’

    इस बीच प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ अविश्वास प्रस्ताव पर नेशनल असेंबली में कार्रवाई हो रही है. सदन में मतदान हो रहा है लेकिन सरकार के सदस्य सदन से बाहर जा चुके हैं.

  3. अमेरिका के 15 अधिकारियों पर ईरान ने क्यों लगाया प्रतिबंध?

    साल 2015 के परमाणु समझौते को लेकर बातचीत के रुक जाने के बाद अब ईरान ने अमेरिका के 15 और अधिकारियों पर प्रतिबंध लगा दिया है.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि ईरान ने कहा है कि जिन लोगों पर प्रतिबंध लगाया गया है उनमें पूर्व आर्मी चीफ़ ऑफ स्टाफ़ जॉर्ज केसी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निजी वकील रूडी जियुलियानी भी शामिल हैं.

    लिस्ट में शामिल ज़्यादातर अधिकारी डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने ईरानी अधिकारियों, नेताओं और कंपनियों पर प्रतिबंध लगाया था और अमेरिका को तेहरान न्यूक्लियर डील से अलग किया था.

    रिपोर्ट में स्थानीय मीडिया के हवाले से कहा गया है कि ईरान का विदेश मंत्रालय अमेरिकी अधिकारियों पर ऐसे ''आतंकी समूह और आतंकी गतिविधियों'' का समर्थन करने का आरोप लगा रहा है, जो ईरान के ख़िलाफ़ काम कर रहे हैं.

    बता दें कि ईरान और अमेरिका के बीच 11 महीनों की अप्रत्यक्ष बातचीत रुक गई है.

  4. ब्रिटेन के चांसलर ऋषि सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति ब्रिटेन में चुकाएंगी टैक्स

    ब्रिटेन के चांसलर ऋषि सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति ने कहा है कि वह ब्रिटेन में अपनी उस आय पर टैक्स भरेंगी जो उन्हें विदेशों से हुई है.

    बता दें कि अक्षता मूर्ति के पास अपने पिता नारायण मूर्ति द्वारा संस्थापित आईटी कंपनी इन्फोसिसस के शेयर हैं जिनकी कीमत 700 मिलियन पाउंड है.

    पिछले साल इन शेयरों से उन्हें 11.6 मिलियन पाउंड की आय लाभांश के रूप में प्राप्त हुई.

    इस मामले में पिछले कुछ दिनों से उनके नॉन-डोमिसाइल स्टेटस को लेकर विवाद जारी है.

    ब्रिटेन के नॉन-डोमिसाइल निवासी के रूप में उन पर विदेशों से होने वाली अपनी कमाई पर ब्रिटेन में कर देने की क़ानूनी बाध्यता नहीं है.

    लेकिन अक्षता मूर्ति ने बीबीसी से बात करते हुए कहा है कि वह अपने पति के लिए किसी परेशानी का सबब नहीं बनना चाहतीं. और इसी वजह से उन्होंने टैक्स देने का फ़ैसला किया है.

  5. यूक्रेन में कथित युद्ध अपराध के लिए क्या पुतिन पर चल सकता है केस? दुनिया जहान

    रूस-यूक्रेन युद्ध को क़रीब एक महीना हो चुका था. यूक्रेन से जान बचाकर आए शरणार्थियों और अमेरिकी सैनिकों से मुलाक़ात करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन यूक्रेन के पड़ोसी देश पोलैंड पहुंचे.

    पोलैंड के ज़ेशूफ़ में उन्होंने वही बात दोहराई जो दो दिन पहले अमेरिकी प्रशासन ने कहा था. उन्होंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर यूक्रेन के मारियुपोल में युद्ध अपराध करने का आरोप लगाया.

    क़रीब दो सप्ताह पहले भी बाइडन ने व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम में कहा था कि वो पुतिन को युद्ध अपराधी मानते हैं. कुछ इसी वक़्त नीदरलैंड्स के द हेग में 38 देशों के प्रतिनिधियों की मुलाक़ात हुई. इन देशों ने इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट से रूस के ख़िलाफ़ कथित युद्ध अपराधों की जांच करने की गुज़ारिश की.

    दुनिया जहान में इस सप्ताह पड़ताल इस बात की कि क्या यूक्रेन में कथित युद्ध अपराधों के लिए व्लादिमीर पुतिन को अंतरराष्ट्रीय कोर्ट में खड़ा किया जा सकता है.

  6. बिहार के सासाराम में 60 फुट लंबा पुल ही हो गया चोरी

    बिहार के सासाराम जिले में 60 फुट लंबा पुल चोरी हो गया है. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने पुलिस के हवाले से बताया है कि ख़ुद को सरकारी अधिकारी बताने वाले कुछ लोगों ने इस चोरी को अंजाम दिया है.

    इस पुल का वजन 500 टन है और इसका निर्माण एक नहर पर साल 1972 में हुआ था.

    न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में सासाराम के एसपी आशीष भारती ने बताया, ''वो पुल सिंचाई विभाग का था और उपयोग में नहीं आता था. उनके द्वारा ये बताया गया कि वो सिंचाई विभाग से आए हैं और पु​ल को ले जाने के लिए आए हैं. इसलिए ग्रामीणों ने इसकी सूचना नहीं दी.''

    एसपी का कहना है कि पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज़ कर जांच शुरू कर दी है. ज़िले के स्क्रैप डिलर्स को इस मामले में सचेत किया गया है.

    बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव इस मामले में नीतीश सरकार पर भड़कते नज़र आए. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ''45 वर्ष पुराने 500 टन लोहे के पुल को 17 वर्षों की भाजपा-नीतीश सरकार ने दिनदहाड़े लुटवा दिया. चोर गैस कटर,JCB व सैंकड़ों मजदूरों के साथ आए और पुल को उखाड़ ले गए. चोर जनादेश चोरी से बनी एनडीए सरकार से प्रेरित है."

  7. पाकिस्तान की संसद में अबतक नहीं हो सकी अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग

    पाकिस्तान की संसद में इमरान ख़ान हुकूमत के ख़िलाफ़ विपक्ष की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर अभी तक वोटिंग नहीं हो पाई है. शनिवार को इस अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग निर्धारित है.

    इससे पहले, संसद में इमरान ख़ान के समर्थकों और विरोधियों के बीच झड़प देखने को मिली, ऐसे में स्पीकर ने कार्यवाही को स्थगित कर दिया. ऐसा माना जा रहा है कि इमरान ख़ान अविश्वास प्रस्ताव की वोटिंग में हार सकते हैं. कानूनी जानकारों का कहना है कि वोटिंग आज ही होगी या तो सरकार को सुप्रीम कोर्ट की अवमानना से गुजरना होगा.

    इस बीच प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने अपने कैबिनेट को बैठक के लिए बुलाया है. इमरान अब भी लगातार दोहरा रहे हैं कि उनके ख़िलाफ़ विदेशी साजिश हुई है. अमेरिका पर वो आरोप लगा रहे हैं वहीं अमेरिका ऐसी किसी भी साजिश को नकार रहा है.

  8. वे लोग जो भारतीय छात्रों को दिलाते हैं यूक्रेन में एमबीबीएस सीट

    रूसी हमले के बाद यूक्रेन से भाग कर भारत लौटे हर छात्र के पास एक कहानी है. ये बंकर में रहने या बमबारी की आवाज़ों से घबराकर रात को जागने की नहीं, बल्कि यूक्रेन में उनके सूत्रधार, उनके कॉन्ट्रैक्टर की कहानी है.

    किसी कहानी में कॉनट्रैक्टर हीरो हैं और किसी में विलेन लेकिन हैं हर कहानी में. और ये भी साफ है कि अच्छे और बुरे कॉनट्रैक्टर और उनके साथ अच्छे और बुरे रिश्ते, ये दोनों बातें ही यूक्रेन में पढ़ने के अनुभव को तय करती हैं.

    कॉनट्रैक्टर एक बड़े सिस्टम की ड्राइविंग सीट पर बैठे हैं जो भारत के गली-मुहल्लों में काम कर रहे एजंट्स के संपर्क में आनेवाले भारतीय छात्रों को यूक्रेन के विश्वविद्यालयों तक लाते हैं, दाखिला दिलाते हैं और उसके बाद के छह साल तक वहां रहने, खाने की सुविधाओं के बीच उन्हें बांधे रखते हैं.

    ये कॉन्ट्रैक्टर रसूख़दार हैं. कोविड महामारी के दौरान साल 2020 में इन्होंने घर जाने के लिए बेताब छात्रों के लिए चार्टर फ्लाइट्स का इंतज़ाम किया जिनकी टिकट की कीमत भारत सरकार की ओर से चलाई जा रही फ्लाइट से सस्ती भी थीं.

  9. बीबीसी इंडिया बोल, 09 अप्रैल 2022, पाकिस्तान-श्रीलंका संकट का भारत पर कितना असर, सुनिए वात्सल्य राय के साथ

  10. यूट्यूब ने रूस के सरकारी चैनल ड्यूमा टीवी को किया ब्लॉक

    रूस के निचले सदन से ब्रॉडकास्ट होने वाले ड्यूमा टीवी को यूट्यूब ने ब्लॉक कर दिया है.

    रूस की तरफ़ से अधिकारियों ने कहा है कि इसके जवाब में यूट्यूब को भी प्रतिबंधों का सामना करना पड़ सकता है.

    रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक़, शनिवार को यूट्यूब ने बताया कि ड्यूमा चैनल को ''यूट्यूब की सेवा की शर्तों के उल्लंघन के लिए टर्मिनेट कर दिया गया है.''

    रूस के कम्युनिकेशंस रेगुलेटर का कहना है कि अमेरिकी आईटी कंपनी (यूट्यूब) रूस के ख़िलाफ पश्चिमी देशों की तरफ़ से शुरू किए गए इंफॉर्मेशन वॉर के रास्ते पर चल रही है.

    इस मामले में गूगल ने ईमेल के जरिए रॉयटर्स को जवाब दिया है. गूगल का कहना है कि कंपनी अपने शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई करती है. बयान में कहा गया है, ''अगर हम पाते हैं कि कोई अकाउंट हमारी सेवा की शर्तों का उल्लंघन करता है, तो हम उचित कार्रवाई करते हैं. हमारी टीमें किसी भी अपडेट पर बारीकी से निगरानी कर रही हैं.''

  11. गीतांजलि श्री: बुकर सम्मान की अंतिम दौड़ में हिंदी की पहली लेखिका, क्या बदलेगी इससे हिंदी की दुनिया

    'एक कहानी अपने आपको कहेगी. मुक़म्मल कहानी होगी और अधूरी भी, जैसा कहानियों का चलन है. दिलचस्प कहानी है.'

    यह हिंदी लेखिका गीतांजलि श्री के उपन्यास 'रेत समाधि' के पहले दो वाक्य हैं.

    हाल ही में इस उपन्यास के अंग्रेज़ी अनुवाद 'टूंब ऑफ़ सैंड' ने अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार के अंतिम छह में जगह बनाई है.

    हिंदी में बुकर तक पहुंचने की जो कहानी अधूरी पड़ी थी, उसे गीतांजलि श्री मुक़म्मल करने के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं.

    राजकमल प्रकाशन से प्रकाशित 'रेत समाधि' हिंदी की पहली ऐसी कृति है जो अंतर्राष्ट्रीय बुकर पुरस्कार की शॉर्टलिस्ट तक पहुंची है.

  12. पाकिस्तान की वो सड़क जहां सिकंदर की सेना के 15 हज़ार जवानों की मौत हुई थी

    विश्व विजेता कहलाने वाले सिकंदर की सेना एक समय में जिस रास्ते के ज़रिये भारत से लौटी थी, आज उसी रास्ते पर बने मकरान समुद्रतटीय राजमार्ग को दक्षिण एशिया के सबसे सुंदर और दिलकश रास्तों में एक माना जाता है.

    मध्य कराची से तीस किलोमीटर पश्चिम में, बलूचिस्तान प्रांत की सीमा पर, पाकिस्तान के आतंकवाद विरोधी दस्ते के जवान मेरा इंतज़ार कर रहे थे. हाथों में एके-47 लिए वे मेरी कार तक आए और मेरा पासपोर्ट और अनापत्ति प्रमाण पत्र जांचा.

    यह प्रमाण पत्र एक तरह का परमिट होता है जिसके बाद कोई विदेशी, पाकिस्तान के संवेदनशील इलाकों की यात्रा कर सकता है. जब वे अपनी जांच से संतुष्ट हो गए तब मैं अपने गाइड और आंतकवाद विरोधी दस्ते के सदस्यों के साथ काफ़िले में मकरान की ओर रवाना हुआ, जहां से ईरान की सीमा तक मुझे सड़क यात्रा करनी थी.

    मेरे गाइड आमिर अकरम ने कहा, "दशकों से, मकरान या कहें कि वास्तव में पूरा बलूचिस्तान, न केवल पश्चिमी लोगों के लिए बल्कि प्रांत के बाहर के पाकिस्तानियों से भी कटा हुआ था."

    कराची के विशाल उपनगरीय इलाकों से निकलते हुए जब पेड़-पौधों की संख्या बढ़ने लगी तो अकरम ने बताया, "यहां होने वाले अलगाववादी आंदोलनों और इस्लामिक चरमपंथियों की सक्रियता के चलते मैं तो पहले इधर आने की हिम्मत भी नहीं कर सकता था. लेकिन आजकल बलूचिस्तान सेना के नियंत्रण में है और हम सुरक्षित हैं. लेकिन इन इलाके में सुरक्षा विवरण की जानकारी के साथ चलने की मानक प्रक्रिया अपनानी होती है. मकरान के समुद्री तट को देखने का यही एक विकल्प मौजूद है और मैं आपको पाकिस्तान के सबसे सुंदर और सांस्कृतिक तौर पर समृद्ध क्षेत्र की विशेषता दिखाऊंगा."

  13. कोविशील्ड, कोवैक्सीन ने कोरोना बूस्टर डोज की कीमत घटाकर की 225 रुपये

    18 साल से अधिक उम्र वाले लोग 10 अप्रैल से कोरोना की बूस्टर डोज़ लगवा सकते हैं और अब कोविशील्ड और कोवैक्सीन दोनों ने ही कोरोना बूस्टर डोज़ की कीमत को कम करने का ऐलान कर दिया है.

    दोनों ही कंपनियों के वैक्सीन की कीमत 225 रुपये होंगी.

    कोविशील्ड ने 600 रुपये से क़ीमत घटाकर 225 रुपये की हैं. वहीं, कोवैक्सीन की क़ीमत 1200 रुपये से घटाकर 225 रुपये की गई है.

    सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया के अदार पूनावाला ने एक ट्वीट में कहा कि सरकार के साथ वार्ता के बाद सीरम इंस्टीट्यूट ने कोवीशील्ड वैक्सीन के दाम में बदलाव किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक भरत बायोटेक ने भी अपनी वैक्सीन कोवाक्सीन की क़ीमत निजी अस्पतालों के लिए 1200 रुपए से घटाकर 225 रुपए प्रति डोज़ कर दी है.

  14. हज यात्रा को लेकर बड़ा एलान, सऊदी अरब की तरफ़ से क्या-क्या कहा गया?

    सऊदी अरब इस साल देश के अंदर और बाहर के 10 लाख मुसलमानों को हज में शामिल होने की अनुमति देगा.

    कोरोना संक्रमण की वजह से पिछले दो साल से ये संख्या काफ़ी कम थी लेकिन इस बार इस संख्या में बड़ा इजाफा किया गया है.

    न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक़, सऊदी अरब के हज मंत्रालय की तरफ़ से कहा गया है, ''इस साल हज करने के लिए घरेलू और विदेशी दोनों को मिलाकर 10 लाख लोगों को अधिकृत किया गया है.''

    इस्लाम में हज को काफी अहम माना जाता है. आमतौर पर दुनिया की सबसे बड़ी धार्मिक सभाओं में से ये एक है. साल 2019 में 25 लाख लोगों ने हज किया था. लेकिन साल 2020 में कोरोना वायरस महामारी की शुरुआत के बाद, सऊदी अधिकारियों ने केवल 1,000 लोगों को इसमें भाग लेने की अनुमति दी थी. इसके अगले साल लॉटरी के जरिए चुने गए कुल 60 हज़ार ऐसे लोगों को हज यात्रा की अनुमति मिली जो पूरी तरह से वैक्सीनेटेड थे.

    इस साल जुलाई में हज यात्रा है. इसमें 65 साल से कम उम्र के कोरोना का वैक्सीनेशन ले चुके लोगों के लिए होगी. सऊदी अरब के बाहर से आने वालों को यात्रा के 72 घंटों के भीतर किए गए कोविड टेस्टिंग में निगेटिव सर्टिफिकेट जमा करना होगा.

  15. CUET: अंडरग्रैजुएट प्रवेश परीक्षा को लेकर किए जा रहे दावे और उठ रहे सवाल

    भारत में 12वीं की पढ़ाई करनेवाले हर छात्र के सामने अगला सवाल आता है कि अगर इंजीनियरिंग, मेडिकल जैसे विषयों की प्रवेश परीक्षाओं में ना हुआ, जिनसे कि अमूमन करियर 'सेट' हो जाता है, या अगर कुछ और करने की इच्छा है, तो आगे का रास्ता क्या हो, कहाँ एडमिशन लिया जाए?

    और यहीं से जद्दोजहद शुरू होती है देश के नामी-गिरामी विश्वविद्यालयों या कॉलेजों में दाख़िल होने की. देश भर से छात्र दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में स्थित कॉलेजों, विश्वविद्यालयों में प्रवेश पाना चाहते हैं.

    सीटें सीमित होती हैं, एडमिशन लेने की चाह रखने वाले छात्रों की संख्या ज़्यादा. ऐसे में चयन की प्रक्रिया अपनानी पड़ती है.

    तरीक़े दो ही थे इसके. एक- कि 12वीं में जितने नंबर आए, उनके आधार पर एडमिशन हो. और दूसरा - कि प्रवेश परीक्षा कराई जाए.

  16. इमरान ख़ान पर भड़कीं मरियम नवाज़, बोलीं- 'एक शख़्स पूरे देश को बंधक बना रहा है'

    पाकिस्तान की विपक्षी पार्टी की नेता मरियम नवाज़ एक बार फिर इमरान ख़ान पर भड़कती नज़र आईं. उन्होंने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवज्ञा के बुरे नतीजे होंगे.

    मरियम नवाज का कहना है कि प्रधानमंत्री इमरान खान अपने खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने से डरते हैं और उन्होंने देश की पूरी व्यवस्था को रोक दिया है.

    उन्होंने अपने ट्वीट में कहा है कि 22 करोड़ की आबादी वाला देश हफ्तों से बिना सरकार के है.

    उन्होंने आगे कहा कि इमरान ख़ान को प्रधानमंत्री या पूर्व प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं बल्कि एक मनोरोगी के तौर पर माना जाना चाहिए जिसने ख़ुद को बचाने के लिए पूरे देश को बंधक बना लिया है.

    वो कहती हैं कि जो व्यक्ति अपने होश में नहीं है, उसे पूरे देश को नीचे लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

  17. इमरान ख़ान की पार्टी की नेता ने कहा- नहीं पता आज अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होगी या नहीं

    पीटीआई की नेता मलाइका बुखारी ने सत्र स्थगित होने की वजह के बारे में कहा कि स्पीकर ने थोड़ा सा समय मांगा है.

    उन्होंने इस आरोप से इंकार किया है कि ये वोटिंग न कराने की कोई चाल है. हालांकि, उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि आज अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होगी या नहीं, लेकिन होगी ज़रूर.

    उन्होंने कहा कि ‘भाषणों का एक क्रम था जिसके अनुसार पहले विपक्ष के नेता ने भाषण दिया और बाद में शाह महमूद कुरैशी के भाषण के दौरान माहौल थोड़ा बिगड़ गया. इसलिए थोड़ा सा ब्रेक दिया है जिसके बाद शाह महमूद कुरैशी के भाषण के साथ सत्र दोबारा शुरू होगा.’

    उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार तर्कों के साथ अपना पक्ष रख रही थी, जो चीज़ें पहले सामने आई हैं और पिछली रूलिंग देने के जो कारण थे, संसद के ज़रिये उन्हें पाकिस्तान की जनता के सामने लाना ज़रूरी है.

    मलाइका बुख़ारी का कहना है, "हम उच्च न्यायालयों का सम्मान करते हैं और संविधान और कानून के अनुसार आगे बढ़ेंगे. हालांकि, हमने अदालत के फैसले को निराशा के साथ स्वीकार किया है."

    उन्होंने कहा कि जो चीज़ें सुप्रीम कोर्ट में सामने आनी चाहिए थी, जिस पर बात होनी चाहिए थी, जिस पर जजों को एक आयोग बनाना चाहिए था, उस पत्र की समीक्षा होनी चाहिए थी.

    उन्होंने कहा कि अगर ये बात संसद में अच्छे माहौल में पूरी हो जाये तो अच्छा है.

  18. मरियम औरंगज़ेब का दावा- विपक्ष के 176 सदस्य संसद में मौजूद

    पीएमएल-एन की नेता मरियम औरंगज़ेब ने दावा किया है कि विपक्ष के 176 सदस्य इस वक़्त नेशनल असेंबली में मौजूद हैं.

    उन्होंने एक सूची जारी की है जिसके तहत उनकी पार्टी के 84 और संसद के 56 सदस्य मौजूद हैं.

    ग़ौरतलब है कि विपक्ष को अविश्वास प्रस्ताव की कामयाबी के लिए 172 वोट चाहिए.

  19. मैं एक देशभक्त पाकिस्तानी हूं, मैंने कोई संविधान नहीं तोड़ा- डिप्टी स्पीकर क़ासिम सूरी

    नेशनल असेंबली के डिप्टी स्पीकर क़सिम सूरी ने कहा है कि वह सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले से निराश हैं.

    जियो न्यूज़ से बात करते हुए उन्होंने कहा कि "मैं एक देशभक्त पाकिस्तानी हूं और मेरे सामने जो चीज़े आईं, साज़िश के जो सबूत मेरे सामने आये मैंने उनके मुताबिक़ फ़ैसला किया."

    उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट ने उनकी रूलिंग को देखा ही नहीं. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने संविधान का कोई उल्लंघन नहीं किया है.

    क़ासिम सूरी ने आगे कहा कि "पूरा देश इमरान खान के साथ है और वह जानता है कि ये लोग विदेशी आकाओं के साथ मिलकर इमरान खान की सरकार को उखाड़ फेंकने की कोशिश कर रहे हैं."

    'कब तक वोटिंग से भागोगे- ख़्वाजा साद रफ़ी

    नेशनल असेंबली का सत्र 12:30 बजे तक के लिए स्थगित होने के बाद मुस्लिम लीग (नवाज़) के नेता ख़्वाजा साद रफ़ीक़ ने ट्वीट किया कि 'कब तक वोटिंग से भागोगे?'

    "बिना वोटिंग के सत्र को स्थगित करना असंवैधानिक और अदालत की अवमानना है."

    उनका कहना है कि "आज वोटिंग करनी होगी. इमरान तानाशाही नहीं मानते."

  20. महिला हॉकी: भारत ने ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड्स को हराया

    भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को डबल लेग एफआईएच प्रो लीग मुकाबले के पहले मैच में ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड्स को 2-1 से हरा दिया.

    भारत की ओर सेनेहा ने 11वें मिनट और सोनिका ने 28वें मिनट पर गोल किया. ये दोनों ही गोल पेनल्टी कॉर्नर से किए गए. जिससे हॉफ़ टाइम तक भी भारत की झोली में दो गोल आ चुके थे.

    नीदरलैंड्स की ओर से जैनसेन यीबी ने 40वें मिनट पर पेनल्टी कॉर्नर से गोल कर अपनी टीम के लिए खाता खोला.

    इस जीत के साथ भारत 15 प्वाइंट के साथ दूसरे स्थान पर आ चुका है वहीं 17 अंकों के साथ नीदरलैंड्स लिस्ट में पहले स्थान पर है.

    शनिवार को दोनों टीमें एक बार और आमने सामने होंगी.